Download
Mobile App

android apple
signal

March 5, 2025 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- नवाचार में निवेश देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण और एआई से अर्थव्यवस्था को लाखों करोड़ रुपये का बढ़ावा मिलेगा।

  • सरकार ने चार हजार करोड़ रुपये की लागत वाले केदारनाथ रोपवे को मंजूरी दी, इससे यात्रा का समय घटकर 36 मिनट रह जाएगा। पशुधन स्वास्थ्य कार्यक्रम को संशोधित किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ किया। कारीगरों और विरासत को बढ़ावा देने के लिए जन भागीदारी का आह्वान किया।

  • विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ बातचीत के बाद कहा कि अस्थिर दुनिया में स्थिरता और समृद्धि के लिए दोनों देशों के संबंध महत्वपूर्ण।

  • टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाडी अचंत शरत कमल ने संन्यास लेने की घोषणा की।

  • लाहौर में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में दूसरे सेमीफाइनल में न्‍यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा 363 रन का लक्ष्य दिया।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने निवेश में बुनियादी ढांचे और उद्योगों के समान ही लोगों, अर्थव्‍यवस्‍था और नवाचार को भी प्राथमिकता दी है। बजट के बाद एक वे‍बिनार में रोजगार पर श्री मोदी ने कहा कि लोगों में निवेश का लक्ष्‍य तीन स्‍तंभों- शिक्षा, कौशल और स्‍वास्‍थ्‍य सेवा पर आधारित है। उन्‍होंने कहा कि कई दशकों के बाद भारत की शिक्षा प्रणाली महत्‍वपूर्ण परिवर्तन से गुजर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार गुणवत्‍तापूर्ण स्‍वास्‍थ्‍य सेवा अंतिम छोर तक ले जाना चाहती है।

 

हमने इस बजट में दस हजार अतिरिक्‍त मेडिकल सीटों की घोषणा की है। हम अगले पांच सालों में मेडिकल लाइन में 75000 सीटें जोड़ने का टारगेट लेकर चल रहे हैं। सभी प्राइमरी हेल्‍थ सेंटर टेलीमेडिसिन सुविधा का विस्‍तार इन सब क्षेत्रों में हो रहा है। डे केयर कैंसर सेंटर और डिजिटल हैल्‍थकेयर इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर के जरिए हम क्‍वालिटि हैल्‍थकेयर को लास्‍ट माइल तक पहुंचाना चाहते हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि घरेलू और अंतर्राष्‍ट्रीय पर्यटन को बढावा देने के लिए बजट में कई निर्णय किये गये हैं। उन्‍होंने यह भी कहा कि भारत एआई क्षमताओं को विकसित करने के लिए विस्‍तृत राष्‍ट्रीय लैंग्‍वेज मॉडल स्‍थापित करेगा।

इस बजट में एआई ड्रिवेन एजुकेशन और रिसर्च के लिए पांच सौ करोड़ आवंटित किए गए हैं। भारत एआई की क्षमताओं को विकसित करने के लिए नेशनल लार्ज लैंग्‍वेज मॉडल की स्‍थापना भी करेगा। इस दिशा में हमारे प्राइवेट सेक्‍टर को भी दुनिया से एक कदम आगे रहने की जरूरत है।

*******

सरकार ने उत्‍तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ रोपवे के विकास को मंजूरी दे दी है। इसकी लंबाई 12 दशमलव 9 किलोमीटर होगी। मंत्रिमण्‍डल की बैठक के बाद नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना की कुल लागत चार हजार करोड़ रुपये से अधिक होगी।

 

8-9 आवर्स की जो जर्नी है दैड विल विकम य जर्नी ऑफ 36 मिनट्स। श्रद्धालुओं को तो बेनेफिट होगा ही होगा और साथ ही साथ बहुत बड़ा जो लोकल बिजनेसेज हैं उनको भी बेनेफिट होगा और जो दिव्‍यांगजन हैं और जो हमारे बुजुर्ग साथी हैं, उन सबके लिए भी एक बहुत बड़ी मेजर बे‍नेफिट इससे निकलेगा।

श्री वैष्‍णव ने बताया कि हेमकुंड साहिब रोपवे का भी विकास किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत दो हजार 730 करोड़ रुपये होगी और रोपवे की लंबाई 12 दशमलव 4 किलोमीटर होगी।

मंत्रिमंडल ने पशुधन स्‍वास्‍थ्‍य कार्यक्रम को भी संशोधित किया है। श्री वैष्‍णव ने बताया है कि सरकार ने पशुधन स्वास्थ्य और रोग निवारण के लिए तीन हजार 880 करोड़ रुपये लागत की योजना की घोषणा की है। टीकाकरण इस कार्यक्रम का प्रमुख क्षेत्र होगा।

 

पशु औषधी योजना बनाई गई है, जिससे कि क्‍वालिटि जेनेरिक मेडिसिन दिए जा सकें और उनके डिस्‍ट्रीब्‍यूशन के लिए जो किसान समृद्धि केन्‍द्र बने हैं और जो कॉपरेटिव सोसाइटीज हैं उनके माध्‍यम से पशु औषधी का डिस्‍ट्रीब्‍यूशन किया जाएगा। 

