Download
Mobile App

android apple
signal

February 27, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एकता को अपना मार्गदर्शक सिद्धांत बनाने और राष्ट्र की सेवा ही ईश्वर की सेवा है के सिद्धान्‍त के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ के दौरान सेवाएं देने वाले सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों, बस चालकों को अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष क्षेत्र की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। श्री मोदी ने इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने भारत-यूरोप संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार विमर्श किया।

  • केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुंबई में समुद्री बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और वैश्विक व्यापार उपस्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से कई प्रमुख पहलों की शुरुआत की।

  • महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, गुजरात जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू के खिलाफ गेंदबाजी का फैसला किया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ की परंपरा, हजारों वर्षों से भारत की राष्ट्रीय चेतना को पुनर्जीवित करने के साथ देश और समाज को नए रास्ते सुझाती रही है। श्री मोदी ने कहा कि इस तरह का महाकुंभ 144 वर्ष के बाद आया, जिसने भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री ने आज अपने ब्लॉग में ये विचार साझा किए गए। उन्होंने कहा कि देश – विदेश सहित हर क्षेत्र, जाति और विचारधारा के लोग इस महाकुंभ में एक साथ दिखे। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं यह कामना करता हूं कि हम अपने पूर्वजों और संतों की यादों से नई प्रेरणा लें। उन्होंने लोगों से एकता को अपना मार्गदर्शक सिद्धांत बनाने और इस समझ के साथ काम करने का आह्वान किया कि राष्ट्र की सेवा ही ईश्वर की सेवा है। एक रिपोर्ट-

 

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह महाकुंभ एकता का महाकुंभ था। जहां 140 करोड़ देशवासियों की आस्था एक साथ एक समय में इस एक पर्व से आकर जुड़ गई थी। उन्होंने कहा बीते 45 दिन देश के कोने कोने से लाखों लाख लोग संगम तट की ओर बढ़े जा रहे थे। श्री मोदी ने कहा हर श्रद्धालु बस एक ही धुन में था। संगम में स्नान और गंगा, जमुना, सरस्वती की त्रिवेणी हर श्रद्धालु को उमंग ऊर्जा और विश्वास के भाव से भर रही थी। उन्होंने कहा इन करोड़ों लोगों को ना औपचारिक निमंत्रण था ना ही किस समय पहुंचना है उसकी कोई पूर्व सूचना थी बस लोग महाकुंभ चल पड़े और पवित्र संगम में डुबकी लगाकर धन्य हो गए। प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की। एकता काव्य महाकुंभ देश को नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ाने में मदद करेगा। श्री मोदी ने कहा कि वे एकता के महामंत्र को जीवन मंत्र बनाए। देश सेवा में ही देव सेवा, जीव सेवा में ही शिव सेवा, के भाव से स्‍वयं को समर्पित करें। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रयागराज महाकुंभ के लिए 16 हजार से अधिक रेलगाडियां संचालित की गईं। श्री वैष्‍णव ने कहा कि इस महा आयोजन में सभी विभागों का पूर्ण सहयोग रहा।

 

 

सब के सहयोग से रेलवे ने सबका एक साथ मिलकर एक बहुत क्लोज कोआर्डिनेशन के साथ काम हुआ और क्‍लोज कोऑर्डिनेशन के कारण जहां हमने 13 हजार ट्रेंस की प्लानिंग की थी 16 हजार से ज्यादा ट्रेंस चलाई। करीब साढ़े 4 से 5 करोड़ के आसपास श्रद्धालुओं को लेकर इसमें संगम में और महाकुंभ के दर्शन के लिए ला पाए।

******

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी महा‍कुंभ के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

मुख्‍यमंत्री ने बताया कि महाकुंभ के दौरान कई विदेशी राजनयिकों और आगंतुकों ने प्रयागराज का दौरा किया। 

 

 

