मुख्य समाचार :-
- संसद ने बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक 2024 पारित किया।
- रक्षा मंत्रालय ने सेना की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए उन्नत तोपें और वाहन खरीदने के लिए 6 हजार 900 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
- भारत ने अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमरीकी आयोग को चिंता का विषय बताया। धार्मिक स्वतंत्रता पर आयोग की रिपोर्ट को राजनीति से प्रेरित करार दिया।
- सैकड़ों फिलिस्तीनियों ने हमास के खिलाफ प्रदर्शन किया, इस्राइल के साथ युद्ध समाप्त करने की मांग की।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स पहले गेंदबाजी कर रहा है।
****
संसद ने बैंकिंग कानून संशोधन विधेयक 2024 पारित कर दिया है। इसे आज राज्यसभा से मंजूरी मिल गई। लोकसभा पहले ही विधेयक को पारित कर चुकी है। विधेयक में भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम 1934, बैंकिंग विनियमन अधिनियम 1949, भारतीय स्टेट बैंक अधिनियम 1955, बैंकिंग कंपनियां (उपक्रमों का अधिग्रहण और हस्तांतरण) अधिनियम 1970 और बैंकिंग कंपनियां (उपक्रमों का अधिग्रहण और हस्तांतरण) अधिनियम 1980 में संशोधन करने के प्रावधान हैं। विधेयक का उद्देश्य बैंक खाते में नामांकित व्यक्तियों के लिए वर्तमान विकल्पों की संख्या एक से बढ़ाकर चार करना है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि सरकार ने देश में बैंकिंग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में बैंक दबाव में थे और नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने पर एक मजबूत बैंकिंग प्रणाली ढांचा तैयार किया, जिससे बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी रहे।
वित्तमंत्री ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने 2014 से करीब चार लाख लोगों को रोजगार दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर कर्ज न चुकाने वालों के खिलाफ वसूली के लिए कड़ी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
****
लोकसभा ने त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक 2025 पारित कर दिया है। विधेयक में ग्रामीण प्रबंधन संस्थान आणंद को एक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने का प्रावधान है। इसे त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के रूप में जाना जाएगा और इसे राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित किया जाएगा। यह संस्थान सहकारी क्षेत्र में तकनीकी और प्रबंधन शिक्षा तथा प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह विधेयक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा और स्वरोजगार तथा छोटे उद्यमियों के विकास में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से सहकारी क्षेत्र में नवाचार तथा अनुसंधान और विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय का नाम गुजरात में अमूल कंपनी की नींव रखने वाले त्रिभुवन भाई पटेल के नाम पर रखा गया है।
त्रिभुवन सरकारी विश्वविद्यालय जो नाम रखा उसके पीछे सहकारिता का दुनिया भर को आश्चर्य चकित करने वाला एक मॉडल और गांधी जी के सिद्धांतों से युक्त सहकारिता के सिद्धांतों के आधार पर ही प्रामाणिकता के साथ पूरा जीवन व्यतीत करने वाले व्यक्तित्व की भी इसमें बात आती है।
****
केंद्र सरकार की फैक्ट फाइडिंग यूनिट ने पिछले तीन वर्षों में डेढ़ हजार से अधिक फर्जी खबरों की पहचान की है। लोकसभा में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 72 हजार से अधिक प्रश्न प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि पत्र सूचना कार्यालय की सत्यता की जांच करने वाली इकाई अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तथ्य की जांच करके सही जानकारी प्रस्तुत करती है। लोग सरकार से जुड़े मामलों पर प्रसारित होने वाली खबरों के बारे में अपनी शिकायतें और फैक्ट चेक अनुरोध वॉट्सऐप हॉटलाइन- 8799711259 और पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट की वेबसाइट के जरिए भेज सकते हैं।
****
रक्षा मंत्रालय ने सेना की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए 155 मिलीमीटर और 52 कैलिबर एडवांस्ड टोड आर्टिलरी गन सिस्टम और हाई मोबिलिटी 6 बाई 6 गन टोइंग व्हीकल की खरीद के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए। लगभग 6 हजार 900 करोड़ रुपये की कुल लागत से नई दिल्ली में भारत फोर्ज लिमिटेड और टाटा एडवांस्ड सिस्टम लिमिटेड के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। एक रिपोर्ट-
इस अनुबंध के साथ ही चालू वित्त वर्ष 2024-25 में अब तक पूंजीगत खरीद के लिए रक्षा मंत्रालय ने कुल एक लाख 40 हजार करोड़ रुपये के अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए हैं। 155 मिलीमीटर और 52 कैलिबर एटीएजीएस पुरानी और छोटी कैलिबर की तोपों की जगह लेगी और भारतीय सेना की तोपखाने की क्षमताओं को बढ़ाएगी। इस तोप प्रणाली की खरीद आर्टिलरी रेजिमेंट के आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारतीय सेना द्वारा निजी क्षेत्र से टोड गन की पहली बड़ी खरीद होने के कारण, यह परियोजना विशेष रूप से भारतीय बंदूक निर्माण उद्योग और समग्र रूप से स्वदेशी रक्षा विनिर्माण व्यवस्था को बढ़ावा देगी। पल्लवी परमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमरीकी आयोग को चिंताजनक इकाई के रूप में नामित किया जाना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने धार्मिक स्वतंत्रता पर आयोग की हाल ही में जारी रिपोर्ट के निष्कर्षों को खारिज करते हुए कहा कि आयोग ने पक्षपातपूर्ण और राजनीति से प्रेरित आकलन जारी करने का स्वरूप जारी रखा है। आयोग की रिपोर्ट में भारत में वर्ष 2024 में अल्पसंख्यकों के खिलाफ कथित हमले बढ़ने का दावा किया गया है।
