Download
Mobile App

android apple
signal

March 28, 2025 9:55 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • सरकार ने देश में इलेक्ट्रॉनिक वस्‍तुओं के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण योजना को मंजूरी दी।
  • सरकार ने फॉस्फेटिक और पौटाशिक उर्वरकों पर इस वर्ष के खरीफ सीजन के लिए पोषक तत्‍व आधारित सब्सिडी दरों को मंजूरी दी। केन्‍द्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत को भी मंजूरी दी।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ”भारत प्रथम” देश की विदेश नीति का मूलमंत्र बना।
  • रक्षा मंत्रालय ने 156 हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड की आपूर्ति के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ दो समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  • म्यांमा में आए शक्तिशाली भूकंप में एक सौ 44 लोगों की मृत्‍यु और लगभग सात सौ घायल। थाईलैंड में भी तेज झटके महसूस किये गये।
  • जॉर्डन में सीनियर एशियाई कुश्‍ती चैंपियनशिप में भारत की मनीषा भानवाला 62 किलो भार वर्ग के फानइल में पहुंची।

 

*****

 

सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक वस्‍तुओं के विनिर्माण को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण योजना को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण योजना के लिए 22 हजार करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे 91 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार और कई अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

 

अंग्रेजी………..यह 22919 करोड़ का पूरा पैकेज है। दिस विल बी ओवर 6 वर्ष बहुत सारे सेक्टर सर्व होंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकॉम, कंज्यूमर, मेडिकल डिवाइसेज, ऑटोमोबाइल, पावर सेक्टर और केवल इस स्कीम से डायरेक्टली एंप्लॉयमेंट जनरेट होगा 91600

 

श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने बिहार की कोसी-मेची अंतर-राज्यीय लिंक परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना- त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल करने की मंजूरी दे दी है। उन्‍होंने कहा कि इस परियोजना से बिहार के अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिलों में खरीफ सीजन में दो लाख 10 हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी।   

 

श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने इस वर्ष के खरीफ सीजन में किसानों को किफायती दरों पर फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरक उपलब्‍ध कराने की भी मंजूरी दे दी है।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि सरकार ने बिहार में 120 किलोमीटर से अधिक की लंबाई वाले चार लेन के ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड पटना-आरा-सासाराम गलियारे के निर्माण को भी स्‍वीकृति दे दी है।

 

श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने केन्‍द्रीय कर्मियों के लिए दो प्रतिशत महंगाई भत्ता और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि यह इस साल की पहली जनवरी से लागू होगा। इससे केंद्र सरकार के 48 लाख 66 हजार कर्मचारियों और 66 लाख 55 हजार पेंशनभोगियों को लाभ होगा।

 

एम्पलाइज और पेंशनर्स के लिए डीए और डीएलएस रिलीफ को 53% से बढ़ाके 55% किया गया है विथ इफ़ेक्ट फ्रॉम 01-01-25, दिस विल बी ए वेरी बिग हेल्प फॉर ऑल द एम्पलाइज इन द गवर्नमेंट एंड द पेंशनर्स।

 

*****

 

लोकसभा ने आज समुद्री माल परिवहन विधेयक-2024 को ध्‍वनिमत से पारित कर दिया। यह विधेयक भारतीय समुद्री माल परिवहन अधिनियम-1925 का स्थान लेगा। यह कानून समुद्र के रास्‍ते माल परिवहन के संबंध में जहाजों से जुड़ी जिम्मेदारियों, देनदारियों, अधिकारों और प्रतिरक्षाओं का प्रावधान करता है।

 

*****

 

संसद में दिनभर हुए कामकाज के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। अब लोकसभा और राज्यसभा की बैठक पहली अप्रैल को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि “भारत प्रथम देश की विदेश नीति का मूल मंत्र बन गया है। भारत, अब न केवल विश्व व्यवस्था में भाग ले रहा है बल्कि भविष्य को आकार देने और उसे सुरक्षित करने में भी योगदान दे रहा है। श्री मोदी आज नई दिल्ली में एक निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले भारत की विदेश नीति सभी से दूरी बनाए रखने की थी लेकिन अब सभी के साथ मिलकर काम करने की है। 

 

