मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले के दोषियों को जल्द ही कडा जवाब देने का आश्वासन दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हमला स्थल पर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा- देश आतंक के आगे नहीं झुकेगा।
- सरकार ने जम्मू-कश्मीर में फंसे यात्रियों की सहायता के लिए विशेष रेलगाडियां और उडानों की व्यवस्था की।
- आईपीएल टी20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
समाचार संध्या के साथ मैं विशाल शर्मा।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले पर नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति की बैठक की अध्यक्षता की। करीब ढाई घंटे चली बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अन्य शामिल हुए। और ज्यादा जानकारी के लिए चलते हैं हमारी संवाददाता सुपर्णा सैकिया के पास। जी सुपर्णा बहुत ही महत्वपूर्ण बैठक थी, जो अभी थोड़ी देर पहले ही समपन्न हुई है, क्या ताजा जानकारी हैं आपके पास बैठक के बारे में…
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पहलगाम हमले के दोषियों को शीघ्र ही कड़ा और स्पष्ट जवाब दिया जाएगा। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने भारत की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति दोहराई।
मैं देशवासियों को आश्वस्त करता हूं घटना के मद्देनजर भारत सरकार वो हर कदम उठाएगी जो जरूरी और उपयुक्त होगा और हम सिर्फ उन लोगों तक नहीं पहुंचेंगे जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है हम उन तक भी पहुंचेंगे जिन्होंने पर्दे के पीछे बैठकर हिंदुस्तान की सरजमीं पर ऐसी नापाक हरकतों की साजिशें से रची है। भारत एक इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है जिसको ऐसे किसी भी आतंकी गतिविधियों से किसी भी सूरत में डराया नहीं जा सकता।
इससे पहले, रक्षा मंत्री ने तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारियों के साथ कश्मीर घाटी में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में प्रत्येक भारतीय अपने प्रियजनों को खोने का दर्द महसूस करता है। उन्होंने सभी परिवारों को आश्वासन दिया कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। श्री शाह ने कहा कि देश आतंक के आगे नहीं झुकेगा और इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। एक रिपोर्ट-
श्री अमित शाह ने पहलगाम के बैसरन वन क्षेत्र में हमले के स्थल पर स्थिति का जायज लेने के लिए पहलगाम का दौरा किया। वे सरकारी मेडिकल कॉलेज अनंतनाग अस्पताल में घायल लोगों से भी मिले। पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने तीन हमलावरों के स्केच जारी किए हैं। पहलगाम हमले की जांच का जिम्मा राष्ट्रीय जांच एजेंसी–एनआईए की एक विशेष टीम पहले ही संभाल चुकी है। इस बीच पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा और अन्य घटनाक्रमों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कल दोपहर श्रीनगर के शेर–ए–कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में एक सर्वदलिया बैठक बुलाई है। उन्होंने सभी प्रमुख राजनीतिक दलों, सभी सांसदों और जम्मू कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता को निमंत्रण पत्र भेजे हैं तारिक राथेर, आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।
कल हुए इस हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे और कई घायल हुए थे। मृतकों के पार्थिव शरीर को श्रीनगर से विशेष विमानों से उनके गृह-स्थलों पर ले जाया गया।
जम्मू-कश्मीर सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2-2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
इस बीच, राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में आज दो मिनट का मौन रखा गया। पर्यटकों की हत्या के विरोध में आज जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह से बंद रहा। सार्वजनिक वाहन सड़कों पर नहीं चले। सभी शिक्षण संस्थानों में कक्षाएं स्थगित रहीं।
****
सरकार ने जम्मू-कश्मीर में फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए कई विशेष रेलगाडियों और उडानों की व्यवस्था की हैं।
रेलवे आज रात कटरा से नई दिल्ली के लिए एक विशेष रेलगाड़ी चलाएगा। यह रेलगाड़ी श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन से रात नौ बजकर बीस मिनट पर रवाना होगी। नागर विमानन मंत्रालय ने आज श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए चार विशेष उड़ानें संचालित की हैं। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त उड़ानें भी तैयार हैं। मंत्रालय ने कहा है कि इन उड़ानों के किराए की निगरानी की जाएगी। वहीं, विमानन कंपनियां कन्फर्म टिकट को निरस्त किये जाने की स्थिति में किराया लौटाने, छूट देने और यात्रा पुनर्निर्धारण की सुविधा भी दे रही है। इस बीच, जम्मू–श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 अभी भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने आतंकी हमले की कडी भर्त्सना की है।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतरस सहित विश्व भर के कई शीर्ष नेताओं ने आतंकी हमले की निंदा की है।
विश्व के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत में भारत के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन रामगुलाम, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने निर्दोष लोगों की मौत पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन, गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी हमले की निंदा की है। बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और अफ़गान विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे कृत्य क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर ख़तरा हैं। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
****
अमरीका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने भी पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की है। आगरा में आज उन्होंने कहा कि अमरीका भारत को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
****
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के तंगमार्ग क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के संबंध में सूचना मिलने के बाद घेराबंदी कर अभियान शुरू किया था। ब्यौरे की प्रतीक्षा है।
