Download
Mobile App

android apple
signal

March 8, 2025 9:54 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – विकसित भारत का निर्माण आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी, स्वतंत्र और सशक्त महिलाओं के बल पर ही किया जा सकता है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नवसारी में लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान ढाई लाख से अधिक महिलाओं को 450 करोड़ रुपये वितरित किए।

  • सीरिया के तटीय लताकिया क्षेत्र में संघर्ष में 500 से अधिक लोगों की मौत।

  • भारतीय महिला कबड्डी टीम ने पांचवीं बार एशियाई चैंपियन का खिताब जीता।

  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में लखनऊ में जारी मुकाबले में अब रॉयल चैलेंजर्स के साथ मैच में यूपी वारियर्स ने अब तक 16 ओवर में 2 विकेट पर 188 रन बना लिए हैं।

***

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कार्यबल में महिलाओं की अधिक भागीदारी पर जोर दिया है। उन्‍होंने महिलाओं की प्रगति में सहयोगी अवसर सृजित करने में समाज की भूमिका पर बल दिया। अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी शक्ति से विकसित भारत पर एक दिन के सम्‍मेलन का उद्घाटन करते हुए राष्‍ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी, स्वतंत्र और सशक्त महिलाओं के बल पर ही किया जा सकता है।

 

 

हमारी बेटियां विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपना पूरा योगदान दे रही हैं, इसके लिए जरूरी है कि समाज उन्‍हें आगे बढ़ने के लिए और भी अच्‍छा वातावरण प्रदान करे।

राष्‍ट्रपति ने कहा कि केन्‍द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है कि देश की महिलाएं राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्‍त हों और वि‍कसित भारत का स्‍वप्‍न साकार करने में सक्षम हों। उन्‍होंने कहा कि लोकसभा और राज्‍य विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान एक ऐतिहासिक कदम है।

 

 

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान उनके राजनैतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। जमीनी स्‍तर पर महिलाओं को सशक्‍त बनाने के लिए स्‍वयं सहायता समूहों से उन्‍हें जोड़ा जा रहा है। वे आर्थिक आत्‍मनिर्भरता प्राप्‍त करें। इसके लिए लखपति दीदी कार्यक्रम चल रहा है। नमो ड्रोन दीदी योजना भी महिलाओं के आर्थिक और तकनीकी सशक्तिकरण का माध्‍यम बना रहे।

 

राष्‍ट्रपति ने कहा कि अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अमूल्‍य योगदान को सम्‍मानित करने और स्‍त्री पुरूष समानता को और सुदृढ करने का अवसर है।

 

***

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बधाई दी है। राष्‍ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि यह महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करने का दिन है।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं, जो अपने समर्पण और नेतृत्व से बदलाव लाती हैं। श्री मोदी ने अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर एक दिन के लिए अपने सोशल मीडिया एकाउंट का संचालन महिलाओं को सौंपा है।

 

 

***

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के नवसारी जिले में लखपति दीदी सम्‍मेलन के दौरान ढाई लाख से अधिक महिलाओं को चार सौ 50 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की। श्री मोदी ने पांच लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत, महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्‍होंने कहा कि सरकार हर कदम पर महिलाओं की गरिमा और कल्याण को सर्वोच्च महत्व दे रही है।

 

 

देश के करोड़ों लाभार्थियों के खातों में कितनी ही योजनाओं का पैसा सीधा उनके खातों में पहुंचा है। डायरेक्‍ट बेनेफिट ट्रांस्‍फर-डीबीटी के जरिए, हजारों करोड़ रुपये के घोटाले बंद हुए। गरीबों को मदद मिल रही है।

श्री मोदी ने घोषणा की कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों के अंतर्गत अगले पांच वर्षों में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

 

 

श्री मोदी ने गुजरात सरकार की दो राज्य पहल – जी-सफल यानी आजीविका बढ़ाने के लिए अंत्योदय परिवारों के लिए गुजरात योजना और जी-मैत्री यानी ग्रामीण आय में परिवर्तन के लिए व्यक्तियों की गुजरात मेंटरशिप और त्वरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवसारी जिले में ‘लखपति दीदी’ योजना की दस लाभार्थियों के साथ बातचीत की।

 

***

दिल्ली सरकार ने गरीब महिलाओं को दो हजार पांच सौ रुपये देने के लिए महिला समृद्धि योजना को आज मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संवाददाता सम्‍मेलन में यह जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार की मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई। श्रीमती रेखा गुप्‍ता ने कहा कि इस योजना के क्रियान्वयन के लिए 5 हजार एक सौ करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।

 

***

आकाशवाणी समाचार आज एक अलग और अनूठे अंदाज में अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस मना रहा है। आज हिन्‍दी और अंग्रेजी के सभी समाचार बुलेटिन महिला समाचार वाचकों द्वारा प्रस्‍तुत किये जा रहे हैं। समाचार सेवा प्रभाग आज रात सवा नौ बजे से दस बजे एफएम गोल्‍ड पर अंतर्राष्‍ट्रीय महिला दिवस पर विशेष परिचर्चा प्रसारित करेगा।

