मुख्य समाचार :-
- मुम्बई की विशेष अदालत ने सेबी की पूर्व अध्यक्ष माधवी पुरी बुच और अन्य अधिकारियों के खिलाफ कथित शेयर बाजार धोखाधड़ी और नियामक उल्लंघन के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
- उत्तराखंड हिमस्खलन में बचाव कार्य पूरा। आठ श्रमिक मृत घोषित और 46 को सुरक्षित बचा लिया गया।
- यूरोपीय नेताओं और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन संकट और ट्रान्स-अटलांटिक सुरक्षा सम्बंधों पर लंदन में बातचीत की।
- इजराइल ने गजा में मानवीय सहायता के प्रवेश पर तब तक रोक लगा दी है, जब तक कि हमास युद्ध विराम के अमरीकी प्रस्ताव पर सहमत नहीं हो जाता।
- आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दुबई में न्यूजीलैंड को 250 रन का लक्ष्य दिया।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुजरात के दौरे के दूसरे दिन सोमनाथ में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। श्री मोदी ने जामनगर में पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र वंतारा का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। श्री मोदी शाम को सासन गिर पहुंचे, जहां वे श्री सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वे ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
प्रधानमंत्री कल सुबह एशियाई शेरों के अंतिम निवास स्थान गिर राष्ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी करेंगे। श्री मोदी वन्य जीवों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सासन में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। प्रधानमंत्री इस बोर्ड के अध्यक्ष हैं।
—-
उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन के तीसरे दिन बचाव दल ने लापता चार श्रमिकों के शव बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही तीन दिनों से चल रहा बचाव अभियान खत्म हो गया। इस घटना में कुल 8 लोगों की जान चली गई। हिमस्खलन में फंसे 46 श्रमिकों को सुरक्षित बचा लिया गया और उनका इलाज किया जा रहा है। इस घटना से कुल मिलाकर 54 श्रमिक प्रभावित हुए थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार, प्रशासन, सेना और अन्य बचाव दलों के सहयोग से यह चुनौतीपूर्ण अभियान पूरा किया गया।
आज से दो दिन पहले भारत का पहला गांव, माणा गांव में सड़क का निर्माण करने वाले हमारे 54 श्रमिक भाई काम कर रहे थे। अचानक हिमस्खलन हुआ और उसमें 46 लोग जीवित अवस्था में थे। सभी को बद्रीनाथ से जोशीमठ शिफ्ट किया, जोशीमठ से एक दो लोगों को हायर सेंटर भेजा है। बड़ा चुनौती पूर्ण यह काम था लेकिन तीन दिनों से रेस्क्यू अभियान में सभी के सहयोग से काम आगे बढ़ा है।
—-
मुंबई की एक विशेष भ्रष्टाचार निरोधक अदालत ने कथित शेयर बाजार धोखाधड़ी और नियामक कानूनों के उल्लंघन से संबंधित एक मामले में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष माधबी पुरी बुच सहित बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।
हमारी संवाददाता ने बताया है कि यह आदेश विशेष न्यायाधीश एसई बांगर ने ठाणे के पत्रकार सपन श्रीवास्तव द्वारा दायर याचिका के बाद जारी किया।
न्यायालय ने कहा कि वह जांच की निगरानी करेगा। संबंधित अधिकारियों को मामले पर स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है। शिकायत में बोर्ड के अधिकारियों पर निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करने वाली कंपनी को लिस्टिंग की अनुमति देकर बाजार और कॉर्पोरेट धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा आरोपों में बम्बई स्टॉक एक्सचेंज को भी शामिल किया गया है। इस आदेश के बाद बोर्ड ने एक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि जिन अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है, उनमें पूर्व अध्यक्ष माधबी पुरी बुच, बोर्ड के तीन वर्तमान पूर्णकालिक सदस्य और बम्बई स्टॉक एक्सचेंज के दो अधिकारी घटना के समय संबंधित पद पर नहीं थे। अदालत ने बिना कोई नोटिस जारी किए और बोर्ड को तथ्य पेश करने का अवसर दिए बिना प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दे दिया। स्पष्टीकरण में आगे कहा गया कि बोर्ड इस आदेश को चुनौती देने के लिए उचित कानूनी कदम उठाएगा। अंकिता आपटे की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
—-