****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में अमरीकी वाणिज्य मंडल और उसकी मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुज़ैन क्लार्क के साथ बैठक की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि इस बैठक के दौरान व्यापार और निवेश को प्रगाढ़ करने, लचीली आपूर्ति श्रृंखला बनाने और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को सशक्त बनाने पर सकारात्मक बातचीत हुई।
****
विदेश मंत्री ने कहा है कि मतभेद विवाद नहीं बनने चाहिए और प्रतिस्पर्धा संघर्ष नहीं बननी चाहिए। डॉक्टर जयशंकर ने नई दिल्ली में आज एशिया सोसाइटी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्यूंग-व्हा कांग के साथ भारत-चीन संबंधों पर बातचीत में यह बात कही। डॉ. जयशंकर ने कहा कि पिछले साल अक्टूबर से दोनों देशों के बीच संबंधों में कुछ सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि दोनों देश संबंधों को फिर से सुधारने के प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अमरीका के रुख में बदलाव और चीन के उदय के साथ बुनियादी बदलाव की ओर भी इशारा किया।
****
सैकड़ों फिलिस्तीनियों ने हमास के खिलाफ प्रदर्शन कर इजरायल के साथ युद्ध समाप्त करने की मांग की है। गाजा पट्टी के उत्तरी हिस्से में कुछ प्रदर्शनकारियों को युद्ध रोको जैसे नारे लिखे बैनर लिए हुए देखा गया। गाजा पट्टी 17 महीने के युद्ध में बर्बाद हो गई है। हमास पर बंधकों को रिहा करने का दबाव बनाने के लिए इस महीने की दो तारीख को इस्राइल द्वारा सहायता बंद किए जाने के साथ मानवीय स्थिति बदतर हो चुकी है।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने दुष्कर्म के प्रयास पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के विवादित आदेश पर रोक लगाते हुए कहा है कि यह निर्णय असंवेदनशीलता का परिचायक है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश में कहा गया है कि अनुचित स्पर्श या अधो वस्त्र से छेडछाड दुष्कर्म का प्रयास नहीं है। अभियोजन पक्ष को दुष्कर्म के आरोप सिद्ध करने के लिए और आवश्यक सबूत पेश करने चाहिए थे।
शीर्ष न्यायालय ने कहा कि इससे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राम मनोहर नारायण मिश्रा में संवेदनशीलता की कमी लगती है। न्यायालय ने इस मामले में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है।
****
झारखंड में भाजपा ने आज सदन में हजारीबाग में रामनवमी उत्सव से पहले निकाले गए मंगला जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हुई झड़प की सांप्रदायिक घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और झारखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
****
राष्ट्रीय महिला आयोग ने आज कहा कि यह एक नई पहल के रूप में देश के हर जिले में विवाहपूर्व परामर्श केंद्र स्थापित करेगा। पटना में आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोग ने इस नई पहल की शुरूआत की गई है।
यह जो प्री मेरिटल कन्वेंशन सेंटर्स हैं। इन सेंटर्स में इन सभी विषयों की चर्चा होगी, बात होगी। जिसकी वजह से हमारे बच्चे अपनी जिम्मेदारी अपना भविष्य को बहुत अच्छे तरीके से समझ पाएंगे और उस तरीके से खुद को मोल्ड भी करेंगे। इस तरीके से प्रयास हमने किया है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के पटना में सेपक टाकरा विश्व कप में सात पदक जीतने पर भारतीय दल को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पुरुषों की रेगु टीम ने भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है।
****
दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स के सातवें दिन पावरलिफ्टर्स और टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
आज पुरुषों की एलीट 107 किलो से अधिक श्रेणी में प्रदीप जून ने स्वर्ण पदक जीता, नदीम ने रजत और श्याम सिंह ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की एलीट 79 किलो में साहिस्ता ने स्वर्ण पदक जीता, गीतिका शर्मा ने रजत और सुनीता ने कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही पैरा पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता आज संपन्न हो गई। पैरा टेबल टेनिस में ऋषित नाथवानी ने अभिषेक कुमार सिंह को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। एक अन्य फाइनल मैच में सुमित सहगल ने जसवंत को हराकर स्वर्ण जीता। पैरा गेम्स पदक तालिका में हरियाणा पहले स्थान पर है, जबकि तमिलनाडु दूसरे और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर है। अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
विशाखापत्तनम में आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने ताजा समाचार मिलने तक राजस्थान रॉयल ने 17वें ओवर में 6 विकेट पर 123 रन बना लिये हैं। आज दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
****
श्रीलंका में, अंतर्राष्ट्रीय रामायण और वैदिक अनुसंधान संस्थान ने कोलम्बो के स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केन्द्र में रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन किया। इस दौरान भारत और श्रीलंका के धार्मिक नेताओं ने विभिन्न देशों का उदाहरण देते हुए पूरे विश्व पर भगवान राम के व्यक्तित्व के प्रभाव पर चर्चा की।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद ने बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक 2024 पारित किया।
- रक्षा मंत्रालय ने सेना की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए उन्नत तोपें और वाहन खरीदने के लिए 6 हजार 900 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
- भारत ने अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमरीकी आयोग को चिंता का विषय बताया। धार्मिक स्वतंत्रता पर आयोग की रिपोर्ट को राजनीति से प्रेरित करार दिया।
- सैकड़ों फिलिस्तीनियों ने हमास के खिलाफ प्रदर्शन किया, इस्राइल के साथ युद्ध समाप्त करने की मांग की।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स पहले गेंदबाजी कर रहा है।
****