Download
Mobile App

android apple
signal

April 20, 2025 10:32 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चट्टानें खिसकने और बादल फटने से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी; तीन लोगों की मौत, एक सौ से अधिक लोगों को बचाया गया।

  • लद्दाख क्षेत्र में अत्‍यधिक बर्फबारी और ओले पड़ने से लेह पर्वतीय परिषद ने सभी आपातकालीन सेवाओं के लिए हाई अलर्ट जारी किया।

  • कनाडा में वैंकूवर के रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारे को खालिस्तान समर्थक चित्रों से विरूपित किया गया।

  • रूस और यूक्रेन ने संघर्ष शुरू होने के बाद से सर्वाधिक युद्ध-बंदी मुक्‍त किए।

  • जॉर्डन में अंडर-15 और अंडर-17 जूनियर एशियाई मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप में, पहले दिन भारत ने दो प्रभावशाली जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

****

 

जम्मू-कश्मीर में जम्मू क्षेत्र के रामबन जिले के सेरी बागना इलाके में मूसलाधार वर्षा के बाद चट्टानें खिसकने से सड़कें बंद हो गयी हैं और कल रात से राहत और बचाव अभियान जारी है। इस त्रासदी में दो बच्चों और एक वृद्ध सहित तीन लोगों की मृत्‍यु हो गई। 100 से अधिक लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि रामबन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कल रात ओले पडे और कई स्‍थानों पर भूस्‍खलन भी हुआ। अचानक आई बाढ़ से रामबन में कई भवन ढह गए और श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

रामबन के वरिष्‍ठ पुलिस अधीक्षक कुलबीर सिंह ने बताया कि सभी संस्‍थाएं एकजुट होकर राहत और बचाव कार्य में लगी हैं।

 

 

यहां पर पुलिस प्रशासन, नागरिक एडमिनिस्‍ट्रेशन, सिविल एडमिनिस्‍ट्रेशन, NDRF, SDRF सारे मिलकर और सिविल QRT जो पुलिस के साथ एसोसिएशन हैं उनका उसके अलांवा, बहुत खुशी की बात यह है कि सिविल लोग भी हमारे साथ मिलकर काम कर रहे हैं। वो ये नहीं देख रहे हैं कि कौन है, ज्‍वॉइंट एफर्ट लगा रहे हैं और जिस तरह से दिन को सब सही लग रहा था कि मौसम ठीक हो जाएगा। और कई जगहों पर हम क्‍लेयरेंस भी कर चुके थे लेकिन अभी बारिश दोबारा से शुरू हो गई है, हमारा रेस्‍टोरेशन वर्क में थोडी सी प्रॉबलम आ रही है। मुझे लगता है सुबह तक हम अगर मौसम ठीक रहा तो इस वर्क में हम तेजी लाएंगे।

 

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आपदा के कारण लोगों की मृत्‍यु पर दुख व्यक्त किया है।

 

इस बीच, जम्मू-कश्मीर में, ऐतिहासिक वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग, मुगल रोड वाहनों के आवागमन के लिए फिर से खोल दिया गया है। यह मार्ग जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिलों को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोड़ता है। ताजा बर्फबारी के कारण एक दिन बंद रहने के बाद राजमार्ग को केवल पुंछ से शोपियां की ओर जाने वाले हल्के मोटर वाहनों के लिए खोला गया है। लेकिन, जम्‍मू श्रीनगर राष्‍ट्रीय राजमार्ग-एनएच-44, श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी-एसएसजी रोड और सिंथन रोड अभी भी बंद है। अधिकारियों ने अगली सूचना जारी होने तक यात्रियों को इन मार्गों से बचने की सलाह दी है।

 

****

लद्दाख में शनिवार से भारी बर्फबारी और ओले गिरने के कारण पर्वतीय परिषद ने सभी आपातकालीन सेवाओं के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

 

मुख्य कार्यकारी पार्षद ताशी ग्यालसन ने सभी प्रमुख अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। आपदा कार्रवाई दल को भी सतर्क रखा गया है। एक रिपोर्ट-

 

 

