Download
Mobile App

android apple
signal

March 11, 2025 9:56 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय बने, उन्‍होंने पोर्ट लुइ में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया।

 

  • मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक व्यापार तनाव के बावजूद आर्थिक वृद्धि की दृष्टि से भारत एशिया महाद्वीप में सबसे बेहतर स्थिति में।

 

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राज्यसभा में कहा, भारतीय भाषा पुस्तक योजना के तहत सभी 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकों का डिजिटलीकरण किया जाएगा।

 

  • बलूचिस्तान के माच क्षेत्र में आतंकवादियों ने 450 से अधिक यात्रियों को ले जारी रही पाकिस्तानी ट्रेन को बंधक बनाया।

 

  • विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री का नई दिल्ली में शुभारंभ हुआ।

 

  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में, मुम्‍बई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुम्‍बई इंडियंस के बीच अंतिम लीग मैच जारी।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉरिशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार और की ऑफ द इंडियन ओशन से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

 

मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने आज शाम पोर्ट लुइ में भारतीय प्रवासियों के एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सम्‍मान प्रदान करने की घोषणा की। ये श्री मोदी को मिलने वाला इस तरह का 21वां सम्मान है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित होने पर मॉरिशस के लोगों और सरकार को धन्यवाद दिया।

 

मॉरीशस की सरकार ने मुझे अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का फैसला लिया है। मैं आपके निर्णय को विनम्रता से स्वीकार करता हूं। यह भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक रिश्तों का सम्मान है। यह उन भारतीयों का सम्मान है, जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी इस धरती की खूब सेवा की।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया-ओसीआई कार्ड जारी करने की भी घोषणा की।

 

*****

 

प्रश्‍न- और ज्यादा जानकारी के लिए मॉरीशस में मौजूद हमारे संवाददाता है इस समय विकल्प शुक्ला उनसे जानने की कोशिश करते हैं। जी, विकल्प आज प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया क्या प्रमुख बातें रही उनके संबोधन की।

 

प्रश्न – जी विक्ल्प, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रपति से भी मुलाकात की है कैसी रही ये बातचीत और क्या कुछ निकल के सामने आया।

 

*****

 

इसके बाद प्रधानमंत्री आज रात मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वस्थ समाज के निर्माण में डॉक्टरों और शोधकर्ताओं की बड़ी भूमिका है। राष्ट्रपति ने आज पंजाब के बठिंडा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान -एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में यह बात कहीं। उन्‍होंने एम्स के डॉक्टरों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को नशे की लत से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए।

 

नशाखोरी की आदत न केवल व्यक्ति और परिवार, समाज बल्कि देश और अर्थव्यवस्था को भी हानि पहुंचाती है। इस व्यसन से लोगों को मुक्त कराने में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। नशे की लत से होने वाले शारिरिक और मानसिक नुकसान के बारे में उन्हें जागरूक करना चाहिए।

 

*****

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पूर्वोत्तर के छात्रों को काम के लिए अपने क्षेत्र से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें वहीं रोजगार के अवसर मिलेंगे। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में स्टूडेंट्स एक्सपीरियंस इन इंटर-स्टेट लिविंग द्वारा आयोजित युवा संसद में पूर्वोत्तर के छात्रों को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री शाह ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में चार हजार आठ सौ करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिसका लाभ अरुणाचल प्रदेश को मिलेगा

 

वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में 4800 करोड़ रूपया खर्च किया। जो अरुणाचल को विशेषकर फायदा देता है और आज भारत का सबसे लंबा रेल कम रोड ब्रिज कहीं पर है तो ब्रह्मपुत्र पर बनाने का असम से भूटान तक रेल लाइन बन रही है

 

गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इस क्षेत्र में हिंसा की घटनाओं में लगभग 70 प्रतिशत की कमी आई है। श्री शाह ने बताया कि मोदी सरकार ने पिछले दस वर्षों में विद्रोही गुटों के साथ 12 महत्‍वपूर्ण समझौते किए।

 

10 साल में 12 महत्वपूर्ण समझौते करने का काम हमारी सरकार ने किया और एक सभी समझौते के तहत 10500 से ज्यादा युवा हथियार डालकर मेन स्ट्रीम में आये।

 

गृह मंत्री ने बताया कि पूर्वोत्तर में ढाई लाख करोड़ रुपये का निवेश आने वाला है।

 

*****

 

वैश्विक व्यापार तनाव के बावजूद भारत एशिया में आर्थिक वृद्धि की दृष्टि से सबसे मजबूत देश बना हुआ है। मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट के अनुसार, अन्य अर्थव्यवस्थाओं से बेहतर प्रदर्शन करने में भारत का सेवा निर्यात, निर्यात पर कम निर्भरता और सहायक सरकारी नीतियां प्रमुख कारक हैं। व्यापार तनावों से एशिया के समग्र विकास परिदृश्य पर असर पड़ने की उम्मीद है, भारत सकल घरेलू उत्‍पाद के हिस्से के रूप में अपने कम माल निर्यात के कारण कम असुरक्षित बना हुआ है। भारत का सेवा निर्यात का अच्छा प्रदर्शन जारी है और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच स्थिरता प्रदान करते हुए इसके आगे बढ़ने की भी उम्मीद है।

