मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति का नया युग देखा जा रहा है। उन्होंने तैंतीस हजार सात सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में नागरिकों से ‘कैच द रेन’ को जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया।
- केंद्र ने मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम को छह महीने के लिए बढ़ाया।
- भारतीय नौसेना के जहाज भूकंप प्रभावित म्यांमार में मानवीय सहायता लेकर रवाना हुए। भूकंप से मृतकों की संख्या एक हजार सात सौ से अधिक हुई।
- ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर अमरीका के साथ सीधी बातचीत को खारिज किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
- एशियाई चैंपियनशिप में, भारतीय पहलवान उदित राज और दीपक पुनिया जॉर्डन में फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक के लिए खेलेंगे।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज छत्तीसगढ के मोहभट्टा और विलासपुर जिलों में 33 हजार सात सौ करोड रुपए की समर्पित विकास परियोजनाओं का उदघाटन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं बिजली, सडक, रेल, तेल और गैस, शिक्षा तथा आवासन से संबंधित हैं। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति का नया युग देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों में सडकें, बिजली और मोबाइल नेटवर्क के साथ-साथ स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आज आप देखिए यहां दूर सुदूर के आदिवासी क्षेत्रों में भी अच्छी सड़के पहुंच रही हैं। अब यहां कहीं पहली बार बिजली पहुंच रही है, कहीं नया मोबाइल टावर पहली बार लग रहा है, नए स्कूल कॉलेज अस्पताल बन रहे हैं। यानी हमारे छत्तीसगढ़ की तस्वीर भी बदल रही है तकदीर भी बदल रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तीन लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश कराया गया। प्रधानमंत्री ने इन लाभार्थियों को घर की चाबियां सौंपी। उन्होंने कहा कि सरकार केवल चारदीवारी ही नहीं बनाती बल्कि इन घरों में रहने वाले लोगों का जीवन भी बनाती है।
हमारी सरकार सिर्फ चार दिवार नहीं बनाती इन घरों में रहने वालों की जिंदगी भी बनाती है। इन घरों को टॉयलेट, बिजली, उज्ज्वला की गैस, नल से जल सभी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास है। यहां मैं देख रहा हूं, कि बहुत बड़ी संख्या में माताएं बहने आई हैं। ये जो पक्के घर मिले हैं इनमें से अधिकतर की मालिक हमारी माताएं बहने ही हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने अभनपुर-रायपुर रेलखंड पर एमईएमयू ट्रेन सेवा का भी उदघाटन किया।
*****
आज सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कहा कि वस्त्र अपशिष्ट यानी टेक्सटाइल वेस्ट की चुनौती पूरी दुनिया के लिए नई चिंता की एक बड़ी वजह बन गया है। उन्होंने कहा कि एक प्रतिशत से भी कम टेक्सटाइल वेस्ट को नए कपड़ों में रिसाइकिल किया जाता है।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि कई राज्यों में जल संचय से जुड़े कामों में नई तेजी आई है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हर साल की तरह इस बार भी कैच द रेन अभियान के लिए कमर कस ली गई है।
*****
गृह मंत्रालय ने आज सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम को मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश और नगालैंड के कुछ हिस्सों में छह महीने के लिए बढा दिया है। यह बढोतरी पहली अप्रैल से लागू होगी। मणिपुर में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम पांच जिलों को छोडकर अन्य सभी जिलों में जारी रहेगा। राज्य में मई 2023 से जातीय हिंसा का सिलसिला चल रहा है।
नागालैंड के आठ जिलों और पांच अन्य जिलों के 21 पुलिस थाना क्षेत्रों में और छह महीने के लिए बढा दिया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार सशस्त्र बल विशेष अधिकार अनिनियम दीमापुर, न्यूलैंड, चुमोकेडिमा, मोन, किफिरे, नोकलाख, फेक और पेरेन जिलों में जारी रहेगा। इसके अलावा कोहिमा, मोकोकचुंग, लोंगलेंग, जूनेबोटो और वोखा के पुलिस थाना क्षेत्रों मे यह लागू किया गया है।
*****
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज 50 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 13 माओवादियों के सर पर 68 लाख रूपए के इनाम की घोषणा की गई थी।
