मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 140 करोड़ भारतीयों की एकता और एकजुटता देश की सबसे बड़ी ताकत। राष्ट्र को आश्वस्त किया- पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षडयंत्रकारियों को कठोर सजा दी जाएगी।
- आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से प्राकृतिक आपदाओं का अलर्ट क्षेत्रीय भाषाओं में प्राप्त करने के लिए ‘सचेत’ मोबाइल ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया।
- स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- भारत ने बड़े पैमाने पर उपचार केंद्रों की स्थापना और प्रारंभिक निदान को बढ़ावा देकर कैंसर के उपचार में महत्वपूर्ण प्रगति की।
- ईरान के बंदर अब्बास के निकट बंदरगाह पर हुए घातक विस्फोट के बाद कल राष्ट्रीय शोक की घोषणा।
- महिला क्रिकेट में, भारत ने कोलंबो में त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में मेजबान श्रीलंका को नौ विकेट से हराया।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षड्यंत्रकारियों को कठोरतम से जवाब दिया जाएगा। आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि यह हमला आतंकवाद के आकाओं की हताशा और कायरता को दर्शाता है।
जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में एक वाइब्रेंसी थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को, ये रास नहीं आया। आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में 140 करोड भारतीयों की एकता और एकजुटता देश की सबसे बड़ी ताकत है।
आतंकवाद के खिलाफ देश की एकता हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है। हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। आज दुनिया देख रही है, इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि आतंकी हमले के बाद से पूरी दुनिया से संवेदना संदेश प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने डॉ. के० कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ने एक महान वैज्ञानिक खो दिया है। डॉ. कस्तूरीरंगन का 25 अप्रैल को निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने आर्यभट्ट उपग्रह के प्रक्षेपण के 50 वर्ष पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत ने अब अंतरिक्ष के दरवाजे निजी क्षेत्र के लिए भी खोल दिए हैं। पिछले महीने म्यांमा में आए भूकंप का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने राहत और बचाव कार्यों के लिए तत्काल ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया था।
श्री मोदी ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अब प्राकृतिक आपदा की स्थिति में लोग अपने मोबाइल पर सचेत ऐप से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
‘सचेत ऐप’, भारत की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी ने तैयार किया है। बाढ़, साइक्लोन, लैंड–स्लाइड, सुनामी, जंगलों की आग, हिम-स्खलन, आंधी, तूफान या फिर बिजली गिरने जैसी आपदाएं हो, ‘सचेत ऐप’ आपको हर प्रकार से इन्फॉर्म्ड और प्रोटेक्टेड रखने का प्रयास करता है। इस ऐप के माध्यम से आप मौसम विभाग से जुड़े अपडेट्स प्राप्त कर सकते हैं। खास बात ये है कि ‘सचेत ऐप’ क्षेत्रीय भाषाओं में भी कई सारी जानकारियां उपलब्ध कराता है।
प्रधानमंत्री ने अफ्रीकी देश इथोपिया में प्रवासी भारतीयों के अभिनव प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले भारत ने अफगानिस्तान को कई घातक बीमारियों से बचाव के लिए काफी मात्रा में टीके भेजे हैं।
श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के विज्ञान केंद्र की चर्चा करते हुए कहा कि इस केन्द्र से बच्चों के जीवन में बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मॉं के नाम अभियान का एक वर्ष पूरा हो जाएगा। प्रधानमंत्री ने 1917 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए चंपारण सत्याग्रह की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ 10 मई को मनाई जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि देश को अपने इन स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
****
विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि मोदी सरकार आतंकवाद के खात्मे के लिए हर मोर्चे पर कार्रवाई कर रही है। श्री मेघवाल ने आज पटना में कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश में काफी पीड़ा और आक्रोश है।
पहलगाम में जो आंतकी घटना घटी पूरा देश आक्रोशित है। विपक्ष के साथ भी सर्वदलीय बैठक हुई है और प्रधानमंत्री जी ने बिहार की धरती से ही ऐलान किया और आंतकवादी जहां भी छिपे उनको निश्चित रूप से सजा मिले।
श्री मेघवाल ने कहा कि हम पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं और सिंधु जल संधि को स्थगित करना एक व्यापक कार्रवाई है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों सहित समाज के सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद पहलगाम आतंकी हमले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। एनआईए की टीमें बुधवार से ही हमले वाले स्थान पर हैं और साक्ष्य जुटाने के लिए तत्परता से काम कर रही हैं।