 

*****

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में भारतीय भाषा पुस्तक योजना के कार्यान्वयन के लिए प्रावधान के अंतर्गत अंग्रेजी सहित सभी 22 अनुसूचित भाषाओं की पाठ्यपुस्तकों का डिजिटलीकरण किया जाएगा। श्री प्रधान ने आज राज्यसभा में शिक्षा मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि भारतीयता नरेन्‍द्र मोदी सरकार की नीति का एक महत्वपूर्ण घटक है। उन्‍होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में कोई भी भाषा थोपी नहीं गई है और बहुभाषावाद समय की मांग है।

 

हमारी एक दृष्टिकोण है भारत की सभ्यता को कैसे देखें। भारतीयता के ऊपर हमारी एक नाज है भारतीय भाषाओं के ऊपर हमारी नाज है। इसलिए इस बार की बजट में भारतीय भाषा पुस्तक योजना भारत में 22 शेड्यूल लैंग्वेज हैं उसके ऊपर इंग्लिश भी है 23वीं। भारत की 22 शैड्यूल लैग्वेज में कम से कम 1000 पाठ्य पुस्तक 22 भाषाओं में। शायद तमिलनाडु की मैथमेटिक्स की पुस्तक आसम के विद्यार्थियों को काम आये, शायद पंजाब की लिट्रेचर की कोई विषय शायद ओडिशा में इंस्पायर करेगा, शायद ओडिशा की कोई पाठ्यपुस्तक गुजरात को इंस्पायर करेगा।

 

श्री प्रधान ने बताया कि वर्ष 2014 में नरेन्‍द्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से शिक्षा क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन में लगातार वृद्धि की जा रही है। उन्‍होंने बताया कि कि इस वर्ष केंद्रीय बजट में शिक्षा के लिए एक लाख 28 हजार करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में छह दशमलव दो-दो प्रतिशत अधिक है।

 

*****

 

पाकिस्‍तान में पेशावर-क्वेटा जाफर एक्सप्रेस पर आज बलूचिस्‍तान के माच क्षेत्र में सशस्‍त्र आतंकवादियों ने हमला कर उसे अपने कब्‍जे में कर लिया, जिसमें कम से कम छह सैन्‍य कर्मी मारे गये और 450 से अधिक यात्रियों को बंधक बना लिया गया। एक रिपोर्ट…

 

बलूचिस्‍तान सरकार के प्रवक्‍ता शाहिद रिंड के हवाले से मीडिया ने बताया कि ये रेलगाडी बलूचिस्‍तान के क्वेटा से पेशावर जा रही थी। इस दौरान इस पर गोलीबारी शुरू हुई जिसके बाद रेलगाडी पटरी से उतर गई। मीडिया के अनुसार महिलाओं और बच्‍चों सहित सैकडों यात्रियों को आतंकवादियों ने बंदी बना लिया। इस क्षेत्र में सक्रिया अलगाववादी गुट बलूच लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की जिम्‍मेदारी ली है। बीएलए ने पाकिस्‍तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार इस हमले के खिलाफ कार्रवाई करती है तो इस तरह की गतिविधियां और बढ जायेंगी। स्‍थानीय मीडिया के अनुसार अधिकारियों ने इस हमले की जांच शुरू कर दी है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।

 

*****

 

विश्व पैरा-एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता आज से नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुरू हो गई। तीन दिन की प्रतियोगिता में 20 देशों के कुल 250 पैरा-एथलीट शामिल हो रहे हैं। भारत पहली बार इतनी बडी पैरा-एथले‍टिक प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। भारतीय दल का नेतृत्‍व पेरिस पैरालंपिक्‍स 2024 के स्‍वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार, नवदीप सिंह और धरमबीर कर रहे हैं।

 

*****

 

मुंबई में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट के अंतिम लीग मैच में मुंबई इंडियंस के साथ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ताजा समाचार मिलने तक 19 ओवर में 3 विकेट पर 178 रन बना लिए हैं। मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय बने, उन्‍होंने पोर्ट लुइ में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया।

 

  • मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक व्यापार तनाव के बावजूद आर्थिक वृद्धि की दृष्टि से भारत एशिया महाद्वीप में सबसे बेहतर स्थिति में।

 

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, भारतीय भाषा पुस्तक योजना के तहत सभी 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकों का डिजिटलीकरण किया जाएगा।

 

  • बलूचिस्तान के माच क्षेत्र में आतंकवादियों ने 450 से अधिक यात्रियों को ले जारी रही पाकिस्तानी ट्रेन को बंधक बनाया।

 

  • विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री का नई दिल्ली में शुभारंभ हुआ।

 

  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में, मुम्‍बई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुम्‍बई इंडियंस के बीच अंतिम लीग मैच जारी।

 

*****