Download
Mobile App

android apple
signal

March 7, 2025 9:54 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन, दीव और दादरा नगर हवेली में ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

 

  • प्रधानमंत्री ने देश को एनीमिया और कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए हर परिवार को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

 

  • विदेश मंत्रालय ने कहा भारत और अमरीका बहुक्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं।

 

  • सरकार ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा बढाने और भीड़ को नियंत्रित करने के कई उपायों की घोषणा की।

 

 

  • सीरिया में सुरक्षा बलों और बशर अलअसद के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पों में 70 से ज़्यादा लोगों की मौत।

 

  • भारतीय महिला टीम तेहरान में एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचीं।

———-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन, दीव और दादरा नगर हवेली के सिलवासा में दो हजार 587 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने सिलवासा में 450 बिस्तरों वाले नमो अस्पताल और अनुसंधान केंद्र के पहले चरण का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने दादरा और नगर हवेली, दीव और दमन को देश की धरोहर बताया है। सिलवासा में आज उन्होंने कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश ने विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे, संचार, स्वास्थ्य सेवा और पर्यटन के क्षेत्र में विकास करने में एक अनूठी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में चल रही विभिन्न पर्यटन परियोजनाओं का उल्‍लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश देश के लोकप्रिय पर्यटक आकर्षणों में से एक बन गया है।

 

यहां की समृद्ध विरासत देशविदेश के पर्यटकों को यहां ला रहे हैं। दमन में रामसेतु, नमोपथ और टेंट सिटी के विकास से इस क्षेत्र का आकर्षण बढ़ा है और अब तो दीव जिले में केबल कारका विकास किया जा रहा है। यानी हमारा दादरा नागर हवेली और दमन दीव भारत के सबसे बेहतरीन टूरिस्‍ट डेस्‍टीनेशन में शामिल हो रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और लोगों को सस्ती कीमतों पर दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए जन-औषधि केंद्रों के नेटवर्क का विस्तार करने के लिए सरकार के प्रयासों का भी उल्‍लेख किया। 

 

हमारी सरकार अच्छे अस्पताल भी बनवा रही है, आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा भी दे रही है और जनऔषधि केन्द्रों के जरिए सस्ती दवाएं भी दे रही हैं। इसके लिए देशभर में 15 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्रों पर 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर लोगों को दवाइयां मिल रही हैं।

 

बाद में, प्रधानमंत्री ने गुजरात के सूरत में सूरत जिला खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्‍होंने देश के प्रत्येक परिवार को पर्याप्त पोषण प्रदान करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।  

 

हमारा लक्ष्‍य देश के हर परिवार को पर्याप्‍त पोषण देने का, ताकि कुपोषण और एनिमिया जैसी बडी  समस्‍याओं से देश मुक्‍त हो सके। पीएम पोषण स्‍कीम के तहत करीब बारह करोड़ स्‍कूली बच्‍चों को पोषक आहार दिया जा रहा है। सक्षम आंगनवाडी कार्यक्रम के तहत छोटे बच्‍चों, माताओं, गर्भवती महिलाओं के पोषण की चिंता की जा रही है।

———-

विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि भारत और अमरीका कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय व्यापार के लिए समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं। आज नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि द्विपक्षीय व्‍यापार समझौतो का उद्देश्‍य दोनों देशों के बीच व्यापार को मजबूत करना, बाजार तक पहुंच बढ़ाना, टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को कम करना तथा आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करना है। 

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ब्रिटेन यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा में चूक के मुद्दे पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने ब्रिटेन के अधिकारियों के सामने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना ऐसी ताकतों को दी जा रही छूट को उजागर करती है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत एक स्थिर, शांतिपूर्ण, समावेशी और प्रगतिशील बांग्लादेश का समर्थन करता है, जिसमें सभी मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीकों से हल किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत वहां बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में चिंतित है। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत लगातार यह कहता आया है कि हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के साथ-साथ उनकी संपत्तियों और धार्मिक संस्थानों की रक्षा करना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी है। श्री जायसवाल ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर कहा कि आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया के लिए अमरीकी सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।

———

रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए भीड़ को नियंत्रण करने के कई उपायों की घोषणा की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में आज एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया।

 

रेलवे ने 60 स्टेशनों के बाहर स्थायी प्रतीक्षा क्षेत्र बनाने का फैसला किया है। इसके लिए नई दिल्ली, आनंद विहार, वाराणसी, अयोध्या और पटना स्टेशनों पर पायलट प्रोजेक्ट पहले ही शुरू किए जा चुके हैं। इसके अलावा, 60 स्टेशनों पर प्रवेश नियंत्रण शुरू किया जाएगा। केवल कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर सीधे प्रवेश की अनुमति होगी। वेटिंग लिस्ट टिकट वाले या बिना टिकट वाले यात्रियों को स्टेशन के बाहर चिन्हित क्षेत्रों में इंतजार करना होगा। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए स्टेशनों पर नए डिजाइन वाले फुट ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। प्रमुख स्टेशनों पर अब वॉर रूम होंगे, जहां विभिन्न रेलवे विभागों के अधिकारी भीड़ बढ़ने और आपात स्थिति के दौरान समन्वय स्थापित करेंगे। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

———

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। तमिलनाडु के थक्कोलम में केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सीआईएसएफ के 56वें ​​स्थापना दिवस पर गृह मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु ने राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री शाह ने तमिल भाषा में मेडिकल की पढ़ाई शुरू न करने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की आलोचना की।

 