****
जम्मू-कश्मीर के मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले की पुलिस ने आज जन सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत आतंकियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान पाखेरपोरा के ताहिर अहमद कुमार और कारपोरा पाखेरपोरा के शबीर अहमद गनई के रूप में की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किये गए आतंकियों के सहयोगी, आतंकी गतिविधियों, आतंकियों को शरण देने, उन्हें लॉजिस्टिकल सहायता पहुंचाने सहित, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लगातार संलिप्त पाये गये हैं। गिरफ्तार आतंकी प्रतिबंधित आतंकी गुटों में शामिल होने के लिए स्थानीय युवाओं को भी बरगलाते थे।
****
सार्क वीजा पर भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोडने के लिए दी गई 48 घंटे की समय सीमा आज समाप्त हो गई। अभी तक पांच सौ 37 पाकिस्तानी नागरिक अमृतसर की अटारी-वाघा संयुक्त चेक पोस्ट के रास्ते वापस लौट चुके हैं।
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के एक दिन बाद 23 अप्रैल को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति-सीसीएस की बैठक के दौरान पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोडने के निर्देश देने से संबंधित निर्णय लिया गया था।
अटारी सीमा पर तैनात प्रोटोकॉल अधिकारी अरुण माहल ने हमारे संवाददाता को बताया कि सभी वीजा धारकों के लिए पाकिस्तान वापसी का समय 29 अप्रैल 2025 तक कर दिया गया है।
जो नई इनफार्मेशन के मुताबिक इनको 29th डेट फाइनलाइज की गई जिनके पास पाकिस्तान के पासपोर्ट होंगे वो 29 तक क्रॉस करके पाकिस्तान जा सकते हैं। एज इट इज ही जिनके पास इंडियन पासपोर्ट हैं पाकिस्तान गए वो भी आ सकते हैं। चाहे वो किसी भी वीजे पर हैं सार्क को छोडकर के सबके लिए कॉमन उन्होंने कर दिया है।
इस बीच आज शाम तक कुल एक हजार तीन सौ 87 भारतीय नागरिक भी पाकिस्तान से लौट चुके हैं।
****
उत्तराखंड सरकार ने चार धाम और हेमकुंड साहिब तीर्थयात्रा के लिए पंजीकरण कराने वाले 77 पाकिस्तानी नागरिकों का पंजीकरण रद्द कर दिया है। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इसकी घोषणा राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने की।
श्री महाराज ने सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि पर्यटन और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। उन्होंने यह भी बताया कि चार धाम यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक 22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है, जिसमें 185 देशों के 25,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्री भी शामिल हैं।
इस यात्रा का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने हेलीकॉप्टर टिकटों की कालाबाजारी और तीर्थयात्रा मार्ग पर पार्किंग शुल्क की अनाधिकृत वसूली को रोकने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। यात्रा के लिए ऑफ़लाइन पंजीकरण कल से शुरू होगा। तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए हरिद्वार, ऋषिकेश, विकासनगर और हरबर्टपुर में विशेष केंद्र स्थापित किए गए हैं।
****
स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज कहा कि भारत बडे स्तर के उपचार केन्द्रों की स्थापना और समय पर रोग निदान को बढावा देने पर ध्यान केन्द्रित कर कैंसर के उपचार में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। श्री नड्डा ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी कैंसर अस्पताल की अत्याधुनिक ट्रू बीम यूनिट के शुभारम्भ और विस्तारित कैंसर संस्थान के उद्घाटन के अवसर पर यह बात कही।
अभी निर्मला सीतारमन जी ने इसी बजट में कहा है एव्री डिस्ट्रीक्ट विल हैव डिस्ट्रीक्ट डे केयर सेंटर और ये कितनें में वी हैव डू इट विद इन थ्री इयर्स और इस साल हम दो सौ डे केयर सेंटर स्टार्ट कर रहे हैं और उसमें से गुड नंबर इज गोइंग टू कम टू महाराष्ट्र ऑलसो।
श्री नड्डा ने प्रतिष्ठित मेडिकल जर्नल – “द लैंसेट” की एक रिपोर्ट का हवाला दिया जिसमें कहा गया कि सरकार के प्रयासों से भारत में कैंसर के 90 प्रतिशत रोगी, जांच के 30 दिनों के भीतर ही इलाज शुरुआत कर रहे हैं, जो विश्व स्तर पर एक रिकॉर्ड है।
श्री नड्डा ने कहा कि नई ट्रू बीम प्रणाली कैंसर के रोगियों को सटीक और प्रभावशाली उपचार देने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के अन्तर्गत पांच लाख रुपये तक का उपचार खर्च वहन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना में लगभग 1960 सर्जिकल इंटरवेंशन कि हमने स्कॅाप उस 1960 में 219 पैकेजज आर ओनली रिलेटेड टू कैंसर यू कैन अंडरस्टैंड भारत के 60 करोड लोग उनके लिए 5 लाख रुपए की व्यवस्था जीवन अंत तक करने की व्यवस्था प्रधानमंत्री मोदी जी ने की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सात सौ अस्सी आयुर्विज्ञान कॉलेज आज देश भर में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा की सरकार आयुर्विज्ञान शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में किसी प्रकार के कोष की कमी नहीं होने देने के प्रति वचनबद्ध है।
