मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – विशेषज्ञों ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की तेज वृद्धि को लेकर विश्वास जताया।
- सीबीआई ने गेनबिटकॉइन क्रिप्टो करेंसी घोटाले के सिलसिले में देशभर में 60 स्थानों पर छापे मारे।
- नेता प्रतिपक्ष आतिशी सहित आम आदमी पार्टी के इक्कीस विधायक दिल्ली विधानसभा सत्र की तीन बैठकों के लिए निलंबित।
- 1984 सिख विरोधी दंगे मामले में पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को आजीवन कारावास की सज़ा।
- बांग्लादेश में सूचना तथा प्रसारण सलाहकार नाहिद इस्लाम ने अंतरिम सरकार से इस्तीफा दिया।
- आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में रावलपिंडी में बारिश के कारण ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला रद्द।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि असम, असीमित संभावनाओं का केंद्र बना हुआ है। वे आज गुवाहाटी में एडवांटेज असम के दूसरे संस्करण में निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की तेज वृद्धि को लेकर विश्वास जताया है। उन्होंने राजनयिकों, प्रमुख उद्योगपतियों, विदेशी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि असम पूर्वोत्तर भारत का विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा।
असम आज साउथ–ईस्ट एशिया और भारत के बीच का गेटवे बनकर उभर रहा है। इस पोटेंशियल को और आगे बढाने के लिए सरकार ने नॉर्थ–ईस्ट ट्रांसफॉर्मेटिव इंडस्ट्रियलाइजेशन्स स्कीम शुरू की है। ये स्कीम असम समेत पूरे नॉर्थ–ईस्ट में इंडस्ट्री को, इन्वेस्टमेंट को, टूरिज्म को गति देगी। मैं इंडस्ट्री के आप सब साथियों से कहूंगा, स्कीम और असम के अनलिमिटेड पोटेंशियल का पूरा लाभ उठाइए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार संपर्क, अवसंरचना में सुधार और इस क्षेत्र में स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ बनाने पर भी कार्य कर रही है।
*******
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि असम भारत का विकास इंजन होगा, क्योंकि सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है। गुवाहाटी में ‘एडवांटेज असम निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि जांगीरोड का सेमीकंडक्टर प्लांट असम को सेमीकंडक्टर हब में बदल देगा। उन्होंने घोषणा की कि गुवाहाटी में रेलवे स्टेशन की जमीन पर अत्याधुनिक आईटी हब विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र ने दो नई अमृत भारत ट्रेनें, बोडोलैंड क्षेत्र में एक रेल कोच निर्माण इकाई और लामडिंग में एक रेल इंजन पुनर्निर्माण इकाई को मंजूरी दी है।
2014 से पहले मात्र दो ढाई हजार करोड़ का अलॉटमेंट होता था रेलवे के लिए असम के लिए और पूरे नॉर्थ ईस्ट के लिए आज 10400 करोड रुपए का एलोकेशन है जहां तक यथासंभव फोर लाइन थ्री लाइन और टू लाइन डबिंग ट्रिपलिंग और क्वाडर्पलिंग के प्रोजेक्ट साथ में लेंगे जहां जहां जरूरत थी वहां पर नए लाइंस बनाएंगे और पूरे नॉर्थ ईस्ट में मिलाकर करीब 50% यूनिट कार्गो टर्मिनल्स बनाएंगे जिससे कि नॉर्थ ईस्ट में कार्गो का मूवमेंट बहुत फास्ट हो।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरासत के संरक्षण के साथ विकास के मंत्र को क्रियान्वित करते हुए प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जा रही है। वे आज भोपाल में आयोजित आठवें वैश्विक निवेशक सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्री शाह ने कहा कि यह सम्मेलन भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में सहायक होगा।
2047 तक मोदी जी ने पूर्ण विकसित राष्ट्र भारत को बनाने का संकल्प रखा है और 2027 तक दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का संकल्प भी रखा है। मध्यप्रदेश की ये इन्वेस्टमेंट समिट दोनों लक्ष्य को सिद्ध करने के लिए न केवल सहायक होगी, इसमें बहुत बड़ा योगदान भी देगी।
*******
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच संबंधों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सबित होगा। श्री गोयल ने आज नई दिल्ली में ब्रिटेन के व्यापार और वाणिज्य मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। श्री गोयल ने बताया कि बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
जो तेजी इस दो दिवसीय चर्चाओं में देखने मिली है, हम दोनों को लगता है कि आगे चलके भारत और यूनाईटेड किंग्डम के बीच हमारे संबंध हमारे व्यापार के संभावनाओं को हम बड़़े रूप में आगे लेके जा सकते हैं।
*******
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने गेनबिटकॉइन क्रिप्टो करेंसी घोटाले के सिलसिले में देश भर में 60 से ज़्यादा जगहों पर छापेमारी की है। दिल्ली एनसीआर, पुणे, चंडीगढ़, नांदेड़, कोल्हापुर और बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों में तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें मुख्य आरोपियों से जुड़े परिसरों की तलाशी ली जा रही है।
*******
पंजाब में, अवैध ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ आज एक दिन का छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में एक हजार 274 विदेश भेजने वाली कंपनियों पर छापे मारे गए। सात ट्रेवल एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ 24 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
*******
एक राष्ट्र एक चुनाव पर संसद की संयुक्त समिति की बैठक आज संसद भवन में हुई। बैठक के दौरान समिति ने कानूनी विशेषज्ञों से बातचीत की। 39 सदस्यों वाली इस समिति में लोकसभा से 27 और राज्यसभा से 12 सदस्य हैं।
*******
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी, गोपाल राय समेत आम आदमी पार्टी के इक्कीस विधायकों को दिल्ली विधानसभा के मौजूदा सत्र की तीन बैठकों के लिए निलंबित कर दिया गया है। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के आज विधानसभा में अभिभाषण के दौरान अभद्र व्यवहार के कारण इन विधायकों को निलंबित किया गया है।
*******
नियंत्रक और महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट से पता चला है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा 2021 में लागू की गई शराब नीति से राज्य के खजाने को दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व घाटा हुआ है। दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में यह रिपोर्ट पेश की। एक रिपोर्ट……….
