Download
Mobile App

android apple
signal

February 28, 2025 10:09 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने व्‍यापार, निवेश और स्‍वच्‍छ ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों को प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने राष्‍ट्रीय राजधानी में कानून व्‍यवस्‍था की स्थिति पर उच्‍च स्‍तरीय बैठक की। बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

  • चालू वित्‍त वर्ष की तीसरी तिमा‍ही में सकल घरेलू उत्‍पाद में छह दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ भारत, विश्‍व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्‍यवस्‍था।

  • उत्तराखंड के चमोली जिले में बर्फीले तूफान में फंसे 32 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया। हिमाचल प्रदेश में तेज वर्षा और बर्फबारी जारी।

  • बम्‍बई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में करीब 1,400 अंक और निफ्टी में 400 अंक से अधिक की गिरावट।

  • लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में अफगानिस्‍तान ने ऑस्‍ट्रेलिया को 274 रन का लक्ष्‍य दिया।

 

 

***

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार, स्वच्छ तथा हरित ऊर्जा, संपर्क और संबंधों को प्रगाढ करने के लिए प्रतिबद्धता जताई। भारत और यूरोपीय संघ ने वर्ष 2025 और इसके बाद के लिए महत्वाकांक्षी एजेंडा तय किया। श्री मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच दो दशक पुरानी रणनीतिक साझेदारी मूलभूत और स्वाभाविक है।

 

 

भारत और ईयू की दो दशकों की स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप नेचुरल है, ऑर्गेनिक है, इसके मूल में ट्रस्ट है, लोकतांत्रिक मूल्यों में साझा विश्वास है। शेड प्रोग्रेस और प्रोस्पेरिटी के लिए साझा कमिटमेंट है। इसी स्पिरिट में कल और आज अलग-अलग सैक्टर की लगभग 20 मंत्री स्तर की बैठकें हुई हैं। विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सिंसियर और मीनिंगफुल चर्चा हुई। हमारी पार्टनरशिप को एलीवेट और एक्सीलरेट करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं   ।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच साझेदारी को बढ़ाने और मजबूत करने के लिए कई निर्णय लिए गए हैं। श्री मोदी ने बताया कि व्यापार, प्रौद्योगिकी, निवेश, नवाचार, हरित विकास, सुरक्षा, कौशल और गतिशीलता पर सहयोग के लिए एक प्रारूप तैयार किया गया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सम्‍पर्क बढ़ाने के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे। श्री मोदी ने आतंकवाद और साइबर सुरक्षा पर कहा कि साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद निरोध पर सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।

 

यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने कहा कि दोनों पक्ष एक नए रणनीतिक एजेंडे पर काम करने के लिए सहमत हुए हैं, जिसमें आर्थिक विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि यूरोप पहले से ही भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है।

 

***

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लॉयन ने अपनी-अपनी टीम को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता एक वर्ष में संपन्न करने का निर्देश दिया है। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय में सचिव तन्मय लाल ने आज दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा को एक महत्वपूर्ण परिणाम बताया।

 

***

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के प्रवेश और उनके ठहरने को सुविधा प्रदान करने वाले पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठियों का मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलावा पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

 

 

बैठक के दौरान गृहमंत्री ने आश्वासन दिया कि दिल्ली की डबल इंजन सरकार विकसित और सुरक्षित दिल्ली बनाने के लिए दोगुनी गति से काम करेगीउन्होंने दिल्ली में अंतरराज्‍यीय गिरोहों के खात्मे और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने पर भी जोर दियाश्री शाह ने निर्देश दिया कि दिल्ली में निर्माण से संबंधित मामलों में दिल्ली पुलिस की अनुमति की आवश्यकता नहीं होगीइसके अलावा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए जे. जे. क्लस्टरों में नई सुरक्षा समितियां बनाई जानी चाहिएबैठक में दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश भी दिया गयाभूपेंद्र सिंह के साथ पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली

 

***

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने युवाओं से वैज्ञानिक सोच विकसित करने और देश में उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धी बुनियादी ढांचे का सर्वोत्तम उपयोग करके अग्रणी प्रौद्योगिकियों में उत्कृष्टता हासिल करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार, राष्ट्र की सुरक्षा के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। रक्षा मंत्री ने हैदराबाद में आज दो दिवसीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी महाकुंभ, विज्ञान वैभव-2025 का उद्घाटन किया।

 

***

 

देश में चालू वित्‍त वर्ष की तीसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्‍पाद वृद्धि दर छह दशमलव दो प्रतिशत दर्ज हुई और जिससे पिछली तिमाही में पांच दशमलव छह प्रतिशत दर्ज हुई थी। इस तरह भारत ने दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था का तमगा बरकरार रखा है।

 