यह पहली बार है जब राज्य में इतनी बड़ी संख्या में माओवादियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया है। बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी – पीएलजीए बटालियन और अन्य समूहों में सक्रिय कमांडर और उप-कमांडर स्तर के माओवादी शामिल हैं।
टोटल 50 माओवादियों ने सरेंडर किया है। इस सरेंडर में यहां की जितनी भी पोस्ट एक्टिव हैं चाहे वो डीआरजी हो, बस्तर फाइटर हो, सीआरपीएफ, कोबरा इसके अलावा एसटीएफ जो बटालियन हैं सारे आर्म्ड फोर्सेस हैं इनका भी महत्वपूर्ण योगदान है। बीजापुर जिले की अगर हम बात करें तो अभी तक पिछले साल से लगभग 656 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 346 माओवादी अलग अलग मौके पर सरेंडर किये गये हैं और 141 माओवादी अभी तक न्यूट्रलाइज किये गये हैं।
*****
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीगढ के बीजापुर जिले में 50 नक्सलवादियों के आत्मसमर्पण पर प्रसन्नता व्यक्त की है और मुख्यधारा में उनका स्वागत किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने अन्य नक्सलियों से भी हिंसा छोडकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति हथियार डालने वाले उग्रवादियों के पुनर्वास और विकास को सुनिश्चित करती है।
*****
भारतीय नौ सेना के कारमुक और एलसीयू-52 जहाज भूकंप ग्रस्त म्यांमार में राहत कार्यों में सहायता के लिए आज अंडमान निकोबार से यंगून के लिए रवाना होंगे। इन समुद्री जहाजों में लगभग 52 टन राहत सामग्री भेजी जा रही है, जिसमें आवश्यक कपडे, पेयजल भोजन सामग्री, दवाएं और आपातकालीन वस्तुएं शामिल हैं।
*****
भूकंप प्रभावित म्यांमा के सेना प्रमुख ने कहा है कि भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर सत्रह सौ से अधिक हो गई है। मीडिया की खबरों के अनुसार मलबे में बहुत से लोगों के फंसे होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। संसाधनों की कमी, टूटे संचार तंत्र और गृह युद्ध के कारण बचाव कर्मी मलबे से किसी को जिंदा निकालने की आशा में हाथों से मलबे को हटाने को मजबूर हैं।
इस बीच, मांडले के निकट पांच दशमलव एक तीव्रता के ताजा भूकंप का झटका महसूस किया गया।
*****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज दिल्ली में पर्यावरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल हुए। श्री धनखड़ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक पर्यावरण की चुनौतियों से निपटने के लिए सीमा पार सहयोग और नवाचारी नीतियों की आवश्यकता है जो एक साथ पारिस्थितिक संसाधनों के संरक्षण और आर्थिक विकास को आगे बढ़ा सकें। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
*****
बिहार यात्रा के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आज पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एन डी ए के सभी पांच घटक दलों के नेताओं के साथ बैठक की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के अपने दो दिवसीय दौरे में गोपालगंज में जनसभा को संबोधित करने के साथ आगामी विधान सभा चुनाव का आज बिगुल फूंक दिया। श्री शाह ने एनडीए के मुख्य विरोधी दल राष्ट्रीय जनता दल और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद पर तीखे हमले किये। श्री शाह ने कहा कि भाजपा और एनडीए की सरकार बनती है तो सभी बंद पडे चीनी मिलों को चालू किया जायेगा और बिहार में बाढ की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। दिल्ली लौटने से पहले अमित शाह ने पटना में भाजपा और जदयू के तीनों सहयोगी दलों के साथ बैठक की । एनडीए ने विधान सभा चुनाव में 225 सीटों पर जीत का लक्ष्य रखा है। इससे पहले उन्होंने पटना के बापू सभागार में सहकारिता सम्मेलन का उदघाटन किया। उन्होंने आठ सौ करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रम और पहल का उदघाटन तथा शिलान्यास किया। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना
*****
देश के विभिन्न राज्यों में कल ईद-उल-फित्र मनाई जाएगी। तेलंगाना में आज शाम ईद का चांद दिखाई दिया। मुख्य समारोह कल सवेरे दस बजे ईदगाह मीरआलम और चारमीनार में मक्का मस्जिद में आयोजित होगा।
