मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि – उनकी परिकल्पना है कि दुनिया के प्रत्येक रसोईघर में भारतीय किसानों द्वारा उत्पादित कम से कम एक व्यंजन होना चाहिए। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22 हजार 700 करोड़ रुपये की 19वीं किस्त जारी की।
- भारत और ब्रिटेन, द्विपक्षीय मुक्त व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमत हुए।
- विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा-भारत, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सबसे बड़ा योगदानकर्ता है।
- नवगठित दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गये।
- गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में बदलाव आया है।
- आई.सी.सी. चैंपियंस क्रिकेट ट्रॉफी में-रावलपिंडी में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 237 रन का लक्ष्य दिया।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के भागलपुर में देशभर के नौ करोड़ 80 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी परिकल्पना है कि दुनिया की प्रत्येक रसोई घर में भारतीय किसान द्वारा उत्पादित कम से कम एक व्यंजन होना चाहिए।
मेरा तो सपना है कि दुनिया की हर रसोई में भारत के किसान का उगाया कोई न कोई उत्पाद होना ही चाहिए। इस वर्ष के बजट ने भी इसी विजन को आगे बढाया है।
योजना की किस्त जारी करने पर प्रधानमंत्री ने किसानों को बधाई दी।
आज जो किसान सम्मान नीधि दी गई है। इसमें बिहार के भी 75 लाख से अधिक के किसान परिवार है। बिहार के किसानों के खातों में करीब आज सोलह सौ करोड रुपये पहुंच चुके हैं। मैं बिहार और देश के सभी किसान परिवारों को बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 22 हजार 700 करोड़ रुपये की राशि जारी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए दलहन और तिलहन की फसलों में देश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। एक रिपोर्ट…
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की आय में बढोतरी के लिए दलहन और तिलहन के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की कमी नहीं हो इसके लिए सरकार ने पिछले 10 साल में 12 लाख करोड रुपए का सब्सिडी का बोझ वहन किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 6 साल में किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3 लाख 70 हजार करोड रुपए से अधिक की राशि प्रदान की गई है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार, भागलपुर।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार के प्रयासों से पूर्वोत्तर राज्य विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे। असम के गुवाहाटी में आज झुमोर बिनंदिनी कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि एक समय था जब असम और पूर्वोत्तर के विकास की उपेक्षा की गई थी और क्षेत्र की संस्कृति को नजरअंदाज किया गया था। उन्होंने कहा कि अब वह स्वयं पूर्वोत्तर की संस्कृति के ब्रांड एंबेसडर बन गए हैं और भाजपा सरकार असम के विकास के लिए कृतसंकल्प हैं।
भाजपा सरकार असम का विकास भी कर रही है और यहां के पीक ट्राइब की सेवा भी कर रही है। बागान कर्मियों की आय बढे। इस दिशा में असाम टी कॉर्पोशन के कामगारों के लिए बोनस की घोषणा भी की गई है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कार्यक्रम में कहा कि आज राज्य के लिए बहुत सौभाग्य का समय है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद पहली बार असम आए हैं। विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर और लगभग 60 देशों के मिशन प्रमुख भी ‘झुमॉइर बिनंदिनी’ कार्यक्रम में शामिल हुए।
इससे पहले, भोपाल में आज ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास में पहली बार दुनिया भारत की ओर आशान्वित नजरों से देख रही है। श्री मोदी ने कहा कि आम लोगों, अर्थशास्त्रियों, संस्थाओं और कई देशों को भारत से उम्मीदें हैं।
****
भारत और ब्रिटेन ने आज मुक्त व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने पर सहमति जताई। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में ब्रिटेन के वाणिज्य और व्यापार मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
श्री गोयल ने कहा कि दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता न्यायसंगत, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी होगा। दोनों नेताओं ने वार्ताकारों को सलाह दी कि वे दोनों पक्षों के हित में विभिन्न बकाया मुद्दों को सुलझाने का प्रयास करें।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना अभियानों भारत का सबसे बड़ा योगदान है। नई दिल्ली में महिला शांति सैनिकों के पहले सम्मेलन के दौरान विदेशमंत्री ने कहा कि वैश्विक शांति में शांति स्थापना के प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि महिला शांति सैनिकों की स्थानीय समुदायों तक बेहतर पहुंच होती है और वे महिलाओं तथा बच्चों के लिए आदर्श के रूप में काम कर सकती हैं। राष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में ग्लोबल साउथ की महिला शांति सैनिकों के एक समूह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
महिला शांति सैनिक, “शांति स्थापना में महिलाएँ: एक ग्लोबल साउथ परिप्रेक्ष्य” विषय पर एक सम्मेलन में भाग लेने के लिए इन दिनों नई दिल्ली में हैं।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात के पांच दिन के दौरे पर रवाना होंगी। बिहार में वे पटना मेडिकल कॉलेज के शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में वे एक सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगी। गुजरात में राष्ट्रपति केवडि़या, अहमदाबाद और धोलावीरा जांएगी।
