Download
Mobile App

android apple
signal

February 19, 2025 10:16 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और आधुनिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति की सराहना की। साल के पहले मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागालैंड में स्टार्टअप पंजीकरण में हुई दो सौ प्रतिशत की वृद्धि का उल्‍लेख करते हुए देश में समृद्ध स्टार्टअप इकोसिस्‍टम की प्रशंसा की।

  • राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने 20वां स्थापना दिवस मनाया; प्रधानमंत्री ने कहा – एनडीआरएफ ने आपदा मोचन और प्रबंधन में वैश्विक मानक स्थापित किए।

  • इज़राइल और हमास के बीच गजा संघर्ष विराम और बंधक रिहाई समझौता लागू हुआ।

  • मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत के कई हिस्सों में वर्षा और बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की।

  • भारत की महिला टीम ने नई दिल्‍ली में पहले खो-खो विश्वकप में खिताब जीतकर इतिहास रचा। पुरूष टीम का मुकाबला नेपाल से जारी।

  • अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट में, भारत ने कुआलालंपुर में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

 

***

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतरिक्ष अन्‍वेषण में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और आधुनिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत प्रखर और नवोन्मेषी वैज्ञानिकों की बदौलत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहा है। आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम की एक सौ 18वीं कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष क्षेत्र में देश की हाल की उपलब्धियों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष में उपग्रहों की डॉकिंग में मिली सफलता के संबंध में कहा कि यह तकनीक अंतरिक्ष केंद्रों को सामग्री की आपूर्ति और अंतरिक्ष में यात्रियों को भेजने के लिए महत्वपूर्ण है।

 

हमारे साइंसटिस्‍ट ने सैटेलाइट्स की स्‍पेस डॉकिंग कराई है। यह तकनीक अंतरिक्ष में स्‍पेस स्‍टेशन तक सप्‍लाई भेजने और क्रू मिशन के लिए अहम है। भारत ऐसा चौथा देश बना है, जिसने ये सफलता हासिल की है।

प्रधानमंत्री ने नागालैंड में स्टार्टअप पंजीकरण में हुई दो सौ प्रतिशत की वृद्धि का उल्‍लेख करते हुए देश में समृद्ध स्टार्टअप इकोसिस्‍टम की प्रशंसा की। स्टार्ट-अप इंडिया कार्यक्रम के नौ वर्ष पूरा होने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है।

 

कुछ दिन पहले ही स्‍टार्टअप इंडिया के 9 साल पूरे हुए हैं। हमारे देश में जितने स्‍टार्टअप्स 9 साल में बने हैं उनमें से आधे से ज्यादा टिअरटू और टिअरथ्री शहरों से हैं। हमारा स्‍टार्टअप कल्‍चर बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं है। छोटे शहरों के स्‍टार्टअप्स में आधे से ज्यादा का नेतृत्व हमारी बेटियां कर रही हैं।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की भी अग्रिम शुभकामना दी हैं। उत्तरप्रदेश में प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले के संबंध में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समता-समरसता का एक असाधारण संगम है।

प्रधानमंत्री ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के योगदान को याद करते हुए कहा कि 23 जनवरी को नेताजी की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाएगी।

***

आज राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने अपना 20वां स्थापना दिवस मनाया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल- एनडीआरएफ के स्थापना दिवस पर एनडीआरएफ के बहादुर कर्मियों का अभिनन्‍दन किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर एनडीआरएफ के जाबाज कर्मियों के साहस, समर्पण और उनके निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन बचाने, आपदाओं का सामना करने और आपात स्थितियों के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनडीआरएफ की अटूट प्रतिबद्धता सराहनीय है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीआरएफ ने आपदा मोचन और प्रबंधन में वैश्विक मानक स्‍थापित किया है।

***


केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज आंध्र प्रदेश के विजयवाडा में राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल –एनडीआरएफ के 20वें स्‍थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर गृह मंत्री ने कृष्‍णा जिले में कोंडापाउलुरू में राष्‍ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्‍थान –एनआईडीएम के दक्षिणी परिसर का भी उद्घाटन किया। एनडीआरएफ की सराहना करते हुए श्री शाह ने कहा कि आपदा प्रबंधन में देश वैश्विक स्‍तर पर अग्रणी बनकर उभरा है।