दिल्ली विधानसभा में पेश की गई कैग रिपोर्ट में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा बनाए गए शराब नीति में कई खामियां उजागर हुई हैं इस रिपोर्ट के अनुसार लाइसेंस देने की प्रक्रिया में जरूरी मानदंडों का उल्लंघन किया गया था इसके अलावा शराब की कीमतों के निर्धारण के मुद्दे पर भी यह रिपोर्ट प्रकाश डालते हैं दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने आज आपने अभि भाषण में कहा कि हर रिपोर्ट आम आदमी पार्टी सरकार की सफलता को उजागर करती है। सदन में श्री सक्सेना के भाषण के दौरान विपक्षी विधायकों ने मुख्यमंत्री कक्षा से कुछ तस्वीरें हटाए जाने पर आपत्ति जताते हुए सदन में हंगामा किया। हंगामा के बीच दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के 21 विधायकों को उनके अनुचित व्यवहार के लिए अगली दो बैठकों के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा के सत्र को दो दिन के लिए और बढ़ा दिया गया दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली
*******
दिल्ली की एक अदालत ने 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े हत्या के एक मामले में पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को आज आजीवन कारावास की सजा सुनाई। पहली नवंबर 1984 को जसवंत सिंह और उनके बेटे तरुणदीप सिंह की हत्या के मामले में विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने यह फैसला सुनाया।
*******
भारतीय जनता पार्टी नेता और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाना 35 साल बाद पीड़ितों के लिए राहत की बात है। उधर, आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि सिख दंगों में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह भाजपा नेता हो या कांग्रेस नेता।
*******
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में धार्मिक और सीमावर्ती पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर्यटकों को आकर्षित करती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देती है।
*******
प्रयागराज महाकुंभ अपने समापन की ओर है। कल महाशिवरात्रि के पावन स्नान के साथ ही 45 दिन के इस आध्यात्मिक महाकुंभ का समापन हो जायेगा। आध्यात्मिक महाकुंभ के दिव्य समापन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अनेक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रयागराज में महाशिवरात्रि के अवसर पर भीड़ प्रबंधन के लिए मेला क्षेत्र को आज शाम 4 बजे से नो–व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है, जबकि कमिश्नरेट शाम 6 बजे से नो–व्हीकल जोन हो गया है। महाकुंभ के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि सभी शिवालयों और विभिन्न स्नान घाटों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे कुंभ क्षेत्र में जोनल सिस्टम से यातायात संचालित किया जाएगा।
पूरा अपना जो ट्रैफिक व्यवस्थापन है, वो इस दृष्टि से रहेगा कि कहीं पे चोक प्वाइंट्स न हो। श्रद्धालु बड़ी सुगमता से जल चढ़ा पाये, स्नान कर पाये। पूरे क्षेत्र को नो व्हिकल जोन घोषित किया गया है। केवल आकास्मिक सेवाएं हैं, यहीं अलाउ की गई हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था का पालन करने और सुचारू यातायात तथा श्रद्धालुओं की सुविधा में सहयोग करने की अपील की है। पिछले डेढ़ महीने से चल रहा महाकुंभ विश्व का सबसे बड़ा अध्यात्मिक आयोजन रहा है और कल महाशिवरात्रि के साथ ही इसका समापन हो जाएगा। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हेराथ पोष्टे के अवसर पर कश्मीरी पंडितों को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह त्यौहार कश्मीरी पंडितों की जीवंत संस्कृति से जुड़ा हुआ है।
*******
बांग्लादेश में छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने अंतरिम सरकार के सूचना तथा प्रसारण सलाहकार के पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसी अटकलें हैं कि वे किसी नई राजनीतिक पार्टी में शामिल हो सकते हैं। ढाका विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र और भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के प्रमुख नाहिद इस्लाम ने प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे के लिए विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व किया था।
*******
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का सातवां मैच रद्द हो गया है। रावलपिंडी में लगातार बारिश की वजह से दोनों टीमों के बीच ग्रुप-बी के इस मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – विशेषज्ञों ने वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की तेज वृद्धि को लेकर विश्वास जताया।
- सीबीआई ने गेनबिटकॉइन क्रिप्टो करेंसी घोटाले के सिलसिले में देशभर में 60 स्थानों पर छापे मारे।
- नेता प्रतिपक्ष आतिशी सहित आम आदमी पार्टी के इक्कीस विधायक दिल्ली विधानसभा सत्र की तीन बैठकों के लिए निलंबित।
- 1984 सिख विरोधी दंगे मामले में पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार को आजीवन कारावास की सज़ा।
- बांग्लादेश में सूचना तथा प्रसारण सलाहकार नाहिद इस्लाम ने अंतरिम सरकार से इस्तीफा दिया।
- आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में रावलपिंडी में बारिश के कारण ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला रद्द।
*******