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमण्‍डल के फैसलों की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्‍तराखंड में इन रोपवे के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं का समय बचेगा बल्कि उनकी यात्रा भी अधिक सुविधाजनक होगी। श्री मोदी ने कहा कि संशोधित पशुधन स्वास्थ्य और रोग नियंत्रण कार्यक्रम से रोग नियंत्रण में सहायता मिलेगी, टीकाकरण कवरेज को बढ़ावा मिलेगा और पशुओं के लिए सस्ती दवाएं सुनिश्चित होंगी।

*******

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदारनाथ और हेमकुंड साहिब जी के तीर्थयात्रियों को बड़ा उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं का समय बचेगा और राज्‍य में पर्यटन तथा रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

*******

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव, ‘विविधता के अमृत महोत्सव’ का शुभारंभ किया। यह उत्‍सव विभिन्न क्षेत्रों की अनूठी परंपराओं को प्रदर्शित करके देश की विविधता की विरासत का जश्न है। इस महोत्सव का उद्देश्य राष्ट्रपति भवन को सांस्कृतिक आदान-प्रदान का केंद्र बनाना है। राष्‍ट्रपति ने कहा है कि इस वर्ष यह महोत्सव दक्षिण भारत पर केंद्रित है।

 

अमृत महोत्‍सव के इस दक्षिण भारतीय संस्‍करण में लगभग पांच सौ कारीगर और बुनकर शामिल हो रहे हैं। ये कांजीवरम और पोच्‍चमपली इकत से लेकर एटिकोप्‍पा टॉयज का प्रदर्शन करेंगे। अनेक कलाकार पारंपरिक लंगुतो तथा गीतों की प्रस्‍तुती द्वारा दक्षिण भारत की अनुपम झलक भी दिखाएंगे। मैं लोगों से आग्रह करती हूँ कि इस उत्‍सव में भागीदारी करें और दक्षिण भारत की कला-संस्‍कृति को जाने और उसका प्रचार-प्रसार करें। यह महोत्सव 9 मार्च तक सुबह 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुला रहेगा।

*******

पंचायतीराज राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा है कि सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन में पंचायती राज मंत्रालय की आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायत पहल का शुभारंभ करते हुए उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपने काम में मानकों का पालन करने का आग्रह किया। सरकार अब महिलाओं के नेतृत्व में विकास पर ध्‍यान दे रही है, जो 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देगा।

आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए गोवा में जिला पंचायत सदस्य अनीता थोरा ने पंचायतों को समर्थन देने के लिए सरकार की पहल की सराहना की।

 

मिनिस्‍ट्री ऑफ पंचायत की तरफ से एक बहुत इम्‍पोर्टेंट स्‍टेप्‍स जो गवर्नमेंट ने लिया है उसकी वजह से एक बूस्‍ट मिल जाएगा। जो महिलाएं चेयर पर बैठी हैं, एक सपोर्ट मिल जाएगा गवर्नमेंट की तरफ से।

*******

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में ग्लोबल साउथ की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया है। नई दिल्ली में विश्व सतत विकास शिखर सम्मेलन में श्री यादव ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग, महत्वाकांक्षा और कार्रवाई बढ़ाने का आह्वान किया। उन्‍होंने कहा कि ग्लोबल साउथ जलवायु एजेंडे को आगे बढ़ा रहा है और दुनिया अब भारत की ओर देख रही है।

*******

नीति आयोग ने आज नई दिल्ली में क्वांटम कंप्यूटिंग के तेजी से विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभावों पर एक कार्यनीतिक पत्र जारी किया। नीति फ्रंटियर टैक हब ने डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के साथ साझेदारी में भारत को फ्रंटियर टैक राष्‍ट्र में बदलाव को तेजी से करने के उद्देश्य से यह पत्र जारी किया है। नीति आयोग के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर.सुब्रह्मण्यम ने कहा कि अनुसंधान, नवाचार और वैश्विक साझेदारी में कार्यनीतिक निवेश भारत को तकनीकी प्रगति में सबसे आगे रखने के लिए महत्वपूर्ण होगा।

 

टेक्‍नोलॉजी वो चीज है जो हमारी ग्रोथ रेट को 2 या 3 परसेंट और अधिक बढा सकती है। दुनिया में जो व्‍यवस्‍था है वो हमारे लिए बहुत ही अनुकूल है। टेक्‍नोलॉजिकल डेवलपमेंट जो हो रहे हैं, अगर हम इनको सही तरह से पकड़ सकते हैं, हमारी रोज की जिंदगी में लागू कर सकते हैं।

*******

निर्वाचन आयोग के साथ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारियों का दो दिन का सम्मेलन आज नई दिल्ली में संपन्न हो गया। सम्मेलन के दूसरे दिन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ, प्रमुख सामग्री  की समय पर उपलब्‍धता के लिए प्रत्येक मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रस्तुत कार्रवाई योग्य बिंदुओं की समीक्षा की। श्री ज्ञानेश कुमार ने कहा कि सभी अधिकारियों को वर्तमान संवैधानिक और कानूनी ढांचे के अनुसार काम करना चाहिए।