श्री नड्डा ने कहा कि एक लाख 75 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर देशभर में स्थापित किये गये हैं। श्री नड्डा ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत स्वास्थ्य सेवा के लिए सात हजार करोड रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के जरिए विशेष रूप से सात करोड वरिष्ठ नागरिकों को पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क ईलाज की सुविधा दी जा रही है।
****
ईरानी सरकार की प्रवक्ता फतेमेह मोहजेरानी ने कहा कि शाहिद राजाई बंदरगाह पर हुए घातक विस्फोट के सिलसिले में सरकार ने 28 अप्रैल को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया है। ताजा खबरों के अनुसार ईरान के दक्षिणी शहर बंदर अब्बास के निकटवर्ती बंदरगाह पर कल हुए विस्फोट में 28 लोगों की मृत्यु हो गई थी और 12 सौ से अधिक लोग घायल हुए है।
होर्मोज़गन में बंदरगाह पर एक ईंधन टैंकर में विस्फोट होने के कारण यह घटना घटी। इस संदर्भ में सरकारी जांच की जा रही है।
राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने सोशल मीडिया पर पीड़ितों के प्रति अपना दुख और सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जांच के लिए आंतरिक मंत्री को उनके विशेष प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र में भेजा गया था। नेशनल ईरानी पेट्रोलियम रिफाइनिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने कहा कि विस्फोट से तेल सुविधाएं प्रभावित नहीं हुई हैं।
****
बांग्लादेश के एक गैर-सरकारी थिंक-टैंक, सेंटर फोर पॉलिसी डायलॉग-सीपीडी ने आगाह किया है कि अगर समय पर चुनाव नहीं कराये जाते हैं तो देश में निवेश के लिए गम्भीर चुनौतियों का सामना करना पडेगा।
ढाका में आज एक संगोष्ठी में सीपीडी के प्रतिष्ठित फेलो प्रोफेसर मुस्तफिजुर रहमान ने कहा कि अगर चुनाव में देरी होती है तो राजनीतिक अनिश्चितता बढ सकती है। डॉ. रहमान ने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए राजनीतिक स्थिरता महत्वपूर्ण है।
****
बिहार में बौद्ध भिक्षुओं ने मधुबनी पेंटिंग और सिंगिंग बाउल एन्सेम्बल की विभिन्न श्रेणियों में दो गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाए है। गिनीज विश्व रिकॉर्ड के अधिकारियों ने आज पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रमाण पत्र सौंपे।
इस अवसर पर उपस्थित बिहार खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरन ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।
पहली बार दो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डस बिहार में आज हुआ है। एक है दुनिया का सबसे बडा मधुबनी पेंटिंग्स। सारी महिलाएं मिलकर बनाए हैं और दूसरा बोध गया में कल शाम में बाल लामा साढे तीन सौ से अधिक लोग वहां मिलके सिंगिंग बॉल चलाये हैं।
****
प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक, इसरो के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य, डॉ के कस्तूरीरंगन की आज बेंगलुरु में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। शुक्रवार को बेंगलुरु में उनके आवास पर उनका निधन हो गया था। रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट में कई गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि दी।
****
भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम के बीच आज खेले गए त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले मैच में भारत ने श्रीलंका को नौ विकेट से हरा दिया है। वर्षा से बाधित मैच को 39 ओवर का कर दिया गया था। भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम को पांच गेंद शेष रहते एक सौ 47 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से प्रतिका रावल ने 50 रन और हरलीन देओल ने 48 रन की नाबाद पारी खेली। स्मृति मंधाना ने 43 रनों का योगदान दिया। प्रतिका रावल को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रतियोगिता में भारत का अगला मैच 29 अप्रैल को कोलंबो में दक्षिण अफ्रीका से होगा।
****
और, आईपीएल में आज का दूसरा मैच दिल्ली में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दिल्ली कैपिटल्स ने 17वें ओवर में पांच विकेट पर 117 रन बना लिये हैं। इससे पहले, आज के पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हरा दिया।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में कल रात साढे नौ बजे “बीमारियों की रोकथाम में टीकाकरण की भूमिका” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 140 करोड़ भारतीयों की एकता और एकजुटता देश की सबसे बड़ी ताकत। राष्ट्र को आश्वस्त किया- पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षडयंत्रकारियों को कठोर सजा दी जाएगी।
- आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से प्राकृतिक आपदाओं का अलर्ट क्षेत्रीय भाषाओं में प्राप्त करने के लिए ‘सचेत’ मोबाइल ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया।
- स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा- भारत ने बड़े पैमाने पर उपचार केंद्रों की स्थापना और प्रारंभिक निदान को बढ़ावा देकर कैंसर के उपचार में महत्वपूर्ण प्रगति की।
- ईरान ने बंदर अब्बास के निकट बंदरगाह पर हुए घातक विस्फोट के बाद कल राष्ट्रीय शोक की घोषणा की।
- महिला क्रिकेट में, भारत ने कोलंबो में त्रिकोणीय श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में मेजबान श्रीलंका को नौ विकेट से हराया।
****