उत्तर प्रदेश में भी आज शाम लखनऊ में ईद का चांद दिखाई दिया। लखनऊ ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद राशिद फिरंगी मेहली ने घोषणा की कि ईद कल 31 मार्च को मनाई जाएगी।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर सभी नागरिकों और विशेष रूप से देश और विदेश में रहने वाले मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि ईद-उल-फितर रमजान के पवित्र महीने के दौरान रोजा और इबादत के सम्पन्न होने का त्योहार है।
*****
हिंदू नववर्ष आज से शुरू हो गया है। इसे नवसंवत्सर भी कहा जाता है। यह चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से आरंभ होता है। देश के विभिन्न भागों में इसे अलग-अलग नामों से मनाया जाता है। महाराष्ट्र और गोवा में इसे गुढ़ी पाड़वा, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में युगादि, कश्मीर में नवरेह, मणिपुर में सजिबु नोंगमा चेरोबा, असम में बिहू और सिंधी हिंदू चेती चॉंद के रूप में जाना जाता है।
*****
ईरान के राष्ट्रपति ने आज कहा कि उनके देश ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर तेजी से आगे बढ़ने को लेकर अमरीका के साथ सीधी वार्ता को नकार दिया है। ईरान के सर्वोच्च नेता को राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप द्वारा लिखे गए पत्र के जवाब में तेहरान की यह पहली प्रतिक्रिया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने ओमान सल्तनत के जरिए दी गई अपनी प्रतिक्रिया में वॉशिंग्टन के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता की संभावना को खुला रखा है।
हालांकि ईरान ने पहले प्रत्यक्ष वार्ता करने के प्रति अपनी इच्छा दिखाई थी लेकिन ईरान के राष्ट्रपति के दृष्टिकोण को इसके रवैये में एक महत्वपूर्ण नीतिगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
*****
तुर्कीए में आतंकवाद और राष्ट्रपति का अपमान करने के आरोप में स्वीडिश पत्रकार को गिरफ्तार किया गया है। जोआकिम मेडिन पर जनवरी 2023 में स्टॉकहोम में एक रैली में भाग लेने का आरोप है जिसमें कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी के समर्थक भी शामिल थे। इस रैली में तुर्कीए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन का पुतला भी जलाया गया था।
तुर्किये में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई जारी है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढे नौ बजे “पोषण अभियान के माध्यम से कुपोषण का निवारण” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली के बाल चिकित्सा सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अजय वर्मा और एम्स आहार विशेषज्ञ डॉ. ऋचा जायसवाल परिचर्चा में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता विशेषज्ञों से टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
*****
ओमान के जॉर्डन में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में दीपक पुनीया और उदितराज फाइनल में पहुंच गए हैं। मुकुल दहिया और दिनेश कांस्य पदक के लिए खेलेंगे। चैंपियनशिप के आज अंतिम दिन 61 किलो के फाइनल में उदितराज का मुकाबला जापान के तकारा सुदा से होगा।
*****
गुवाहाटी में आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मैच में राजस्थान रॉयल्स ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 5 विकेट पर 164 रन बना लिए हैं। इससे पहले, विशाखापट्टणम में डेल्ही कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हराया। 164 रन का लक्ष्य दिल्ली ने 24 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति का नया युग देखा जा रहा है। उन्होंने तैंतीस हजार सात सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
- प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मन की बात कार्यक्रम में नागरिकों से ‘कैच द रेन’ को एक जन आंदोलन बनाने का आग्रह किया।
- केंद्र ने मणिपुर, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम को छह महीने के लिए बढ़ाया।
- भारतीय नौसेना के जहाज भूकंप प्रभावित म्यांमार में मानवीय सहायता लेकर रवाना हुए। भूकंप से मृतकों की संख्या एक हजार सात सौ से अधिक हुई।
- ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर अमरीका के साथ सीधी बातचीत को खारिज किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
- एशियाई चैंपियनशिप में, भारतीय पहलवान उदितराज और दीपक पुनिया जॉर्डन में फ्रीस्टाइल स्पर्धा में स्वर्ण पदक के लिए खेलेंगे।
*****