केन्‍द्र शासित प्रदेश लद्दाख में सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्‍थानों को खराब मौसम के कारण सोमवार से बुधवार तक तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। यातायात अधिकारियों से मिली खबरों के अनुसार बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-क‍रगिल मार्ग कल बंद रहेगा।  इसके अलावा खराब मौसम के कारण करगिल से लेह मार्ग भी आज बंद था। करदुंगला दर्रा बंद रहने के कारण आज लेह-नुब्रा रोड भी बंद था। समूचे लद्दाख में खराब मौसम के कारण फसलें बर्बाद हुई, बिजली के खम्‍बों को नुकसान हुआ है और पहाडों में चट्टाने खिसकने से सडक सम्‍पर्क बाधित हुआ है। लेह में खराब मौसम के कारण प्रमुख उडानें भी रद्द कर दी गई हैं। लेह से येनचेन डोल्‍मा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनीषा खन्‍ना।

 

****

 

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समुदायों में फूट डालने के लिए वक्‍फ संशोधन अधिनियम लायी है। श्री खरगे ने बक्‍सर के दलसागर खेल मैदान में जनसभा में आरोप लगाया कि नया वक्‍फ अधिनियम समाज में दरार पैदा करने का षड्यंत्र है।

कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कहा कि बिहार के लिए सवा लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा भाजपा का एक छलावा है और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को इसका जवाब देना चाहिए।

 

वहीं, भाजपा ने कांग्रेस नेता के इस आरोप का खंडन किया है। भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि श्री खरगे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि बिहार को विकास के लिए तीन लाख करोड रुपये का पैकेज दिया गया है।

 

****

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में हाल ही में हुई हिंसा और अफवाहों को देखते हुए राज्य के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। राज्य सरकार द्वारा उठाए गए प्रशासनिक कदमों का जिक्र करते हुए मुख्‍यमंत्री ने चेतावनी दी कि दोषी पाए गए किसी भी व्‍यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

****

भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ संशोधन अधिनियम के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए राष्ट्रव्यापी – वक्फ सुधार जनजागरण अभियान की आज शुरुआत की है। यह अभियान 5 मई तक चलेगा। इसके तहत, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, मुस्लिम समुदाय को संशोधित अधिनियम के बारे में जागरूक करेंगे।

 

****

केन्द्रीय कार्मिक, जन शिकायत और पेंशन मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज युवा लोक सेवकों से आग्रह किया कि वे ईमानदारी, जवाबदेही और सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखें। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2023 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत में डॉ. सिंह ने भारत के प्रशासनिक परिवर्तन और विकसित भारत के दृष्टिकोण के बारे में चर्चा की। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा में महिलाओं के अब तक के सबसे अधिक प्रतिनिधित्व की सराहना की। 180 अधिकारियों के मौजूदा बैच में 74 महिला अधिकारी शामिल हैं।

 

****

प्रधानमंत्री कल नई दिल्ली में 17वें सिविल सेवा दिवस पर लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए 16 अधिकारियों को प्रधानमंत्री पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। यह पुरस्कार जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में दिए जाएंगे।

 

****

 

कनाडा में, कल रात वैंकूवर के एक प्रमुख गुरुद्वारे की दीवारों को खालिस्तान समर्थक चित्रों से विरूपित किया गया, जिससे स्थानीय सिख समुदाय में आक्रोश फैल गया। यह घटना खालसा दीवान सोसाइटी गुरुद्वारे में हुई, जो रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारा के नाम से प्रसिद्ध है। कनाडाई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वैंकूवर पुलिस विभाग घटना की जांच कर रहा है।

खालसा दीवान सोसाइटी ने इस कृत्य की निंदा करते हुए इसे समुदाय के भीतर भय और विभाजन फैलाने का प्रयास बताया। 1906 में स्थापित, रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारा कनाडा में सबसे पुराने और सबसे महत्वपूर्ण सिख संस्थानों में से एक है।

 

****

 

