Download
Mobile App

android apple
signal

April 2, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

 

  • लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा जारी। विधेयक का उद्देश्‍य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता, विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना है।

 

  • सरकार ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य वक्फ बोर्डों को समावेशी बनाना है, जिसमें विभिन्न मुस्लिम संप्रदायों और महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। विपक्ष ने इसे भ्रामक बताया।

 

  • संसद ने आव्रजन कानूनों को आधुनिक बनाने और भारत में विदेशियों के प्रवेश और प्रवास को विनियमित करने के लिए विधेयक पारित किया।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दो देशों थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा पर रवाना होंगे। बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल।

 

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज ​​रात कई देशों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा करेंगे।

 

  • जदुमणि सिंह ब्राजील में विश्व मुक्केबाजी कप के सेमीफाइनल में पहुंचे।

 

********

 

लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा जारी है। संयुक्त संसदीय समिति इस विधेयक को पहले ही मंजूर कर चुकी है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विधेयक पेश करते हुए कहा कि इसका मुसलमानों की धार्मिक प्रथाओं से कोई लेना-देना नहीं है और यह केवल वक्फ बोर्डों से संबंधित संपत्तियों से संबंधित है। उन्होंने कहा कि सरकार वक्फ बोर्डों को समावेशी और धर्मनिरपेक्ष बनाना चाहती है। उन्‍होंने यह भी कहा कि यह कानून किसी मस्जिद के प्रबंधन के लिए नहीं है। उन्‍होंने विधेयक को भविष्योन्मुखी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसी की संपत्ति जब्त करना नहीं है।

 

ये कानून प्रोस्‍पेक्टिव है, रिप्रोस्‍पेक्टिव नहीं है। ये किसी का जमीन छीनने का कानून नहीं है। ये किसी का राइट, किसी का हनन करके उसकी प्रोपर्टी को हड़पने का नही है। राज्‍य सरकारों को अधिकार दिया गया है कि जो ऑलरेडी रजिस्‍टर्ड है उसका कोई डिसप्‍युट नहीं है, लेकिन जो डिसप्‍युटेड है, कोर्ट में पेंडिंग है उसको हम कानून बनाकर कैसे हटा सकते हैं।

 

श्री रिजिजू ने कहा कि मौजूदा विधेयक के अनुसार वक्फ बोर्डों में विभिन्न मुस्लिम संप्रदायों और महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। उन्होंने विपक्ष पर विधेयक को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने मुसलमान वक्‍फ (निरसन) विधेयक, 2024 भी पेश किया।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने बहस में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कोई भी गैर-मुस्लिम वक्फ में नहीं आएगा।

 

वक्फ में कोई भी गैर इस्लामिक सदस्य आएगा ही नहीं, यह स्पष्टता समझ लीजिए, न मुतवल्ली गैर इस्लामिक होगा ना वाकिफ गैर इस्लामिक होगा, जो धार्मिक संस्थाओं का संचालन करते हैं उसमें कोई गैर मुस्लिम व्यक्ति रखने का प्रावधान किया भी नहीं है और हम करना भी नहीं चाहते हैं।

 

कांग्रेस के गौरव गोगोई ने सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह विधेयक संविधान के खिलाफ है।

 

जिस दिन ये बिल इंटरड्यूस हुआ, उस दिन भी आदरणीय मंत्री को मैंने सुना और आज भी मैंने उनको सुना। जिस दिन उन्‍होंने इंटरड्यूस किया, तो उन्‍होंने कहा बिल लाने से पहले बहुत विस्‍तार रूप से इस बिल के लाने के लिए चर्चा हुई। सर पूरा का पूरा मिसलीड है।

 

समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार कई मुद्दों पर अपनी विफलता छिपाने के लिए यह विधेयक लाई है। तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रस्तावित कानून को गलत, तर्कहीन और मनमाना करार दिया। डीएमके के ए.राजा ने आरोप लगाया कि यह विधेयक मुसलमानों के हितों को नुकसान पहुंचाएगा।

 

इस विधेयक के प्रावधानों पर हमारे संवाददाता की विशेष रिपोर्ट:

