मुख्य समाचार :-
- अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से वक्फ संशोधन विधेयक पर लोगों को गुमराह न करने को कहा। उन्होंने संपत्ति जब्त करने की आशंकाओं को दुष्प्रचार बताकर खारिज किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – नरेन्द्र मोदी सरकार ने समग्र दृष्टिकोण अपनाकर देश के स्वास्थ्य ढांचे का स्तर ऊंचा किया है।
- म्यांमा में भूकंप में मरने वालों की संख्या दो हजार से अधिक हुई; सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित; भारतीय दलों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज किया।
- फ्रांस की एक अदालत ने यूरोपीय संघ के धन गबन मामले में दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को करावास की सजा सुनाई; सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लडने पर रोक लगाई।
- देशभर में ईद–उल–फितर धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
- मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
*****
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज सभी राजनीतिक दलों से संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पर विस्तृत चर्चा में भाग लेने की अपील की है। नई दिल्ली में श्री रिजिजू ने कहा कि विधेयक तैयार है। उन्होंने कहा कि कुछ नेता इस विधेयक पर झूठी अफवाह फैला रहे हैं कि यह समाज तथा राष्ट्र के लिए बहुत हानिकारक है। श्री रिजिजू ने कहा कि निर्दोष लोगों को गुमराह करने का प्रयास निंदनीय हैं।
वक्फ कानून के ऊपर में लगातार बदलाव भी किया गया है और वक्फ कानून चलता रहा है और इसको गैर–संवैधानिक बताना, इससे बडा झूठ क्या हो सकता है और ये देश संविधान से चलता है, कानून से चलता है किसी का जमीन कैसे छीन सकता है इस तरह का झूठे बातें करके लोगों को बरगलाने का काम करना, ये तो ठीक नहीं है।
श्री रिजिजू ने कहा कि विधेयक पर अब तक का सबसे व्यापक विचार-विमर्श संयुक्त संसदीय समिति ने किया है। उन्होंने कहा कि समिति ने व्यापक विचार-विमर्श के लिए भेजे गए विधेयक पर प्रत्येक हितधारक के साथ विस्तार से चर्चा की है।
जेपीसी बना करके इस बिल को रेफर किया गया। 97 लाख से ज्यादा मेमोरेंडम, रिक्वेस्ट, सजेशन रिसीव किया है तो इससे ज्यादा वाइडर कंसल्टेशन और क्या हो सकता है और तब जाकर के वक्फ अमेंडमेंट बिल को फिर से हम पार्लियामेंट में लेकर आ रहे हैं। रूल के मुताबिक प्रोसिज्योर को मेंटेन करते हुए संवैधानिक प्रक्रिया है, तो जिसको जिस पार्टी का भी मत रखना है, पार्लियामेंट में रखिए, देर रात तक अगर चर्चा करना है हम चर्चा करने के लिए तैयार है।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले एक दशक में पूरे देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाकर देश के स्वास्थ्य ढांचे का स्तर ऊंचा किया है। गृह मंत्री ने हरियाणा के हिसार में आज महाराजा अग्रसेन चिकित्सा महाविद्यालय में नवनिर्मित गहन चिकित्सा कक्ष का शिलान्यास और स्नातकोत्तर छात्रावास की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की विभिन्न क्षेत्रों में की गई कई पहलों के बारे में जानकारी दी।
मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में ढेर सारा काम नरेंद्र मोदी सरकार में, 64 हजार करोड़ रूपया पब्लिक हेल्थ सेंटर और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर इसके लिए खर्च करकर एक बहुत बड़ा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर का बेसिक खाता बनाने का काम, 730 इंटिग्रेटिट पब्लिक हेल्थ लब बनाए गए 4782 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स बनाए गए, 602 क्रिटिकल केयर बॉक्स इस 10 साल के अंदर नए निर्मित किए गए।
गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।
चार करोड आवास बनाए मतलब 20 करोड लोगों को छत देने का काम, 81 करोड लोगों को प्रति माह, प्रति व्यक्ति 5 किलो राशन मुफ्त, 11 करोड लोगों को गैस का चूल्हा देकर धुंआ मुक्त घर बनाने का काम, 12 करोड़ परिवार इस देश में 2014 तक शौचालय विहीन और आज देश में सबसे पहले हर घर को शौचालय देने वाली सरकार हमारी हरियाणा सरकार।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि दिल्ली- एनसीआर में एक बड़े नार्को-नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। सोशल मीडिया में श्री शाह ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो-एनसीबी और दिल्ली पुलिस ने गिरोह से 27 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। टीम ने पांच तस्करों को गिरफ्तार भी किया है। इनमें नाइजीरिया के प्रभावशाली परिवार से संबंधित चार अफ्रीकी नागरिक भी शामिल हैं।
गृह मंत्री ने इस बड़ी सफलता के लिए एनसीबी और दिल्ली पुलिस की सराहना की है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने मादक पदार्थ के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है और सरकार लगातार इसके खिलाफ अभियान चला रही है। गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया है कि यह गिरोह अफ्रीकी युवाओं को मादक पदार्थों की तस्करी में मदद करता था। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र– एनसीआर के साथ–साथ पंजाब के प्रमुख निजी विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए छात्र वीजा प्राप्त करने में मदद करता था। मंत्रालय ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कोई भी नागरिक मानस–राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर-1933 पर कॉल करके नशीले पदार्थों की बिक्री से संबंधित जानकारी साझा कर सकता है। आनंद की रिपोर्ट के साथ समाचार से करिश्मा रॉय।
*****
पंजाब पुलिस ने तरनतारन में एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार तस्कर पाकिस्तान और अमरीका के ड्रग माफियाओं के संपर्क में था। राज्य सरकार के ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान शुरू करने के बाद पुलिस ने सबसे बड़ी खेप बरामद की है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम मुंबई पहुंचीं। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति मुंबई में कल भारतीय रिजर्व बैंक की 90वीं वर्षगांठ समारोह के समापन सत्र में सम्मिलित होंगी।
*****
केंद्र सरकार की एकीकृत पेंशन योजना-यूपीएस कल से लागू हो जाएगी। केंद्र सरकार ने यूपीएस को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया है। पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण ने हाल ही में यूपीएस के संचालन के लिए नियम अधिसूचित किए थे। इस योजना से केंद्र सरकार के लगभग 23 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
