Download
Mobile App

android apple
signal

April 1, 2025 10:06 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • भारत और चिली व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते पर चर्चा के लिए सहमत हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट ने नई दिल्ली में वार्ता की।

 

  • संसद में त्रिभुवन सहकारी विश्‍वविद्यालय विधेयक 2025 पारित।

 

  • वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 कल लोकसभा में पेश किया जाएगा।

 

  • देश का रक्षा निर्यात पिछले वित्त वर्ष में बारह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 23 हजार 600 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा।

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपराध से निपटने के लिए तकनीकी-कानूनी रास्‍ता अपनाने का आह्वान किया।

 

  • गुजरात के बनासकांठा जिले में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 18 लोगों की मौत।

 

  • लखनऊ में, आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मैच में पंजाब किंग्स  टॉस जीतकर गेंदबाजी कर रहा है।

 

***

 

भारत और चिली ने आज नई दिल्ली में आपदा प्रबंधन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग के लिए समझौता किया। दोनों देशों ने अंटार्कटिका सहयोग पर आशय पत्र का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के साथ दोनों देशों के संबंधों के सभी पहलुओं पर बातचीत की। संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में श्री मोदी ने कहा कि चिली लैटिन अमेरिका में भारत का एक महत्वपूर्ण मित्र और साझेदार देश है। उन्‍होंने कहा कि चर्चा के दौरान आने वाले दशकों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई पहलों की पहचान की गई है। श्री मोदी ने कहा कि भारत कई क्षेत्रों में चिली के साथ  अनुभव साझा करने के लिए तैयार है।

 

आज हमने एक पारस्‍पारी और लाभकारी, कॉम्‍प्रिहेन्‍सिव इकॉनोमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट पर चर्चा शुरू करने के लिए अपनी टीम्‍स को निर्देश दिए हैं। क्रिटिकल मिनरल्‍स के क्षेत्र में साझेदारी को बल दिया जाएगा। रेजिलियंस सप्‍लाई और वैल्‍यू चेन को स्‍थापित करने के लिए काम किया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में एक-दूसरे की क्षमताओं को जोड़कर, फूड सिक्‍योरिटी सुनिश्चित करने के लिए सहयोग किया जाएगा। डिजिटल पब्लिक इन्‍फ्रास्‍ट्रक्‍चर, रिन्‍यूएबल एनर्जी, रेलवे, स्‍पेस तथा अन्‍य क्षेत्रों में भारत अपना सकारात्‍मक अनुभव चिली के साथ साझा करने के लिए तैयार है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत चिली को अंटार्कटिका के प्रवेश द्वार के रूप में देखता है। इस अवसर पर चिली के राष्‍ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए चिली की प्रतिबद्धता को दोहराया।

 

***

 

चिली के राष्‍ट्रपति की यात्रा पर विदेश मंत्रालय के सचिव पेरियासामी कुमारन ने संवाददाताओं को बताया कि भारत और चिली ने व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए एक व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते की दिशा में चर्चा करने पर सहमति व्यक्त की है। दोनों देशों के बीच वर्तमान में आंशिक व्यापार समझौता है। इसका उद्देश्य इसे एक व्यापक विदेशी व्यापार समझौते में विस्तारित करना है।

 

***

 

संसद ने त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक-2025 पारित कर दिया है। आज राज्यसभा ने इसे मंजूरी दे दी। लोकसभा पहले ही विधेयक पारित कर चुकी है। विधेयक में ग्रामीण प्रबंधन संस्थान आणंद को एक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने का प्रावधान है। इसे त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के रूप में जाना जाएगा और राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया जाएगा। यह संस्थान सहकारी क्षेत्र में तकनीकी और प्रबंधन शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

 

सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने सहकारी क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने कहा कि यह विधेयक देश में सहकारिता की भावना को बढ़ावा देगा।

 

***

 

