Download
Mobile App

android apple
signal

February 26, 2025 9:59 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

  • बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में भाजपा के सात विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

  • विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम महाकुंभ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सम्‍पन्‍न।

  • सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के मानदंडों को संशोधित करने के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया।

  • ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए विस्‍तृत रोडमैप तैयार किया।

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने धनी अप्रवासियों के लिए मौजूदा ईबी-5 वीजा की जगह एक नए गोल्ड कार्ड निवेशक वीजा कार्यक्रम की घोषणा की; उन्‍होंने कहा- यह एच-1बी वर्क वीजा की अनिश्चितता को दूर करेगा।

  • सूडान में एक सैन्य विमान दुर्घटना में 46 लोगों की मौत।

  • आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान ने लाहौर में इंग्लैंड के सामने 326 रनों का लक्ष्य रखा; इब्राहिम जादरान ने सर्वाधिक 177 रन बनाये।

****

बिहार में आज नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में सात नए मंत्री शामिल किए गए। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पटना के राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल के विस्तार के साथ ही राज्‍य में मुख्यमंत्री सहित 36 मंत्री हो गए हैं।

 

 

बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार चुनावी वर्ष में हुआ है। ऐसे में नव नियुक्त मंत्रियों का कार्यकाल छह माह से कम रहने की संभावना है। इस वर्ष अक्तूबर नवंबर में राज्य में विधानसभा चुनाव संभावित हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में सबसे अधिक मिथिला के क्षेत्र को प्रतिनिधित्‍व मिला है, जहां से चार सदस्य शामिल किए गए हैं। आज शामिल किये गये मंत्रिमंडल के सदस्यों में से जीवेश कुमार और राजू कुमार सिंह राज्य में पहले भी मंत्री रह चुके हैं, जबकि पांच सदस्य पहली बार मंत्री नियुक्त हुए हैं। इसके साथ ही मंत्रिमंडल में सबसे अधिक प्रतिनिधित्व भाजपा का हो गया है। भाजपा कोटे से मंत्रियों की संख्या 21 हो गयी है। 13 सदस्य जदयू से, जबकि एक मंत्री हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा से है। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।

****

इस बीच, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने आज कहा कि एनडीए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा। मधुबनी में मीडिया से श्री सिंह ने कहा कि एनडीए के लिए बिहार में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है। उन्‍होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद के शासन मॉडल को नकार दिया है।

****

गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने मध्यम वर्ग, किसानों और सूक्ष्‍म, लघु तथा मध्‍यम उद्योगों के लाभ के लिए बजट पेश किया है। कोयंबटूर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद श्री शाह ने कहा कि अगले वर्ष तमिलनाडु में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनेगी।

 

25 की शुरुआत दिल्ली के विजय से हुई है और 26 तमिलनाडु में एनडीए की सरकार के साथ समाप्त करेंगे। समय आ गया है तमिलनाडु में डीएमके कि ये देशविरोधी और भ्रष्टाचारी सरकार को समाप्त करने का।

 

गृहमंत्री अमित शाह ने डीएमके सरकार पर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब करने का आरोप लगाया।

****

ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने और इसमें विविधता लाने के लिए एक विस्‍तृत रणनीति की शुरूआत की है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने दोनों देशों के बीच वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए ऑस्ट्रेलिया-भारत व्यापार और निवेश संवर्धन निधि में एक करोड 60 लाख डॉलर के निवेश की घोषणा की है। एक रिपोर्ट…

 