देश के भाषाभाषी भाषाओं में पढ़ने वाले हर युवा को एक बात जरूर बताना चाहता हूं। अब तक सीएपीएफ की भर्ती में आपकी मातृ भाषा का स्‍थान नहीं था। नरेन्‍द्र मोदी जी ने निर्णय किया कि सभी आठवीं सूची की अनुसूची की भाषाओं में अब हमारे युवा परीक्षा दे पाएंगे। तमिलनाडु के युवा भी अब तमिल में परीक्षा दे पाएंगे।  

———

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज डबलिन में आयरलैंड के विदेश मंत्री साइमन हैरिस से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों ने भारत-आयरलैंड द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की, जिसमें संबंधों को और मजबूत करने के लिए एक नई कार्य योजना शामिल है। दोनों मंत्री व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी संबंधों को और मजबूत करने के लिए एक संयुक्त आर्थिक आयोग स्थापित करने पर सहमत हुए। 

———

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च से मॉरीशस की दो दिन की यात्रा पर रहेंगे। वे 12 मार्च को मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और मॉरीशस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।

———

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज बजट पेश करते हुए महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, कमजोर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाने और शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाओँ की घोषणा की। हमारे संवाददाता ने बताया कि सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना के तहत सभी परिवारों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली को मंजूरी दी है। इसके अलावा पहली अप्रैल से अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को हर महीने 10 किलो मुफ्त राशन मिलेगा। पहली अप्रैल से जम्मू-कश्मीर की सभी महिलाएं ई-बसों सहित सरकारी परिवहन पर मुफ्त यात्रा के लिए पात्र होंगी।

———

भारतीय वायुसेना का एक जगुआर विमान आज अंबाला में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। भारतीय वायुसेना के अनुसार एक नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। पायलट विमान को रिहायशी इलाके से सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहा। भारतीय वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।

———

सीरिया के लताकिया प्रांत में सीरियाई सुरक्षा बलों और अपदस्थ शासक बशर अल-असद के समर्थक बंदूकधारियों के बीच हिंसक झड़पों में 70 से अधिक लोग मारे गए, इनमें 16 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। झड़पें तब शुरू हुईं जब असद-युग के कमांडर सुहैल अल-हसन से जुड़े बंदूकधारियों ने सुरक्षा गश्ती दल और चौकियों पर हमला किया। जवाब में, सरकारी बलों ने लताकिया के एक गांव पर हेलीकॉप्टर से हमले किए।

———

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि यह दिन महिला शक्ति की उपलब्धियों तथा देश और समाज में उनके अद्वितीय योगदान का सम्मान करने का अवसर है। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव हैं।

———

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम ने अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं के लिए साइबर सुरक्षा पुस्तिका जारी की है। इस पुस्तिका में महिलाओं के लिए साइबर सुरक्षा के बारे में आवश्‍यक जानकारी उपलब्‍ध है।

——–

आकाशवाणी समाचार कल अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस को एक अनूठे तरीके से मनाएगा। आज मध्यरात्रि से 24 घंटे तक सभी अंग्रेजी और हिंदी समाचार बुलेटिन महिला समाचार वाचकों द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे। इस दौरान अंग्रेजी और हिंदी में सभी मुख्य और प्रति घंटे के बुलेटिन और समाचार पत्रिका का कार्यक्रम भी महिला समाचार वाचकों द्वारा पढ़े जाएंगे। कल दिन के समय अंग्रेजी और हिंदी समाचार कक्ष का पूरा कामकाज महिला कर्मियों द्वारा संभाला जाएगा।

——–

आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने आकाशवाणी मैसूर द्वारा नौ दशकों से कन्नड़ भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। वे आज आकाशवाणी मैसूर की 90वीं वर्षगांठ पर आयोजित नुदी नाडा संगमा कार्यक्रम के उद्घाटन पर बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी मैसूर 1935 से कर्नाटक के सांस्कृतिक, सामाजिक और बौद्धिक परिदृश्य को आकार दे रहा है।

——–

और अब खेल खबरें भारत तेहरान में एशियाई महिला कबड्डी चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गया है। पहले सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 56-18 से पराजित किया। फाइनल में भारत का मुकाबला ईरान से होगा। ईरान ने सेमीफाइनल में बांग्‍लादेश को हराया।

——–

अरविंद चिदंबरम ने प्राग शतरंज मास्टर्स का खिताब जीत लिया है। अरविंद ने कुल छह अंक हासिल किए। अंतिम दौर में अरविंद ने एडिज़ गुरेल के साथ ड्रॉ खेला। वहीं आर प्रज्ञानानंदा को आखिरी बाजी में नीदरलैंड के अनीश गिरि के हाथो हार का सामना करना पड़ा।

——–

फ्रांस में ऑर्लियंस मास्टर्स बैडमिंटन में आयुष शेट्टी सिंगल्‍स सेफीफाइनल में पहुंच गए हैं। क्‍वार्टर फाइनल में उन्‍होंने डेनमार्क के रासमस गेम्के को हराया।

——–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन, दीव और दादरा नगर हवेली में ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

 

  • प्रधानमंत्री ने देश को एनीमिया और कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए हर परिवार को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

 

  • विदेश मंत्रालय ने कहा भारत और अमरीका बहुक्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में हैं।

 

  • सरकार ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा बढाने और भीड़ को नियंत्रित करने के कई उपायों की घोषणा की।

 

 

  • सीरिया में सुरक्षा बलों और बशर अलअसद के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पों में 70 से ज़्यादा लोगों की मौत।

 

  • भारतीय ग्रैंड मास्‍टर अरविंद चिदंबरम ने प्राग शतरंज मास्टर्स 2025 शतरंज का खिताब जीता।

****