Download
Mobile App

android apple
signal

March 9, 2025 10:24 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला जारी।

  • केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने जम्मू में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा।

  • सीरिया के सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच झड़पों में एक हजार से अधिक लोगों की मौत।

  • गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल आज से शुरु।

 

——————–

 

दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मैच खेला जा रहा है। न्‍यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 252 रन का लक्ष्‍य दिया है और अगर ताजा समाचार हम देखे तो इस समय 36 ओवर का खेल समाप्‍त हो चुका है। और भारत ने तीन विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी शुरुआत दमदार की और कप्‍तान रोहित शर्मा ने 83 गेंदों में सात चौकों और 3 छक्‍कों की मदद से शानदार 76 रन की पारी खेली। उनका साथ देते हुए शुभमन गिल ने 31 रन बनाए। इसके बाद भारत के लिए एक बडा झटका विराट कोहली के रूप में रहा, जिन्‍होंने एक रन बनाया।

 

 

 

——————–

 

 

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा। सत्र का यह चरण 4 अप्रैल तक चलेगा जिसमें 20 बैठकें होंगी। वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन कल मणिपुर के लिए बजट पेश करेंगी। पिछले महीने मुख्यमंत्री एन० बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सत्र के दौरान वित्तवर्ष 2025-26 के लिए अनुदान मांगों और संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा और मतदान किया जाएगा।

 

 

“बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान वित्तीय काम-काज के अलावा विभिन्‍न महत्‍वपूर्ण विधेयको पर भी चर्चा होगी। इनमें विधि संशोधन विधेयक, तटीय नौवहन विधेयक, आव्रजन और विदेशी विधेयक तथा रेलवे (संशोधन) विधेयक शामिल हैं। बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से शुरू हुआ जो 13 फरवरी तक चला। सत्र की शुरुआत संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण से हुई। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी को केंद्रीय बजट 2025-26 लोकसभा में पेश किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। वहीं, वक्फ (संशोधन) विधेयक 2024 पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट भी लोकसभा में पेश की गई। बजट सत्र के पहले चरण के दौरान लोकसभा की उत्‍पादकता एक सौ बारह प्रतिशत रही। आनंद कुमार के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”

 

 

——————–

 

 

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आज जम्मू में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में क्षेत्र के सुरक्षा परिदृश्य, आतंकवाद विरोधी अभियानों और उभरते खतरों पर ध्यान केंद्रित किया गया। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात और आईजी भीम सेन टूटी और वीके बिरदी सहित शीर्ष अधिकारी बैठक में शामिल हुए। चर्चा किए गए प्रमुख बिंदुओं में आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करना, आतंकवाद विरोधी रणनीतियों की समीक्षा करना और विशेष रूप से घुसपैठ के आसपास उभरते खतरों को संबोधित करना शामिल था। इसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में शांति और स्थिरता बनाए रखने के उपायों को बढ़ाना है।

 

 

 

——————–

     

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को दो दिन की यात्रा पर मॉरीशस जाएंगे। श्री मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

 

 

“यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मॉरीशस के राष्‍ट्रपति धर्मवीर गोखुल से मिलेंगे और प्रधानमंत्री नवीन चन्‍द्र राम गुलाम तथा अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं के साथ विचार विमर्श करेंगे। वे मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री शिव सागर राम गुलाम और पूर्व राष्ट्रपति अनिरूद्ध जगन्‍नाथ को श्रद्धांजलि देने के लिए शिव सागर राम गुलाम बॉटनिकल गार्डन जाएंगे। प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर मॉरीशस के लोगों में काफी उत्साह है। मॉरीशस मे मोरीशेश्वर शिव मंदिर के प्रभारी सतीश दयाल ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि भारतीय मूल के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वैश्विक मामलों में नेतृत्व पर गर्व महसूस करते हैं। मॉरिशस से विकल्‍प शुक्‍ला की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत। “

 

 

——————–

     

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब की तीन दिन की यात्रा पर जाएंगी। पहले दिन राष्ट्रपति हिसार में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। राष्‍ट्रपति ब्रह्मकुमारीज के स्वर्ण जयंती समारोह पर उनके राज्य स्तरीय अभियान ‘समग्र कल्याण के लिए आध्यात्मिक शिक्षा’ का शुभारंभ भी करेंगी। अगले दिन राष्ट्रपति बठिंडा में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय और अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्‍थान के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

 

——————–

     

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मिथिला की धरती ज्ञान, संस्कार और शोध की धरती है। उन्होंने यह बात गुजरात के गांधीनगर में आयोजित शाश्वत मिथिला महोत्सव 2025 में कही। श्री शाह ने कहा कि मिथिलांचल में संवाद से समाधान की परंपरा स्थापित हुई है।