*****
म्यामां में पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या दो हज़ार से अधिक हो गई है। शुक्रवार को मांडले क्षेत्र में सात दशमलव सात तीव्रता का भीषण भूकंप आया था। इसके कुछ ही मिनट बाद छह दशमलव चार तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। इससे कई देशों में भारी जान-माल की क्षति हुई। एक रिपोर्ट-
म्यामां के सैन्य नेतृत्व ने आज कहा कि शक्तिशाली भूकंप में तीन हजार 900 से अधिक लोग घायल हुए हैं और 270 लोग अब भी लापता हैं। म्यामां प्रशासन ने देश में आज सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया। इस अवधि में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। म्यामां में बचाव अभियान जारी है। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। भारत, रूस, चीन, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और संयुक्त राष्ट्र सहित कई अन्य देशों ने मानवीय सहायता और बचाव दल भेजे हैं। भारत ने बचाव और राहत कार्य में सहायता के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया है। इसके अंतर्गत राशन, टेंट और दवाएं भेजी गई हैं। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप से 19 लोग मारे गए हैं। 33 लोग घायल हुए हैं। इस बीच, आपातकालीन दल ने 75 लापता लोगों की तलाश आज फिर से शुरू कर दी है। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
*****
नीदरलैंड के विदेश मंत्री कैस्पर वेल्डकैम्प दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे हैं। यह भारत की उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस यात्रा से भारत और नीदरलैंड के बीच बहुआयामी संबंध और मजबूत होंगे।
*****
चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट कल से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर आएंगे। राष्ट्रपति के रूप में श्री बोरिक की यह पहली भारत यात्रा होगी। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति बोरिक कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-चिली संबंधों के संपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति बोरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे।
*****
फ्रांस की एक अदालत ने अति-दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन पर यूरोपीय संघ के धन के गबन का दोषी पाकर उन्हें चार साल की जेल की सजा सुनाई है। मुख्य न्यायाधीश ने घोषणा की कि सुश्री ले पेन को तुरंत प्रभाव से पांच वर्षों तक सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ने से रोका जाएगा। एक रिपोर्ट-
पेरिस की अदालत ने फैसला सुनाया कि मरीन ले पेन ने अपनी नेशनल रैली पार्टी के सदस्यों को भुगतान करने के लिए यूरोपीय संसद के 33 लाख डॉलर से अधिक के फंड का इस्तेमाल किया। वर्तमान में फ्रांसीसी संसद की सदस्य श्रीमती ले पेन को उस समय यूरोपीय संसद के सदस्य रहे उनकी पार्टी के आठ अन्य लोगों के साथ दोषी पाया गया। उन्हें एक लाख आठ हजार डॉलर का जुर्माना भरने का भी आदेश दिया गया। जबकि उनकी पार्टी नेशनल रैली पर 21 लाख 60 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। आकाशवाणी समाचार से नेहा गोस्वामी।
*****
देश के विभिन्न भागों में आज ईद-उल-फितर का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ईद की नमाज अदा करने के लिए बडी संख्या में लोग ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। एक रिपोर्ट-
यह त्यौहार रमजान के पवित्र महीने के समापन का प्रतीक है। पूरे जम्मू–कश्मीर में ईद की नमाज़ अदा की गई और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं आई है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भी श्रीनगर के हजरतबल दरगाह में नमाज़ अदा की। । पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, रियासी, उधमपुर, सांबा और कठुआ समेत जम्मू संभाग के कई अन्य स्थानों पर सांप्रदायिक सौहार्द के दृश्य देखे गए। गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को इस अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं।
*****
मुम्बई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस के साथ मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 16वें ओवर में 9 विकेट पर 109 रन बना लिये हैं। अश्विनी कुमार ने सबसे अधिक चार विकेट लिये हैं। आज मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। मुम्बई ने आज रोहित शर्मा को इंपेक्ट प्लेयर के रूप में खिलाया है। मुंबई अपने पहले दो मैच हार चुकी है। वही, कोलकाता ने दो मैच में से एक में जीत दर्ज की है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “पोषण अभियान से कुपोषण का निवारण” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय वर्मा और एम्स की आहार विशेषज्ञ डॉ. ऋचा जायसवाल शामिल होंगी। कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं। नंबर है- 0 1 1 – 2 3 4 2 – 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 – 4 4 4 4.
*****
मौसम विभाग ने इस वर्ष अप्रैल से जून के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान रहने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि इस अवधि के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से वक्फ संशोधन विधेयक पर लोगों को गुमराह न करने को कहा। उन्होंने संपत्ति जब्त करने की आशंकाओं को दुष्प्रचार बताकर खारिज किया।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – नरेंद्र मोदी सरकार ने समग्र दृष्टिकोण अपनाकर देश के स्वास्थ्य ढांचे का स्तर ऊंचा किया है।
- म्यांमा में भूकंप में मरने वालों की संख्या दो हजार से अधिक हुई; सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित; भारतीय दलों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज किए।
- फ्रांस की अदालत ने यूरोपीय संघ के धन गबन मामले में दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को कारावास की सजा सुनाई; सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लडने पर रोक लगाई।
- देशभर में ईद–उल–फित्र धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
- मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
*****