भारत की फॉरेन पॉलिसी का मंत्र बन गया है इंडिया फर्स्ट। एक जमाने में भारत की पॉलिसी थी, सबसे समान रूप से दूरी बनाकर चलो। आज के भारत की पॉलिसी है सबके समान रूप से करीब होकर चलो। दुनिया के देश भारत की ओपिनियन को, भारत के इनोवेशन को, भारत के एफर्ट्स को जैसा महत्व आज दे रहे हैं वैसा पहले कभी नहीं हुआ।

 

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकड़ों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर देख रही है क्योंकि यह देश दुनिया की एकमात्र ऐसी अर्थव्यवस्था है जिसने केवल 10 वर्ष में अपने सकल घरेलू उत्पाद को दोगुना कर दिखाया है।

 

आज विश्व की दृष्टि भारत पर है, हमारे देश पर है। दुनिया में आप किसी भी देश में जाए वहां के लोग भारत को लेकर एक नई जिज्ञासा से भरे हुए आखिर ऐसा क्या हुआ कि जो देश 70 साल में 11वें नंबर की इकोनॉमी नंबर की इकोनॉमी बना। वो महज 7-8 साल में पांचवें नंबर की इकोनॉमी बन गया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन अप्रैल को थाईलैंड की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय में पूर्वी मामलों के सचिव जयदीप मजूमदार ने आज नई दिल्ली में बताया कि यह प्रधानमंत्री की थाईलैंड की तीसरी यात्रा होगी।

 

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के बाद, प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के निमंत्रण पर चार से छह अप्रैल तक श्रीलंका की यात्रा पर रहेंगे।

 

*****

 

रक्षा मंत्रालय ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ 156 हल्‍के लडा़कू हेलीकॉप्टर, प्रचंड की आपूर्ति के लिए दो समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें प्रशिक्षण और अन्य संबंधित उपकरण शामिल हैं। इन अनुबंधों की कीमत 62 हजार 700 करोड़ रुपये है। मंत्रालय ने बताया कि इन अनुबंधों से सशस्त्र बलों की ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर लड़ने की क्षमता बढ़ेगी।

 

ये हेलीकॉप्टर भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित लड़ाकू हेलीकॉप्टर है, जो पांच हजार मीटर से अधिक की ऊंचाई पर उड़ान भरने की क्षमता रखता है।

 

*****

 

म्यांमा और थाईलैंड में आज आए शक्तिशाली भूकंप में मृतकों की संख्‍या 144 हो गई है और 732 लोग घायल हैं। रिक्‍टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता सात दशमलव सात मापी गई।

 

म्यांमा की सैन्य सरकार के प्रमुख जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने आज शाम एक टेलीविज़न संबो‍धन में बताया कि भूकंप से ने पी ता में 96 लोग, सागाइंग में 18 और मांडले में 30 लोग मारे गए हैं। जनरल मिन ने कहा कि मरने वालों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है।     

     

*****

 

मौसम विभाग ने कल पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गोवा और महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और तेज़ हवाओं का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी ऐसी ही स्थिति का अनुमान है। विभाग ने अगले दो दिन के दौरान जम्मू और कश्मीर में बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने कहा कि अगले दो दिनों तक तेज़ हवाएँ पूरे उत्तर भारत को प्रभावित करेंगी, राजस्थान में आंधी चलने की आशंका है।

 

पूरा नॉर्थ इंडिया में यानी कि आपका जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, और उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक स्ट्रांग विंड्स 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा चल रही है और राजस्थान में खासकर डस्‍ट रेजिंग विंड्स चल रहा है जिससे विजिबिलिटी काफी कम होती जा रही है।

 

*****

 

आकाशवाणी का यूट्यूब चैनल- आराधना नवरात्रि के पावन अवसर पर विशेष कार्यक्रम प्रसारित करेगा। आकाशवाणी अपने श्रोताओं को 30 मार्च से 6 अप्रैल तक एक आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार है। आराधना चैनल विशेष भक्ति कार्यक्रमों की श्रृंखला के जरिए, दर्शकों तक त्योहारों के मर्म, उसके मूल तत्व को पहुँचाएगा। हर दिन के महत्व को उजागर करते हुए, चैनल सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत करेगा।

