मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का कपड़ा क्षेत्र 2030 तक 9 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक निर्यात लक्ष्य हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा – नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2025 पारंपरिक भारतीय परिधानों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव, आदि महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा – देश तभी विकसित होगा जब जनजातीय समुदाय का उत्थान होगा।
- उत्तर प्रदेश में महाकुंभ में भीड प्रबन्धन के लिए रेलवे ने आज चार विशेष रेलगाडियां चलाई, कल पांच और रेलगाडियां चलाई जायेंगी।
- विदेश मंत्री डॉ. एस० जयशंकर ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत–मध्य पूर्व–यूरोप आर्थिक गलियारे और भारत–म्यामां–थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग की योजना में सहयोग पर जोर दिया।
- माली में एक अवैध सोने की खदान ढहने से 48 लोगों की मौत।
- वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मैच जारी।
**********
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज भारत टेक्स 2025 में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत की सांस्कृतिक विविधता देश के विभिन्न भागों में बनने वाले वस्त्रों में झलकती है।
भारत टेक्ट के इस आयोजन में हमारे परिधानों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधता के भी दर्शन होते हैं। पूर्व से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण कितने तरह के पारम्परिक परिधान है। ऐसे आयोजनों के जरिए हमारी यह विविधता और विशेषता वस्त्र उद्योग के विस्तार का भी माध्यम बने।
श्री मोदी ने कहा कि फार्म, फाइबर, फैब्रिक, फैशन और फॉरेन का विजन एक मिशन बन गया है और यह भारत के विकास के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तार कर रहा है।
ये मिशन ग्रोथ के नए रास्ते खोल रहा है। आज हम दुनिया के छठे सबसे बडे टेक्ट टाइल्स और एप्परेल एक्सपोटर्स (apparel exports) हैं। हमारा टेक्सटाइल्स निर्यात तीन लाख करोड रुपए तक पहुंच चुका है। अब हमारा लक्ष्य है। 2030 तक हम इसे नाइन लाख करोड रुपए तक लेकर जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल का भी दौरा किया और प्रदर्शकों से बातचीत की। भारत टेक्स एक प्रमुख वैश्विक कार्यक्रम है, इसका आयोजन 14 से 17 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पादों और सहायक उपकरणों सहित संपूर्ण कपड़ा मूल्य श्रृंखला को एक छत के नीचे लाता है। भारत टेक्स प्लेटफ़ॉर्म कपड़ा उद्योग का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक कार्यक्रम है।
**********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में आदि महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान आदिवासी लोगों के समग्र विकास के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
“पिछले दस वर्षों के दौरान जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाया गया है। ट्राइबल डेवलेपमेंट बजट पांच गुना बढकर लगभग एक लाख पच्चीस हजार करोड रुपया हो गया है। इसके अलावा ट्राइबल वेलफेयर बजट अलोकेशन तीन गुना बढकर लगभग पंद्रह हजार करोड रुपया हो गया है। 2025-26 के बजट में केन्द्र सरकार ने आदिवासी विकास हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, फसल विकास तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया है।”
राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समुदाय की परंपराएं और जीवनशैली देश की संस्कृति को समृद्ध करती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का उत्थान होगा तभी देश विकसित होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को तेजी से विकसित करने के लिए अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समाज की शिल्पकला, भोजन, वेशभूषा और आभूषण, चिकित्सा पद्धतियां, घरेलू सामान और खेल, देश की अनमोल विरासत हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह महोत्सव राजधानी के मेजर ध्यानचंद्र नेशनल स्टेडियम में 24 फरवरी तक चलेगा।
“दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आज से शुरू हुए आदि महोत्सव का उद्देश्य भारत के आदिवासी समुदायों की जीवंत संस्कृति, विरासत और आर्थिक क्षमता का जश्न मनाने के साथ-साथ उनका प्रदर्शन करना है। इस महोत्सव में 600 से अधिक आदिवासी कारीगर, 500 कलाकार और 25 से अधिक आदिवासी खान-पान के स्टॉल शामिल हैं। यह सभी 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विविध परंपराओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी कलाकारों द्वारा लाइव प्रदर्शन और आदिवासी कारीगरी के अद्भुत उत्पाद प्रदर्शित करने वाले राज्य और अंतर्राष्ट्रीय मंडप शामिल हैं। यह महोत्सव भारत के आदिवासी समुदायों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”
