मुख्य समाचार :-
- भारत और मॉरीशस ने संबंधों को बेहतर रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- संसद ने तेल उत्पादन में वृद्धि के लिए तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक, 2024 पारित किया।
- हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत। 10 में से 9 मेयर पद जीते।
- देश में फरवरी महीने में खुदरा मुद्रास्फीति की दर घटकर सात महीने के न्यूनतम स्तर तीन दशमलव छह-एक प्रतिशत पर आई।
- पाकिस्तान में रेल अपहरण की घटना में करीब 200 बंधकों को मुक्त कराया गया। 30 आतंकी मारे गए।
- भारत ने इटली में 12वें विशेष ओलंपिक विश्व शीतकालीन खेलों में दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते।
******
भारत और मॉरीशस ने संबंधों को और बेहतर रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने का फैसला किया है। दोनों देशों ने आज आठ समझौतों ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इनमें आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने और समुद्री सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा स्थानीय मुद्राओं में व्यापार को प्रोत्साहन देना शामिल है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मॉरीशस के प्रतिष्ठित गंगा तालाब में पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी पावन जलधारा के किनारे दोनों देशों के बीच के आध्यात्मिक संबंधों को आसानी से महसूस किया जा सकता है। प्रधानमंत्री द्वारा मॉरीशस के गंगा तालाब में पवित्र संगम जल का अर्पण भारत और मॉरीशस के बीच साझी आस्था, सांस्कृतिक आत्मीयता और पवित्र संबंधों का प्रतीक हैं। इससे पहले, आज दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। प्रधानमंत्री श्री मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने भारत-मॉरीशस मैत्री के सभी आयामों पर चर्चा की। उन्होंने भारत-मॉरीशस साझेदारी को एक विस्तृत रणनीतिक साझेदारी के रूप में बढ़ाने का निर्णय लिया है। दोनों प्रधानमंत्रियों ने बुनियादी ढांचे, आवास, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बात कही। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्षमता निर्माण और सतत विकास जैसे क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच बढ़ी हुई रणनीतिक साझेदारी इस क्षेत्र में मजबूती का आधार बनेगी। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, मॉरीशस।”
“इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने आज मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्मबीर गोखूल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं। प्रधानमंत्री की मॉरीशस यात्रा को विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सफल बताया है। “
प्रधानमंत्री मॉरीशस की दो दिवसीय राजकीय यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न कर स्वदेश रवाना हो गए हैं।
******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत हमेशा पड़ोसी देशों की मदद करने में सबसे आगे रहता है। श्री बिरला ने आज नई दिल्ली में मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान यह बात कही।
******
संसद ने तेल उत्पादन में वृद्धि के लिए तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक, 2024 पारित किया। लोकसभा ने आज इसे मंजूरी दे दी। विधेयक का उद्देश्य तेल क्षेत्र – विनियमन और विकास अधिनियम, 1948 में संशोधन करना है। यह खनिज तेलों की परिभाषा का विस्तार करता है जिसमें प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले हाइड्रोकार्बन, कोल बेड मीथेन और शेल गैस शामिल हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने विधेयक पर चर्चा का उत्तर देते हुए कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के लिए भारत की दीर्घकालिक रणनीति सामर्थ्य, उपलब्धता और स्थिरता के पहलुओं पर आधारित है और देश ने इन तीनों को सफलतापूर्वक पार किया है।
विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के मनीष तिवारी ने प्राकृतिक गैस पर आयात निर्भरता कम करने के सरकार के प्रयासों पर सवाल उठाया।
******
रेल मंत्रालय के कामकाज पर आज राज्य सभा में चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के समिक भट्टाचार्य ने कहा कि रिकॉर्ड बजटीय आवंटन के साथ सरकार ने रेलवे को विश्वस्तरीय नेटवर्क में बदलने की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाई स्पीड रेल पहल के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।
******
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। होली के कारण कल और परसों लोकसभा तथा राज्यसभा की बैठक नहीं होगी।
******
भारतीय जनता पार्टी ने आज हरियाणा के विभिन्न नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं के महापौर, अध्यक्ष और वॉर्ड सदस्यों के चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। भाजपा ने गुरुग्राम और रोहतक सहित दस महापौर पदों में से नौ पर जीत हासिल की।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हरियाणा नगर निगम चुनाव में पार्टी की शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडोली और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
******
देश में फरवरी महीने में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति की दर घटकर सात महीने के न्यूनतम स्तर तीन दशमलव छह-एक प्रतिशत पर आ गई। जनवरी में यह दर चार दशमलव तीन-एक प्रतिशत दर्ज हुई थी। मुख्य रूप से खाद्य पदार्थों के दाम घटने से यह गिरावट आई है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से जारी आंकडों के अनुसार जनवरी में खाद्य पदार्थों की मुद्रास्फीति दर छह दशमलव शून्य दो प्रतिशत थी जो फरवरी में घटकर तीन दशमलव सात-पांच प्रतिशत पर आ गई।
