मुख्य समाचार :-
- पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार की ओर से आज नई दिल्ली में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक सम्पन्न। विपक्ष ने आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार के प्रति पूरा समर्थन व्यक्त किया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- आतंकवाद से देश का मनोबल कभी नहीं टूटेगा।
- विदेश मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जर्मनी, जापान, ब्रिटेन और रूस सहित कई देशों के राजदूतों को जानकारी दी।
- सीमा सुरक्षा बल ने बीटिंग रिट्रीट समारोह में बदलाव की घोषणा की।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी।
****
पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार की ओर से आज नई दिल्ली के संसद भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक संपन्न हो गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर, वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, डीएमके पार्टी के त्रिरूचि शिवा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल, एनसीपी शरद पवार गुट की सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के प्रेमचन्द्र गुप्ता, वाईएसआरसीपी के पी वी मिधुन रेड्डी और तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय समेत कई नेताओं ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखा गया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सभी दलों ने हमलें की कडी निदां करते हुए सरकार को पूर्ण समर्थन का विश्वास दिलाया है।
सारे पॉलीटिकल पार्टी सरकार के साथ खड़ा है और सब पार्टी के नेताओं ने एक ही आवाज में कहा है कि सरकार जो भी कदम उठाएगा साथ देंगे और मैं मानता हूं कि आज के इस महत्वपूर्ण ऑल पार्टी बैठक में जो हमने स्पिरिट अडॉप्ट किया है कि एक जुट होकरके लडाई लडेंगे आतंकवाद के खिलाफ वह आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बताया कि बैठक में सभी दलों ने किसी भी कार्रवाई के लिए सरकार को पूरा समर्थन दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभी दलों ने आतंकी हमले की निंदा की।
हमने सब लोगों ने मिलकर जो पहलगाम में इंसीडेन्ट हुआ है उसको सभी लोगों ने कंडेम किया है और दूसरी चीज हमने यह कहा कि कश्मीर में शांति रखने के लिए फोर्स अच्छा प्रयास करे और उन्होंने यह कहा कि सभी एक्शन लें।
****
उधर, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में सर्वदलीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ केंद्र सरकार के सभी निर्णयों का समर्थन किया गया और हमले की कड़ी निंदा की गई।
बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों से कश्मीरी विद्यार्थियों और नागरिकों की सुरक्षा की अपील की गई।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत हर आतंकवादी और उसे सहायता देने वालों की पहचान करके उनका पता लगाएगा और पहलगाम हमले के दोषियों को दंडित करेगा। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बख्शा नहीं जाएगा और भारत, दुनिया के किसी भी कोने से अपराधियों को ढूंढ निकालेगा।
यह हमला सिर्फ निहत्थे पर्यटकों पर नहीं हुआ है देश के दुश्मनों ने भारत की आत्मा पर हमला करने का दुस्साहस किया है। मैं बहुत स्पष्ट शब्दों में कहना चाहता हूं कि जिन्होंने यह हमला किया है उन आतंकियों को और इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बडी सजा मिलेगी, सजा मिलकरके रहेगी ।
बिहार के मधुबनी जिले में एक जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकबाद से देश का मनोबल कभी नहीं टूटेगा। उन्होंने भारत के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए विश्व और वैश्विक नेताओं को धन्यवाद दिया।
****
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, जापान के प्रधानमंत्री सिगेरू इशिबा और जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला तृतीय ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से टेलीफोन पर बातचीत में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। इस्राइल के प्रधानमंत्री ने भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। जापान के प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। जॉर्डन के शाह ने कहा कि आतंकवाद के हर रूप का विरोध होना चाहिए और इसे किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता। प्रधानमंत्री मोदी ने सभी के एकजुटता के संदेश पर धन्यवाद दिया।
****
हमारी संवाददाता ने बताया है कि सरकार ने आज पाकिस्तान के खिलाफ कई कडे कदम उठाए हैं।
