Download
Mobile App

android apple
signal

February 17, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • सरकार ने 15वें वित्‍त आयोग के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2025-2026 एकीकृत पीएम-आशा योजना को जारी रखने की स्‍वीकृति दी। 

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र को मजबूत करने के लिए म्यूचुअल ऋण गारंटी योजना का शुभारंभ किया।

  • भारत का निर्यात अप्रैल 2024 और जनवरी 2025 के दौरान 7 दशमलव दो-एक प्रतिशत बढ़कर छह सौ 83 अरब डॉलर पहुंचा।

  • कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी भारत की दो दिन की यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे।

  • रूस और अमरीका के शीर्ष अधिकारी यूक्रेन संघर्ष समाप्‍त करने के लिए कल सउदी अरब में वार्ता करेंगे।  

  • वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में डेल्ही कैप‍िटल्‍स के साथ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया।      

———-

केन्‍द्र सरकार ने एकीकृत प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियानपीएम आशा योजना को वर्ष 2025-26 तक जारी रखने को स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही सरकार ने खरीद वर्ष 2024-25 के लिए न्‍यूनतम मूल्य समर्थन योजना के तहत राज्‍यों की तुअर, उड़द और मसूर दालों की समस्‍त पैदावार को भी खरीदने की अनुमति दे दी है। एक रिपोर्ट –

 

 

इससे दालों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2024-25 के खरीफ मौसम के लिए मूल्य समर्थन योजना के तहत नौ राज्‍यों में 13 लाख मीट्रिक टन से अधिक तुअर दाल की खरीद को भी मंजूरी दे दी है। सरकार ने आम बजट में घोषणा की है कि देश में दालों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए केंद्रीय नोडल एजेंसियों के माध्यम से तुअर, उड़द और मसूर दालों की शतप्रतिशत खरीद अगले चार वर्षों तक जारी रहेगी।  समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

———–

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज मुंबई में सूक्ष्‍म, लघु मध्‍यम उद्ममों के लिए म्यूचुअल ऋण गारंटी योजना का शुभारंभ किया। योजना के अंतर्गत उपकरणों की खरीद के लिए बिना जमानत के एक अरब रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। श्रीमती सीताराअमन आज मुंबई में आम बजट में की गई घोषणाओं पर हितधारकों के साथ चर्चा कर रही थीं।

 

 

वित्‍त मंत्री ने मुंबई में पहले ‘सचल आयकर सेवा केंद्रका भी उद्घाटन किया। इसे डिजिटल सेवाओं तक लोगों की पहुंच सुगम बनाने और शिकायत निवारण में सहायता प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि सरकार की बुनियादी ढांचे के विकास को प्रोत्साहन देने के लिए पूंजीगत व्यय के लिए आवंटन में वृद्धि की नीति जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार राजकोषीय घाटे को साढे चार प्रतिशत से नीचे लाने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है। वित्‍त मंत्री ने आश्‍वासन दिया कि सरकार वित्त वर्ष 2030-31 तक ऋण-सकल घरेलू उत्‍पाद अनुपात को 50 प्रतिशत तक करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्‍होंने कहा कि नये प्रस्‍तावित आयकर कानून में धाराओं की संख्या 800 से घटाकर 500 करने का प्रस्‍ताव है, जिससे इस कानून की जटिलता कम होगी।वित्त मंत्री ने खाद्य सुरक्षा के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कम कृषि उत्पादन वाले 100 जिलों में कृषि उत्पादकता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक करोड 70 लाख किसानों की कृषि पैदावार को बढाने में सहायता करेगा।

————

देश के कुल निर्यात में अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 की अवधि में पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में सात दशमलव दोएक प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी अवधि में देश का आयात आठ दशमलव नौछह प्रतिशत बढ गया है। एक रिपोर्ट…

 

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आज जारी आंकड़ों के अनुसार इसी अवधि के दौरान कुल निर्यात लगभग 683 अरब  डॉलर होने का अनुमान लगाया गया है, जबकि आयात लगभग 770 अरब डॉलर होने की संभावना है। आंकड़ों के अनुसार इसी अवधि के दौरान वस्‍तुओं का निर्यात लगभग 359 अरब डॉलर मूल्‍य का रहा, जबकि आयात लगभग 602 अरब डॉलर मूल्‍य का रहा। इस अवधि के दौरान वस्‍तुओं का व्‍यापार घाटा लगभग 243 अरब डॉलर का रहा। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार। 

