Download
Mobile App

android apple
signal

April 22, 2025 10:27 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में कई पर्यटकों के हताहत होने की खबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की निंदा की।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह स्थिति का जायजा लेने के लिए श्रीनगर रवाना।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी जेद्दाह में सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्‍मद बिन सलमान के साथ रणनीतिक साझेदारी परिषद की बैठक की संयुक्‍त रूप से अध्‍यक्षता कर रहे हैं।

 

  • अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा- अमरीका और भारत ने व्यापार वार्ता की शर्तों को अंतिम रूप  दिया।

 

  • संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित किया। शीर्ष पांच सफल अभ्‍यर्थियों में तीन महिलाएं शामिल।

 

  • घरेलू शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी। सोने की कीमत पहली बार एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंची।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स का लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी।

******

 

जम्मू-कश्मीर में आज दोपहर अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में अज्ञात आतंकवादियों ने पर्यटकों के एक समूह पर हमला किया। यह हमला श्रीनगर से करीब 85 किलोमीटर दूर पहलगाम के बैसरन वन क्षेत्र में हुआ। हमले में कई पर्यटकों के हताहत होने की खबर है। जम्‍मू-कश्‍मीर के मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने कहा है कि हताहतों की संख्या का पता लगाया जा रहा है और स्थिति स्पष्ट होने पर आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी दी जाएगी। घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया है। हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस हमले को नृशंस और अमानवीय कृत्य बताया है। राष्ट्रपति ने कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला करना बेहद भयावह और अक्षम्य है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी इस हमले की निंदा की है और कहा है कि इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आतंकवादियों का नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा।

 

इससे पहले, गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को पहलगाम आतंकी हमले की घटना के बारे में जानकारी दी। गृहमंत्री सभी एजेंसियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक करने के लिए श्रीनगर रवाना हो गए हैं। श्री शाह ने घटना के संबंध में वर्चुअल माध्‍यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की। पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर पीड़ा व्यक्त करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इस कायराना आतंकी कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की है। श्री सिन्हा ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

 

इस बीच, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि वे इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस हमले के लिए जिम्‍मेदार लोग घृणा के पात्र हैं। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी सहयोगी और मंत्री सकीना इटू से बात की है और वह घायलों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अस्पताल गई हैं।

 

******

 

आतंकी हमले की सभी दलों के नेताओं ने कड़ी निंदा की है। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि इस कायराना हमले में निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी हमले की निंदा करते हुए पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

******

 

इस बीच, क्षेत्र में आतंकवादियों को पकडने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट में, जम्मू-कश्मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीमें इलाके में पहुंच गई हैं और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने पर्यटकों के लिए आपातकालीन सहायता डेस्क स्थापित किया है। सहायता और जानकारी के लिए हेल्‍पलाईन नम्‍बर जारी किए गए हैं। ये नम्‍बर हैं – 01932222337, 7780885759, 9697982527 और 6006365245.

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर जेद्दाह पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे पर उन्‍हें 21 तोपों की सलामी दी गई। जैसे ही प्रधानमंत्री के विमान ने सऊदी अरब की वायु सीमा में प्रवेश किया शाही सऊदी वायु सेना के युद्धक विमान उसे अपने साथ लेकर आए। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में उम्‍मीद जताई है कि उनकी इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

 

श्री मोदी सऊदी अरब के शहजादे और प्रधानमंत्री मोहम्‍मद बिन सलमान के निमंत्रण पर सऊदी अरब गए हैं। यह उनकी सऊदी अरब की तीसरी यात्रा है। एक रिपोर्ट –

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पिछले चार दशकों में सऊदी अरब के वाणिज्यिक केंद्र जेद्दाह का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इस एतिहासिक अवसर पर उनका स्वागत 21 तोपों की सलामी और रॉयल सऊदी एयर फोर्स एफ-15 लड़ाकू विमानों के साथ किया गया। यह दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों का प्रतीक है। जेद्दाह में प्रवा‍सी भारतीयों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया। श्री मोदी ने प्रवासी समुदाय के योगदान की प्रशंसा की। इस बीच, प्रधानमंत्री सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के साथ दूसरी रणनीतिक साझेदारी परिषद की बैठक की सह-अध्यक्षता कर रहे हैं। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।

 

