मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन की यात्रा पर आज रात रवाना होंगे। श्री मोदी ने हिंद महासागर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए मॉरीशस के साथ संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया।
- संसद ने रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित किया। विधेयक में रेलवे बोर्ड की कार्यप्रणाली और स्वतंत्रता को बढ़ाने की मांग की गई है।
- लोकसभा ने समुद्री क्षेत्र में वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लदान विधेयक 2024 पारित किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छात्रों से रोजगार पाने की जगह देने की मानसिकता अपनाने का आह्वान किया।
- रूस ने जासूसी के आरोपों पर ब्रिटेन के दो राजनयिकों को निष्कासित किया।
- मुंबई में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मैच जारी।
——–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि मॉरीशस भारत का करीबी समुद्री पड़ोसी, हिंद महासागर में प्रमुख साझेदार और अफ्रीकी महाद्वीप का प्रवेश द्वार है। श्री मोदी ने मॉरीशस की यात्रा रवाना होने से पहले प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि दोनों देश इतिहास, भूगोल और संस्कृति से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रगाढ आपसी विश्वास, लोकतंत्र के मूल्यों में साझा भरोसा और विविधता दोनों देशों की शक्ति हैं। श्री मोदी आज देर रात दो दिन की यात्रा पर मॉरीशस रवाना होंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
मॉरीशस में अपने प्रवास के पहले दिन कल 11 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के पहले प्रधानमंत्री सर शिवासागर रामगुलाम और सर अनिरुद्ध जगन्नाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद श्री मोदी मॉरीशस के राष्ट्रपति धरम गोकुल के साथ मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री कल शाम मॉरीशस में कम्युनिटी इवेंट मे भाग लेंगे। इसके बाद कल प्रधानमंत्री श्री मोदी मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ मुलाकात करेंगे। अपनी मॉरीशस यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस पर होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण और व्यापर सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक समझौते भी होंगे। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, मॉरीशस!
———
संसद ने रेलवे-संशोधन विधेयक 2024 पारित कर दिया है। विधेयक को आज राज्यसभा ने मंजूरी दी। लोकसभा ने इसे पिछले वर्ष ही मंजूरी दे दी थी। विधेयक का उद्देश्य रेलवे अधिनियम 1989 में संशोधन करना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे, बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, प्रौद्योगिकी अपनाने और सुरक्षा में सुधार पर ध्यान केंद्रित करते हुए निरंतर सुधार कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्ष में 34 हजार नई पटरियां बिछाई गई हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि इस दौरान 45 हजार किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण किया गया है।
आपने 60 साल तक राज किया इस देश पर, किस मुंह से अब बोलते हो आप, इन 60 वर्षों में आपने बीस हजार किलोमीटर इलेक्ट्रिफाइ किया, मोदी जी ने 11 साल में 45 हजार किलोमीटर इलेक्टिफाइ किया। इनके 60 साल के कामकाज को किसी भी पैरामीटर पर देख लीजिए, 60 साल बनाम 11 साल, हर जगह 11 साल के इस काम में आपको अधिक शक्ति, अधिक पावर, अधिक अचीवमेंट दिखाई देगी।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि विधेयक का उद्देश्य रेलवे बोर्ड की शक्ति बढ़ाना और कार्यप्रणाली तथा स्वतंत्रता को बढ़ाना है।
इस विधेयक के तहत अब रेलवे जोन के महाप्रबंधकों के पास किसी भी अनुबंध को स्वीकार करने का पूरा अधिकार होगा। वहीं 50 करोड़ रुपये से कम लागत वाली रेलवे परियोजनाओं को अब महाप्रबंधकों द्वारा सीधे मंजूरी दी जा सकती है। क्षेत्र में विकेंद्रीकरण और सशक्तिकरण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। विधेयक में एक स्वतंत्र नियामक नियुक्त करने का भी प्रस्ताव है जो किराया निर्धारण जैसे मामलों की निगरानी करेगा और रेलवे को और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में सहायक होगा। सरकार ने विपक्ष के उन दावों को भी खारिज किया कि विधेयक के माध्यम से राज्य सरकारों की शक्तियां कम कर दी जाएंगी। अनुपम मिश्र के साथ आनन्द कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———-
