Download
Mobile App

android apple
signal

April 4, 2025 9:56 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बिम्सटेक देशों के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं को शामिल करते हुए 21 सूत्री कार्ययोजना प्रस्तावित की।

  • प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के साथ अपनी बैठक में वहां के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।

  • केंद्र ने महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के व्यस्त मार्गो पर बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने के लिए चार रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी।

  • संसद का बजट सत्र दोनों सदनों के अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के साथ संपन्न; सत्र के दौरान वक्फ संशोधन विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए।

  • डीआरडीओ और भारतीय सेना ने मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल के चार सफल परीक्षण किए।

  • आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने मेजबान लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर फिल्डिंग का फैसला किया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज बिम्सटेक देशों के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं को शामिल करते हुए 21 सूत्री कार्ययोजना की प्रस्‍तावना की। उन्‍होंने बिम्सटेक में संस्थान और क्षमता निर्माण की दिशा में भारत संचालित कई पहलों की घोषणा भी की। बैंकॉक में छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में श्री मोदी ने कहा कि भारत में आपदा प्रबंधन, टिकाऊ समुद्री नौवहन, पारंपरिक चिकित्सा और कृषि में अनुसंधान तथा प्रशिक्षण पर बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री ने बिम्सटेक समुद्री नौवहन समझौते पर हस्ताक्षर, बिम्सटेक बैंकॉक दृष्टिकोण 2030 अपनाने और बिम्सटेक प्रतिष्ठित व्यक्ति समूह की रिपोर्ट को अपनाने का स्वागत किया। बिम्सटेक सदस्य देशों ने शिखर सम्मेलन घोषणा को भी अपनाया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज थाईलैंड में दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के अंतर्राष्‍ट्रीय संगठन-बिम्सटेक की बैठक से अलग कई द्विपक्षीय बैठकों में भाग लिया। आज बैंकॉक में प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस से भी बातचीत की। श्री मोदी ने बैठक में अवैध सीमा पार करने को रोकने के उपायों पर भी चर्चा की। श्री मोदी ने हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति चिंता व्यक्त की।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली के साथ बातचीत की। इस संदर्भ में सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भारत, नेपाल के साथ संबंधों को प्राथमिकता देता है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दुसित महल में थाईलैंड के महाराज महा वजीरालोंगकोर्न फ्रा वजीराक्लाओचाओयुहुआ और महारानी सुथिदा बजरासुधाबिमललक्षणा के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने भारत और थाईलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत पर विचार-विमर्श किया।

 

 इससे पहले, श्री मोदी ने म्यांमा के वरिष्ठ जनरल मिन आंग हलिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के लिए भारत का समर्थन व्‍यक्‍त किया। बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के साथ बैठक में, श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि भारत-बांग्‍लादेश के साथ संबंधों के लिए लोगों पर केंद्रित दृष्टिकोण में विश्वास करता है।  

 

 

बैंकॉक में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि श्री मोदी ने दोनों देशों के लोगों को विशेष लाभ पहुंचाने के लिए दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग पर बल दिया। श्री मिस्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने व्यावहारिकता की भावना के आधार पर बांग्लादेश के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संबंध बनाने की भारत की इच्छा व्‍यक्‍त की।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के निमंत्रण पर तीन दिन की राजकीय यात्रा पर कोलंबो पहुँच गए हैं। श्रीलंका की विदेश मंत्री विजिता हेराथ और स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिसा ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल प्रस्थान वक्तव्य में कहा था कि यह यात्रा पिछले वर्ष दिसंबर में राष्ट्रपति दिसानायक की भारत की अत्यधिक सफल यात्रा के बाद हो रही है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज रात कोलंबो पहुंचकर श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा शुरू की। यह पीएम मोदी की इस द्वीपीय राष्ट्र की चौथी यात्रा है। पिछले सप्ताह, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस यात्रा के महत्व को रेखांकित किया था। यात्रा के दौरान, वे श्रीलंकाई नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत करेंगे। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में, श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी में रक्षा और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

