मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – सरकार कृषि क्षेत्र के विकास और ग्रामीण समृद्धि के दोहरे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की; राज्य के सभी मार्गों पर 8 मार्च से निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव में राहत और बचाव कार्य जारी; अब तक 50 मजदूरों को सुरक्षित बचाया गया।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की कल यूरोपीय रक्षा शिखर सम्मेलन से पहले ब्रिटेन पहुंचे।
- आईसीसी चैंपियन क्रिकेट ट्रॉफी में, कराची में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को ग्रुप-बी के अंतिम मैच में सात विकेट से हराया।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार कृषि क्षेत्र के विकास और ग्रामीण समृद्धि के दोहरे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। श्री मोदी ने कृषि और ग्रामीण समृद्धि पर आज एक बजट पश्चात वेबिनार को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ने का सरकार का संकल्प बहुत स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं, जहां किसान समृद्ध और सशक्त बनें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी किसान पीछे न छूटे। श्री मोदी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को सशक्त करने का प्रयास किया गया है।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना, 6 साल पहले लागू की गई थी। इस योजना के तहत अब तक लगभग पौने 4 लाख करोड़ रुपए किसानों को मिल चुके हैं। इतनी राशि करीब 11 करोड़ किसानों के खाते में सीधे पहुंचाई गई है। 6 हजार रुपए सालाना की इस आर्थिक मदद से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने केंद्रीय बजट में ‘पीएम धन धान्य कृषि योजना’ की घोषणा की है, जिसमें सबसे कम कृषि उत्पादकता वाले सौ जिलों के विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कृषि उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर है।
आज भारत का कृषि उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर है। दस, ग्यारह साल पहले जो कृषि उत्पादन 265 मिलियन टन के करीब था वो अब बढकर 330 मिलियन टन से ज्यादा हो गया है। बागवानी में जुड़ा उत्पादन बढकर 350 मिलियन टन से ज्यादा हो गया है। यह हमारी सरकार के बीज से बाजार तक की अपोर्च का परिणाम है।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम आवास योजना-ग्रामीण, इसके तहत करोड़ों गरीबों को घर दिया जा रहा है, स्वामित्व योजना से संपत्ति मालिकों को ‘रिकॉर्ड्स ऑफ राइट्स मिला है। हमने सेल्फ हेल्प ग्रुप्स की आर्थिक ताकत बढाई है, उनको मदद बढ़ाई है।
———–
गृह मंत्री अमित शाह ने आज मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। श्री शाह ने 8 मार्च से राज्य के सभी मार्गों पर लोगों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नई दिल्ली में मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की मौजूदगी में बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शाह ने कहा कि मणिपुर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दोनों ओर बाड़ लगाने का काम जल्द पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार मणिपुर में स्थायी शांति बहाल करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
——–
उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव में हिमस्खलन के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। अब तक 50 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी पांच की तलाश जारी है। चार घायल मजदूरों की मृत्यु हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए प्रभावित क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री से फोन पर बात की और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
———
उधर, तेलंगाना के पर्यटन मंत्री जे कृष्ण राव ने आज कहा कि श्री शैलम लेफ्ट बैंक कैनाल सुरंग में फंसे श्रमिकों में से आठ की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इनमें से चार को कल शाम तक बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और बाकी चार लोगों को निकालने में दो और दिन का समय लग सकता है। पिछले शनिवार को सुरंग की छत का एक हिस्सा ढह जाने के कारण परियोजना और साइट इंजीनियरों सहित आठ श्रमिक सुरंग के अंदर फंस गए थे।
———
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए। जिले के किस्टाराम इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त टीम को इलाके में भेजा गया। मारे गए माओवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। तलाश अभियान जारी है।
———
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारत में ज्ञान के प्राचीन केंद्रों को पुनर्जीवित करने के महत्व पर जोर दिया है। मुंबई में के.पी.बी. हिंदुजा कॉलेज ऑफ कॉमर्स के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों जैसे ओदंतपुरी, तक्षशिला, विक्रमशिला, सोमपुरा, नालंदा और वल्लभी का उल्लेख किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि कॉर्पोरेट जगत को शिक्षा में निवेश को परोपकार से आगे बढ़कर देखना चाहिए।
———–
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज श्री माता वैष्णो देवी मंदिर का दौरा किया और गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। श्री नड्डा के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी थे। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने उन्हें श्राइन बोर्ड द्वारा शुरू की गई विभिन्न पहलों के बारे में जानकारी दी।
———-
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने आज कहा कि सरकार ने स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट, पोषण अभियान, ईट राइट इंडिया और खेलो इंडिया सहित कई पहल शुरू की है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वस्थ जन-जीवन सुनिश्चित करना है।