लोकसभा ने लदान विधेयक-2024 पारित कर दिया। यह विधेयक लदान जारी करने के लिए कानूनी ढांचा प्रदान करने वाले भारतीय लदान अधिनियम-1856 का स्थान लेगा। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि यह विधेयक पोत परिवहन क्षेत्र के लिए, विशेष रूप से व्यापार और वाणिज्यिक गतिविधियां बढ़ाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
श्री सोनोवाल ने कहा कि यह विधेयक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवर्तनकारी दृष्टिकोण के अनुरूप है।
——–
बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन आज संसद के दोनों सदनों में शोर-शराबा हुआ। तमिलनाडु में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर अमल को लेकर लोकसभा में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की टिप्पणी पर डीएमके और कांग्रेस सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रश्नकाल के दौरान डीएमके सांसद टी. सुमति ने तमिलनाडु को धन आवंटित करने का मुद्दा उठाया। श्री प्रधान ने आरोप लगाया कि डीएमके ने पीएमश्री योजना तमिलनाडु में लागू करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन बाद में वह इससे मुकर गई।
इनके पास कोई तथ्य नहीं है, ये केवल एक हो–हल्ला करके विषय को भ्रमित करना चाहते हैं। जो चर्चा तमिलनाडु शासन के साथ पिछले दिनों में भारत सरकार की हुई है, जिसमें एक समझौते का रास्ता भी निकला था, उसी रास्ते पे तमिलनाडु सरकार राजी हो जाए, उनको अभी भी उनकी पीमश्री की जो आलोकेशन है उसको देने में हमें कोई आपत्ति नहीं है।
———
सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष में 51 हजार चार सौ बासठ करोड़ रुपए अतिरिक्त व्यय करने के लिए संसद से अनुमति मांगी हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज लोकसभा में दूसरे चरण की अनुपूरक अनुदान मांग पेश की।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छात्रों से रोजगार पाने के स्थान पर देने की मानसिकता अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा है कि समय की मांग के अनुसार शिक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण परिवर्तन के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है। हरियाणा में हिसार के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत में राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि नई शिक्षा नीति से विद्यार्थियों में मौलिक सोच और रचनात्मक क्षमता में वृद्धि होगी तथा रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान होंगे।
शिक्षा केवल ज्ञान और कौशल प्राप्त करने का साधन नहीं है। शिक्षा मनुष्य के भीतर नैतिकत, करूणा और सहिष्णुशीलता जैसे जीवन मूल्यों को विकसित करने का माध्यम भी है। शिक्षा आपको रोजगार के योग्य बनाने के साथ–साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक भी कराती है। उद्यमशीलता की मानसिकता आपको अवसरों की पहचान करने, जोखिम उठाने और मौजूदा समस्याओं के रचनात्मक समाधान खोजने में सक्षम बनाती है।
———-
केन्द्र ने कहा है कि प्रयागराज में हाल ही में संपन्न महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम पर गंगा का पानी स्नान के लिए उपयुक्त था। पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आज लोकसभा में यह जानकारी दी।
———
सरकार ने कहा है कि ई-श्रम पोर्टल पर 30 करोड़ 68 लाख से अधिक असंगठित कामगार पंजीकृत हो चुके हैं। असंगठित कामगारों का एक व्यापक राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने के लिए वर्ष 2021 में यह पोर्टल शुरू किया गया था। लोकसभा में श्रम और रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि कुल पंजीकृत कामगारों में 53 प्रतिशत से अधिक महिलाएँ हैं।
———
उत्तर रेलवे, होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए 400 से अधिक विशेष रेलगाड़ियां चला रहा है। नई दिल्ली में आज उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
