Download
Mobile App

android apple
signal

March 4, 2025 10:23 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

• प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत ने लगातार सुधारों, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2050 से पहले भारत को एक विकसित देश बनाने के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य पर बल दिया।
• प्रधानमंत्री ने तीन सौ सदस्यों के आर्थिक मिशन का नेतृत्व करने के लिए बेल्जियम की राजकुमारी ऐस्‍ट्रिड को धन्‍यवाद दिया।
• सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय जन संचार संस्‍थान को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विश्व स्तरीय मीडिया संस्थान बनाने की बात दोहराई।
• यूक्रेन को सैन्य सहायता पर अमरीकी रोक के बीच यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूरोप को सैन्‍य क्षेत्र में मजबूत करने के लिए 800 अरब डॉलर से अधिक की योजना की घोषणा की।
• दुबई में आईआईसी चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्‍य दिया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने आत्मनिर्भर भारत की परिकल्‍पना के साथ काम करते हुए सुधारों की गति को तेज किया है। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले 10 वर्षों में सुधारों, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता लगातार प्रदर्शित की है। अर्थव्यवस्था में सूक्ष्‍म लघु और मध्‍यम उद्यम-एमएसएमई के महत्व के बारे में श्री मोदी ने कहा कि यह देश की आर्थिक वृद्धि में परिवर्तनकारी भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री ने विकास के ईंजन के रूप में एमएसएमई, विनिर्माण, निर्यात और परमाणु ऊर्जा मिशन; नियामक, निवेश और कारोबारी सुगमता सुधारों पर आज आयोजित बजट पश्‍चात वेबिनार को संबोधित किया।

 

इस बजट की सबसे खास बात रही अपेक्षाओं से अधिक डिलीवरी। कई सेक्टर्स ऐसे हैं जहां एक्सपर्ट्स ने भी जितनी अपेक्षाएं की थी, उससे बड़े कदम सरकार ने उठाए और अपने बजट में देखा है। मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट को लेकर भी बजट में महत्वपूर्ण फैसले किए गए हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि लोगों को अब बिना गारंटी के ऋण मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने ऋण वितरण के नए स्‍वरूप विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने महिलाओं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के लिए ऋण प्रदान करने की घोषणा की।

 

महिला एससी और एसटी समुदाय के 5 लाख फर्स्ट टाइम एंटरप्रेन्योर्स को 2 करोड रुपए को उसका लोन दिया जाएगा। फर्स्ट टाइम एंटरप्रेन्योर्स को सिर्फ क्रेडिट सपोर्ट नहीं चाहिए बल्कि उसे गाइडेंस की भी जरूरत होती है। इंडस्ट्री को ऐसे लोगों की मदद करने के लिए एक मेंटरशिप प्रोग्राम बनाना चाहिए।

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि इस सदी के पूर्वार्ध के अंत से पहले भारत को विकसित देश बनाना राष्ट्रीय लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य प्राप्त करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के सभी हितधारकों और विद्यार्थियों को वैश्विक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। राष्ट्रपति भवन में आज दो दिवसीय विजिटर्स सम्‍मेलन के समापन भाषण में राष्ट्रपति ने ये बात कही।

 

21वीं सदी से पहले चौथाई के अंत में हम स्‍वधीन भारत के अमृत काल से गुजर रहे हैं। इस सदी के पूर्वाध के संपन्‍न होने के पहले ही भारत को विकसित देश बनाने का हमारा राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य है। इस लक्ष्‍य को प्राप्‍त करने के लिए शिक्षण संस्‍थानों से जुडे सभी लोगों को तथा विद्यार्थियों को ग्‍लोबल माइंडसेट के आधार पर आगे बढना होगा।

 

*****

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विद्यार्थियों से अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने और लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया है। श्री वैष्णव ने आज नई दिल्ली में भारतीय जनसंचार संस्थान-आई आई एम सी के 56वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया की पूरी दुनिया बदल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र को सदैव प्रथम स्‍थान पर रखने को कहा। श्री वैष्णव ने आई आई एम सी को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक विश्व स्तरीय मीडिया संस्थान बनाने की बात दोहराई।

