Download
Mobile App

android apple
signal

March 6, 2025 9:43 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय सहकारी क्षेत्र के विस्तार के लिए वैश्विक सहकारी संगठनों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
  • इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अगले तीन से चार वर्षों में अपना खुद का ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट विकसित करेगा।
  • पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा बब्बर खालसा आतंकवादी उत्तर प्रदेश में पकड़ा गया।
  • यूरोपीय संघ के नेताओं ने अमेरिकी सैन्य सहायता रोके जाने के बाद यूक्रेन का समर्थन करने के लिए आपातकालीन बैठक की।
  • इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में हैदराबाद एफसी और पंजाब एफसी के बीच मैच हैदराबाद में जारी।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत की उपलब्धियों और सफलताओं से दुनिया भर में उम्मीद की एक नई किरण दिखाई दी है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कह रही है कि यह भारत का युग है। प्रधानमंत्री इस समय नई दिल्ली में एक निजी समाचार चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय सहकारी क्षेत्र के विस्तार के लिए वैश्विक सहकारी संगठनों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने सहकारी संगठनों के माध्यम से जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के महत्व पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ने आज देश में सहकारी क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

 

बैठक दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कृषि पद्धतियों में सुधार के लिए निर्यात पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। इसके अलावा मृदा परीक्षण मॉडल विकसित करने का भी सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने वित्तीय लेनदेन को सुविधाजनक बनाने के लिए यूपीआई को रुपे और किसान क्रेडिट कार्ड के साथ जोडने के महत्व का भी उल्‍लेख किया। उन्होंने सहकारी खेती को अधिक टिकाऊ कृषि मॉडल के रूप में बढ़ावा देने पर जोर दिया और सहकारी क्षेत्र में कृषि तथा संबंधित गतिविधियों के विस्तार के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचेएग्रीस्टैक के उपयोग की सिफारिश की। श्री मोदी ने स्‍कूलों, कॉलेजों और प्रबंधन संस्‍थानों में सहकारी पाठ्यक्रम शुरू करने के साथसाथ भावी पीढियों को प्रेरित करने के लिए सफल सहकारी संगठनों को बढावा देने का भी प्रस्‍ताव रखा। दीपेन्‍द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

—-

 

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत अगले 3 से 4 वर्ष में अपना खुद का ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट-जीपीयू विकसित कर लेगा। श्री वैष्णव ने नई दिल्ली में एआई कोष, एआई कंप्यूट पोर्टल और अन्य एआई-आधारित पहलों का शुभारंभ करते हुए कहा कि मंत्रि‍मंडल ने एक वर्ष पहले इंडिया एआई मिशन को मंजूरी दी थी और अब तक देश ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में बहुत कुछ हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने दस हजार जीपीयू का लक्ष्य रखा था लेकिन अब यह आंकडा 14 हजार तक पहुंच गया है।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में भारत सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और दूरसंचार जैसे प्रमुख प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में दुनिया के शीर्ष पांच देशों में शामिल हो जाएगा।

 

—-

 

इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत लंबे समय से सॉफ्टवेयर निर्माण में वैश्विक रूप से अग्रणी देश रहा है और अब हम हार्डवेयर विनिर्माण में भी तेजी से प्रगति कर रहे हैं। एक राष्ट्रीय दैनिक में अपने लेख में उन्‍होंने बताया कि इस साल पहली मेक इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप तैयार करने के साथ भारत जल्‍द ही एक बड़ी महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर लेगा।

 

—-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री वैष्णव के लेख विकसित भारत के लिए डिजिटल राह की सराहना की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लेख में विस्तार से बताया गया है कि देश डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर विशेष ध्यान देते हुए अपने डिजिटल भविष्य को किस प्रकार आकार दे रहा है।

 

—-

 

भारत विश्व स्तरीय आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस अवसंरचना, स्टार्टअप और नवोन्‍मेषकों के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठा रहा है। इंडिया ए आई मिशन और ए आई के लिए उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना जैसी पहल देश के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर रही है। ये प्रयास 2047 तक विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, जिसमें आर्थिक विकास, शासन और सामाजिक प्रगति के लिए अत्याधुनिक तकनीक का लाभ उठाया जाएगा। सरकार ने ए आई क्षमताओं को मजबूत करने के लिए पांच वर्षों में 10 हजार तीन सौ करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। एक अनुमान के अनुसार देश का ए आई उद्योग 2025 तक 28 दशमलव 8 अरब अमरीकी डॉलर तक पहुँच जाएगा, जिसकी वार्षिक वृद्धि दर 45 प्रतिशत होगी।

 

—-

 

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल-एस. टी. एफ. और पंजाब पुलिस ने आज उत्‍तर प्रदेश के कौशाम्‍बी जिले में एक संयुक्त अभियान में बब्बर खालसा इंटरनेशनल और आईएसआई मॉड्यूल के एक सक्रिय आतंकवादी लजार मसीह को गिरफ्तार किया। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपी मसीह ने प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान बड़े आतंकी हमले की साजिश रची थी।

 