******

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने अमरीका के सैन फ्रांसिस्को में आईटी उद्योग से जुडे प्रमुख उद्यमियों से मुलाकात की और उन्हें तकनीकी सहयोग और निवेश के अवसरों का पता लगाने के लिए आमंत्रित किया है। वित्त मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अवसरों पर चर्चा की। अमरीकी उद्यमियों ने अमरीका और भारत के बीच निवेश आधारित सहयोग में अपनी विशेष रुचि जताई। उन्‍होंने निवेश प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के बारे में भी सुझाव दिए।

 

******

 

अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि सदी का भविष्य भारत और अमरीका के बीच साझा व्यापारिक संबंधों पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने आधिकारिक तौर पर व्यापार वार्ता की शर्तों को अंतिम रूप दे दिया है। जयपुर में एक बिजनेस समिट में श्री वेंस ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप की टैरिफ नीति की आलोचना भले ही हो रही हो लेकिन उन्होंने संतुलित व्यापार का माहौल बनाया है।

 

उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत अमरीका का सबसे करीबी और विश्वसनीय साझेदार है। अमरीका भारत को विश्वस्तरीय रक्षा उपकरण उपलब्ध कराना चाहता है।

 

******

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉक्‍टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस वर्ष न्यूक्लियर क्षेत्र में, निवेश के प्रर्याप्‍त अवसर उपलब्‍ध होगें जिसमें स्टार्टअप्स भी शामिल है। हैदराबाद में पहले वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद स्टार्टअप कॉन्क्लेव के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न अनुसंधान संस्थानों के बीच और विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के भीतर बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

******

 

घरेलू शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी जारी रही। सोने की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंच गई है। 24 कैरेट का सोना पहली बार एक लाख रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। दुनिया में बढते राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण सोने की मांग में काफी तेजी बनी हुई है। कुछ दिनों के बाद अक्षय तृतीया का पर्व है, जिसकी वजह से कारोबारी मांग बढी हुई है।

 

आर्थिक जगत की अन्‍य खबरों के साथ हैं- सुबोध मिश्रा।

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज एक सौ 87 अंक बढकर उनासी हजार 596 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 42 अंक बढकर 24 हजार 167 पर रहा। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 6 पैसे कमजोर होकर 85 रुपए 19 पैसे पर बंद हुआ और अंतरराष्‍ट्रीय बाजारों में ब्रेंट क्रूड का मूल्‍य 67 डॉलर 21 सेंट प्रति बैरल के आस पास चल रहा था।

 

******

 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने के बीच और विभिन्‍न बाधाओं के बावजूद भारत का सकल घरेलू उत्‍पाद-जीडीपी वृद्धि दर छह प्रतिशत से ऊपर रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आईएमएफ ने आज वाशिंगटन में अप्रैल 2025 विश्व आर्थिक परिदृश्य रिपोर्ट जारी की। इसमें भारतीय अर्थव्यवस्था के वित्त वर्ष 2025-26 में छह दशमलव दो प्रतिशत और 2026-27 में छह दशमलव तीन प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।

 

******

 

केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि वक्फ संशोधन अधिनियम का उद्देश्य गरीब मुसलमानों को लाभ पहुंचाना और संपत्ति का दुरुपयोग रोकना है। वक्फ सुधार और जन जागरूकता अभियान के तहत मुंबई में आज संवाददाता सम्मेलन में श्री रिजिजू ने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में जमीन के एक-एक इंच का उचित उपयोग होना चाहिए।

 

नौ लाख 72 हजार से ज्यादा वक्‍फ संपत्ति हिंदुस्तान में है लेकिन हिंदुस्तान के गरीब मुसलमानों के लिए कोई काम नहीं आ रहा है लेकिन इसका दुरुपयोग वक्‍फ संपत्तियों को कब्जा करके जो लूटे जा रहा है ये भी एक चिंता का विषय है। तो जो वक्‍फ बिल को संसोधन किया, मुख्‍य हमारा दो लक्ष्‍य है, गरीब मुसलमानों को फायदा पहुंचाना और उसको जो मिसयूज किया जा रहा है, उसको भी रोक लगाना।

 

******

 

अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने हज 2025 के लिए प्रतिनियुक्त कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय 22-23 अप्रैल को अनुकूलन-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह दो दिवसीय सत्र चयनित प्रशासकीय और चिकित्सा कर्मियों के लिए क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण पर केंद्रित है।