 

*****

     

संयुक्‍त अरब अमीरात ने रमज़ान से पहले 500 भारतीय कैदियों को क्षमादान दिया है। यह भारत और खाड़ी देशों के बीच मज़बूत द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। नरेन्‍द्र मोदी सरकार के सक्रिय और निरंतर कूटनीतिक प्रयासों ने पिछले एक दशक में विभिन्न देशों में हज़ारों भारतीय नागरिकों की रिहाई और क्षमादान को सुगम बनाया है।

 

*****

 

रिजर्व बैंक ने पहली मई से ऑटोमेटेड टेलर मशीन-एटीएम से नकद निकासी पर बैंकों को 2 रुपये की वृद्धि करने की अनुमति दी है। रिजर्व बैंक ने एक परिपत्र में कहा कि मुफ्त लेनदेन से अलग, ग्राहक से प्रति लेनदेन अधिकतम 23 रुपये का शुल्क लिया जा सकता है। यह पहली मई से लागू होगा।

 

*****

 

जॉर्डन में सीनियर एशियाई कुश्‍ती चैम्पियनशिप में मनीषा फाइनल में पुहंच गई हैं। महिलाओं की 62 किलो के फाइनल में मनीषा का मुकाबला कोरिया की ओके जू किम से होगा। वहीं, अंतिम पंघाल 53 किलो के कांस्य पदक के मुकाबले में चीनी ताईपे की मेंग ह्सुआन से खेलेंगी। ज्योति बरवाल क्वार्टर फाइनल में और नेहा शर्मा तथा मोनिका क्वालिफिकेशन मैच में हारकर बाहर हो गयीं हैं। पदक तालिका में भारत ने अब तक एक रजत और चार कांस्य सहित कुल पांच पदक जीते हैं।

 

*****

 

चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के साथ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू ने ताजा समाचार मिलने तक 18 वें ओवर में चार विकेट पर 171 रन बना लिए हैं। रजत पाटीदार अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं। आज चेन्नई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पिछले मैच में चेन्नई ने मुंबई इंडियन्स को और बैंगलूरू ने वर्तमान चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को हराया था।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कल नई दिल्ली में पर्यावरण पर राष्ट्रीय सम्मेलन-2025 का उद्घाटन करेंगी। इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय हरित अधिकरण-एनजीटी द्वारा किया जा रहा है। दो दिन के सम्मेलन में पर्यावरण विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।

 

*****

 

केंद्र सरकार ने 24 मार्च को सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिशों के बाद न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा को दिल्ली उच्‍च न्‍यायालय से इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय वापस भेजने की अधिसूचना जारी कर दी है। इस बीच, सर्वोच्च न्यायालय ने इलाहाबाद उच्‍च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को निर्देश दिया है कि वह न्‍यायमूर्ति वर्मा को कोई काम न सौंपें। इससे पहले, शीर्ष न्यायालय ने न्‍यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ उनके सरकारी आवास पर अवैध नकदी मिलने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी। न्यायमूर्ति अभय ओका और न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुयान की पीठ ने याचिका पर सुनवाई की और आंतरिक जांच पूरी करने का आदेश दिया।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • सरकार ने देश में इलेक्ट्रॉनिक वस्‍तुओं के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण विनिर्माण योजना को मंजूरी दी।
  • सरकार ने फॉस्फेटिक और पौटाशिक उर्वरकों पर इस वर्ष के खरीफ सीजन के लिए पोषक तत्‍व आधारित सब्सिडी दरों को मंजूरी दी। केन्‍द्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत को भी मंजूरी दी गई।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- ”भारत प्रथम” देश की विदेश नीति का मूलमंत्र बना।
  • रक्षा मंत्रालय ने 156 हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड की आपूर्ति के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड के साथ दो समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  • म्यांमा में शक्तिशाली भूकंप में एक सौ 44 लोगों की मृत्‍यु और लगभग सात सौ घायल। थाईलैंड में भी तेज झटके महसूस किये गये।
  • और, जॉर्डन में सीनियर एशियाई कुश्‍ती चैंपियनशिप में भारत की मनीषा भानवाला 62 किलो भार वर्ग के फानइल में पहुंची।

*****