राज्य सभा ने विमान उपकरणों में हितों की सुरक्षा विधेयक 2025 पारित कर दिया है।  विधेयक मोबाइल उपकरणों पर अंतर्राष्ट्रीय हितों पर समझौते को कानूनी प्रभाव देने का प्रयास है। यह  केंद्र सरकार को समझौते और प्रोटोकॉल के प्रावधानों को लागू करने के लिए नियम बनाने का अधिकार भी प्रदान करता है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू नागरिक उड्डयन बाजार है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में एनडीए सरकार ने नागरिक उड्डयन क्षेत्र में क्रांति ला दी है।

 

***

 

लोकसभा में तटीय नौवहन विधेयक 2024 आज चर्चा के लिए पेश हुआ। विधेयक का उद्देश्य तटीय नौवहन के विनियमन से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करना, तटीय व्यापार को बढ़ावा देना और घरेलू भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य भारत के विशाल और रणनीतिक तटरेखा की पूरी क्षमता को अनलॉक करना है।

 

***

 

वक्फ संशोधन विधेयक 2024 कल लोकसभा में पेश किया जाएगा। अल्पसंख्यक और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सदन में विधेयक पर चर्चा के लिए आठ घंटे आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विधेयक पर सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण विधेयक का विरोध कर रहे हैं।

 

केंद्रीय मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने कहा है कि विधेयक का उद्देश्य किसी की संपत्ति जब्त करना नहीं, बल्कि न्याय देना है। उन्‍होंने विपक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

 

ये तो पहले ही टेबल हो चुका है, जेपीसी से वापस आया है। जहां तक फॉर्मेलिटी है वो तो अभी चर्चा कब होता है मुझे पता नहीं है लेकिन ये जो मिसलीड कर रहे थे तो ये किसीका प्रॉपर्टी हम वापस लेने का बात नहीं किए हैं। आइदर माइनॉरिटी और मेजोरिटी का।

 

विधेयक का उद्देश्य वक्फ बोर्ड के काम को सुव्यवस्थित करना और वक्फ संपत्तियों का कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना है। विधेयक को पिछले साल अगस्त में लोकसभा में पेश किया गया था। इसके बाद इसे आगे विचार के लिए, भाजपा सांसद जगदंबिका पाल की अध्यक्षता में संयुक्त संसदीय समिति को सौंपा गया था।

 

इस बीच, भाजपा, कांग्रेस और तेलगु देशम पार्टी ने लोकसभा में अपने सभी सांसदों को उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया है।

 

***

 

रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2024-25 में 12 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 23 हजार 600 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया है। मंत्रालय ने कहा कि रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों ने आठ हजार तीन सौ 89 करोड़ रुपये के निर्यात के साथ 42 दशमलव आठ-पांच प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश 2029 तक 50 हजार करोड़ रुपये के रक्षा निर्यात लक्ष्य को प्राप्त करने की आगे बढ़ रहा है।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की ओर भारत की यात्रा की सराहना की है। श्री मोदी ने कहा कि वास्तव में यह, रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की भारत की यात्रा में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

 

***

 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपराध से निपटने के लिए तकनीकी-कानूनी रास्‍ता अपनाने का आह्वान किया है। उन्‍होंने कहा कि नए युग में केवल कानून पर्याप्त नहीं हो सकता। केंद्रीय अन्‍वेषण  ब्यूरो – सी बी आई के 62वें स्थापना दिवस पर श्री वैष्णव ने उल्लेख किया कि तेजी से हो रहे तकनीकी, आर्थिक और सामाजिक विकास ने पारंपरिक जांच के संदर्भ को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि नए युग में विशेषकर एआई चुनौतियों से निपटने के लिए सीबीआई को स्टार्टअप, उद्योग और शिक्षा जगत के साथ अधिक सहयोग करना चाहिए।

 

***

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नई दिल्ली में नीति एनसीएईआर राज्य आर्थिक मंच पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल लगभग 30 वर्षों की अवधि के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजकोषीय मापदंडों, शोध रिपोर्टों, पत्रों और राज्य वित्त पर विशेषज्ञ टिप्पणियों पर डेटा का एक व्यापक भंडार है। यह मैक्रो, राजकोषीय, जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक रुझानों को समझने में मदद करेगा और एक ही स्थान पर समेकित क्षेत्रीय डेटा की मौजूदा ज़रूरत को पूरा करेगा।