रूस और यूक्रेन ने आज कई युद्ध-बंदियों को मुक्‍त किया। फरवरी-2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद युद्ध-बंदियों की यह सबसे बड़ी अदला-बदली है। रूस के राष्‍ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित ईस्टर संघर्ष-विराम के दौरान यह कार्य किया गया। इस प्रक्रिया में कुछ घायलों सहित लगभग 500 सैनिकों को मुक्‍त किया गया। इस समझौते में संयुक्त अरब अमीरात ने मध्यस्थता की। लेकिन दोनों देशों के बीच शांति वार्ता में गतिरोध बना हुआ है। संघर्षविराम के दौरान हमलों से कुछ राहत मिली, जिससे दोनों पक्षों ने मानवीय राहत कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया है। युद्ध-बंदियों की रिहाई को एक सकारात्‍मक कदम के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इससे मौजूदा संघर्ष का कोई समाधान नहीं हुआ है। दोनों देश काफी समय से जटिल युद्ध में संघर्षरत हैं।

 

इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने आज यूक्रेन पर आरोप लगाया कि उसने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा घोषित 30 घंटे के ईस्टर संघर्ष-विराम का उल्‍लंघन किया है। दूसरी ओर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि ईस्टर पर एकतरफा संघर्ष-विराम की घोषणा के बावजूद रूस ने यूक्रेन पर हमला जारी रखे हैं। ज़ेलेंस्की ने संघर्ष-विराम 30 दिन और बढ़ाने का अपने प्रस्ताव दोहराया।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 22 अप्रैल को सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर जेद्दा जाएंगे। पिछले चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की सउदी अरब के वाणिज्यिक केन्‍द्र की यह पहली यात्रा होगी। श्री मोदी की यह यात्रा भारत-सऊदी संबंधों में उल्लेखनीय परिवर्तन को दर्शाती है। भारत और सऊदी अरब के बीच सदियों पुराने संबंधों पर आधारित मजबूत और बहुमुखी आर्थिक साझेदारी है।

सऊदी अरब भारत का पाँचवाँ और भारत सऊदी अरब का दूसरा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है।

सऊदी अरब में भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि प्रधानमंत्री की जेद्दा यात्रा से भारत और सऊदी अरब के संबंध और प्रगाढ होंगे।

 

 

 

उनकी यात्रा के दौरान उम्मीद है इकोनामिक पार्टनरशिप, डिफरेंट पार्टनरशिप इंडियन कम्युनिटी, कनेक्टिविटी और जो भी ग्लोबल ओरिजिनल इश्यूज है विस्तार से चर्चा होगी। इंडिया और सऊदी अरब के संबंध बहुत मजबूत है और पिछले कुछ सालों में यह संबंध और मजबूत हुए हैं और दोनों देश से एक दूसरे के साथ मिलकर बहुत सारी चीज कर रहे हैं।

 

****

 

अमरीका के उपराष्ट्रपति जेम्‍स डेविड वैंस कल भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति वैंस की यह पहली भारत यात्रा है। वे कल प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। उपराष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल के दिल्ली में अन्य कई कार्यक्रम भी होंगे। वे भ्रमण के लिए जयपुर तथा आगरा भी जाएंगे। एक रिपोर्ट-

 

 

 

अमरीका के उपराष्ट्रपति जेम्‍स डेविड वेंस की भारत यात्रा दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगी। इस यात्रा के दौरान इस वर्ष 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अमरीका यात्रा के दौरान जारी भारत-अमरीका संयुक्त वक्तव्य के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। दोनों पक्ष आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत और अमरीका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कई मुद्दों पर हितों के अभिसरण और दोनों पक्षों के नेताओं के बीच नियमित संवाद बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण अंग है। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

भूटान नरेश जिग्‍मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक ने जोगीघोपा में अन्‍तर्देशीय जलमार्ग टर्मिनल- आईडब्‍ल्‍यूटी और मल्‍टी मॉडल लॉजिस्टिक्‍स पार्क-एमएमएलपी की सुविधाओं का अवलोकन करने के लिए असम का दौरा किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि आईडब्‍ल्‍यूटी और एमएमएलपी व्‍यापार और क्षेत्रीय विकास को बढावा देने पर केन्द्रित सम्‍पर्क की दो मुख्‍य परियोजनाएं हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार पडोसी प्रथम नीति के अंतर्गत दोनों देशों के लोगों के बीच समपर्क बढ़ाने और भूटान के साथ व्‍यापार और आर्थिक सहयोग को सुविधाजनक बनाने के के लिए कई उपाए किए जा रहे हैं।