****
इधर, पंजाब ने पाकिस्तान के साथ लगने वाली अपनी सीमा को सील कर दिया है। राज्य में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है।
****
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने आतंकी हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पुष्पांजलि अर्पित की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लेफ्टिनेंट नरवाल को श्रद्धांजलि दी। बाद में उनके पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर हरियाणा के करनाल ले जाया गया।
****
महाराष्ट्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के छह पीड़ितों के परिवारों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस घटना में घायल हुए लोगों को भी पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।
****
सरकार ने खरीद वर्ष 2024-25 के लिए राज्य के उत्पादन के शत-प्रतिशत मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत तुअर, उड़द और मसूर की खरीद को मंजूरी दे दी है। कृषि मंत्रालय ने कहा कि दालों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने, आयात पर निर्भरता कम करने और किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीफ 2024-25 सीजन के दौरान मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में कुल तेरह लाख 22 हजार मीट्रिक टन तुअर की खरीद को मंजूरी दी।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एक राष्ट्र, एक चुनाव समय की मांग है और लोकसभा तथा विधानसभा के लिए अलग-अलग चुनाव देश के विकास में बाधा बन रहे हैं। नई दिल्ली में एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए छात्रों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि नागरिकों को देश में बार बार होने वाले चुनावों पर विचार करना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि आचार संहिता लागू होने से सरकारी कामकाज में और बाधा आती है। उन्होंने कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री तक, हर कोई चुनाव की तैयारियों में व्यस्त हो जाता है, जिसके परिणामस्वरूप विकास कार्य रुक जाते हैं।
****
केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने देश में सर्वाइकल कैंसर की जांच के लिए स्वदेशी रूप से विकसित एचपीवी टेस्ट किट की समीक्षा के लिए एक संयुक्त बैठक की। डॉ. सिंह ने इस किट की सराहना की। वैश्विक सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतों में से 25 प्रतिशत भारत में होती हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर बिहार के मधुबनी से राष्ट्रव्यापी ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे। श्री मोदी 13 हजार 5 सौ करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन पहलों से बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी, सेवाओं और आर्थिक अवसरों का लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 भी प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री मधुबनी से जयनगर–पटना नमो भारत रैपिड एक्सप्रेस और सहरसा लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सहित चार नई रेलगाडियों को रवाना करेंगे।
****
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के कारण कल का कानपुर दौरा रद्द कर दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि आतंकी हमले में कानपुर के साहसी बेटे शुभम की भी मृत्यु हो गई थी। लोगों की भावनाओं और दुख को देखते हुए यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए कानपुर जाने वाले थे।
****
राष्ट्रीय राजधानी में खराब वायु गुणवत्ता के कारण वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने इस वर्ष पहली नवंबर से दिल्ली में पंजीकृत वाहनों को छोड़कर सभी परिवहन और वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर कड़े प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया है। प्रतिबंधित वाहनों में हल्के और भारी वाहन शामिल हैं। सीएनजी और बीएस-फोर श्रेणी के वाहनों को शहर में प्रवेश जारी रहेगा।
आयोग ने कहा है कि पंजीकरण की अवधि समाप्त हो चुके वाहनों को इस वर्ष पहली जुलाई से ईंधन नहीं मिलेगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पेट्रोल पंप पर स्वचालित नंबर प्लेट पहचान वाले कैमरे और अन्य प्रणालियां स्थापित की जा रही हैं।
****
और अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज अस्सी हजार 116 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50, 24 हजार 329 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 23 पैसे कमजोर होकर 85 रुपए 42 पैसे पर बंद हुआ। और, अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में ब्रैंट कच्चे तेल की कीमत बढकर 67 डॉलर 84 सेंट प्रति बैरल के आसपास चल रहा था। आकाशवाणी समाचार के लिए मनोज पाठक।
****
और अभी- अभी प्राप्त समाचार के अनुसार विदेश मंत्रालय मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति की बैठक पर रात सवा नौ बजे एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करेगा।
****
और अब खेल खबरों का रूख करते है
आई.पी.एल. क्रिकेट में आज हैदराबाद में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक सनराइजर्स हैदराबाद ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 118 रन बना लिये हैं। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
अंक तालिका में मुंबई इंडियंस छठे स्थान पर है, जबकि हैदराबाद का नौवां स्थान है। प्रतियोगिता में कल बेंगलुरु में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले पर नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की सुरक्षा कार्य समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले के दोषियों को जल्द ही कडा जवाब देने का आश्वासन दिया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हमला स्थल पर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा- देश आतंक के आगे नहीं झुकेगा।
- सरकार ने जम्मू-कश्मीर में फंसे यात्रियों की सहायता के लिए विशेष रेलगाडियां और उडानों की व्यवस्था की।
- और, आईपीएल टी20 क्रिकेट में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।
****