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देश के विकास के लिए नवाचार और अनुसंधान की भूमिका पर जोर देते हुए कहा है कि भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करे। उपराष्ट्रपति ने शोध, विकास और नवाचार में कॉर्पोरेट निवेश की आवश्यकता पर बल देते हुए उद्यमियों से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का आग्रह किया। उन्होंने चंद्रयान मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआती चरण में यह मिशन विफल रहा, लेकिन अनेक चुनौतियों के बाद सफलता मिली।
—-
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की सहित यूरोपीय नेताओं की लंदन में मेज़बानी कर रहे हैं। इस बैठक में यूक्रेन संकट और ट्रांस-अटलांटिक सुरक्षा संबंधों पर चर्चा होगी।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार लंदन में होने वाली बैठक में फ्रांस और जर्मनी के साथ-साथ तुर्की, नाटो और यूरोपीय संघ सहित यूरोप के नेता एक साथ बैठक कर रहे हैं, ताकि न्यायपूर्ण और स्थायी शांति सुनिश्चित की जा सके। इससे पहले, स्टार्मर ने कहा कि ब्रिटेन, फ्रांस और यूक्रेन अमरीका के सामने पेश करने के लिए युद्ध विराम योजना का मसौदा तैयार करेंगे।
—-
यूक्रेन संघर्ष पर अमरीका और उसके यूरोपीय सहयोगियों के बीच उभरते मतभेदों के बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी सलाहकार और सरकारी दक्षता विभाग के प्रमुख एलन मस्क ने आज सार्वजनिक रूप से नाटो और संयुक्त राष्ट्र दोनों से संबंध तोड़न की चेतावनी दी है। वर्तमान में अमरीका संयुक्त राष्ट्र और संबंधित संस्थाओं को सबसे अधिक धन मुहैया कराता है।
यह पहली बार नहीं है जब मस्क ने नाटो में अमरीका की सदस्यता पर सवाल उठाया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अमरीका नाटो के सैन्य व्यय का लगभग 67 प्रतिशत भुगतान करता है, जबकि वह अपने सकल घरेलू उत्पाद का केवल तीन दशमलव पांच प्रतिशत रक्षा पर खर्च करता है।
—-
इज़राइल ने आज कहा कि उसने गजा में सभी प्रकार की मानवीय सहायता के प्रवेश को तब तक रोक दिया है जब तक कि हमास युद्धविराम समझौते के अमरीका समर्थित विस्तार पर सहमत नहीं हो जाता। समझौते का पहला चरण कल समाप्त हो चुका है।
इज़राइल ने कहा है कि उसने इस्लाम के पवित्र महीने रमज़ान और यहूदी अवकाश फसह के दौरान वर्तमान युद्धविराम को अस्थायी रूप से बढ़ाने के अमरीकी प्रस्ताव का समर्थन किया है। प्रस्ताव में गाजा में बंधक बनाए गए आधे लोगों को समझौते के दूसरे चरण के शुरू होने के दिन रिहा करने की बात कही गई है। इज़राइल ने हमास द्वारा अमरीकी प्रस्ताव को नामंजूर किये जाने की स्थिति में “अतिरिक्त परिणाम” की चेतावनी दी है। दूसरी ओर, हमास ने इज़राइल पर मौजूदा युद्धविराम समझौते को असफल बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हमास ने कहा है कि सहायता पर रोक लगाने का इज़राइल का निर्णय जनवरी में हुए संघर्ष विराम पर एक ज़बरदस्त हमला है। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
—-
पाकिस्तान की पोलियो उन्मूलन की क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने सिंध के थट्टा जिले में पोलियो के एक मामले की पुष्टि की है। स्थानीय मीडिया के अनुसार सिंध में पोलियो का यह चौथा मामला है। पिछले महीने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पोलियो का एक मामला सामने आया था। इन्हें मिला कर पाकिस्तान में अब तक पोलियों के 6 मामले सामने आए हैं।
—-
जयपुर में कल से 5 मार्च तक होने वाले एशिया और प्रशांत क्षेत्र के थ्री आर यानि रिड्यूस, रियूज़ और रिसाइकल तथा सर्कुलर इकोनॉमी फोरम के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इसमें 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होने वाले फोरम के 12वें संस्करण में 500 से ज्यादा राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। फोरम में उद्योग जगत के विशेषज्ञ शोधकर्ता और सिविल सोसाएटी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। फोरम का आयोजन आवास और शहरी विकास मंत्रालय की अगुवाई में किया जा रहा है। इसमें जापान के पर्यावरण मंत्रालय और यू.एन.सी.आर.डी तथा अन्य संस्थाओं की ओर से सहयोग दिया जा रहा है। केन्द्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर कल सुबह फोरम का उद्घाटन करेंगे। एशिया और प्रशांत क्षेत्र में सतत विकास लक्ष्यों और कार्बन तटस्थता के लिये सर्कुलर सोसायटीज को आकार देना इस फोरम की थीम रखी गई है। सालेहा गाज़ी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
—–
नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने आज कहा कि केंद्र सरकार जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जहां भी जरूरत होगी वहां हवाईअड्डों का निर्माण करेगी। हैदराबाद में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के माध्यम से सरकार ने देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में हवाईअड्डों को विकसित किया है।
