मुख्य समाचार :-
- भारत और कतर द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमत; दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में व्यापार को दोगुना करके 28 बिलियन डॉलर प्रति वर्ष करने का निर्णय लिया।
- सऊदी अरब के रियाद में उच्च स्तरीय वार्ता के दौरान अमरीका और रूस के अधिकारियों ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए वार्ता दलों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया।
- केंद्र ने पंजाब, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण स्थानीय निकायों को मजबूत करने के लिए पांच सौ बासठ करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान जारी किया।
- गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने 68 में से 60 नगर पालिकाओं में जीत दर्ज की।
- एफआईएच प्रो हॉकी लीग में, भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला भुवनेश्वर में जर्मनी से जारी; महिला टीम स्पेन से हारी।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच वडोदरा में मैच जारी।
*****
भारत और कतर ने व्यापार, ऊर्जा, निवेश, नवाचार, प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साझेदारी बढ़ाने का फैसला किया है। नई दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-सानी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस दौरान, दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों देशों ने आज नई दिल्ली में दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। ये समझौता दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने, दोहरे कराधान से बचने और आय कर की राजकोषीय चोरी की रोकथाम से संबंधित हैं। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-सानी की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।
दोनों देशों ने व्यापार और निवेश सहयोग बढ़ाने के लिए भी दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली में आज वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कतर के वाणिज्य मंत्री शेख फैसल बिन सानी बिन फैसल अल सानी की उपस्थिति में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। भारत-कतर व्यापार मंच में श्री गोयल ने कहा कि भारत और कतर के बीच संबंध संभवनाओं से भरे हुए हैं।
भारत और कतर के बीच संबंध ऐतिहासिक और संभावनाओं से भरे हुए हैं। प्रधानमंत्री जी ने जो मित्रता का, भाईचारे का संदेश अमीर और कतर को एयरपोर्ट पर जाकर रिसीव करके दिया है, मैं समझता हूँ उसी में पूरी कहानी स्पष्ट हो जाती है।
*****
विदेश मंत्रालय में सीबीपी और प्रवासी भारतीय मामलों के सचिव अरुण कुमार चटर्जी ने आज नई दिल्ली मे सवाददाताओं से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी के बीच संबंध दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्रों पर प्रमुख रूप से चर्चा हुई।
श्री चटर्जी ने कहा कि वर्तमान में भारत और कतर के बीच करीब 14 अरब डॉलर का वार्षिक व्यापार होता है और दोनों देश अगले पांच साल में इसे दोगुना करने पर सहमत हुए हैं।
श्री चटर्जी ने कहा कि दोनों पक्षों ने आर्थिक साझेदारी, अभिलेखागार और दस्तावेज़ीकरण के क्षेत्र में सहयोग और युवा कार्यक्रम तथा खेल के क्षेत्र में भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
*****
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज नई दिल्ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-सानी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच चर्चा में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं, जैसे ऊर्जा, व्यापार, निवेश, संस्कृति और लोग-से-लोग संपर्कों पर चर्चा की गई ।
*****
गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में प्रशासन से अप्रैल तक तीन नए आपराधिक कानूनों का पूर्ण रूप से कार्यान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की उपस्थिति में जम्मू-कश्मीर में तीन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर समीक्षा बैठक की। गृहमंत्री ने कहा कि इन कानूनों के अंतर्गत त्वरित न्याय प्रदान करने के लिए प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इन नए कानूनों के बारे में जम्मू-कश्मीर के लोगों में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।
क्योंकि ये नए कानून हैं और कानून का लागू करना एक तरफ, कानूनी की जानकारी भी लोगों को होनी चाहिए। कानूनी की जानकारी लोगों को ज्यादा हो, उसके लिए इलेक्टेड गवर्नमेंट को जो है थोडी सी एफर्ट और करनी होगी। चाहे यूनिवर्सिटीज के लेवल पर है, हमारे कॉलेजिस के लेवल पर हैं, सोशियल या पोलिटिकली असेम्बली में, तो कभी चर्चा हुई और जो हमें करना होगा हम कर लेंगे।
*****
केंद्र ने पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत पंजाब, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए पांच सौ बासठ करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान जारी किया है। पंचायती राज मंत्रालय ने कहा कि ये अनुदान जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंत्रालय ने कहा कि ग्रामीण शासन को मजबूत करने के लिए वर्ष 2024-25 के दौरान पंजाब को 225 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ को 244 करोड़ रुपये और उत्तराखंड को 93 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात में आज हुए स्थानीय निकाय चुनावों में बडी जीत दर्ज की है। पार्टी ने राज्य की कुल 68 में से 60 नगर पालिकाओं में जीत हासिल की है। समाजवादी पार्टी ने दो और कांग्रेस ने एक नगर पालिका जीती है। जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर निगमों और तीन तालुका पंचायतों के आम चुनावों और दो नगर निगमों के मध्यावधि चुनाव तथा तालुका और जिला पंचायतों के उप-चुनावों की मतगणना आज शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गई।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के साथ गुजरात का रिश्ता अटूट है और दिन-ब-दिन मजबूत होता जा रहा है।
*****
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक कल होने की संभावना है। बैठक में पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसमें मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने की आशा है। शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा।