*******

जापान-भारत व्यापार सहयोग समिति के अध्यक्ष तात्सुओ यासुनागा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 17 सदस्‍यों वाले इस प्रतिनिधिमंडल में विनिर्माण, बैंकिंग, एयरलाइंस, फार्मा सेक्टर, प्लांट इंजीनियरिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों के प्रमुख शामिल थे। श्री यासुनागा ने प्रधानमंत्री को जापान-भारत व्यापार सहयोग समिति की कल नई दिल्ली में आयोजित होने वाली 48वीं संयुक्त बैठक के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में जापान के व्यवसायों की योजनाओं और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

*******

इंग्लैंड में विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ बातचीत के बाद कहा कि अस्थिर दुनिया में स्थिरता और समृद्धि के लिए दोनों देशों के संबंध महत्वपूर्ण है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने कार्यनीतिक समन्वय, राजनीतिक सहयोग और व्यापार समझौते पर बातचीत की। डॉ. जयशंकर ने कहा कि उन्‍होंने यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया, बांग्लादेश और राष्ट्रमंडल सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

*******

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की सभी सीमाएँ सील कर दी गई हैं, और प्रदर्शनकारी किसानों के मार्च के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात किया गया है। चंडीगढ़ की पुलिस अधीक्षक गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया है कि चंडीगढ़ की सभी सीमाओं पर तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हैं।

चंडीगढ़ के जितने भी बॉडर्स हमारे लगते हैं वहां पर पुलिसकर्मी तैनात किए हैं, बैरिकेडिंग करी है और वहां पर स्‍ट्रीक्‍ट चेकिंग की जा रही है। हमारी पूरी कोशिश है कि रूट डाइवर्जन हो और लोगों को कम से कम इनकनवेनिएंश हो, पर जहां जहां हमारी चेकिंग की वजह से थोड़ा से ट्रैफिक जाम होने की हमें अंदेशा है, वहां पर हमने ट्रैफिक रूट डाइवर्ट करे हैं।   

*******

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि केन्‍द्रशासित प्रदेश में घाटा रोकने और बिजली का बुनियादी ढांचा आधुनिक बनाने के लिए संशोधित वितरण क्षेत्र योजना लागू की जा रही है। विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का पारेषण और वितरण घाटा देश में सबसे अधिक है।

*******

महाराष्ट्र सरकार ने आज जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और राष्ट्रीयता प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए आवेदन शुल्‍क माफ कर दिया है। इससे पहले इन प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन के साथ 500 रुपये का स्टाम्प शुल्क देना अनिवार्य होता था।

*******

बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 740 अंक की बढत के साथ 73 हजार सात सौ 30 पर बंद हुआ। निफ्टी 255 अंक की बढत के साथ 22 हजार तीन सौ 37 अंकों पर बंद हुआ। 

*******

दिग्‍गज टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल ने चेन्नई में डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर के बाद संन्यास लेने की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 25 से 30 मार्च तक खेला जायेगा। रिकॉर्ड 10 बार राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके 42 वर्षीय शरत कमल वर्तमान में भारत के शीर्ष रैंक वाले पुरुष सिंगल्‍स खिलाड़ी हैं। शरत ने अपने दो दशक के लंबे करियर में राष्‍ट्रमंडल खेलों में सात स्‍वर्ण पदक और एशियाई खेलों में दो कांस्‍य पदक अपने नाम किए। शरत को अर्जुन पुरस्कार, मेजर ध्‍यान चंद खेल रत्‍न पुरस्‍कार और पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।

*******

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में लाहौर में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 363 रन का लक्ष्‍य दिया है। यह टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्‍य है। ताजा समाचार मिलने तक दक्षिण अफ्रीका ने 31 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बना लिए हैं। इस मैच की विजेता टीम का मुकाबला रविवार को फाइनल में भारत से होगा।

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- नवाचार में निवेश देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण और एआई से अर्थव्यवस्था को लाखों करोड़ रुपये का बढ़ावा मिलेगा।

  • सरकार ने चार हजार करोड़ रुपये की लागत वाले केदारनाथ रोपवे को मंजूरी दी, इससे यात्रा का समय घटकर 36 मिनट रह जाएगा। पशुधन स्वास्थ्य कार्यक्रम को संशोधित किया।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ किया। कारीगरों और विरासत को बढ़ावा देने के लिए जन भागीदारी का आह्वान किया।

  • विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ बातचीत के बाद कहा कि अस्थिर दुनिया में स्थिरता और समृद्धि के लिए दोनों देशों के संबंध महत्वपूर्ण।

  • टेबल टेनिस के दिग्गज खिलाडी अचंत शरत कमल ने संन्यास लेने की घोषणा की।

  • लाहौर में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में दूसरे सेमीफाइनल में न्‍यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा 363 रन का लक्ष्य दिया।

****