ऑस्ट्रेलिया ने अपने मैत्री अनुदान कार्यक्रम में अतिरिक्त 40 लाख डॉलर के निवेश की भी घोषणा की है। ऑस्ट्रेलिया की यह रणनीति स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और कौशल, कृषि व्यवसाय और पर्यटन सहित विकास के चार प्रमुख स्‍तंभों पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत पहले से चल रहे प्रयासों और निवेश को बढ़ावा देना है। ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा उद्योग, खेल, संस्कृति, अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में भारत के साथ अपने जुड़ाव को बढ़ाने के लिए लगभग 50 विशिष्ट अवसरों की पहचान की है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज़ ने कहा कि यह रणनीति ऑस्ट्रेलिया को भारत के साथ अपनी क्षमता को पूरी तरह से साकार करने के लिए महत्वपूर्ण है। आयुषी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्‍मा रॉय।

****

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि आर्थिक और औद्योगिक रूप से कमजोर राष्‍ट्रों की आकांक्षाओं और हितों को वैश्विक मंच पर पूरी तरह से प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। जापान-भारत-अफ्रीका व्यापार मंच पर वर्चुअल रूप से अपने संबोधन में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत ने लगातार इस मुद्दे को वॉयस ऑफ द ग्लोबल साउथ शिखर सम्‍मेलन और जी-20 की अध्‍यक्षता के माध्यम से आगे बढ़ाया है।

****

खबरें महाकुंभ से….

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सम्‍पन्‍न हो गया है। 45 दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महाकुंभ में अब तक 66 करोड़ 21 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, विदेशी प्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री तथा कई केंद्रीय मंत्री सहित प्रमुख हस्तियों ने पवित्र डुबकी लगाई। हमारे संवाददाता ने बताया कि आज शाम 6 बजे तक 1 करोड़ 44 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं।

 

इस वर्ष आयोजित किया गया महाकुंभ इतिहास में आध्यात्मिकता और मानव समागम के सबसे बड़े केंद्रों में से एक रहा है। आज महाकुंभ का अंतिम प्रमुख स्नान और भी खास रहा। महाकुंभ मेला क्षेत्र में भारतीय वायुसेना ने एयर शो का प्रदर्शन किया, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। प्रयागराज में यातायात व्यवस्था का भी सख्ती से पालन किया गया और इंडीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से कड़ी निगरानी रखी गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं, संतों और कल्पवासियों को शुभकामनाएं दीं।

 

आकाशवाणी समाचार से बातचीत में महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं ने अंतिम मुख्य स्नान को लेकर अपना अनुभव साझा किये।

 

इस महाकुंभ ने अपनी 45 दिवसीय यात्रा के माध्यम से दुनिया भर के लोगों को एक यादगार आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा दी। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

****

रेलवे ने महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकुंभ से घर लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आज शाम 6 बजे तक प्रयागराज के विभिन्‍न स्‍टेशनों से दो सौ तैतालिस रेलगाडियां चलाईं। रेल मंत्रालय ने कहा कि करीब साढ़े ग्‍यारह लाख यात्रियों ने इन रेलगाडियों से यात्रा की। मंत्रालय ने बताया कि महाशिवरात्रि स्‍नान के बाद अतिरिक्‍त रेलगाडियां चलाने के लिए विशेष प्रबंध किए गये हैं। रेलवे आज प्रयागराज से साढे तीन सौ रेलगाडियां चला रहा है।

****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु चार दिन के दौरे पर आज गुजरात पहुंचीं। वडोदरा हवाई अड्डे पर राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत और राज्‍य मंत्री जगदीश विश्‍वकर्मा ने राष्‍ट्रपति का स्‍वागत किया। चार दिन के दौरे पर राष्‍ट्रपति मुर्मु केवडिया और कच्‍छ जिलों में विभिन्‍न स्‍थानों पर जायेंगी। राष्‍ट्रपति का अहमदाबाद और गांधीनगर में दो दीक्षांत समारोह में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्‍ट्रपति आज शाम एकता नगर पहुंच गई हैं। एकता नगर में अपने प्रवास के दौरान राष्‍ट्रपति मुर्मु कल सबसे पहले विश्‍व की सबसे बडी मूर्ति स्‍टैच्‍यू ऑफ यूनिटी जाएगी।  