 

वक्फ धार्मिक और सामाजिक कल्याण की जरूरतों को पूरा करने में, खासकर वंचितों के लिए, महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना है, जिसमें विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के प्रावधान हैं। इस विधेयक का लक्ष्य संपत्ति प्रबंधन को और पारदर्शी करना, वक्फ बोर्ड और स्थानीय अधिकारियों के बीच तालमेल को बढावा देना और हितधारकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस विधेयक के माध्यम से मुस्लिम महिलाओं, विशेष रूप से विधवाओं और तलाकशुदा महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार करने का भी प्रयास किया गया है। इसके अलावा विरासत स्थलों और व्यक्तिगत संपत्ति अधिकारों की सुरक्षा करते हुए वक्फ संपत्ति प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना है।  दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

********

 

बिहार और हरियाणा सहित देश के कई राज्‍यों संगठन और लोग वक्फ संशोधन विधेयक का स्वागत कर रहे हैं। बिहार में पसमांदा मुस्लिम समाज के संयोजक डॉ. फिरोज मंसूरी ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि यह विधेयक पसमांदा मुसलमानों के लिए एक नए युग की शुरुआत है।

 

मैं समझता हूं कि पशमांदा मुसलमानों के लिए वक्‍फ अमेंडमेंट बिल एक नई सुबह है और मैं इसके लिए देश के यशस्विनी प्रधानमंत्री आदरणीय मोदी जी को और हमारे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतिश कुमार जी को तमाम एनडीए के गठबंधन को मैं हृदय से बधाई देता हूं।

 

हरियाणा हज कमेटी के पूर्व मीडिया कोऑर्डिनेटर खुर्शीद आलम ने कहा कि वक्फ बिल से सिर्फ उन लोगों को परेशानी हो रही है जो खुद वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर कब्जा किए हुए हैं।

 

********

 

संसद ने आव्रजन और विदेशी नागरिक विधेयक-2025 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने आज इसे स्‍वीकृति दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। विधेयक का उद्देश्य भारत में विदेशी लोगों के आव्रजन, प्रवेश और ठहरने को विनियमित करना और आव्रजन कानूनों का आधुनिकीकरण करना है।

 

गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि इस विधेयक का उद्देश्य कानूनों में होने वाले दोहराव को कम करना, संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाना और डेटा प्रबंधन तथा सत्यापन में होने वाली कठिनाई को दूर करना है। उन्‍होंने कहा कि विधेयक भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के सभी नये रिकॉर्ड को बनाए रखने और प्रबंधन में सहायता करेगा।

 

आज हमारे देश में लगभग एक करोड़ 72 लाख एनआरआई हैं। इतना बड़ा डायस्पोरा और किसी देश का नहीं है। उन सबके सुझारू रूप से आने-जाने, मैं तो विदेशियों की बात क्‍या, अपने डायस्‍पोरा के आने-जाने की बात कर रहा हूं। उनके सुचारू रूप से आने-जाने और उनकी सारी चिंताओं के निराकरण के लिए यह बिल मोदी सरकार लेकर आई है।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सवेरे छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए थाईलैंड की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। यह प्रधानमंत्री की थाईलैंड की तीसरी यात्रा है। प्रधानमंत्री कल बैंकॉक में थाईलैंड के प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनवात्रा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान कई द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। एक रिपोर्ट – 

 

भारत और थाईलैंड के बीच ऐतिहासिक रूप से मधुर द्विपक्षीय संबंध साझा, सभ्‍यता, सांस्‍कृतिक और धार्मिक संबंध भी रहे है। थाईलैंड भारत का समुद्री पड़ोसी भी है और एक्ट ईस्ट नीति और इंडो पेसिफिक विज़न में भारत का एक महत्वपूर्ण भागीदार भी है। इसके अलावा थाईलैंड बिम्सटेक में भी एक अति महत्वपूर्ण भागीदार है। थाईलैंड आसियान में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आसियान क्षेत्र में सिंगापुर इंडोनेशिया और मलेशिया के बाद भारत का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। सुपर्णा के साथ सकलेन अख़तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के निमंत्रण पर 4 से 6 अप्रैल तक श्रीलंका जाएंगे।