 

***

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि रिजर्व बैंक ने देश के भुगतान ढांचे को आधुनिक बनाकर और फिनटेक की तंत्र को बढ़ावा देकर भारत को डिजिटल भुगतान में वैश्विक स्‍तर पर अग्रणी देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुंबई में आज आरबीआई के 90वीं वर्षगांठ समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले नौ दशकों में केंद्रीय बैंक की उल्लेखनीय यात्रा सरकार की दृष्टि और नीतियों के अनुरूप रही है।

 

***

 

गुजरात में आज बनासकांठा जिले के दीसा में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई हैं। एक रिपोर्ट-

 

इमारत ढहने के बाद मलबे में कम से कम 23 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मीडिया को बताया कि घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन ने बचाव अभियान चलाया गया है। पांच घायल लोगों को बचाया गया है जिनका पालनपुर और डीसा के अस्पतालों में इलाज चल रहा है हालांकि इस घटना में 18 लोगों ने जान गवाई है। ज़्यादातर पीड़ित पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से हैं। श्री पटेल ने कहा कि फैक्ट्री का लाइसेंस रिन्यू नहीं हुआ था, फिर भी वहां पटाखे रखे हुए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ़ सख्त कार्रवाई कर रही है और अब तक दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। अपर्णा खूंट आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। श्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

 

***

 

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय चिकित्सा दल द्वारा स्थापित आर्मी फील्ड अस्पताल ने भूकंप प्रभावित म्यांमा में ऑपरेशन ब्रह्मा के अंतर्गत लगभग 104 रोगियों का इलाज किया है। दो बड़ी सर्जरी भी की गई। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल गंगा घाट मंदिर में खोज और बचाव अभियान भी चला रहा है।

 

***

 

भारतीय कॉमिक्स एसोसिएशन ने वेव्स कॉमिक्स क्रिएटर चैम्पियनशिप और एसोसिएशन इंटरनेशनेल डु फिल्म डी’ एनिमेशन आसिफा ने आज मध्यप्रदेश के भोपाल, में वेव्स अवार्ड्स ऑफ एक्सीलेंस के फाइनलिस्टों की घोषणा की। सफल प्रतिभागियों को 1 से 4 मई, 2025 तक मुंबई में आयोजित होने वाले प्रथम विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन – वेव्स में पुरस्कृत किया जाएगा।

 

***

 

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के एआई-संचालित आधार फेस ऑथेंटिकेशन लेनदेन में मार्च महीने में 21 दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आज कहा कि अक्टूबर 2022 में चेहरा प्रमाणीकरण समाधान की शुरुआत के बाद से 130 करोड़ से अधिक लेनदेन किए गए हैं।

 

***

 

लखनऊ में आईपीएल क्रिकेट पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी है। लखनऊ ने ताजा समाचार मिलने तक 19वें ओवर में 5 विकेट पर 158 रन बना लिए हैं। 

 

***

 

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री राष्ट्रीय पार्क के गेट आज पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। लगभग 2 हजार 390 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला यह पार्क हिम तेंदुए के प्राकृतिक घर के रूप में पहचान रखता है।

 

***

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • भारत और चिली व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते पर चर्चा के लिए सहमत हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट ने नई दिल्ली में वार्ता की।

 

  • संसद में त्रिभुवन सहकारी विश्‍वविद्यालय विधेयक 2025 पारित।

 

  • वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 कल लोकसभा में पेश किया जाएगा।

 

  • देश का रक्षा निर्यात पिछले वित्त वर्ष में बारह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 23 हजार 600 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा।

 

  • केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपराध से निपटने के लिए तकनीकी-कानूनी रास्‍ता अपनाने का आह्वान किया।

 

  • गुजरात के बनासकांठा जिले में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 18 लोगों की मौत।

 

  • लखनऊ में, आईपीएल क्रिकेट में लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मैच में पंजाब किंग्स  टॉस जीतकर गेंदबाजी कर रहा है।

 

***