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन के जारी पहले संशोधित अनुमान के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में वास्तविक सकल घरेलू उत्‍पाद दर में 6 दशमलव 5 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। मंत्रालय ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान वास्‍तविक वृ‍द्धि दर 9 दशमलव 2 प्रतिशत दर्ज हुई। इस बीच, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि जमा पर आठ दशमलव दो-पांच प्रतिशत की वर्तमान ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। सात करोड़ से अधिक ग्राहकों के संगठन ने वर्ष 2022-23 में ब्याज दर आठ दशमलव एक-पांच प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2023-24 में आठ दशमलव दो-पांच प्रतिशत की थी। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

***

उत्तराखंड में चमोली जिले के माणा गांव के पास आज सुबह आए भीषण बर्फीले तूफान में फंसे 57 श्रमिकों में से 32 को सुरक्षित बचा लिया गया है। सीमा सडक संगठन के कमांडर अंकुर महाजन ने जानकारी देते हुए आकाशवाणी को बताया कि भारत-तिब्‍बत सीमा पुलिस, सेना, सीमा सडक संगठन, राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल की टीमें शेष श्रमिकों की तलाश में जुटी हैं। हालांकि खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से घटना के बारे में बात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने कहा कि हादसे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना सरकार की प्राथमिकता है। इस बीच मुख्यमंत्री ने देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष में बचाव कार्यों का निरीक्षण किया।

 

उधर, हिमाचल प्रदेश में लगातार तेज वर्षा और बर्फबारी के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में आज जहां-ए-खुसरो 2025 कार्यक्रम में भाग लिया। भव्य सूफ़ी संगीत समारोह की इस वर्ष यह 25वीं वर्षगांठ है। यह समारोह दो मार्च तक चलेगा।

 

***

 

घरेलू शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट हुई और प्रमुख सूचकांक लगभग दो प्रतिशत घाटे के साथ बंद हुए। बॉम्‍बे स्टाक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज कारोबार के अंत में एक हजार 14 अंक घटकर 73 हजार 198 पर बंद हुआ। उधर नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 420 अंक कम होकर 22 हजार 125 दर्ज हुआ और अंतराष्ट्रीय बाजारों में ब्रेंट कच्चे की तेल की कीमत 72 डॉलर 98 सेंट प्रति बैरल के आस-पास चल रही थी।

 

***

नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री माइक मासिमिनो ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग के लिए भारत के चंद्रयान -3 मिशन की प्रशंसा की है। आकाशवाणी से साक्षात्‍कार में, श्री माइक ने कहा कि यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

 

 

यह साक्षात्‍कार आज रात साढ़े नौ बजे आकाशवाणी एफएम गोल्ड चैनल पर हमारे साप्ताहिक कार्यक्रम करंट अफेयर्स में प्रसारित किया जाएगा।

 

***

लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में अफगानिस्‍तान और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच मैच बारिश के कारण अभी रुका हुआ है। मैच रोके जाने तक अफगानिस्‍तान के 274 रन के लक्ष्‍य के जवाब में ऑस्‍ट्रेलियान ने 13वें ओवर में एक विकेट पर 109 रन बना लिये हैं। इससे पहले, टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी करते हुए अफगानिस्‍तान की टीम 273 रन पर सिमट गई। सेदिकुल्‍लाह अटल ने 85 और अजमतउल्‍लाह उमरजई ने 67 रन बनाये है।

 

***

बेंगलुरु में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स के साथ मैच में मुंबई इंडियंस ने ताजा समाचार मिलने तक 20वें ओवर में 8 विकेट पर 120 रन बना लिए हैं।

 

***

दुबई ओपन टेनिस में युकी भांबरी और ऑस्ट्रेलिया के एलेक्सई पोपीरिन डबल्‍स फाइनल में पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल में उन्‍होंने ऑस्ट्रेलिया के जॉन पीयर्स और ब्रिटेन के जेमी मरे की जोड़ी को हराया।

 

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयेन ने व्‍यापार, निवेश और स्‍वच्‍छ ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों को प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने राष्‍ट्रीय राजधानी में कानून व्‍यवस्‍था की स्थिति पर उच्‍च स्‍तरीय बैठक की। बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

  • चालू वित्‍त वर्ष की तीसरी तिमा‍ही में सकल घरेलू उत्‍पाद में छह दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि के साथ भारत विश्‍व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्‍यवस्‍था।

  • उत्तराखंड के चमोली जिले में बर्फीले तूफान में फंसे 32 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया। हिमाचल प्रदेश में तेज वर्षा और बर्फबारी जारी।

  • बम्‍बई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में करीब 1,400 अंक और निफ्टी में 400 अंक से अधिक की गिरावट।

  • लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में अफगानिस्‍तान ने ऑस्‍ट्रेलिया को 274 रन का लक्ष्‍य दिया।

 

***