Download
Mobile App

android apple
signal

February 21, 2025 9:46 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भाषा की बाधाओं को तोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए; उन्होंने कहा सरकार हर भाषा को मुख्यधारा की आवाज़ के रूप में देखती है।
  • विदेश मंत्रालय ने कहा एजेंसियां ​​यूएसएआईडी फंडिंग के मामले की जांच कर रहीं हैं और भारत के अंदरूनी मामलों में विदेशी हस्तक्षेप पर चिंता जताई।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने और सीधी उड़ान कनेक्टिविटी सहित अपने चीनी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
  • हमास ने इजरायल के साथ चल रहे युद्धविराम समझौते के तहत कल अंतिम छह बंधकों को रिहा करने की पुष्टि की।
  • चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका ने कराची में अफगानिस्तान के सामने 316 रनों का लक्ष्य रखा।

***

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाषा संस्कृति की वाहक होती है। नई दिल्‍ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि महाराष्ट्र के कई संतों ने मराठी भाषा में भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज को नई दिशा दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने मराठी भाषा और मराठी साहित्य के उल्लेखनीय कार्य की सराहना की।

 

मराठी भाषा और मराठी साहित्‍य ने समाज के शोषित, वंचित वर्ग के लिए सामाजिक मुक्ति के द्वार खोलने का भी अद्भुत काम किया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि भारतीय भाषाओं के बीच कभी कोई भेदभाव नहीं रहा बल्कि उन्‍होंने एक दूसरे को समृद्ध किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 1878 से अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन देश में 147 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। श्री मोदी ने कहा कि इस सम्‍मेलन का आयोजन बेहद खास अवसर पर हो रहा है।

 

ये मराठी सम्‍मेलन एक ऐसे समय हो रहा है जब छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्‍याभिषेक के  तीन सौ पचास वर्ष पूरे हुए हैं। जब पुण्‍य श्‍लोक अहिल्या बाई होलकर जी की जन्‍म जयंती के तीन सौ वर्ष हुए हैं और कुछ ही समय पहले बाबा साहब अम्‍बेडकर के प्रयासों से बने हमारे संविधान ने भी अपने 75 वर्ष पूरे किये हैं।

 

आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, अखिल भारतीय मराठी साहित्य महामंडल की अध्यक्ष ऊषा तांबे ने कहा कि सम्मेलन में पैनल चर्चा, पुस्तक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रदर्शन और प्रतिष्ठित साहित्यकारों के साथ संवाद सत्र की विविध श्रृंखला आयोजित की जाएगी।

***

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमरीकी अंतर्राष्ट्रीय विकास एजेंसी की वित्‍तीय सहायता के बारे में हाल के बयान चिंताजनक हैं। ये बयान भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के बारे में चिंता पैदा करते हैं। नई दिल्ली में मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि संबंधित विभाग और एजेंसियां ​​इस मामले की जांच कर रही हैं।

 

विदेश मंत्रालय ने कहा कि पनामा में भारतीय मिशन, अमरीका से पनामा और कोस्टा रिका लाए गए भारतीय नागरिकों के संबंध में स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। श्री जायसवाल ने कहा कि संबंधित व्यक्तियों की भारतीयता की पुष्टि के लिए विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार सत्‍यापित होने के बाद भारतीय नागरिकों को वापस लाया जाएगा। श्री जायसवाल ने कहा कि पनामा भेजे गये लोग अमरीका में अवैध रूप से रह रहे थे। भारतीय निर्वासित लोगों को अमृतसर ले जाने वाली अमरीकी उडानों पर प्रवक्‍ता ने कहा कि भारत ने अमरीका के साथ अपनी चिंताएं साझा की है। उन्होंने बताया कि भारत ने इस बात पर बल दिया है कि निर्वासित लोगों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि 15 और 16 फरवरी को अमृतसर उतरने वाली उड़ानों में बच्चों और महिलाओं का अपमान नहीं किया गया।

 

श्री जायसवाल ने यह भी कहा कि केन्‍द्र सरकार, भारत में सभी अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को उच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि नेपाली छात्रा की मृत्‍यु के बाद मंत्रालय ओडिशा सरकार और कलिंग औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्‍थान-के.आई.आई.टी. अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। श्री जायसवाल ने कहा कि ओडिशा पुलिस ने आरोपियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया हैं।

 ***

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत की आर्थिक वृद्धि में जापान एक प्रमुख सहयोगी देश रहा है। उन्‍होंने कहा कि भारत में विदेशी निवेश में जापान का पांचवां स्‍थान है। श्री गोयल ने नई दिल्ली में भारत-जापान अर्थव्यवस्था और निवेश मंच में कहा कि जापान से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, वर्ष 2000 और 2024 के बीच 43 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 में हस्ताक्षरित व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते – सीईपीए से द्विपक्षीय व्यापार काफी मजबूत हुआ है। 

***

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक से अलग चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में विकास, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति के प्रबंधन के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि बैठक में कैलाश मानसरोवर यात्रा, सीधी विमान सेवा फिर शुरू करने और यात्रा सुविधा पर चर्चा की गई।

 

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और चीन ने एक संस्था के रूप में जी-20 को संरक्षित करने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को प्रमाणित करता है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन जी-20, शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ और ब्रिक्स के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा दोनों देशों के परस्‍पर लाभ के लिए होगी।