 

प्रधानमंत्री की यात्रा पर बात करते हुए, श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने कहा कि ऐसी यात्राएं विशेष रूप से आर्थिक क्षेत्र में घनिष्ठ संबंध सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

 

श्री मोदी रविवार को अनुराधापुरा भी जाएंगे, जहां वे जयश्री महाबोधि मंदिर में प्रार्थना करेंगे। इसके बाद वे रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे जो द्वीप के उत्तरी क्षेत्र को राजधानी कोलंबो से जोड़ती हैं। आलोक रंजन राय, आकाशवाणी, कोलंबो।

******

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेल मंत्रालय की चार परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है जिनकी कुल लागत 18 हजार 658 करोड़ रुपये है। आज नई  दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन परियोजनाओं से तीन राज्यों महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के 15 जिलों में भारतीय रेलवे का मौजूदा नेटवर्क लगभग एक हजार 247 किलोमीटर तक बढ़ जाएगा।

 

 

तालचेर अंगुल से लेकर ऑल द वे टू संबलपुर सिटी अभी डबल लाइन है। इस डबल लाइन को  आप थर्ड एंड फोर्थ यानी क्वाडर्पलिंग करेंगे। फोर लाइंस यहां पर बनेगी। इस प्रोजेक्ट में भी बहुत सिग्निफिकेंट इन्वेस्टमेंट जाएगा 3917 करोड़ और एक्सट्रीमली बिजी एरिया है ये पारादीप  पोर्ट, धामरा पोर्ट और नीचे गोपालपुर पोर्ट और इधर, तालचेर, अंगुल, संबलपुर, झारसुगुड़ा और आगे फिर रायपुर वाली साइड बिलासपुर वाली साइड। इससे बहुत ओडिसा की जीडीपी में इंक्रीज आएगा।

 

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वाईब्रेट ग्राम कार्यक्रम-II को मंजूरी दी है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इस कार्यक्रम से उन ब्‍लॉकों के गांवों का व्‍यापक विकास होगा जो अंतर्राष्‍ट्रीय सीमा के पास होंगे। उन्‍होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्‍य सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ वहां रहने वालों को जीवनयापन की सुविधाएं उपलब्‍ध कराना है। इससे पर्यटन की संभावनाएं भी बढ जाएंगी और इन गांवों की स्‍थानीय संस्‍कृति को बढावा मिलेगा।  

 

बहुत ही इंपॉर्टेंट प्रोजेक्ट है बहुत केयरफुली इसको सर्वे करके इसका डीपीआर बनाया गया है।  छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ी डिमांड आती है नई पैसेंजर सर्विसेज के लिए, मेल एक्सप्रेस, वंदे भारत वगैरा के लिए जो डिमांड आती है तो इस नए प्रोजेक्ट से रूट का कंजेशन प्रैक्टिकली जीरो हो जाएगा। करीब 8741 करोड़ रूपिज का बजट हैं, 21 स्टेशन से इसमें 48 ब्रिजेज हैं।

******

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वायब्रैंट विलेज कार्यक्रम देश के सीमावर्ती गांवों को विकास और वृद्धि के केंद्र में बदलने का एक परिवर्तनकारी माध्यम है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री शाह ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के दूसरे चरण को स्‍वीकृति देने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के निर्णय की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से लगे गांवों को स्थायी आजीविका, उत्‍कृष्‍ट जीवन स्तर और सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुविधाओं के साथ व्यापक विकास मॉडल में बदल देगा।

