Download
Mobile App

android apple
signal

March 13, 2025 10:31 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – वेव्स प्लेटफॉर्म विभिन्न क्षेत्रों के नए युग के कलाकारों को सशक्त बनाएगा।

  • देशभर में रंग, संगीत और उल्लास के साथ होली का उत्सव मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने होली की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं।

  • इसरो ने स्पैडेक्स मिशन के तहत उपग्रहों को अलग करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। स्वदेशी प्रणाली के साथ अंतरिक्ष में डॉकिंग करने वाला भारत चौथा देश बना।

  • रूस के राष्‍ट्रपति कार्यालय ने कहा – रूस यूक्रेन के साथ युद्ध विराम पर अमरीकी प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार।

  • लक्ष्‍य सेन ऑल इंग्‍लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्‍पियनशिप के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।

******

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि दुनिया पहले से ही आर्थिक और राजनीतिक पुनर्संतुलन देख रही है और अब प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक पहलुओं की ओर बढ़ रही है। उन्‍होंने आज शाम नई दिल्ली में विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन – वेव्स को संबोधित किया। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वास्तविक वैश्वीकरण एक कथा या एक सत्य के बारे में नहीं बल्कि पृथ्‍वी के लोगों की विशाल विविधता के बारे में है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक कहानी को आकार देने के लिए परंपरा को प्रौद्योगिकी के साथ एक कंटेंट क्रांति ला रहा है।

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि वेव्स प्लेटफॉर्म विभिन्न क्षेत्रों के नए युग के कलाकारों को सशक्त बनाएगा। श्री वैष्णव ने कहा कि यही वेव्स की मूल अवधारणा है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और भारत की स्थिति बहुत ही अनोखी है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि देश में एक अरब से अधिक लोगों के पास मोबाइल फोन हैं और लोगों ने डिजिटलीकरण को अपनाया है।

******

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि क्रिएटर्स इकोनॉमी के लिए एक अरब डॉलर का कोष बनाया जाएगा। नई दिल्ली में आज श्री वैष्णव ने कहा कि पहला भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई में स्थापित किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह संस्‍थान मुंबई के गोरेगांव में फिल्म सिटी के पास स्थापित किया जाएगा।

******

देशभर में रंग, संगीत और उल्लास के साथ होली का उत्सव मनाया जा रहा है। बुराई पर अच्‍छाई की जीत का प्रतीक होलि‍का दहन आज हो रहा है। उत्तर प्रदेश के नंदगांव के लोग भगवान कृष्ण और ग्वाल-बालों के रूप में होली खेलने बरसाना आते हैं। होली को लेकर दिल्लीवासी भी जोश और उत्साह से भरे हुए हैं।  तमिलनाडु में भगवान विष्णु के मंदिरों में तीर्थवारी का आयोजन होता है। गुजरात में भी होली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

गुजरात में होली का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। द्वारका में भगवान द्वारकाधीश मंदिर, डाकोर में रणछोड़राय मंदिर, उत्तर गुजरात में शामलाजी मंदिर और राज्य के अन्य प्रमुख श्री कृष्ण मंदिरों में फूलडोल उत्सव और फागणी पूनम उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। द्वारका में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने होली के अवसर पर गोमती नदी में पवित्र डुबकी लगाई। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

उत्तराखंड में होली का त्यौहार पारंपरिक भावना, उत्‍साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। उधर, पंजाब में आज रोपड़ जिले में स्थित आनंदपुर साहिब में धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ होला मोहल्ला का पर्व शुरू हो गया है। यह 15 मार्च तक चलेगा।

******

नेपाल में भी होली का त्‍योहार बडे उत्‍साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। एक रिपोर्ट-

 

काठमांडू के बसंतपुर दरबार स्क्वायर में लोगों ने एक दूसरे को रंग-बिरंगे अबीर लगाकर होली मनाई। लोग नेपाली वाद्ययंत्रों के साथ लोक संगीत पर स्थानीय बैंड पर नाचते हुए दिखे। असोन की विभिन्न गलियों में संगीत बैंड लाइव संगीत बजा रहे हैं, जिस पर लोग समूहों में नाचने और गाने के लिए एकत्र होते हैं। चीन, अमरीका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों के विदेशी पर्यटक भी हवा में रंगों को देखकर होली के रंग में रंग गये। होली के अवसर पर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने विश्वास व्यक्त किया कि फागु पूर्णिमा देश में सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करने में योगदान देगी। नेपाल से श्वेता सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर होली की पूर्व संध्‍या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि रंगों का त्योहार होली खुशहाली और उत्साह लेकर आता है।

 

उपराष्ट्रपति ने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर्षोल्लास और आनन्‍द से भरा यह त्योहार सभी के जीवन में नया उत्साह और ऊर्जा लाएगा।

******

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि होलिका दहन अहंकार और दुष्‍ट प्रवृत्तियां जलाने का अवसर है। गोरखपुर में होलिका दहन उत्सव समिति के भक्त प्रह्लाद शोभा यात्रा पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्त प्रह्लाद के चरित्र से प्रेरणा लेते हुए सभी को सद्मार्ग पर चलना चाहिए।

 

होली हमें सन्‍देश देता है एक-दूसरे से गले मिलेंगे, लेकिन कोई भेद-भाव नहीं करेंगे। सबको गले लगायेंगे, अपने मतभेंदों को समाप्‍त करेंगे। आज होलिका दहन होने जा रहा है और इस अवसर पर लोक कल्‍याण के पथ पर अपने आपको आगे बढाने और हमारे में सबसे बडा धर्म होना चाहिए वह है अपने राष्‍ट्र के प्रति समर्पण का भाव।