महाकुंभ के आयोजन के पहले ऐसे विघटनकारी तत्‍वों के द्वारा जो कि देश व विदेश में मौजूद थे उनके द्वारा गडबडी फैलाने की तथा कुछ ऐसी घटना पारित करने की सूचना दी गई थी। इसी के क्रम में एक महत्‍वपूर्ण सफलता उत्तर प्रदेश के एटीएस को मिली है। और ये कार्रवाई उत्‍तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ तथा पंजाब पुलिस के द्वारा ज्‍वाइंट ऑपरेशन में की गई है।

 

—-

 

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए नागरिकों को छुआछूत, जाति आधारित भेदभाव और असमानताओं से मुक्त होना होगा। नई दिल्ली में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला सम्मान को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि हम ऐसे समाज का निर्माण करना चाहते हैं, जिसमें कोई भेदभाव न हो।

 

सबको अधिकार है अपने विकास का और संविधान में फंडामेन्‍टल राइट्स भी हमको दिये हैं, और फ्रीडम्‍स भी दिये हैं। और इसके आधार में हम ऐसी समाज व्‍यवस्‍था निर्माण करना चाहते हैं कि जिसमें किसी भी व्‍यक्ति के साथ जाति पंत धर्म व भाषा सेक्‍स के आधार पर कोई भेद भाव न हो। हम यह भी चाहते है कि कोई व्‍यक्ति उसके जाति पंत धर्म व भाषा और सेक्‍स इससे बडा नहीं होता। उसके गुणों से बडा होता है। 

 

—-

 

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आज नई दिल्ली में जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 200 आदिवासी युवाओं से बातचीत की। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आदिवासी युवाओं के साथ बातचीत में श्री राय ने कहा कि देश के उग्रवाद प्रभावित जिलों में काफी विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि इन जिलों में सड़क और रेलवे का नेटवर्क विकसित किया गया है तथा नये स्‍कूल खोले गये हैं।

 

हम दस वर्षों में बहुत परिवर्तन देखे हैं, और बहुत कुछ किया गया है। सडकें दी गई हैं, टेलीफोन गया है, नेटवर्क गया है, टेलीविजन का नेटवर्क गया है और बहुत सारे स्‍कूल भी खुल गये हैं। वहां यातायात के बहुत जगहों पर ट्रेन भी गई हैं। बहुत जगह पर बस भी जाने लगी हैं, स्‍कूल भी खुले हैं। 

 

 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज विशाखापत्तनम में सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों के डिजिटल फुटप्रिंट के स्कोरिंग पर आधारित नए क्रेडिट असेसमेंट मॉडल का शुभारंभ किया। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय निर्यातकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

 

—-

 

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने आज अस्ताना में कजाखस्तान के सूचना और संस्कृति उप-मंत्री कनात इस्काकोव से मुलाकात की। उन्होंने श्री इस्काकोव को विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स-2025 में भाग लेने का निमंत्रण दिया। इस सम्‍मेलन का आयोजन एक से चार मई तक मुंबई में होना है।

 

—-

 

यूरोपीय संघ के नेताओं ने यूक्रेन के साथ समूचे यूरोप की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आपातकालीन वार्ता शुरू कर दी है। जर्मनी के संभावित अगले चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्‍स और शिखर सम्मेलन के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने ब्रुसेल्स में यूरोप की सुरक्षा को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। यूरोपीय नीति केंद्र ने कहा है कि अमरीका की नीति में हुए बदलावों के बाद यूरोप को अपनी सुरक्षा का स्‍वंय प्रबंधन करना चाहिए।

 

अमरीका ने यूक्रेन के साथ खुफिया जानकारी साझा करने पर रोक लगा दी है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता को सोमवार को निलंबित कर दिया था।

 

—-

 

बारबाडोस सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान उनके कुशल नेतृत्व और सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिष्ठित ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस पुरस्कार से सम्मानित किया है। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरीटा ने प्रधानमंत्री मोदी की ओर से ब्रिजटाउन, में आयोजित एक समारोह में यह पुरस्‍कार स्‍वीकार किया।

 

—-

 

बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स दशमलव आठतीन प्रतिशत की बढत से 74 हजार तीन सौ चालीस पर बंद हुआ और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी दशमलव नौतीन प्रतिशत की बढत से 22 हजार 545 पर बंद हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की मजबूती दर्ज करते हुए 87 रुपए 11 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर आ गया।

 

—-

 

और अब खेल खबरें हैदराबाद में इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में हैदराबाद एफसी का मुकाबला पंजाब एफसी से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक दूसरे हाफ में पंजाब एफसी दो-शून्‍य से आगे है।

 

 ————

 

लखनऊ में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में मुंबई इंडियन्‍स के साथ मैच में यूपी वारियर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 18वें ओवर में 7 विकेट पर 130 रन बना लिए हैं।

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारतीय सहकारी क्षेत्र के विस्तार के लिए वैश्विक सहकारी संगठनों के साथ साझेदारी को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
  • इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अगले तीन से चार वर्षों में अपना खुद का ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट विकसित करेगा।
  • पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा बब्बर खालसा आतंकवादी उत्तर प्रदेश में पकड़ा गया।
  • यूरोपीय संघ के नेताओं ने अमेरिकी सैन्य सहायता रोके जाने के बाद यूक्रेन का समर्थन करने के लिए आपातकालीन बैठक की।
  • इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में हैदराबाद एफसी और पंजाब एफसी के बीच मैच हैदराबाद में जारी।

 —–