****
रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता नवगठित दिल्ली विधानसभा के आज अध्यक्ष चुने गए। विधानसभा सत्र के पहले दिन श्री गुप्ता को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित विधायकों ने भी शपथ ली। एक रिपोर्ट-
नवगठित दिल्ली विधानसभा ने अपने नव-निर्वाचित सदस्यों का सुंदर फूलों से बनीं जीवन सजावट के साथ आज स्वागत किया। प्रोटेन स्पीकर अरविंद सिंह लवली ने मुख्यमंत्री के कैबिनेट सहयोगियों के साथ-साथ आप विधायक आतिशी सहित नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई सत्र के पहले दिन स्पीकर के चुनाव के कुछ ही मिनटों बाद आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री के कक्ष से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर, और भगत सिंह की तस्वीरों को कथित तौर पर हटाने का मुद्दा उठाने की कोशिश की। वहीं, इसके बाद भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के कक्षों की तस्वीरें जारी की जहां दीवारों पर महात्मा गांधी, भगत सिंह, डॉ भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र देखे जा सकते हैं। इस बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे आम आदमी पार्टी की अपने भ्रष्टाचार से ध्यान भटकने की चाल बताया।
इनकी बातों का जवाब देना मेरा काम नहीं है। मैं जनता के प्रति जवाबेदय हूं और उनके लिए हमेशा जवाब दूंगी।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सदन नियमों के अनुसार चलेगा।
संसदीय प्रणाली की अवहेलना हुई है और में सभी सदस्यों से यही आग्रह करूंगा पक्ष और विपक्ष से सदन की शालीनता को बनाके रखें।
उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना कल सदन को संबोधित करेंगे सकलेन अख्तर आकाशवाणी सामाचार, दिल्ली।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम वतन को जानो के अन्तर्गत जम्मू-कश्मीर के युवाओं और बच्चों से बातचीत की। श्री शाह ने बच्चों से कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में काफ़ी बदलाव आया है।
कश्मीर के अंदर बहुत बडा परिवर्तन हुआ है। रोड, ब्रिज, अस्पताल, नये-नये विश्वविद्यालय, आईआईएम, आईआईटी ये सब तो बना ही बना, इसके साथ-साथ पंचायत लेवल के और नगर पालिका के लगभग छत्तीस हजार लोगों को अधिकार देने का काम किया है। ये पूरा परिवर्तन दस साल के अंदर हुआ।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यांत्रिक मेधा का उपयोग करके रक्षा क्षेत्र में नए शोध का आह्वान किया है। आज हिमाचल प्रदेश में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के 16वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भर बन रहा है।
आज भारत को अपना एआई ड्रिवेन वॉर ड्रॉपिन बनाने की आवश्यकता है। डिफेंस के लिए इंडेजिनेस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बनाने की जरूरत है। साइबर सिक्यूरिटी को ध्यान में रखकर फायर वॉल्स भी डवलेप करने की जरूरत है। मेरा मानना है कि इसमें आईआईटी मंडी एक बहुत बडी भूमिका निभा सकता है।
प्रयागराज में महाकुंभ के त्रिवेणी संगम पर आज शाम 6 बजे तक एक करोड़ 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। हमारे संवाददाता ने बताया कि अब तक 62 करोड़ 6 लाख श्रद्धालु संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं, जिनमें कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं।
महाकुंभ में देश के विभिन्न हिस्सों से संत और श्रद्धालु पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार ने अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान किया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी महाकुंभ में पहुंचे। लोकसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता रवि किशन, राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, अभिनेत्री कैटरीना कैफ, सोनाली बेंद्रे और रवीना टंडन ने भी पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। महाकुंभ अपने समापन की ओर है और दुनियाभर से हर रोज एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु आ रहे हैं, आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
****
रावलपिंडी में चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 237 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में न्यूजीलैंड ने ताजा समाचार मिलने से 33वें ओवर में 3 विकेट पर 164 रन बना लिये हैं।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे रीसाइकलिंग एण्ड वेस्ट मैनेजमेंट यानि “पुनर्चक्रण और अपशिष्ट प्रबंधन” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ डॉक्टर सुनील पांडे तथा पर्यावरणविद् मुकुल सनवाल के साथ चर्चा प्रसारित की जाएगी।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – उनकी परिकल्पना है कि दुनिया के प्रत्येक रसोईघर में भारतीय किसानों द्वारा उत्पादित कम से कम एक व्यंजन अवश्य होना चाहिए। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22 हजार 700 करोड़ रुपये की 19वीं किस्त जारी की।
- भारत और ब्रिटेन, द्विपक्षीय मुक्त व्यापार वार्ता फिर शुरू करने पर सहमत हुए।
- विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कहा-भारत, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सबसे बड़ा योगदानकर्ता है।
- नवगठित दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गये।
- गृहमंत्री अमित शाह ने कहा-पिछले एक दशक में जम्मू-कश्मीर में बदलाव आया है।
- आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी में-रावलपिंडी में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 237 रन का लक्ष्य दिया।