———
फार्मास्युटिकल विभाग के सचिव अमित अग्रवाल ने आज प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के अंतर्गत दिल्ली हाट में जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एक संवाद सत्र में लोगों को जन औषधि केंद्रों के माध्यम से बेची जा रही उच्च गुणवत्ता वाली सस्ती दवाओं के बारे में जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर हर वर्ष 7 मार्च को जन औषधि दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश भर में पंद्रह हजार जन औषधि केंद्र खोले गए हैं।
——–
सिडनी विश्वविद्यालय में सहायक वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. एन लीबर्ट ने नई दिल्ली के एम्स में जन औषधि केंद्र का दौरा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के बारे में जानकारी ली। बाद में मीडिया से बात करते हुए डॉ. लीबर्ट ने कहा कि यह एक अद्भुत पहल है।
———
दिल्ली सरकार ने आज राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए एक अहम फैसला लिया। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि इस फैसले के अंतर्गत 15 साल से ज़्यादा पुराने वाहनों को पेट्रोल पंप पर ईंधन नहीं मिलेगा।
ये जितने 15 साल पुराने व्हीकल हैं इन व्हीकलों को 31 मार्च के बाद तेल देना बंद कर दिया जाएगा। हम अपने ऐसे गैजेट्स लगा रहे हैं पेट्रोल पंप के ऊपर जो लगभग-लगभग 80 प्रतिशत पेट्रोल पंपों पर लग चुके हैं। 31 मार्च तक 100 प्रतिशत पेट्रोल पंप पर लग जाएंगे। उसके बाद 15 साल पुराने व्हीकल को हम आईडेंटिफाई करेंगे और उसको कोई फ्यूल नहीं मिलेगा।
———
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की कल होने वाले यूरोपीय रक्षा शिखर सम्मेलन से पहले लंदन पहुंच गए हैं। वे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और अन्य नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। एक रिपोर्ट –
ज़ेलेंस्की व्हाइट हाउस में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ तीखी नोकझोंक के बाद ब्रिटेन पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की बात सुना जाना महत्वपूर्ण है। सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन को अब तक मिले समर्थन के लिए अमरीका के बहुत आभारी हैं। इस बीच, रूस ने आज कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति को युद्ध का जुनून है और उनका अमरीका दौरा पूरी तरह विफल रहा। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा है कि यूक्रेन को लेकर रूस के लक्ष्य में कोई बदलाव नहीं आया है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह
———
और अब कुछ खबरें अर्थ जगत से भारत का सकल वस्तु और सेवा कर-जीएसटी, संग्रह फरवरी में पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 9 दशमलव एक प्रतिशत बढ़कर एक लाख 84 हजार करोड़ रुपये पहुंच गया है। एक रिपोर्ट –
लगातार 12वें महीने फरवरी में भी एक लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी संग्रह हुआ है। इसमें केंद्रीय जीएसटी से 35 हजार 204 करोड़, राज्य जीएसटी से 43 हजार 704 करोड़, एकीकृत जीएसटी से 90 हजार 870 करोड़ और क्षतिपूर्ति उपकर से 13 हजार 868 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। फरवरी में कुल 20 हजार आठ सौ नवासी करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया गया। इस तरह फरवरी के लिए शुद्ध जीएसटी संग्रह 8 दशमलव एक प्रतिशत बढ़कर लगभग एक लाख 63 हजार करोड़ रुपये हो गया। आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2024 में सकल जीएसटी राजस्व एक लाख 68 हजार करोड़ रुपये था। इस वर्ष जनवरी में जीएसटी संग्रह 12 दशमलव 3 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ एक लाख 96 हजार करोड़ रुपये था। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
———-
कोयला मंत्रालय ने कहा कि भारत के कोयला क्षेत्र ने इस साल फरवरी तक उत्पादन और ढुलाई दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अप्रैल 2024 से इस साल फरवरी तक कुल कोयला उत्पादन 5 दशमलव सात-तीन प्रतिशत से बढ़कर नौ सौ 28 दशमलव नौ-पांच मीट्रिक टन हो गया। मंत्रालय के अनुसार कुल कोयला ढुलाई बढ़कर नौ सौ 29 दशमलव चार-एक मीट्रिक टन हो गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में साढ़े पांच प्रतिशत अधिक है।
———-
देश भर में रमजान का पवित्र महीना कल से शुरू होगा। श्रीलंका में भी कल से रमजान का पवित्र महीना शुरू होगा। उधर, खाड़ी देशों में रमजान का महीना आज से शुरू हो गया है।
——–
जम्मू-कश्मीर में 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 को यात्री वाहनों के लिए खोल दिया गया है। दो दिनों तक भारी बर्फबारी के बाद बृहस्पतिवार शाम को सड़क बंद कर दी गई थी।
———
और अब खेलों की दुनिया से कुछ खबरें, कराची में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को सात विकेट से हरा दिया है। दक्षिण अफ्रीका ने 29 ओवर और एक गेंद में तीन विकेट पर 181 रन बनाकर जीत हासिल की। इससे पहले इंग्लैंड की टीम 38 ओवर और दो गेंद में 179 रन बनाकर सिमट गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची है। ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुका है।
——–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – सरकार कृषि क्षेत्र के विकास और ग्रामीण समृद्धि के दोहरे लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की; राज्य के सभी मार्गों पर 8 मार्च से निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव में राहत और बचाव कार्य जारी; अब तक 50 मजदूरों को सुरक्षित बचाया गया।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की कल यूरोपीय रक्षा शिखर सम्मेलन से पहले ब्रिटेन पहुंचे।
- आईसीसी चैंपियन ट्रॉफी क्रिकेट में, कराची में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को ग्रुप-बी के अंतिम मैच में सात विकेट से हराया।
——–