इन 45 दिनों में 100 देशों का प्रतिनिधित्व प्रयागराज में हुआ जिसमें 74 देशों के एंबेसडर और हाई कमिश्नर्स यहां आए थे। 12 देश के मंत्री या राष्‍ट्राध्यक्ष की उपस्थिति हुई थी। निर्माण के कार्यों में केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर के लगभग साढ़े सात हजार करोड़ रूपया खर्च किया। इसमें स्थाई और अस्थाई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रयागराज को प्राप्त हुआ। प्रयागराज आज एक स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हुआ।

******

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि महाकुंभ में लगातार अपनी सेवाएं देने वाले सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों तथा राज्‍य सड़क परिवहन निगम के बस चालकों को राज्य सरकार 10 हजार रुपये का अतिरिक्त बोनस देगी। मुख्यमंत्री ने आज प्रयागराज में महाकुंभ से जुड़े सफाई, स्वास्थ्य, पुलिसकर्मियों और बस चालकों के साथ संवाद किया। उन्‍होंने महाकुंभ को सफल बनाने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। श्री योगी ने घोषणा की कि न्यूनतम वेतन न पाने वाले कर्मियों को 16 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी जाएगी।

 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि नाविकों को मुख्यमंत्री कोष से एक योजना के तहत नावें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक नाविक का पंजीकरण किया जाएगा और उन्हें 5 लाख रुपये का सुरक्षा बीमा और 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा।

 

प्रयागराज में दिव्‍य ओर डिजिटल महाकुंभ कल महाशिवरात्रि के पवित्र स्‍नान के साथ सम्‍पन्‍न हो गया। 45 दिन के इस विराट आध्यात्मिक आयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्‍था की डुबकी लगाई।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज आयुष क्षेत्र की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने, औषधीय पौधों की खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्‍साहन देने और पारंपरिक चिकित्सा में अग्रणी के रूप में देश की वैश्विक स्थिति बढ़ाने में क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान पर बल दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार अनुसंधान और नवाचार पर ध्यान देने के साथ आयुष क्षेत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

******

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने आज यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से भेंट की। डॉक्‍टर जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह यूरोप के साथ भारत के संबंधों को फिर सक्रिय करने के विचारों की प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारतीय मंत्रियों और यूरोपीय संघ के आयुक्‍तों के समूह की व्यापक भागीदारी भारत और यूरोपीय संघ के प्रगाढ़ संबंधों को दिए गए महत्व का प्रमाण है। इससे पहले, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, नई दिल्ली पहुंचीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

******

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल ने मंत्रालय की प्रमुख पहलों की एक श्रृंखला शुरू की है। इसका उद्देश्य भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना, वैश्विक व्यापार में उपस्थिति मजबूत करना और स्थिरता को बढ़ावा देना है। समुद्री क्षेत्र के लिए केंद्रीय बजट में की गई प्रमुख घोषणाओं से उत्पन्न विभिन्न संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए आज मुंबई में एक हितधारक बैठक के दौरान इन पहलों की शुरुआत की गई। उन्होंने भारत के प्रमुख बंदरगाहों में परिचालन को मानकीकृत और सुव्यवस्थित करने की एक पहल ‘वन नेशन-वन पोर्ट प्रोसेस शुरू की। इसका उद्देश्य दस्तावेज़ीकरण और प्रक्रियाओं में विसंगतियों को दूर करना है।

******

दिल्ली सरकार कल विधानसभा में आम आदमी की तत्‍कालीन सरकार से संबंधित भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक-सीएजी की एक और रिपोर्ट पेश करेगी। रिपोर्ट सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन के बारे में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रिपोर्ट की प्रतियां विधानसभा पटल पर रखेंगी।

******

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराने से समय और संसाधनों की बचत के साथ शासन की कार्यकुशलता भी बढ़ेगी और आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा मिलेगा। श्री ठाकुर ने दिल्‍ली विधानसभा में सीएजी की रिेपोर्ट पेश किये जाने को लेकर पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा।

******

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-मुखबा समेत राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने कल भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना व्‍यक्‍त की है। कल उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