 

श्री वैष्‍णव ने कार्यक्रम में वर्ष 2023-24 सत्र के चार सौ अठहत्तर विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्रदान किया। छत्तीस उत्कृष्ट विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पदक और नकद पुरस्कार दिए गए।

 

आईआईएमसी की कुलपति डॉ. अनुपमा भटनागर ने कहा कि संस्‍थान ने आधुनिक प्रगति और उभरती आवश्यकताओं के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए अपने पाठ्यक्रम को लगातार अपडेट किया है।

 

*****

 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालन समूह की नौवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की उपलब्धियों के लिए मिशन संचालन समूह की सराहना की।

 

*****

 

बेल्जियम की राजकुमारी ऐस्ट्रिड ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने 300 सदस्यों के आर्थिक मिशन का नेतृत्व के लिए बेल्जियम की राजकुमारी की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, कृषि, जीवन विज्ञान, नवाचार, कौशल और शैक्षिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में नई साझेदारियों के माध्यम से दोनों देशों के लोगों के लिए अनगिनत अवसरों के खुलने की उम्मीद है।

 

*****

नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल ने कहा है कि सरकार जनऔषधि केंद्रों के बारे में जागरूकता फैलाने के अभियान पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनऔषधि केंद्रों पर लगभग दो हजार दवाएं और तीन सौ सर्जिकल उपकरण उपलब्ध हैं। श्री पॉल ने कहा कि इन केन्‍द्रों का उद्देश्‍य लोगों को किफायती दरों पर उच्‍च गुणवत्‍ता वाली दवाएं उपलब्‍ध कराना है।

 

जन औषधि केन्‍द्र एक आउटलेट होती है। जिसमें की हाई क्‍वालिटी जनरिक दवाइयां उपलब्‍ध की जाती हैं। इसका नेटवर्क पैदा करने के पीछे प्रधानमंत्री जी की सोच है, कि दवाइयां उच्‍चकोटि की दवाइयां अफोर्डेबल प्राइस हाईक्‍वालिटी मेडिसन्स हमारे देश में बनती हैं उनको एक बडे नेटवर्क के द्वारा लोगों के पास लाके प्राप्‍त किया जाये। 15 हजार के लगभग ये जन औषधि केंद्र आज देश में बन गये हैं। 2027 तक इनकी संख्‍या 25 हजार कर दी जायेगी।

 

*****

 

पंचायती राज मंत्रालय कल नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय सम्मेलन में महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत मॉडल की शुरूआत करेगा। यह पहल मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2025 समारोह का एक हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक जिले में कम से कम एक महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत स्थापित करना है।

 

*****

 

पंचायती राज मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में पंचायती राज संस्थाओं की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों की राष्ट्रीय कार्यशाला में “सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान” का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य पूरे देश में पंचायती राज संस्थाओं की महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों को मजबूत बनाना है।

 

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा कि सरकार देश में विशेष रूप से ग्राम पंचायतों में महिला नेतृत्व को और मजबूत करने के लिए क्षमता और विश्वास निर्माण के उपाय करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

*****

 

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि भारत की चक्रीय अर्थव्यवस्था़, वर्ष 2050 तक दो लाख करोड़ डॉलर से अधिक का बाजार मूल्य और लगभग एक करोड़ नौकरियां सृजित कर सकती है। जयपुर में आज एशिया और प्रशांत क्षेत्र में 12वें क्षेत्रीय थ्री-आर और सर्कुलर इकॉनोमी फोरम के संबोधन में श्री यादव ने कहा कि उत्पादन प्रणाली, चक्रीय अर्थव्यवस्था के सिद्धांतों के अनुरूप होनी चाहिए।

 