भारत ने अपना संदेश स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और न ही आतंकी कृत्यो को बख्शा जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें इस आतंकी हमले की जानकारी दी। भारत ने अन्य देशों को इस आतंकी हमले के बारे में सूचित करने के लिए एक व्यापक कूटनीतिक अभियान भी शुरू किया है। विदेश मंत्रालय ने आज दिल्ली के साउथ ब्लॉक में इस मुद्दे पर चुनिंदा देशों के राजदूतों को जानकारी दी। जिन देशों को जानकारी दी गई उनमें जर्मनी, जापान, पोलैंड, यूके और रूस सहित कई देश शामिल थे। सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर लगाए गए बैरिकेड हटा दिए। सुपर्णा सैकिया आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
भारत ने अटारी सीमा बंद करने का निर्णय लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पंजाब में अमृतसर के अटारी, फिरोजपुर के हुसैनीवाला और फाजिल्का के सडकी रिट्रीट समारोह में कमी करने का निण्रय लिया गया है।
सीमा सुरक्षा बल ने आज पंजाब में इन तीनों स्थानों पर आयोजित होने वाले बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान भारत की तरफ के गेट नहीं खोलने का निर्णय लिया। साथ ही, सूर्यास्त के समय भारतीय ध्वज को नीचे उतारने के बाद भारतीय गार्ड कमांडर द्वारा पाकिस्तान रेंजर्स के अपने समकक्ष से अब से हाथ नहीं मिलाया जाएगा। इस बीच, रिट्रीट समारोह का हिस्सा बनने के लिए आज अटारी–वाघा संयुक्त चेक पोस्ट पर आए पर्यटकों ने हमले पर दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। 28 पाकिस्तानी नागरिक आज अटारी के रास्ते भारत से पाकिस्तान चले गए हैं और 105 भारतीय भी वापिस आए हैं। राजेश बाली/आकाशवाणी समाचार/जालंधर।
****
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों के बारे में सूचना देने पर कुल 60 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। दो आतंकियों हाशिम मूसा उर्फ सुलेमान और अली भाई उर्फ तुल्हा भाई की पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई है। तीसरा आतंकी अनंतनाग जिले का आदिल हुसैन ठोकर है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण पहलगाम आतंकी हमले की जांच शुरू कर चुका है।
****
सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी कल जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि सेना प्रमुख क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। सैन्य शीर्ष कमांडर घाटी और नियंत्रण रेखा के पास आतंकरोधी उपायों के बारे में भी सेना प्रमुख को अवगत कराएंगे।
****
अरुणाचल प्रदेश के कॉर्पोरल तागे हैलियांग का पार्थिव शरीर आज सुबह निचले सुबनसिरी जिले में उनके गृह नगर जीरो पहुंचा। तागे की 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में मृत्यु हो गई थी। राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शोक संतप्त परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये और उनके पैतृक गांव में स्मारक बनाने की घोषणा की। उनका कल सुबह पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
****
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए प्रशांत सत्पथी के परिवार को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, पत्नी को नौकरी और उनके नौ वर्षीय बेटे को मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की है। श्री माझी ने हमले की कड़ी निंदा की। प्रशांत का अंतिम संस्कार आज उनके गांव में हजारों लोगों की उपस्थिति में किया गया।
****
उधर, गुजरात के संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से सीमावर्ती और तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कच्छ जिले के रापड और खादिर इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 24 घंटे पुलिस गश्त लगाई गई है। सीमा क्षेत्र के आस-पास वाहनों की कड़ी सुरक्षा जांच की जा रही है। सौराष्ट्र के राजकोट रेंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत इस्पात अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी और सम्मेलन को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा है कि भारत का इस्पात उद्योग अपने भविष्य के लिए नए आत्मविश्वास से भरा हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय इस्पात नीति के अंतर्गत निर्धारित महत्वाकांक्षी लक्ष्यों का उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश का इस्पात उत्पादन 30 करोड टन तक पहुंचाना है।
आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बडा स्टील उत्पादक बन चुका है। हमने नेशनल स्टील पॉलिसी के तहत 2030 तक 300 मिलियन टन स्टील उत्पादन का लक्ष्य तय किया है। आज हमारी प्रति व्यक्ति स्टील की खपत लगभग 98 किलोग्राम है और यह भी बढकर 2030 तक 160 किलोग्राम हो जाने की संभावना है।