श्री नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार तेलंगाना राज्य के भद्राद्री कोठागुडेम जिले में एक और हवाईअड्डा विकसित करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण हवाईअड्डे के विकास के लिए मास्टर प्लान के साथ तैयार है।
—-
जन औषधि दिवस के सप्ताह भर चलने वाले समारोह के दूसरे दिन ‘जन औषधि – विरासत के साथ’ शीर्षक से आज देश में 25 जगहों पर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। हेरिटेज वॉक का आयोजन जन औषधि के माध्यम से स्वास्थ्य का संदेश देने के लिए किया गया। दिल्ली के हौजखास में यह वॉक आयोजित की गई। औषधि दिवस के अंतर्गत देश में पांच सौ जगहों पर जन औषधि केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। इन शिविरों में कई प्रकार की चिकित्सा जांच की गई।
—-
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक ही नंबर के दो मतदाता फोटो पहचान पत्र-ईपीआईसी का अर्थ यह नहीं है कि पहचान पत्र फर्जी है या मतदाता बोगस है। आयोग ने एक बयान में यह बात कही। इससे पहले मीडिया की खबरों में दो अलग-अलग राज्यों में मतदाताओं के एक ही नंबर के मतदाता फोटो पहचान पत्र का मुद्दा उठा था।
आयोग ने स्पष्ट किया कि कुछ मतदाताओं के ईपीआईसी नंबर एक हो सकते हैं लेकिन जनसांख्यिकी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और मतदान केंद्र जैसा अन्य ब्यौरा अलग होता है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदाता जिस राज्य या केंद्रशासित प्रदेश की मतदाता सूची में नामांकित हैं, वहां वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में निर्धारित मतदान केंद्र पर ही वोट डाल सकते हैं। इसके अलावा मतदाता कहीं और वोट नहीं डाल सकते। आयोग के अनुसार मतदाता सूची के डेटाबेस को एरोनेट प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित करने से पहले विकेंद्रीकृत और मैनुअल व्यवस्था के कारण अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुछ मतदाताओं को एक ही संख्या वाले मतदाता फोटो पहचान पत्र आवंटित हो गए थे। निर्वाचन आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजीकृत मतदाताओं को विशिष्ट ईपीआईसी नंबर आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। सुर्पणा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
—-
दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के अंतिम लीग मैच में जीत के लिए 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने ताजा समाचार मिलने तक 35 ओवर में 5 विकेट पर 144 रन बना लिए हैं। इससे पहले भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 249 रन बनाए।
—-
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कल अत्यधिक बारिश की संभावना व्यक्त की है। गिलगित, बल्टीस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब और उत्तराखंड में भी आंधी और ओलवृष्टि के साथ ऐसी ही स्थिति का अनुमान है।
विभाग ने कहा है कि कल तटीय कर्नाटक क्षेत्र में पूरे दिन लू की स्थिति बनी रहेगी। कोंकण और गोवा में गर्म और आर्द्र स्थिति बने रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा है कि मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में बदलाव की कोई संभावना नहीं है।
—-
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, विदेश मंत्रालय के सहयोग से मानवाधिकारों पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन करेगा। ग्लोबल साउथ के राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आयोजित यह छह दिवसीय कार्यक्रम कल से नई दिल्ली में शुरू होगा।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- मुम्बई की विशेष अदालत ने सेबी की पूर्व अध्यक्ष माधवी पुरी बुच और अन्य अधिकारियों के खिलाफ कथित शेयर बाजार धोखाधड़ी और नियामक उल्लंघन के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया।
- उत्तराखंड हिमस्खलन में बचाव कार्य पूरा। आठ श्रमिक मृत घोषित और 46 को सुरक्षित बचा लिया गया।
- यूरोपीय नेताओं और यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन संकट और ट्रान्स-अटलांटिक सुरक्षा सम्बंधों पर लंदन में बातचीत की।
- इजराइल ने गजा में मानवीय सहायता के प्रवेश पर तब तक रोक लगा दी है, जब तक कि हमास युद्ध विराम के अमरीकी प्रस्ताव पर सहमत नहीं हो जाता।
- आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने दुबई में न्यूजीलैंड को 250 रन का लक्ष्य दिया।
—-