******
पाकिस्तान में, बलूचिस्तान के बोलन जिले के पास जाफर एक्सप्रेस रेलगाड़ी को बलूच लिबरेशन आर्मी के आतंकियों द्वारा अपहरण किए जाने के बाद बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है। सुरक्षा बलों ने अब तक 190 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया है। जाफर एक्सप्रेस में 400 से अधिक यात्री सवार थे। यह रेलगाड़ी क्वेटा से पेशावर जा रही थी।
दूसरी ओर, अलगाववादी उग्रवादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि उन्होंने 50 और बंधक सैनिकों को मार दिया है। इसके साथ ही मारे गए बंधकों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। अपहरण में शामिल 30 आतंकी सुरक्षा अभियान में मारे गए हैं।
******
इटली में विशेष ओलंपिक विश्व शीतकालीन खेलों के पहले दिन भारत ने दो स्वर्ण और दो रजत पदक सहित कुल चार पदक जीते हैं। समीर यादव और भारती ने स्नोबोर्डिंग में एक-एक स्वर्ण पदक जीता। हेम चंद और हर्षिता ठाकुर ने इसी इवेंट में एक-एक रजत पदक हासिल किया। टूर्नामेंट में भारत के 30 एथलीट खेल रहे हैं। इस आयोजन में 102 देशों के 1,500 दिव्यांग एथलीट आठ खेलों में भाग ले रहे हैं।
******
कश्मीर के गुलमर्ग में 5वें खेलो इंडिया शीत कालीन खेलों का दूसरा चरण आज संपन्न हुआ। चार दिन के के खेलों में देश भर के सैकड़ों एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में शामिल हुए। समापन समारोह में खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि केंद्र सरकार देश की खेल यात्रा को शिखर पर ले जाने के लिए वचन बद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे देश के लिए एक खेल विकास रोडमैप तैयार किया है और 2036 में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।
“गुलमर्ग विंटर गेम्स के लिए न हीं केवल कश्मीर में, लेकिन सारा देश में पॉप्युलर हो रहा है 750 से अधिक एथलीट्स ने पार्टिसिपेट किया। आने वाले दिनों में कश्मीर को सपोर्ट सेक्टर में भारत इंफ्रास्ट्रक्चर और भारत मेडल टैली में कैसे आगे बढ़े इस दिशा में प्रयास किया जाएगा गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम 2025 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय युवा सेवा और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया ने कहा कि सरकार गुलमर्ग में शीतकालीन खेल उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला ने कहा कि गुलमर्ग में बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और स्थानीय एथलीटों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने की आवश्यकता है ताकि उन्हें भविष्य में शीतकालीन खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद मिल सके। तारीख राथर और आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।”
******
आकाशवाणी दिल्ली के रंग भवन में आज होली के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम -फागुण आयो रे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलाकार पीयूषा और कैलाश अनुज की जोडी ने होली के गीत गाए। इस कार्यक्रम में बरसाने की होली की प्रस्तुति भी दी गई जिसमें श्रीकृष्ण और राधा के रूप में कलाकारों ने मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुति दी।
******
शिक्षा मंत्रालय प्रधानमंत्री की युवा लेखकों का मार्गदर्शन करने वाली योजना पीएम-युवा 3.0 के अंतर्गत लेखकों के लिए अखिल भारतीय प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। यह प्रतियोगिता 10 अप्रैल तक माय जीओवी वेबसाइट पर आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से कुल 50 लेखकों का चयन किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य देश में पढ़ने, लिखने और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्राप्त प्रस्तावों का मूल्यांकन इस वर्ष अप्रैल में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा।
******
रक्षा मंत्रालय ने दो हजार नौ सौ छह करोड़ रुपये की लागत से ट्रांसपोर्टेबल रडार, अश्विनी की खरीद के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, गाजियाबाद के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। इस रडार को भारत की हवाई निगरानी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने डिजाइन और विकसित किया है। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए, जो रक्षा प्रौद्योगिकी में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और मॉरीशस ने संबंधों को बेहतर रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने का फैसला किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
- संसद ने तेल उत्पादन में वृद्धि के लिए तेल क्षेत्र विनियमन और विकास संशोधन विधेयक, 2024 पारित किया।
- हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत। 10 में से 9 मेयर पद जीते।
- देश में फरवरी महीने में खुदरा मुद्रास्फीति की दर घटकर सात महीने के न्यूनतम स्तर तीन दशमलव छह-एक प्रतिशत पर आई।
- पाकिस्तान में रेल अपहरण की घटना में करीब 200 बंधकों को मुक्त कराया गया। 30 आतंकी मारे गए।
- भारत ने इटली में 12वें विशेष ओलंपिक विश्व शीतकालीन खेलों में दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते।
******