****
स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने आज विश्व टीकाकरण सप्ताह के पहले दिन नई दिल्ली में वर्ष 2025-26 के लिए खसरा-रूबेला उन्मूलन के लिए अभियान की शुरूआत की। इस अभियान से वर्ष 2026 तक इनका देश में पूरी तरह उन्मूलन करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री नड्डा ने कहा कि यह देश के करोड़ों बच्चों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का मिशन है।
****
विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आज बेंगलुरु में स्टेम सेल विज्ञान तथा पुनर्जनन चिकित्सा संस्थान की गतिविधियों की समीक्षा की। डॉ. सिंह ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं वाले ऐसे उन्नत संस्थान जैव प्रौद्योगिकी में क्रांति लाएंगे, बीमारियों का उपचार खोजेंगे और अर्थव्यवस्था के विकास में सहायता करेंगे। उन्होंने स्टेम सेल विज्ञान संस्थान से पारस्परिक लाभ के लिए चिकित्सा पेशेवरों को आमंत्रित करने को कहा।
****
भारत ने वर्ष 2024-25 में अंतर्देशीय जलमार्गों से साढे चौदह करोड मीट्रिक टन से अधिक माल ढुलाई का रिकॉर्ड बनाया है। वर्ष 2014-15 में राष्ट्रीय जलमार्गों से माल ढुलाई लगभग एक करोड 80 लाख मीट्रिक टन था। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय जलमार्गों की संख्या वर्ष 2014-15 में पाँच से बढ़कर वर्ष 2023-24 में एक सौ ग्यारह हो गई है।
****
नौसेना के नवीनतम स्वदेश में निर्मित गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस सूरत ने लक्ष्य पर सफलतापूर्वक सटीक निशाना लगाया। नौसेना ने कहा कि यह उपलब्धि देश की रक्षा क्षमता मजबूत करने में एक और प्रमुख उपलब्धि है।
****
सर्वोच्च न्यायालय 2002 के गोधरा अग्निकांड मामले पर गुजरात सरकार और कई दोषियों की याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई छह और सात मई को करेगा। न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और राजेश बिंदल की पीठ ने दोषियों और राज्य के वकीलों को तीन मई तक आरोपों पर संक्षिप्त विवरण को प्रस्तुत करने को कहा है।
****
देश शनिवार को पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार के दिन राजकीय शोक रहेगा। गृह मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा कोई सरकारी समारोह नहीं होगा। इससे पहले सरकार ने पोप फ्रांसिस के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की थी।
****
भारत ने अफगानिस्तान को चार दशमलव आठ टन टीके दान किए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन टीकों में रेबीज, टेटनस, हेपेटाइटिस बी और इन्फ्लूएंजा के टीके शामिल हैं।
****
सिक्किम ने राज्य पुलिस भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा कि पूर्व सैन्यकर्मियों को आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट मिलेगी। श्री तमांग ने कहा कि सरकार व्यवसाय करने को इच्छुक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों को दुकाने भी आवंटित करेगी।
****
आर्थिक जगत:-
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स कारोबार के अंत में 79 हजार आठ सौ एक पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50, 24 हजार दो सौ 47 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 85 रुपए 26 पैसे के स्तर पर बंद हुआ। और, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में ब्रैंट कच्चे तेल का मूल्य 66 डॉलर 83 सेंट प्रति बैरल के आसपास चल रही थी।
****
आई.पी.एल. क्रिकेट में आज बेंगलुरु में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरु ने 17वें ओवर में तीन विकेट पर 162 रन बना लिए हैं। इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। अंकतालिका में बेंगलुरु तीसरे और राजस्थान आठवें नंबर पर है। प्रतियोगिता में कल चेन्नई में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर–
- पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार की ओर से आज नई दिल्ली में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक सम्पन्न। विपक्ष ने आतंकवाद के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार के प्रति पूरा समर्थन व्यक्त किया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- आतंकवाद से देश का मनोबल कभी नहीं टूटेगा।
- विदेश मंत्रालय ने पहलगाम आतंकी हमले के बारे में जर्मनी, जापान, ब्रिटेन और रूस सहित कई देशों के राजदूतों को जानकारी दी।
- सीमा सुरक्षा बल ने अटारी सीमा पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के स्तर में कमी की। भारत की तरफ से गेट नहीं खोला जाएगा और न ही पाकिस्तानी सैनिकों के साथ हाथ मिलाया जाएगा।
- आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला जारी।
****