 

********

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 7 अप्रेल से पुर्तगाल और स्लोवाकिया की चार दिन की यात्रा पर रवाना होंगी। पुर्तगाल की यात्रा के दौरान, वे, राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा से मिलेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति स्लोवाकिया में राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के निमंत्रण पर 9 अप्रैल से दो दिन की यात्रा करेंगी।

 

********

 

भारत ने वित्त वर्ष 2024-25 में एक हजार 681 रेल इंजनों का निर्माण करके अमरीका और यूरोप को पीछे छोड़ दिया है। यह पिछले वित्त वर्ष 2023-24 में एक हजार चार सौ 72 इंजनों के निर्माण की तुलना में 19 प्रतिशत की वृद्धि है। यह रिकॉर्ड निर्माण देश में रेल इंजन निर्माण के लिए अब तक का सबसे अधिक है।

 

********

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज से नए शुल्‍क लागू कर देंगे। अमरीकी राष्‍ट्रपति भवन व्हाइट हाउस ने कहा कि अमरीकी वस्तुओं पर शुल्क लगाने वाले देशों पर जवाबी शुल्‍क राष्‍ट्रपति की घोषणा के तुरंत बाद प्रभावी हो जाएंगे। ऑटो आयात पर 25 प्रतिशत शुल्‍क कल से प्रभावी होगा।

 

********

 

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले सात दिनों में सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में और 5 से 8 अप्रैल के दौरान पश्चिमी राजस्थान में लू की स्थिति जारी रहने का अनुमान है। गुजरात और पूर्वी राजस्थान क्षेत्र में भी लू की स्थिति जारी रहने की आशंका है। विभाग ने 6 अप्रैल तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के विभिन्‍न हिस्सों में गरज के साथ तेज वर्षा की आशंका व्‍यक्‍त की है।

 

********

 

लद्दाख में सेना ने करगिल विजय दिवस 2025 समारोह के अंतर्गत जुबर स्टेडियम में बटालिक क्रिकेट लीग का आयोजन किया। यह आयोजन खेल, युवा जुड़ाव और स्थानीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए किया गया था।

 

********

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि लोकतंत्र बहस से नहीं बल्कि रचनात्मक बातचीत के जरिए नागरिकों का दिल जीतने से पनपता है। डॉ. मांडविया ने आज नई दिल्ली में विकसित भारत युवा संसद महोत्सव के राष्ट्रीय चरण का शुभारंभ किया। उन्‍होंने युवा प्रतिभागियों को उनके पेशे की परवाह किए बिना राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

********

 

खेल समाचार

 

जादुमणि सिंह मांडेंगबम विश्‍व मुक्‍केबाजी कप में पुरूषों के 50 किलो भारवर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। ब्राजील में जादुमणि ने क्‍वार्टर फाइनल में कड़े मुकाबले में ब्रिटेन के एलिस ट्रॉब्रिज को शिकस्‍त दी। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला उज्‍बेकिस्‍तान के असिलबेक जलिलोव से होगा।

 

********

 

आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना गुजरात टाइटंस से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरु ने 16 ओवर में 6 विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। इससे पहले, गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। कल, कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से कोलकाता में होगा।

 

********

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 पर चर्चा जारी। विधेयक का उद्देश्‍य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता, विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना है।

 

  • सरकार ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य वक्फ बोर्डों को समावेशी बनाना है, जिसमें विभिन्न मुस्लिम संप्रदायों और महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। विपक्ष ने इसे भ्रामक बताया।

 

  • संसद ने आव्रजन कानूनों को आधुनिक बनाने और भारत में विदेशियों के प्रवेश और प्रवास को विनियमित करने के लिए विधेयक पारित किया।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल दो देशों थाईलैंड और श्रीलंका की यात्रा पर रवाना होंगे। बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल।

 

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज ​​रात कई देशों पर जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा करेंगे।

 

  • जदुमणि सिंह ब्राजील में विश्व मुक्केबाजी कप के सेमीफाइनल में पहुंचे।

 

********