 

मुख्‍यमंत्री ने लोगों से हजारों वर्षों की सनातन परंपरा का पालन करते हुए सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की।

******

उत्तर रेलवे होली के त्यौहार पर सुविधाजनक यात्रा के लिए चार सौ से अधिक विशेष रेलगाडियां चला रहा है। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों के सुविधा के लिए कंट्रोल रूम और प्रतीक्षालय बनाए गए हैं।

 

चार सौ से ज्‍यादा स्‍पेशल ट्रेन्स का संचालन किया जा रहा है।  इसके अलावा जो और रेलवे के द्वारा जैसे-ईसीआर है, ईस्‍ट सेन्‍टर रेलवे, नार्थ सेन्‍टर रेलवे, नार्दन रेलवे ऐसे अलग अलग जो रेलवे हैं उनके द्वारा जो ट्रेन चलाई जायेगी नार्दन रेलवे के तरफ वो अलग हैं। नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पर करीब-करीब 26 हजार स्‍क्‍वायरफिट का होल्डिंग एरिया का डेवलपमेंट किया गया है। इसी प्रकार से आनन्‍द विहार में पांच हजार स्‍क्‍वायरफिट का होल्डिंग कम टिकटिंग एरिया बनाया गया है।  

******

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो ने स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट मिशन के अंतर्गत दो उपग्रहों को अलग करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में यह भारत की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

भारतीय अंतरिक्ष यात्रा में अनडाकिंग का बड़ी अहमियत बताई गई है। दोनों उपग्रह जब अंतरिक्ष में थे उनको इसरो द्वारा देश में ही अनुसंधान द्वारा विकसित टेक्नोलॉजी की मदद से अलग करना एक अहम योजना है, जिससे आगे काफी मदद मिलेगी। स्वयं चलित यानि ऑटोनॉमस डॉकिंग और अनडॉकिंग तकनीक की मदद से इसरो अंतरिक्ष में अपने सैटेलाइट्स को किसी अलग यह से जोड़ पाएगा और अलग भी कर पाएगा। चंद्र ग्रह को उपग्रह भेज कर वहां से सैंपल लेकर वापस आना हो या भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन में उतरना हो, तो डॉकिंग और अनलॉकिंग की आवश्यकता पड़ेगी। यूएसए, रसिया और चाइना के बाद अब भारत के पास भी यह तकनीक उपलब्ध है। सुधींद्रा आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।

******

दुनिया की सबसे बड़ी घरेलू सौर ऊर्जा पहल- पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना ने 10 लाख लाभार्थियों के साथ एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पिछले वर्ष फरवरी में शुरू हुई इस पहल के अंतर्गत छह लाख से अधिक लाभार्थियों को सब्सिडी के रूप में चार हजार सात सौ 70 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की गई है।

******

रूस, यूक्रेन के साथ करे युद्ध विराम अमरीकी प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार है। रूस के राष्‍ट्रपति कार्यालय के सहायक यूरी उशाकोफ ने कहा कि चर्चा शांतिपूर्वक हो रही है और रूस बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने इस बात की चिंता जताई कि यह प्रस्ताव यूक्रेन की सेना के लिए एक अस्थायी लाभ होगा। रूस और यूक्रेन के बीच संभावित युद्ध विराम पर चर्चा के लिए अमरीका के अधिकारी मॉस्को में हैं। संघर्ष को रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज़ हो गए हैं। विशेष दूत स्टीव विटकॉफ आज रूस पहुंचे।

******

लक्ष्‍य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरूष सिंगल्‍स र्क्‍वाटर फाइनल में पहुंच गये हैं। प्री-क्‍वार्टर फाइनल में लक्ष्य ने आसानी से तीसरी वरीयता प्राप्‍त इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को हराया। इस समय पुरुष डबल्‍स प्री-क्‍वार्टर फाइनल में सातवीं वरियता प्राप्‍त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला चीन के ज़ी हाओ नान और ज़ेंग वेई हान से हो रहा है। 

******

मुंबई में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में गुजरात जायंट्स के साथ मैच में मुंबई इंडियंस ने 19वें ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बना लिये हैं। गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। विजेता टीम शनिवार को फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से खेलेगी।

******

युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने खेलों में आयु संबंधी धोखाधड़ी के विरुद्ध राष्ट्रीय संहिता 2025 के मसौदे पर लोगों और हितधारकों से प्रतिक्रियाएं मांगी हैं। इसका उद्देश्य आयु धोखाधड़ी को कम करना, वास्तविक एथलीटों की रक्षा करना है। यह आयु रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के दोषी पाए जाने वाले एथलीट, कोच और अधिकारियों पर कठोर दंड लागू करेगा।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – वेव्स प्लेटफॉर्म विभिन्न क्षेत्रों के नए युग के कलाकारों को सशक्त बनाएगा।

  • देशभर में रंग, संगीत और उल्लास के साथ होली का उत्सव मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने होली की पूर्व संध्या पर शुभकामनाएं दीं।

  • इसरो ने स्पैडेक्स उपग्रहों को अलग करने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। स्वदेशी प्रणाली के साथ अंतरिक्ष में डॉकिंग करने वाला भारत चौथा देश बन गया।

  • रूस के राष्‍ट्रपति कार्यालय ने कहा – रूस यूक्रेन युद्ध विराम पर अमेरिकी प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार है।

  • लक्ष्‍य सेन ऑल इंग्‍लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्‍पियनशिप के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।  

******