——–

कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी दो दिन की भारत यात्रा पर आज शाम नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हवाई अड्डे पर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत किया। एक रिपोर्ट-

 

अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी का कल राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। कतर के अमीर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ बातचीत करेंगे। उनके सम्मान में एक भोज का भी आयोजन होगा। अमीर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। भारत और कतर के बीच मित्रता, विश्वास और आपसी सम्मान के गहरे ऐतिहासिक संबंध हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। कतर में रहने वाला भारतीय समुदाय वहां का सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है। कतर के अमीर की यात्रा बढ़ती बहुआयामी साझेदारी को और गति प्रदान करेगी। भूपेन्‍द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज नई दिल्ली में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

——–

अमरीका और रूस के वरिष्ठ अधिकारी यूक्रेनरूस संघर्ष समाप्‍त करने के लिए कल सऊदी अरब में बातचीत करेंगे। लगभग तीन वर्ष पहले शुरू हुए संघर्ष के बाद पहली बार अमरीका और रूस के बीच यह सबसे महत्वपूर्ण बैठक होगी। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव इस बैठक में भाग लेंगे। अमरीका की ओर से विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज बैठक में हिस्‍सा लेंगे। यह बैठक अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बातचीत का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

 

उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश अमरीका-रूस वार्ता में भाग नहीं लेगा और इस वार्ता के नतीजों को भी स्वीकार नहीं करेगा। उन्‍होंने कहा कि यूक्रेन को इस वार्ता में आमंत्रित नहीं किया गया है।

———-

इस्राइल की सेना ने कहा है कि दक्षिणी लेबनान में एक ड्रोन हमले में हमास के संचालन विभाग का प्रमुख मोहम्मद शाहीन मारा गया है। इस्राइल ने शाहीन पर लेबनानी क्षेत्र से आतंकी हमलों की योजना बनाने का आरोप लगाया है। यह हमला युद्धविराम समझौते के अंतर्गत दक्षिणी लेबनान से इस्राइली सेना की पूरी तरह वापसी की समय सीमा की पूर्व संध्या पर हुआ। युद्धविराम के बाद भी इस्राइल के दक्षिणी और पूर्वी लेबनान पर हवाई हमले जारी हैं। इस्राइल ने कहा है कि वह सिर्फ सैन्‍य स्‍थलों को निशाना बना रहा है। 

——-

मिस्र में आज तीन मंजिला आवासीय इमारत ढहने से 10 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार ग्रेटर काहिरा के केरदासा शहर में बचाव दल और एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं। सुरक्षा और फोरेंसिक टीमें  घटना की जांच कर रही हैं।

——–

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज पंजाब के मोहाली में राष्ट्रीय कृषि-खाद्य और जैव विनिर्माण संस्थान में उन्नत उद्यमिता और कौशल विकास कार्यक्रम परिसर का उद्घाटन किया। उन्‍होंने देशवासियों से राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत में विश्वास रखने का आह्वान किया। श्री धनखड ने कहा कि विकसित भारत अब केवल सपना नहीं बल्कि हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कृषि और डेयरी उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्थाओं को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति ने  कृषि में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने पर भी बल दिया।

———–

भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की चीन पर टिप्पणी भारत की अस्मिता, कूटनीति और संप्रभुता पर गहरा आघात है। पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आज नई दिल्‍ली में कहा कि सैम पित्रोदा का बयान गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच झड़प में प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों का अपमान है।

 

 

जिस प्रकार की बात सैम पित्रौता जी ने कही है वो भारत की अस्मिता, भारत की कूटनीति, भारत की संप्रभुता पर बहुत गहरा आघात है। उन्‍होंने इस प्रकार की बात कही कि चीन के साथ तो किसी प्रकार का विवाद ही नहीं है, जैसे भारत ही अग्रसर की भूमिका में है, यानी आक्रमाक मुद्रा में है।

 

इस बीच, कांग्रेस ने सैम पित्रोदा की टिप्पणी से पार्टी को अलग कर लिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्री पित्रोदा के चीन के बारे में व्यक्त विचार कांग्रेस के विचार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारत के लिए चीन एक बडी सुरक्षा और आर्थिक चुनौती है।