 

******

 

संघ लोक सेवा आयोग, सिविल सेवा परीक्षा 2024 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं। शीर्ष पांच में तीन महिलाएं शामिल हैं। शक्ति दुबे ने पहला स्थान हासिल किया है।

 

इस परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली मार्गी चिराग शाह ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि वह महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में काम करना चाहेंगी।

 

एजुकेशन को इंप्रूव करना और वूमेन एंपावरमेंट जो सिर्फ फाइनेंशियल ना हो पर सोशल भी हो और सोशली फाइनेंशली हेल्थ वाइस सारी तरह से वूमेन एंपावरमेंट हो यह मेरा उद्देश्य रहेगा। जब भी मुझे जैसी भी ड्यूटी मिलेगी फुलफिल करने के लिए।

 

पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले एक अन्य सफल उम्मीदवार आकाश गर्ग ने बताया कि वे सेवा में आने के बाद शिक्षा और प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

 

तैयारी सब बेसिक सी है कोई बहुत ज्यादा मैंने कुछ एक्स्ट्राऑर्डिनरी कभी नहीं किया बट आई वाज़ कंसिस्टेंट और रेगुलर था मैं अपने प्रिपरेशन के साथ हमेशा और अप्‍स एंड डाउंस आते हैं पर लेकिन वो हो जाते हैं मैनेज इफ यू वांन्‍ट टू तो वो हो जाता है। कोई इसमें बहुत मुश्किल नहीं है बट इट्स ऑल अबाउट द विल दैट वी वांट टू हैव।

 

******

 

पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार शनिवार को रोम में होगा। दुनिया के कई नेता और गण्‍यमान्‍य व्यक्ति इसमें शामिल होंगे। पोप के ताबूत को कल जनता के दर्शन के लिए वेटिकन शहर के सेंट पीटर बेसिलिका ले जाया जाएगा। पोप फ्रांसिस का निधन कल 88 वर्ष की आयु में वेटिकन शहर में उनके निवास पर हुआ था।

 

******

 

कैलाश मानसरोवर यात्रा कोविड के चार वर्ष बाद तीस जून से फिर शुरू होने जा रही है। यात्रा दिल्‍ली से शुरू होकर चीन में प्रवेश करने के लिए पिथौरागढ के लिपुलेख दर्रे से होकर आगे बढेगी। 22 दिन की इस श्रमसाध्‍य आध्‍यात्मिक यात्रा पर कुल 250 तीर्थयात्री जाएंगे।

 

******

 

अभी अभी समाचार मिला है कि गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच गए हैं। इस बीच जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के सिलसिलें में श्रीनगर में भी एक कंट्रोल रूम स्‍थापित किया है। कंट्रोल रूम का टेलीफोन नम्‍बर हैं- 0194-2457543 और 0194- 2483651.

 

******

 

आईपीएल क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ सुपर जायंट्स ने 18 ओवर में 4 विकेट पर 146 रन बना लिये हैं। इससे पहले डेल्‍ही कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। प्रतियोगिता में कल हैदराबाद में मुंबई इंडियंस का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

******

 

विश्‍व में पर्यावरण संरक्षण प्रयासों में समर्थन के लिए आज पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। 1969 में यूनेस्को शिखर सम्मेलन में सुझाव के बाद पहली बार 1970 में पृथ्वी दिवस मनाया गया था। इस वर्ष पृथ्वी दिवस का विषय है- “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह”

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

 

  • जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में कई पर्यटकों के हताहत होने की खबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की निंदा की।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह स्थिति का जायजा लेने के लिए श्रीनगर पहुंच गए हैं।

 

  • प्रधानमंत्री मोदी जेद्दाह में सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्‍मद बिन सलमान के साथ रणनीतिक साझेदारी परिषद की बैठक की संयुक्‍त रूप से अध्‍यक्षता कर रहे हैं।

 

  • अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा- अमरीका और भारत ने व्यापार वार्ता की शर्तों को अंतिम रूप  दिया।

 

  • संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम घोषित किया। शीर्ष पांच सफल अभ्‍यर्थियों में तीन महिलाएं शामिल।

 

  • घरेलू शेयर बाजार में लगातार छठे दिन तेजी। सोने की कीमत पहली बार एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंची।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी।

******