 

कई देशों के अंदर जब एनडीआरएफ की टीमें गईं, तब वहां की जनता को मदद करने में इनकी भूमिका की वहां के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्षों ने भूरिभूरि प्रशंसा की। एनडीएमए में बनाई गई नीतियों को जमीन पर एनडीआरएफ ने उतारा है और इसके कारण डिजास्‍टर मैनेजमेंट के मामले में आज भारत ग्‍लोबल लीडर बनकर बाहर आया है।

गृहमंत्री ने आज हैदराबाद में सरदार बल्‍लभ भाई पटेल राष्‍ट्रीय पुलिस अकादमी में अत्‍याधुनिक कम्‍पोजिट शूटिंग रेंज की आधारशिला रखी।

***

 खबरें महाकुंभ से:-

 

महाकुंभ 2025 में देशभर के कारीगरों के लिए एक सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रयागराज के संगम पर आयोजित इस भव्य आयोजन में छह हजार वर्ग मीटर में एक जिला, एक उत्पाद की शानदार प्रदर्शनी लगाई गई है।

 

फिरोजाबाद की कालीन, जरी उत्‍पाद, कांच के खिलौने, वाराणसी के लकड़ी के खिलौने उत्पाद श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत करते हुए प्रयागराज मंडल के उद्योग संयुक्त आयुक्त शरद टंडन ने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित करने वाले करीब 140 स्टॉल लगाए गए हैं।

 

ये प्रदर्शनी ओडीओपी की लगभग छह हजार वर्गमीटर में स्‍थापित की गई है। यहां पर लगभग 140 स्‍टॉल लगाए गए हैं, जिसमें विभिन्‍न शिल्पियों द्वारा और उद्योग द्वारा और स्‍टार्टअप द्वारा और एमएसएमई द्वारा अपने उत्‍पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री का कार्य किया जा रहा है। प्रति दिन यहां पर लगभग एक लाख लोगों का आगमन होता है।

ओडीओपी की यह पहल हस्तशिल्प और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने का अभूतपूर्व प्रयास है। महाकुंभ 2025 सिर्फ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है बल्कि उद्यमियों के लिए एक विशाल मंच भी बन गया है। इस बार चल रहे महाकुंभ मेले में ऐसे उत्पादों का कारोबार 45 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

***


प्रयागराज के महाकुंभ मेला क्षेत्र के सैक्‍टर 19 में आज शाम आग लग गई जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन सेवा, राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल के दल मौके पर पहुंचे और आग पर नियंत्रण किया।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घटना के संबंध में उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से फोन पर बात की है। योगी आदित्‍यनाथ ने प्रधानमंत्री को घटना के तथ्‍यों से अवगत कराया है।

मुख्‍यमंत्री ने घटना स्‍थल का निरीक्षण किया है और संबंधित अधिकारियों को युद्धस्‍तर पर राहत कार्य के आदेश दिए हैं।

***

 

इज़राइल और हमास के बीच गजा संघर्ष विराम और बंधक रिहाई समझौता लागू हुआ। समझौता नियत समय से तीन घंटे की देरी से आज आरंभ हो गया। इसे क्षेत्र में जारी हिंसा को कम करने की दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मध्‍यस्‍थकार कतर ने संघर्ष विराम शुरू होने की पुष्टि की है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि उन्‍हे बंदी बनाए गए लोगों की सूची मिली है जिन्‍हें समझौते के अनुसार रिहा किया जाना है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी कहा है कि सात दिनों में चार अन्‍य महिला बंदी को मुक्‍त किया जा सकता है।  समझौते के अनुसार दोनो पक्ष एक दूसरे के पकडे गए लोगों को छोडेंगे।

 

कतर, मिस्र और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए समझौते के अंतर्गत, हमास छह सप्ताह के भीतर 33 बंधकों को रिहा करेगा। पहले दिन तीन महिला बंधकों को रिहा किया जाएगा। इसके बदले इज़राइल सैकड़ों फिलिस्तीनी बंधकों को बंधनमुक्त करने के लिए तैयार है। यह समझौता गजा में मानवीय सहायता को बढ़ाने में भी मददगार सिद्ध हो रहा है। विश्व खाद्य कार्यक्रम के ट्रकों ने गजा में आवश्यक आपूर्ति पहुंचाना शुरू कर दिया है। संगठन मिस्र, जॉर्डन और इज़राइल में फैले मानवीय गलियारों के माध्यम से प्रतिदिन खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संघर्ष विराम समझौते के कार्यान्वयन पर सभी संबंधित पक्षों द्वारा बारीकी से नज़र रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति पुन: स्‍थापित हो। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