———-

भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक 19 तारीख को नई दिल्ली में होने की संभावना है। बैठक में पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों सहित वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। बैठक में दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने की संभावना है। अगले मुख्यमंत्री के लिए शपथ ग्रहण समारोह इस महीने की 20 तारीख को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने की उम्मीद है।

———

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में दो नए आयाम जोड़े गए हैं। श्री प्रधान ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज के 126वें स्थापना दिवस को संबोधित किया। श्री प्रधान ने कहा कि देशभर में अनुसंधान को प्रोत्साहन देने के लिए एक अलग फाउंडेशन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसंधान राष्ट्रीय शोध फाउंडेशन की स्थापना की योजना बनाएगी और अनुसंधान उद्योग के लिए एक लाख करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध कराएगी। श्री प्रधान ने विद्यार्थियों से इस धनराशि का उपयोग अनुसंधान और नवाचार के लिए करने का आग्रह किया।

 

 

हमें इस प्रकार की एक शिक्षा व्‍यवस्‍था खडी करनी है, जिसमें लोग जॉब सीकर बनेंगे ही बनेंगे, जॉब क्रिएटर भी बनेंगे। जॉब क्रिएटर होने के लिए एंटरप्रन्‍योर होना पडेगा। रिसर्च भी आवश्‍यकता है और हमारे देश में रिसर्च की कोई कमी भी नहीं है। टीचिंग रिसर्च के साथ हमें इनोवेशन भी चाहिए और मैं कॉन्‍फिडेंट हूं हिन्‍दू कॉलेज के हर एक विद्यार्थी आने वाले हमारी इक्‍नोमी में जॉब क्रिएटर बनेगा।

———–

और अब खबरे महाकुंभ से –

प्रयागराज के महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आज शाम 6 बजे तक एक करोड़ 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई। महाकुंभ में अब तक 54 करोड़ 19 लाख श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मेला क्षेत्र में अनूठे कार्यक्रमों के बीच रेलवे अपनी विरासत और भविष्य की योजनाओं की झलक दिखाने के लिए एक प्रदर्शनी का आयोजन किया।

 

 

प्रदर्शनी में चेनाब और पंबन पुलों के मॉडल दर्शाए गए हैं, इसके साथ ही लोगों को नमो भारत, अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों जैसी अगली पीढ़ी की ट्रेनों के बारे में भी जानकारी दी गई है। प्रदर्शनियों में युद्धों और अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घटनाओं में भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक योगदान को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में 1965, 1971 और कारगिल युद्धों के दौरान भारतीय रेलवे के महत्‍वपूर्ण योगदान को उजागर किया गया है। परिवहन से परे, यह डबल इंजन सरकार के माध्यम से विकास की दृष्टि में भारतीय रेलवे की भूमिका को भी दर्शाता है। महाकुंभ के दौरान तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए, भारतीय रेलवे ने अस्थायी टिकट काउंटर, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड के साथ पूछताछ कक्ष और बहुभाषी घोषणा प्रणाली स्थापित की है, जो सभी प्रदर्शनी में प्रमुखता से दिखाए गए हैं। आदर्श के सथ अभिषेक कपिल के साथ, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

———–

वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में डेल्‍ही कैपिटल्‍स के साथ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंग्‍लुरू ने ताजा समाचार मिलने तक 18वें ओवर में 7 विकेट पर 130 रन बना लिए हैं। आज बेंग्‍लूरू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कल वडोदरा में गुजरात जायंट्स ने यूपी वारियर्स को 6 विकेट से हराया था।

———–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सरकार ने 15वें वित्‍त आयोग के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2025-2026 एकीकृत पीएम-आशा योजना को जारी रखने की स्‍वीकृति दी। 

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र को मजबूत करने के लिए म्यूचुअल ऋण गारंटी योजना का शुभारंभ किया।

  • भारत का निर्यात अप्रैल 2024 और जनवरी 2025 के दौरान 7 दशमलव दो-एक प्रतिशत बढ़कर छह सौ 83 अरब डॉलर पहुंचा।

  • कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल सानी भारत की दो दिन की यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे।

  • रूस और अमरीका के शीर्ष अधिकारी यूक्रेन संघर्ष समाप्‍त करने के लिए कल सउदी अरब में वार्ता करेंगे।  

  • वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में डेल्ही कैप‍िटल्‍स के साथ मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया।      

———