******

नीति आयोग ने कहा है कि भारत दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में 5वें स्थान पर है। वर्ष 2025 में देश का सकल घरेलू उत्‍पाद-जीडीपी चार दशमलव तीन ट्रिलियन डॉलर हो गया है। नीति आयोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष का हवाला देते हुए कहा कि भारत का वास्तविक सकल घरेलू उत्‍पाद वर्ष 2015 में दो दशमलव चार ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर वर्ष 2025 में चार दशमलव तीन ट्रिलियन डॉलर हो गया।

******

प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने शहरी क्षेत्रों में युवाओं को जोड़ने और रेडियो की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया है। श्री सहगल ने आज आकाशवाणी के अहमदाबाद केंद्र का दौरा किया। श्री सहगल ने केंद्र के स्टूडियो, समाचार और कार्यक्रम इकाइयों के संचालन की समीक्षा की। श्री सहगल ने बताया कि वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म युवाओं की आवश्‍यकताओं को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

जो युवाओं की आकांक्षाएं उनके लिए स्टार्टअप के लिए रोजगार के कई रास्ते खुले हैं। उन रास्तों के बारे में उनको बताना उनसे कनेक्ट होना ताकि युवा जानकारी के लिए न भटकें। वेव्‍स हमारा ओटीटी प्‍लेटफॉर्म आया है। स्‍मार्ट फोन में आप कहीं भी दूरदर्शन के न केवल पूरे जो बहुत पुराने पुराने जो हमारे सीरियल है। वह भी देख सकते हैं और नए जॉनर का भी आप एंटरटेनमेंट उसमें देख सकते हैं। प्लस सभी समाचार चैनल्‍स हैं उसके साथसाथ उसमें रेडियो भी उपलब्‍ध है।

******

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय, विशेष रूप से भारतीय प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए एक नई गोल्ड कार्डपहल शुरू की है। इससे हार्वर्ड और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालयों के स्नातकों सहित विदेशी नागरिकों को पचास लाख डॉलर शुल्क के बदले अमरीका में रहने और काम करने की अनुमति मिलेगी।

******

और अब कुछ और अन्‍तर्राष्‍ट्रीय खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार।

 

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की कल वॉशिंगटन आयेंगे। इस दौरान यूक्रेन के दुर्लभ खनिजों के उत्‍खनन का अमरीका को अधिकार देने वाले महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। यूक्रेन में जारी संघर्ष के बारे में भी एक समझौता होगा। डॉनल्‍ड ट्रम्‍प कल व्हाइट हाउस में कहा कि समझौते के विवरण पर पहले ही काम किया जा चुका है। उन्‍होंने कहा कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दोनों से इस बारे में बात की है।

 

 

नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री माइक मैसिमिनो ने आज नई दिल्ली में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों से साथ बातचीत की। उन्होनें विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किये और उन्‍हें अंतरिक्ष अन्वेषण में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्‍होंने भारत के चंद्रयान-3 मिशन की भी प्रशंसा की। मुकेश कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में जहां-ए-खुसरो 2025 कार्यक्रम में भाग लेंगे। भव्य सूफ़ी संगीत समारोह की इस वर्ष 25वीं वर्षगांठ है।

******

 बेंगलुरु में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में गुजरात जायंट्स के साथ मैच में रॉयल चैलेन्‍जर्स बेंगलुरु ने ताजा समाचार मिलने तक 19वें ओवर में 6 विकेट पर 112 रन बना लिए हैं।

 

 उधर, रावलपिंडी में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एकता को अपना मार्गदर्शक सिद्धांत बनाने और राष्ट्र की सेवा ही ईश्वर की सेवा है के सिद्धान्‍त के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ के दौरान सेवाएं देने वाले सफाई और स्वास्थ्य कर्मियों, बस चालकों को अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष क्षेत्र की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने भारत-यूरोप संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार विमर्श किया।

  • केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुंबई में समुद्री बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और वैश्विक व्यापार उपस्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से कई प्रमुख पहलों की शुरुआत की।

  • महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में, गुजरात जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू के खिलाफ गेंदबाजी का फैसला किया।

******