***


सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव स्विट्जरलैंड के दावोस में कल शुरू हो रहे विश्‍व आर्थिक मंच में भाग लेंगे। श्री वैष्‍णव कार्यक्रम में देश के विकास मॉडल की रूपरेख प्रस्‍तुत करेंगे। उन्‍होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों और विशेष रूप से वंचित लोगों का विकास सुनिश्चित करने के लिए देश में कई कदम उठाए गए हैं।

***

क्वालालंपुर में भारतीय महिला अंडर 19 क्रिकेट टीम ने विश्व कप में शानदार शुरूआत करते हुए आज यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। भारत ने ग्रुप ए के इस मैच में वेस्टइंडीज की पारी को महज 44 रन पर समेटने के बाद चार ओवर और दो गेंदों में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारतीय टीम अब मंगलवार को मलेशिया के खिलाफ खेलेगी। इस ग्रुप में श्रीलंका की टीम भी शामिल है।

***

भारत ने नई दिल्‍ली में पहले खो-खो विश्वकप में पुरुष और महिला खिताब जीतकर इतिहास रचा दिया है। आज फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 78-40 से हराकर शानदार जीत हासिल की।

कप्‍तान प्रियंका इंगले ने इस जीत का श्रेय खिलाडियों और कोचिग स्‍टाफ को दिया।

 

बहुत प्राउड फील कर रही हूं, प्‍लेयर जितनी मेहनत करते हैं, उतनी ही मेहनत कोचिसस भी करते हैा। जैसे हमारे चीफ कोच सुमित सर हैं, मुनी मैम है, सुषमा मैम, प्राची मैम, तो इन्‍होंने भी हमारे पीछे बहुत मेहनत की है। मतलब हमारा पूरा एक महीने का कैंप जो इन्‍होंने लिया है उसमें उन्‍होंने बहुत मेहनत की तब जाकर आज ये मेहनत का फल मिला है।

और इस बीच भारतीय पुरूष टीम का फाइनल मैच नेपाल से जारी है। ज्‍यादा जानकारी के लिए सीधे रुख करते हैं नई दिल्‍ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्‍टेडियम का, जहां मौजूद हैं हमारे संवाददाता अभिषेक कपिल।

 

***

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और उत्तरी राजस्थान में बारिश की संभावना है।

 

आने वाले पांच दिन वेस्‍टर्न हिमालय रीजन में जम्‍मूकश्‍मीर, हिमाचल, उत्‍तराखंड वहां पर रेनफॉल और स्नोफॉल होता रहेगा। एनसीआर दिल्‍ली, वेस्‍टयूपी, नॉर्थ राजस्‍थान, यहां पर आपका 22 और 23 को रेनफाल एक्टिविटी हो सकता है। पंजाब, हरियाणा, उत्‍तर प्रदेश, बिहार, मध्‍यप्रदेश, राजस्‍थान, वहां आने वाले दोतीन दिन डेन्‍स फॉग रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रह सकता है।

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि और आधुनिक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति की सराहना की। साल के पहले मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नागालैंड में स्टार्टअप पंजीकरण में हुई दो सौ प्रतिशत की वृद्धि का उल्‍लेख करते हुए देश में समृद्ध स्टार्टअप इकोसिस्‍टम की प्रशंसा की।

  • राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ने 20वां स्थापना दिवस मनाया; प्रधानमंत्री ने कहा – एनडीआरएफ ने आपदा मोचन और प्रबंधन में वैश्विक मानक स्थापित किए।

  • इज़राइल और हमास के बीच गजा संघर्ष विराम और बंधक रिहाई समझौता लागू हुआ।

  • मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत के कई हिस्सों में वर्षा और बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की।

  • भारत ने नई दिल्‍ली में पहले खो-खो विश्वकप में पुरूष और महिला खिताब जीतकर इतिहास रचा।

  • अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट में, भारत ने कुआलालंपुर में वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

 

***