******

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आज अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित कर दी गई है। इसके साथ ही संसद का बजट सत्र समाप्त हो गया जो इस वर्ष 31 जनवरी को शुरू हुआ था। अपने समापन भाषण में लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने बताया कि बजट सत्र के दौरान सदन में 118 प्रतिशत उत्‍पादकता दर्ज की गई। उन्‍होंने कहा कि राज्‍यसभा में 16 विधेयक पारित किये गए। इससे पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राज्‍यसभा में वक्‍फ संशोधन विधेयक 2025 पर 17 घंटे से अधिक चर्चा हुई। श्री रिजिजू ने कहा कि किसी विधेयक पर चर्चा की सदन में यह सर्वाधिक समयावधि है। उन्‍होंने कहा कि लोकसभा में भी विधेयक पर लगभग 14 घंटे तक चर्चा हुई।

 

 

उधर, राज्यसभा में दोपहर एक बजे के बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया। अपने समापन भाषण में, सभापति ने कहा कि सदन में 119 प्रतिशत उत्पादकता देखी गई।

*******

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज संपन्‍न हुए बजट सत्र को बहुत ही सार्थक बताया है। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि वक्‍फ संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान एक बार भी कार्यवाही बाधित नहीं हुई और संसदीय इतिहास में किसी मुद्दे पर इतनी लंबी चर्चा नहीं हुई। श्री रिजिजू ने कहा कि बजट सत्र के दौरान लोकसभा में 16 और राज्‍यसभा में 14 विधेयक पारित हुए।

******

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ तथा भारतीय सेना ने आज ओडिशा तट पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वीप से मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल के सेना संस्करण के चार सफल प्रक्षेपण किए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइलों ने हवाई लक्ष्यों पर सटीक निशाना लगाया। मंत्रालय ने कहा कि लंबी दूरी, छोटी दूरी, अधिक ऊंचाई और कम ऊंचाई पर चार लक्ष्यों को भेदने के लिए यह परीक्षण किए गए।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षणों के लिए डीआरडीओ और भारतीय सेना को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि चार सफल परीक्षणों ने महत्वपूर्ण दूरी पर लक्ष्यों को भेदने में हथियार प्रणाली की क्षमता को फिर से स्थापित किया है।

******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सात से दस अप्रैल तक पुर्तगाल और स्लोवाकिया की यात्रा पर रहेंगी। विदेश मंत्रालय में पश्चिमी देशों के मामलों के सचिव तन्मय लाल ने आज संवाददाताओं से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु, पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो-द-सूसा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु, पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुई मोंटि‍नेग्रो और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर ब्रैंको से भी मुलाकात करेंगी।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फ़िको के साथ द्विपक्षीय बैठक में भी भाग लेंगी।

******

पद्मश्री और दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार से सम्‍मानित सुप्रसिद्ध अभिनेता मनोज कुमार का आज सुबह मुंबई में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे।

******

आईपीएल क्रिकेट में मेज़बान लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ सुपर जायंट्स ने 17 ओवर में चार विकेट पर 168 रन बना लिए हैं। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।टूर्नामेंट में कल चेन्‍नई में दिन में साढे़ तीन बजे चेन्‍नई सुपर किंग्‍स और डेली कैपिटल्‍स के बीच मुकाबला होगा। शाम साढे़ सात बजे चंडीगढ़ में पंजाब किंग्‍स और राजस्‍थान रॉयल्‍स आमने-सामने होंगे।

******

नेपाल में आज शाम 5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप शाम सात बजकर 52 मिनट पर आया। इससे राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में भी झटके महसूस किए गए।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिम्सटेक देशों के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं को शामिल करते हुए 21 सूत्री कार्ययोजना प्रस्तावित की।

  • प्रधानमंत्री ने बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के साथ बैठक में वहां के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।

  • केंद्र ने महाराष्ट्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के व्यस्त मार्गो पर बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने के लिए चार रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी।

  • संसद का बजट सत्र दोनों सदनों के अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के साथ संपन्न; सत्र के दौरान वक्फ संशोधन विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए।

  • डीआरडीओ और भारतीय सेना ने मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल के चार सफल परीक्षण किए।

  • आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने मेजबान लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर फिल्डिंग का फैसला किया।

********