*****
रेल मंत्रालय ने आज स्पष्ट किया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ के मामले में उच्च स्तरीय समिति द्वारा की जा रही जांच के अलावा कोई और जांच नहीं की जा रही है। मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा कि आज कुछ मीडिया रिपोर्टों में इस घटना पर आरपीएफ जांच रिपोर्ट का हवाला दिया गया जो गलत और भ्रामक है। मंत्रालय ने मीडिया आउटलेट्स से इस संबंध में उच्च स्तरीय समिति की अंतिम रिपोर्ट की प्रतीक्षा करने का आग्रह किया।
*****
केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि केन्द्र सरकार हर वर्ग के हित में काम कर रही है, जिससे नागरिकों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। श्री चौहान आज मध्य प्रदेश के रायसेन में राष्ट्रीय भू-स्थानिक ज्ञान आधारित शहरी आवास भूमि सर्वेक्षण-नक्शा कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि अपनी उपज को कहीं और बेचने के इच्छुक किसानों की उपज की परिवहन लागत सरकार वहन करेगी।
राज्य सरकार की एजेंसी के माध्यम से या नेफेड के माध्यम से जो किसान अपने फसल को आलू, प्याज, टमाटर, अगर बाहर ले जाकर बेचना चाहेगा तो ले जाने का जो ट्रांसपोर्टेशन का जो भाडा़ लगता है, वो सरकार देगी ताकि अच्छी जगह जाके अगर रेट ठीक मिले तो टमाटर वहां बेच दे।
*****
अब खबरें महाकुंभ से……
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हर रोज लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के सभी जिलाकरागार में 21 फरवरी को बंदियों को पवित्र संगम के जल से स्नान कराने की तैयारी की जा रही है। ऐसा उन्नाव जनपद में जिला कारागार में हुई इस अनूठी पहल के बाद किया जा रहा है जिसमें बंदियों को संगम के पवित्र जल से स्नान कराया गया था। उन्नाव जिलाकारागार के जेल अधीक्षक पवन कुमार सिंह ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में बताया,
हमलोग चूकिं पहले से प्लानिंग किए हुए थे तो हो गया, बाकि 21 तारीख को माननीय कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान जी द्वारा निर्दिष्ट हुआ है कि समस्त यूपी के समस्त जिलों को कैदियों के नहाने की व्यवस्था की जाएगी, कुंभ के त्रिवेणी के पानी से। सभी जिलों से एक–एक विशेष वाहन गये भी हैं वहां से लाने के लिए।
वहीं महाकुंभ में अब तक 55 करोड़ से अधिक लोग पवित्र संगम में आस्था की डूबकी लगा चुके हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
*****
सऊदी अरब के रियाद में आज अमरीका और रूस के अधिकारियों ने चार घंटे से अधिक समय तक बातचीत की। यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से दोनों देशों के बीच यह पहली वार्ता थी। दोनों देश चार सिद्धांतों पर सहमत हो गए हैं। अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि दोनों देश वाशिंगटन और मॉस्को में संबंधित मिशनों को फिर स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के लिए बातचीत करने और मिलकर काम करने में सहायता के लिए एक उच्च स्तरीय दल नियुक्त करेंगे। श्री रुबियो ने कहा कि अमरीका और रूस भू–राजनीतिक तथा आर्थिक सहयोग पर चर्चा और परीक्षण करेंगे।
*****
उच्चतम न्यायालय ने तीन हजार छह सौ करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड हैलीकॉप्टर घोटाले के कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल जेम्स को आज जमानत दे दी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि जेम्स पिछले छह वर्ष से हिरासत में है और मामले की जांच अभी चल रही है। जेम्स को दुबई से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिसंबर 2018 में गिरफ्तार कर पांच जनवरी, 2019 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
*****
वेव्स ट्रेलर मेकिंग प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण खुले हुए हैं। यह प्रतियोगिता महत्वाकांक्षी फिल्म निर्माताओं को नेटफ्लिक्स की कंटेंट लाइब्रेरी का उपयोग करके आकर्षक ट्रेलर बनाने का अवसर प्रदान करती है। वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट- वेव्स में क्रिएट इन इंडिया चैलेंज के हिस्से के रूप में प्रतियोगिता प्रतिभागियों को प्रतिष्ठित दृश्यों को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 मार्च है।
*****
पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर नई दिल्ली में मौसम भवन ओपन आर्ट म्यूजियम का उद्घाटन किया। मौसम भवन की चारदीवारी पर बनी कलाकृतियाँ भारत में मौसम विज्ञान के इतिहास को खूबसूरती से प्रदर्शित करती हैं।
*****
महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में मुंबई इंडियंस का मुकाबला गुजरात जायंट्स से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 18वें ओवर में 9 विकेट पर 103 रन बना लिए हैं। आज मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
*****
भुवनेश्वर में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला जर्मनी से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक तीसरे क्वार्टर तक जर्मनी ने 3-1 से आगे है।
इससे पहले करीबी मुकाबले स्पेन ने भारतीय महिला टीम को में 4-3 से हरा दिया है।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और कतर द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमत; दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में व्यापार को दोगुना करके 28 बिलियन डॉलर प्रति वर्ष करने का निर्णय लिया।
- सऊदी अरब के रियाद में उच्च स्तरीय वार्ता के दौरान अमरीका और रूस के अधिकारियों ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए वार्ता दलों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया।
- केंद्र ने पंजाब, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में ग्रामीण स्थानीय निकायों को मजबूत करने के लिए पांच सौ बासठ करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान जारी किया।
- गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने 68 में से 60 नगर पालिकाओं में जीत दर्ज की।
- एफआईएच प्रो लीग हॉकी में, भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला भुवनेश्वर में जर्मनी से जारी; महिला टीम स्पेन से हारी।
- महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच वडोदरा में मैच जारी।
*****