थ्री-आर और सर्कुलर इकोनामी फोरम में विभिन्न सत्रों के माध्यम से समावेशी भविष्य को लेकर मंथन किया जा रहा है। आज शुरुआती सत्र में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने जोर दिया कि सर्कुलेरिटी भारत के लिए बिजनेस पोर्टल नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका है। उन्होंने मिशन सर्कुलर इकोनामी के तीन ठोस सिद्धांतों अपशिष्ट और प्रदूषण को खत्म करने, उत्पादों और सामग्रियों का सर्कुलेशन करने और प्रकृति को पुनर्जीवित करने का जिक्र किया। फोरम में विभिन्न नगर निकायों की आलाधिकारियों ने अपने क्षेत्र में अपशिष्ट प्रबंधन और कचरा निस्‍तारण को लेकर किये जा रहे नवाचारों और सर्वोत्तम नीतियों को भी साझा किया। जीतेंद्र द्विवेदी आकाशवाणी समाचार जयपुर।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने गुजरात के जामनगर में आज एक अद्वितीय वन्यजीव संरक्षण, बचाव और पुनर्वास पहल, वंतारा का उद्घाटन किया। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पहल पारिस्थितिक स्थिरता और वन्यजीव कल्याण को बढ़ावा देते हुए जानवरों के लिए एक सुरक्षित आश्रय प्रदान करती है।

 

*****

 

 

विदेश मंत्री सुब्रमण्‍यम जयशंकर ने आज लंदन में ब्रिटेन की गृह मंत्री येवेटे कूपर से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने प्रतिभा के आवागमन, लोगों के बीच आदान-प्रदान और तस्करी तथा उग्रवाद से निपटने के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा की।

 

*****

 

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लॉयन ने आज यूरोप के रक्षा उद्योग को प्रोत्‍साहन देने और सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए एक योजना प्रस्‍तुत की। ब्रुसेल्स में योजना के बारे में यूरोपीय संघ प्रमुख ने कहा कि यूरोप फिर से शस्त्रीकरण के युग में है और अपना रक्षा खर्च बड़े पैमाने पर बढ़ाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यूरोप की यह योजना 841 अरब डॉलर से अधिक का रक्षा खर्च जुटा सकती है।

 

*****

 

विश्‍व मोटापा दिवस के अवसर पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि सम्‍पूर्ण विश्‍व के लिए मोटापा एक बडी समस्‍या बनकर उभरी है।

 

वर्तमान समय में विश्‍व में आठ में से एक व्‍यक्ति ओवेसिटी से पीडित है। ओवेसिटी वर्तमान समय की एक समस्‍या है और ये समस्‍या का समाधान के लिए हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने मन की बात में हमें तेल का उपयोग कम करने के लिए कहा है। हमें फिट रहने के लिए, हेल्‍दी लाईफ के लिए 10 पर्सेन्‍ट तेल का कंजप्‍सन कम करें तो हम ओवेसिटी से, ब्‍लडप्रेशर से, फैटीलीवर से जैसे अनेक रोग से मुक्ति पा सकते हैं।

 

*****

 

और अब खेल खबरों में, दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत को 265 रन का लक्ष्‍य दिया है। जवाब में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 40 ओवर में 4 विकेट पर 200 रन बना लिये हैं। अक्षर पटेल ने 27, रोहित शर्मा 28 और श्रेयर अय्यर 45 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए ऑस्‍ट्रेलिया की टीम 50वें ओवर में 264 रन पर सिमट गई। मोहम्‍मद शमी ने तीन रविन्‍द्र जडेजा और वरूण चक्रवर्ती ने दो-दो और हार्दिक पांड्या तथा अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिये।

 

कल दूसरे सेमीफाइनल में लाहौर में न्यूजीलैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

• प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत ने लगातार सुधारों, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
• राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2050 से पहले भारत को एक विकसित देश बनाने के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य पर बल दिया।
• प्रधानमंत्री ने तीन सौ सदस्यों के आर्थिक मिशन का नेतृत्व करने के लिए बेल्जियम की राजकुमारी ऐस्‍ट्रिड को धन्‍यवाद दिया।
• सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारतीय जन संचार संस्‍थान को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विश्व स्तरीय मीडिया संस्थान बनाने की बात दोहराई।
• यूक्रेन को सैन्य सहायता पर अमरीकी रोक के बीच यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूरोप को सैन्‍य क्षेत्र में मजबूत करने के लिए 800 अरब डॉलर से अधिक की योजना की घोषणा की।
• दुबई में आईआईसी चैंपियंस ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्‍य दिया।

*****