 

कार्यक्रम में भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान की निदेशक प्रोफेसर अन्नपूर्णी सुब्रमण्यम, पद्मश्री पुरस्कार विजेता जोड़ी, कथक नृत्यांगना कमलिनी अस्थाना और नलिनी अस्थाना तथा कवियित्री अनामिका जोशी भाग लेंगी।

 

***

सीरिया में तटीय लताकिया क्षेत्र में सेना और अपदस्थ नेता बशर अल-असद के सशस्त्र समर्थकों के बीच संघर्ष में मृतकों की संख्या पांच सौ से अधिक हो गई है। ब्रिटेन में मानव अधिकारों की संस्‍था के अनुसार संघर्ष में अब तक लगभग एक सौ बीस विद्रोही और 93 सैनिक मारे जा चुके हैं। तीन सौ तीस नागरिकों के भी मारे जाने की खबर है। हालांकि, सीरिया के अधिकारियों ने मृतकों की संख्‍या की जानकारी नहीं दी है।

 

सीरिया के गुप्‍तचर सेवा के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन अपराधों की योजना के पीछे अपदस्‍थ सरकार से सम्‍बन्धित पूर्व सैन्‍य और सुरक्षा अधिकारियों का हाथ है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सैन्‍य बलों ने तेजी से कार्रवाई की है और उन क्षेत्रों पर नियंत्रण कर लिया है जहां सुरक्षा बलों पर हमले हुए थे।

 

 

***

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मंगलवार से मॉरिशस की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। आज शाम नई दिल्‍ली में संवाददाताओं से बातचीत में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि 2015 के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली मॉरिशस यात्रा है। श्री मिस्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में दोनों देशों के बीच संबंध काफी प्रगाढ़ हुए हैं और इस यात्रा से दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए जाएंगे।

 

***

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि भारत आत्मविश्वास से भरपूर है तथा व्यापार, गतिशीलता, निवेश, पर्यटन और छात्र सहभागिता को बढ़ावा देने के मामले में और अधिक काम करना चाहता है। डॉ. जयशंकर ने आज ब्रिटेन के मैनचेस्टर में भारतीय समुदाय और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और कहा कि भारत-ब्रिटेन संबंधों के और गहरा होने की अपार संभावनाएं हैं।

 

***

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत हमेशा अपने पडोसी देशों के साथ सौहार्दपूर्ण सम्‍बन्‍ध बनाए रखने के पक्ष में रहा है और बांग्‍लादेश उसका अपवाद नहीं है। एक समाचार एजेंसी के साथ साक्षात्‍कार में आज श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने हमेशा अपने पडोंसियों के साथ मधुर सम्‍बन्‍ध बनाए रखने की कोशिश की है।

 

 

बंग्‍लादेश हमारा पड़ौसी देश है हमारी कोशिश तो रहती ही है अपने पड़ौसियों से रिश्‍ते अच्‍छे बनाकर रखने की, हमारा पड़ौसी है बंग्‍लादेश तो उसके साथ अच्‍छे रिश्‍ते बनाकर रखना ही चाहिए।

 

***

भारत ने छठी एशियाई महिला कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। तेहरान में आज  फाइनल में भारत ने ईरान को 32-25 से पराजित किया। इससे पहले भारत ने कल सेमीफाइनल में नेपाल को हराया था। भारतीय टीम ने प्रतियोगिता का पांचवीं बार खिताब जीता है।

 

****


उधर
, लखनऊ में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में वर्तमान चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के साथ मैच में यूपी वॉरियर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 18 ओवर में 3 विकेट पर 206 रन बना लिये हैं। आज बैंगलुरू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

 

***

चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट के फाइनल में कल दोपहर ढाई बजे से भारत का मुकाबला न्‍यूजीलैंड से होगा। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया को और न्‍यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराया था। प्रतियोगिता में अपने सभी मैच जीतने वाली भारतीय टीम ने ग्रुप मैच में न्‍यूजीलैंड को हराया था।

 

****

मौसम विभाग ने कल पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने का पूर्वानुमान लगाया है।

 

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – विकसित भारत का निर्माण आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी, स्वतंत्र और सशक्त महिलाओं के बल पर ही किया जा सकता है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के नवसारी में लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान ढाई लाख से अधिक महिलाओं को 450 करोड़ रुपये वितरित किए।

  • सीरिया के तटीय लताकिया क्षेत्र में संघर्ष में 500 से अधिक लोगों की मौत।

  • भारतीय महिला कबड्डी टीम ने पांचवीं बार एशियाई चैंपियन का खिताब जीता।

  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में लखनऊ में जारी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स के साथ मैच में यूपी वारियर्स ने अब तक 18 ओवर में 3 विकेट पर 206 रन बना लिए हैं।

 

***