इस बार उत्तर रेलवे द्वारा चार सौ से ज्यादा अनाउंस्ड स्पेशल ट्रेनों स्पेशल ट्रेन्स का संचालन किया जा रहा है। ये वो स्पेशल ट्रेन्स हैं अनाउंस, जो उत्तर रेलवे द्वारा चलाई जाएंगी। इसके अलावा जो और रेलवे के द्वारा जैसे ईस्ट सेंट्रल रेलवे, नॉर्दन रेलवे, सर्दन रेलवे, ऐसे अलग–अलग जो रेलवे जोन हैं, उनके द्वारा जो ट्रेन चलाई जाएंगीं, नॉर्दन रेलवे की तरफ, वो अलग हैं। ट्रेन ऑन डिमांड भी चलाई जाएंगी।
——-
रूस ने आज ब्रिटेन के दो राजनयिकों को जासूसी के आरोप में दो सप्ताह के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है। राजनयिकों पर गलत व्यक्तिगत डेटा प्रदान करने और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाने का आरोप लगाया है लेकिन उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं दिया गया। इस बीच, ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने रूस के आरोपों को खारिज करते हुए इसे दुर्भावनापूर्ण और निराधार बताया।
———
आर्मेनिया के विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान ने कहा है कि दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू के लिए काम जारी हैं। श्री मिर्जोयान ने आज नई दिल्ली में सप्रू हाउस व्याख्यान में कहा कि आर्मेनिया की अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा परियोजना और चाबहार बंदरगाह विकास मिशन के साथ बातचीत और सहयोग बढ़ाने में गहरी दिलचस्पी है।
——–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गायक गरिमेला बालकृष्ण प्रसाद के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने कहा कि गरिमेला बालकृष्ण प्रसाद की प्रस्तुतियों ने असंख्य दिलों को छुआ है। शास्त्रीय भक्ति गायक गैरीमेला बालकृष्ण प्रसाद का कल निधन हो गया था।
———
मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले में स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान को प्रदेश का नया बाघ अभयारण्य घोषित किया गया है।मुख्यमंत्री मोहन यादव और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज एक बाघिन को अभयारण्य में छोड़ा। मुख्यमंत्री ने उद्यान की सुरक्षा के लिए बनाई गई 13 किलोमीटर लंबी दीवार का भी लोकार्पण किया।
———
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने महाराष्ट्र विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। इसमें उद्योग, बुनियादी ढांचा, कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए प्रमुख प्रावधान किए गए हैं। श्री पवार ने कहा कि बजट प्रस्ताव ‘विकसित भारत – विकसित महाराष्ट्र‘ के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
———-
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय ने आबकारी नीति घोटाला मामले में 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके बेटे और करीबी सहयोगियों के आवासों पर तलाशी ली गई। यह घोटाला विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गबन किए गए कुल दो हजार करोड़ रुपये से संबंधित हैं।
——–
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 217 अंक घटकर 74 हजार 115 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 बानवे अंक कम होकर 22 हजार 460 दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 45 पैसे कमजोर होकर 87 रुपये 33 पैसे पर बंद हुआ।
——-
महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 180 रन का लक्ष्य दिया है। मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बनाएं।
———
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन की यात्रा पर आज रात रवाना होंगे। श्री मोदी ने हिंद महासागर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए मॉरीशस के साथ संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया।
- संसद ने रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 पारित किया। विधेयक में रेलवे बोर्ड की कार्यप्रणाली और स्वतंत्रता को बढ़ाने की मांग की गई है।
- लोकसभा ने समुद्री क्षेत्र में वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लदान विधेयक 2024 पारित किया।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छात्रों से रोजगार पाने की जगह देने की मानसिकता अपनाने का आह्वान किया।
- रूस ने जासूसी के आरोपों पर ब्रिटेन के दो राजनयिकों को निष्कासित किया।
- मुंबई में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मैच जारी।
———