 

 

****

देश और दुनिया में आज ईस्टर का त्यौहार मनाया जा रहा है। यह दिन ईसा मसीह के कैल्‍वरी में सलीब पर चढ़ाए जाने और बलिदान के बाद उनके पुनर्जीवित होने का प्रतीक है।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईस्टर पर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। एक रिपोर्ट-

 

 

शनिवार की रात ईसाई लोग ईसा मसीह के पुनरुत्थान के खुशी भरे जश्न में एक साथ आए और गोवा राज्य भर में चर्चों, चैपल और कैथोलिक संस्थानों में ईस्टर विजिल सेवाएं आयोजित की गईं। राज्यपाल श्री पी.एस. श्रीधरन पिल्लई ने ईस्टर पर अपनी शुभकामनाओं में कहा कि यह उत्सव सभी के लिए शांति, खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए,” मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने अपने संदेश में कहा कि यह अंधकार, मृत्यु और बुराई पर विजय का दिव्य प्रतीक है। टिमटिमा रही मोमबत्तियाँ  और गानों की गूंज के बीच गोवा में ईस्टर का जश्न एक प्रकाश की किरण की तरह है जो विश्वास और नई शुरुआत के वादे की याद दिलाता है। आकाशवाणी के लिए पणजी से महेश चोपड़।

 

****

और अब कुछ खेल समाचार, जॉर्डन के अम्‍मान में एशियाई अंडर-15 और अंडर 17 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत ने दो जीत के साथ अपने अभियान की शुरूआत की। 43 किलोग्राम वर्ग में हार्दिक और 46 किलोग्राम में रुद्राक्ष ने पहले मुकाबले में आसानी से जीत हासिल की। एशियाई ओलंपिक परिषद और नवगठित विश्व मुक्केबाजी के अंतर्गत यह पहली प्रतियोगिता है जिसका आयोजन एशियाई मुक्केबाजी संघ कर रहा है। भारत ने टूर्नामेंट में 56 सदस्यीय टीम भेजी है।

 

****

आईपीएल ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट में मुंबई ने मुंबई इंडियंस के साथ खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 3 विकेट पर 142 रन बना लिये हैं। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। तालिका में मुंबई इंडियंस सातवें जबकि चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स दसवें और अंतिम स्‍थान पर है।

 

इससे पहले आज एक अन्‍य मैच में चण्‍डीगढ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया।

 

*****


आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीकमें कल रात साढे नौ बजे मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के प्रभावविषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान-एम्‍स के मनोचिकित्सक, डॉ. राजेश सागर और मेडिसिन के प्रोफेसर डॉक्‍टर पीयूष रंजन इस परिचर्चा में शामिल होंगे।

 

श्रोता कार्यक्रम के दौरान हमारे विशेषज्ञों से टेलीफोन और व्हाट्सऐप पर प्रश्न पूछ सकते हैं।

 

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चट्टानें खिसकने और बादल फटने से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी; तीन लोगों की मौत, एक सौ से अधिक लोगों को बचाया गया।

  • लद्दाख क्षेत्र में अत्‍यधिक बर्फबारी और ओले पड़ने से लेह पर्वतीय परिषद ने सभी आपातकालीन सेवाओं के लिए हाई अलर्ट जारी किया।

  • कनाडा में वैंकूवर के रॉस स्ट्रीट गुरुद्वारे को खालिस्तान समर्थक चित्रों से विरूपित किया गया।

  • रूस और यूक्रेन ने संघर्ष शुरू होने के बाद से सर्वाधिक युद्ध-बंदी मुक्‍त किए।

  • जॉर्डन में अंडर-15 और अंडर-17 जूनियर एशियाई मुक्‍केबाजी चैंपियनशिप में, पहले दिन भारत ने दो प्रभावशाली जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

 

 

****