 

और लोकतंत्र की एक मजबूत ताकत मिथलांचल ने खडी की और सालो तक पूरे देश और दुनिया को संदेश देती रही है। मिथला एक प्रकार से शास्त्रार्थ की भी भूमि रही। राजा जनक और आद्य वल शास्त्रार्थ हो जो मंडन मिश्र और शंकराचार्य जी का शास्त्रार्थ हो। संवाद से समाधान की परम्‍परा समग्र विश्‍व के अंदर सबसे गुप्‍त तरह से हुई है, जो मिथलांचल में हुई है।

 

 

——————–

     

 

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज देश में ड्राइवरों के लिए एक सहकारी संगठन बनाने की सरकारी योजना की घोषणा की। श्री शाह ने अहमदाबाद जिला सहकारी-एडीसी बैंक के स्वर्ण शताब्दी समारोह में कहा कि सरकार का लक्ष्‍य अगले पांच वर्ष में दो लाख सेवा सहकारी समितियों और प्राथमिक दूध उत्पादक समितियों को सहकारी आंदोलन में एकीकृत करना है।

 

 

——————–

     

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सभी के लिए स्वास्थ्य सुनिश्चित करने और देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की है। श्री नड्डा ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण संस्थान के 48वें वार्षिक समारोह को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि यह संस्‍थान देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता निर्माण गतिविधियों के संचालन में अग्रणी है।

 

 

——————–

     

 

सीरिया में, देश के सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच हुई झड़पों में मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई है। गुरुवार को लताकिया प्रांत में शुरू हुई झड़पें अब भूमध्यसागर तट तक फैल गई हैं। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा है कि सात सौ 45 नागरिकों के अलावा, सरकारी सुरक्षा बलों के एक सौ 25 सदस्य और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर असद से जुड़े सशस्त्र समूहों के एक सौ 48 लोग मारे गए हैं। समूह ने बताया कि लताकिया के कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित है।

 

 

——————–

  

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड के अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य की कामना की है। राष्‍ट्रपति ने आज उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ से मुलाकात की और उप-राष्‍ट्रपति के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित एम्स में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की। उपराष्ट्रपति धनखड़ को बेचैनी की शिकायत के बाद कल रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों ने बताया कि श्री धनखड़ की हालत फिलहाल स्थिर है।

 

 

——————–

     

 

इंदौर नगर निगम के आयुक्त शिवम वर्मा ने आज कहा कि उनका संगठन देश के अन्य शहरी स्थानीय निकायों के साथ कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के संबंध में अनुभव साझा करने और उनका मार्गदर्शन करने के लिए तैयार है। श्री वर्मा ने गैर सरकारी संगठन सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन द्वारा पटना में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के पूर्ण सत्र में अपने विचार व्यक्त किए। आयुक्त ने कहा कि इंदौर ने अपने बेहतरीन कचरा पृथक्करण और कचरा आधारित राजस्व मॉडल के मूल सिद्धांत के कारण पिछले कई स्वच्छ भारत सर्वेक्षणों में भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना दर्जा बरकरार रखा है।

 

“एक रोबर्स हमारा जो आईसी मकैनिजम है, लोगों को सिखाते हैं। जो सेंग्रेटिव बेसिस नहीं देते हैं उनका कचरा हम नहीं लेते हैं। उनको पेनेलाइज करते हैं और पेनल्टी उतनी लगाते हैं कि इंदौर शहर में डेली तीन साढे तीन लाख की पेनल्‍टी लगती है। चूकी हम लोग सोचते हैं कि कम से कम हम अपनी चीजों को काउंट करते हैं तो तीन दिन में कचरे की गाडी खरीद लेते हैं, उतनी पेनल्‍टी लगाते हैं हम लोग।”

 

 

——————–

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के गुलमर्ग में पांचवें खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2025 के दूसरे चरण की आज औपचारिक शुरूआत हुई। यह प्रतियोगिता 12 मार्च तक चलेगी। इन खेलों में देशभर के 550 से अधिक खिलाड़ी हिस्‍सा ले रहे हैं।     खेलों के पहले दिन पिछले चैंपियन सेना की टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरूआत की। आज उसने दो स्‍वर्ण, दो रजत और तीन कांस्‍य पदक जीते। हिमाचल प्रदेश ने एक स्‍वर्ण, एक रजत और एक कांस्‍य पदक पर कब्‍जा किया। मेजबान जम्‍मू और कश्‍मीर ने पहले दिन एक स्‍वर्ण और एक रजत पदक जीता।

 

——————–

     

 

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला जारी।

  • केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने जम्मू में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरू होगा।

  • सीरिया के सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच झड़पों में एक हजार से अधिक लोगों की मौत।

  • गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल आज से शुरु।

 

********