***

हमास ने कल रिहा किए गये छह इजरायली बंधकों को रिहा करने की पुष्टि की है। फिलिस्तीनी समूह ने कहा है कि उसने शिरी बिबास के बजाय किसी अन्‍य व्‍यक्ति का शव सौंपा है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने पुष्टि की है कि बंधकों के परिवारों को उनकी रिहाई के बारे में सूचित कर दिया गया है।

 

इस बीच, सभी छह खाड़ी देशों के अरब नेता आज सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बैठक कर रहे हैं, ताकि अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के गजा को अमरीकी नियंत्रण में पुनर्विकसित करने के विवादास्पद प्रस्ताव के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की रणनीति बनाई जा सके।

 

अगले महीने व्यापक अरब शिखर सम्मेलन से पहले मिस्र और जॉर्डन के नेताओं के साथ चर्चा की जा रही है। राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने पिछले महीने कहा था कि अमरीका गजा पर नियंत्रण कर सकता है। इसके फिलिस्तीनी निवासियों को मिस्र और जॉर्डन जैसे पड़ोसी देशों में स्थानांतरित किया जा सकता है।

***

खबरें महाकुंभ से.

 

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर होने वाले महाकुंभ के अंतिम दिन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्‍य के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेश प्रशांत कुमार ने आज महाकुंभ क्षेत्र पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस भव्य आध्यात्मिक समागम के अंतिम दिन भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अब तक 59 करोड़ 19 लाख से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।

 

महाकुंभ अब अपने समापन की ओर है जिसमें महाशिवरात्रि के अवसर पर आखिरी महत्वपूर्ण स्नान होना है। महाकुंभ में हर दिन एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने नांव से संगम घाटों का निरीक्षण किया और साफ सफाई तथा अन्य तैयारियों का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में श्री सिंह ने बताया कि अंतिम पवित्र स्नान और सप्ताहांत को देखते हुए बेहतर यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

 

26 फरवरी को महाशिवरात्रि का मेन स्नान है और उसी की तैयारी की समीक्षा के लिए हम और डीजीपी साहब आज आए हैं और सभी संबंधित अधिकारियों से बातचीत के साथ-साथ मौके पर भी पोनटून ब्रिजस, शकर प्लेट्स नदी में जो जल की मात्रा है और जो जल की शुद्धता है यह सब देखने के लिए हम लोग आज आए हुए हैं।

 

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि महाकुंभ का माहौल खराब करने की किसी भी दुर्भावना पूर्ण कोशिश पर पुलिस लगातार नजर रख रही है उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि इसे लेकर अब तक 50 से अधिक प्राथमिक की दर्ज की जा चुकी है।

 

इस पे लगातार हमारी निगरानी है हम लोगों ने कुछ एफआईआर भी दर्ज की है और हम लोगों को आईडेंटिफाई कर रहे हैं।

 

महाकुंभ महाशिवरात्रि पर स्नान के साथ ही इस भव्य आयोजन का समापन हो जाएगा, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु शामिल हुए हैं। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

 ***

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने आज वाराणसी के नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के तीसरे संस्करण को संबोधित किया। श्री नड्डा ने कहा कि काशी तमिल संगमम हमारी विविधता में एकता को दर्शाता है और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करता है।

 

तमिलनाडु का, तमिल भाषा का, तमिल संस्‍कृति का काशी से बहुत ही पुराना संबंध है और वो हमको वो पुराना संबंध अनेको-अनेक उदाहरणों के साथ देखने को मिलता है।   

***

करांची में चैपिंयन्‍स ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्‍तान को 316 रन का लक्ष्‍य दिया है। जवाब में अफगानिस्‍तान ने ताजा समाचार मिलने तक 31वें ओवर में 6 विकेट पर 123 रन बना लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए रायन रिकलटन के 103 रन की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 315 रन बनाए थे।

***

विदर्भ और केरल रणजी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गए हैं। सेमी-फाइनल में विदर्भ ने मुम्‍बई को 80 रन से हराकर और केरल ने गुजरात पर पहली पारी में सिर्फ दो रन की बढत हासिल कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।     फाइनल मैच बुधवार को नागपुर में खेला जाएगा।

***

भुवनेश्‍वर में हॉकी प्रो लीग में भारतीय पुरूष टीम का मुकाबला आयरलैंड से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने दो-एक की बढत बना ली है। इससे पहले जर्मनी ने भारतीय महिला टीम को चार-शून्‍य से हराया।

***

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी रविवार को आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 119वीं कडी होगी। इसका प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आई.आर मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। ‘मन की बात’ कार्यक्रम का लाइव स्‍ट्रीम आकाशवाणी समाचार, डीडी न्यूज़, पीएमओ तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी किया जाएगा।

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भाषा की बाधाओं को तोड़ना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए; उन्होंने कहा सरकार हर भाषा को मुख्यधारा की आवाज़ के रूप में देखती है।
  • विदेश मंत्रालय ने कहा एजेंसियां ​​यूएसएआईडी फंडिंग के मामले की जांच कर रहीं हैं और भारत के अंदरूनी मामलों में विदेशी हस्तक्षेप पर चिंता जताई।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने और सीधी उड़ान कनेक्टिविटी सहित अपने चीनी समकक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।
  • हमास ने इजरायल के साथ चल रहे युद्धविराम समझौते के तहत कल अंतिम छह बंधकों को रिहा करने की पुष्टि की।
  • चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका ने कराची में अफगानिस्तान के सामने 316 रनों का लक्ष्य रखा।

***