****

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने आज पश्चिम बंगाल में प्राथमिक स्कूल शिक्षक भर्ती घोटाले में तीसरा पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। सीबीआई ने इस मामले में मुख्य आरोपी सुजॉय कृष्ण वद्रो के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। आरोप पत्र के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के नेता और पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने सुजॉय कृष्‍ण वद्रो से 15 करोड़ रुपये की मांग की थी।

****

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने धनी अप्रवासियों के लिए मौजूदा ईबी-5 वीजा की जगह एक नए गोल्ड कार्ड निवेशक वीजा कार्यक्रम की घोषणा की है। ट्रम्प ने कहा कि कंपनियां वर्क वीजा और ग्रीन कार्ड की अनिश्चितताओं से निपटने के लिए अत्यधिक प्रतिभाशाली पेशेवरों के लिए 50 लाख डॉलर के भुगतान पर इमिग्रेशन गोल्ड कार्ड खरीद सकती हैं। श्री ट्रम्प ने कहा कि गोल्‍ड कार्ड निवेशक वीजा से पेशेवरों को एच-1बी वर्क वीजा की अनिश्चितता और ग्रीन कार्ड के लिए दशकों तक इंतजार से छुटकारा मिलेगा।

****

सूडान के ओमडुरमैन शहर में एक सैन्य विमान दुर्घटना में 46 लोगों की मृत्यु हो गई है। सेना ने बताया कि एंटोनोव विमान, खार्तूम के नजदीक वादी सईदना एयर बेस से उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।

****

तेलंगाना के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने आज कहा कि एस.एल.बी.सी. सुरंग परियोजना हादसे के बाद जारी बचाव अभियान में कल से और तेजी आएगी। सुरंग के अंदर फंसे आठ लोगों से अभी तक संपर्क नहीं हो पाया है।

****

सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के मानदंडों को संशोधित करने के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। एक रिपोर्ट…

 

खेल मंत्रालय के अनुसार समिति की अध्यक्षता संयुक्त सचिवखेल विकास कुणाल करेंगे। समिति 15 दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपेगी। पेरिस ओलंपिक के बाद एक नया ओलंपिक चक्र शुरू हो गया है और नई परिस्थितियों में मानदंडों की समीक्षा की आवश्यकता महसूस की गई है। राष्ट्रीय खेल महासंघों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के मानदंडों को आखिरी बार 2022 में संशोधित किया गया था। केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और भागीदारी सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए सहायता योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल महासंघों को वित्तीय सहायता दे रही है। समाचार कक्ष से जया भारती।

****

और अब खेल खबरें, लाहौर में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में अफगानिस्‍तान ने इंग्‍लैंड को 326 रन का लक्ष्‍य दिया है। जवाब में इंग्‍लैंड ने ताजा समाचार मिलने तक 29 ओवर में चार विकेट पर 163 रन बना लिये हैं। अफगानिस्‍तान ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए इब्राहिम जदरान के 177 रन की मदद से 7 विकेट पर 325 रन बनाए।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में भाजपा के सात विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

  • विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम महाकुंभ महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सम्‍पन्‍न।

  • सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के मानदंडों को संशोधित करने के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया।

  • ऑस्ट्रेलिया ने भारत के साथ व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए विस्‍तृत रोडमैप तैयार किया है।

  • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने धनी अप्रवासियों के लिए मौजूदा ईबी-5 वीजा की जगह एक नए गोल्ड कार्ड निवेशक वीजा कार्यक्रम की घोषणा की; उन्‍होंने कहा- यह एच-1बी वर्क वीजा की अनिश्चितता को दूर करेगा।

  • सूडान में एक सैन्य विमान दुर्घटना में 46 लोगों की मृत्‍यु।

  • आईसीसी पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान ने लाहौर में इंग्लैंड के सामने 326 रनों का लक्ष्य रखा; इब्राहिम जादरान ने सर्वाधिक 177 रन बनाये।

****