**********
विदेश मंत्री डॉ० एस जयशंकर ने कहा है कि हिन्द महासागर क्षेत्र में कनेक्टिविटी कार्य एकतरफा और अस्पष्ट न होकर, परामर्शकारी और पारदर्शी सुनिश्चित किया जाना महत्वपूर्ण है। डॉ जयशंकर ने ओमान के मस्कत में आठवें हिन्द महासागर सम्मेलन में भारत-मध्यपूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे और भारत-म्यामां-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग के बारे में कहा कि क्षेत्र में दोनों संपर्क योजनाओं को सामूहिक सम्पर्क योजनाओं के रूप में माना जाना चाहिए। विदेश मंत्री ने सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि महासागर के दोनों किनारों पर संघर्ष है। एक ओर पश्चिम एशिया में संघर्ष हो रहा है, तो दूसरी ओर भारत-प्रशांत क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए समझौतों का पालन महत्वपूर्ण है। डॉ० जयशंकर ने कहा कि हिन्द महासागर विश्व की जीवन रेखा है और इसके उत्पादन, उपभोग और कनेक्टिीविटी से दुनिया चलती है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के कुछ हिस्से और हिन्द महासागर के देश भी संसाधनों की कमी और आर्थिक उथल-पुथल का सामना कर रहे हैं। विदेश मंत्री ने क्षेत्र में भारत के योगदान का उल्लेख किया और कहा कि भारत, क्षेत्र में तटीय निगरानी प्रणाली से समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। डॉ. जयशंकर ने ओमान, ब्रूनेई, ईरान और भूटान के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक की।
**********
भारतीय रेलवे ने कल रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्घटना में मारे गए 18 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी है। भारतीय रेलवे ने एक वक्तव्य में कहा है कि गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को ढाई-ढाई लाख रुपए दिए गए हैं। साधारण रूप से घायल 12 लोगों को एक-एक लाख रुपए दिए जा चुके हैं। रेलवे शेष दो घायलों को वित्तीय सहायता देने की प्रक्रिया में है। अब तक कुल एक सौ 95 लाख रुपए से अधिक की अनुग्रह राशि दी जा चुकी है। कुल 15 घायल यात्रियों में से 11 यात्रियों को उचित चिकित्सा उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और चार यात्री अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
**********
खबरें महा कुंभ से
उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए और महाकुंभ मेले के दौरान अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्रयागराज जंक्शन तक चार नई महाकुंभ मेला विशेष रेलगाडियां शुरू की हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि चार रेलगाडियों में से एक आनंद विहार रेलवे स्टेशन से और बाकी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन रेलगाडियों के प्रस्थान का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात्रि 9 बजे के बीच निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पांच रेलगाडियां कल चलाई जाएगी।
**********
महाकुंभ के त्रिवेणी संगम में आज शाम छह बजे तक एक करोड़ 36 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने स्नान किया। यह भव्य उत्सव दुनियाभर से लाखों भक्तों को आकर्षित कर रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अब तक 52 करोड़ 83 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं।
“महाकुंभ में लगातार बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु आ रहे हैं। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये एक अलग तरह का दिव्य अनुभव है जो वर्षों तक याद रहेगा। उन्होंने व्यवस्थाओं के लिए राज्य सरकार की सराहना भी की।”
आनंदी बेन पटेल
डुबकी लगाने के बाद जो हम लोग अनुभव कर रहे हैं। यह अलग प्रकार का अनुभव हम कर रहे हैं और जिस प्रकार की व्यवस्था है, जिस प्रकार लोग जहां जगह मिली, वहां स्नान कर रहे हैं, यह अद्भुत है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और धर्मेंद्र प्रधान भी महाकुंभ पहुंचे। पवित्र डुबकी लगाने के बाद श्री गडकरी ने कहा कि महाकुंभ महज एक धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाता है, जहां पूरे देश के लोग आस्था और संस्कृति से बंधे हैं।
धर्मेन्द्र प्रधान
उत्तर प्रदेश की सरकार ने इतनी कठिन बात को इतनी आसानी से इतनी अच्छी व्यवस्था की और यहां के प्रशासन ने, पुलिस ने, कर्मचारियों ने देशभर की आस्था के कारण अपनी खुद की गाडी लेकर लोग आ रहे हैं। बहुत अच्छा है और गंगा माता का आर्शीवाद हमको मिलेगा।
श्री प्रधान ने कहा कि महाकुंभ आध्यात्मिक ऊर्जा और भारत की एकता का सबसे बड़ा संगम है। आकाशवाणी समाचार ने संगम पर कई श्रद्धालुओं से भी बात की जिन्होंने कहा कि यह एक दिव्य अनुभव था जिसे उन्होंने अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा किया।
श्रद्धालु
एक्सपीरियंस अच्छा रहा। सारी फेसेलिटीज़ एब्लेबल थी जैसे, वॉशरूम वगैरा और जैसे फ्लावर आए थे जब हेलीकॉप्टर से गिरे थे वो तो सबसे बेस्ट मूवमेंट था यहां का।
हम लोग अम्बाला से पहली बार प्रयागराज में आए हैं। बहुत अच्छा लगा, फिर हमने प्रयागराज में दर्शन किए और यहां का जो हिसाब देखा मैने क्या, जो भी अरेंजमेंज सरकार था वो बहुत ही अच्छा था।
महाकुंभ अपने समापन की ओर है जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं के प्रयागराज आने और दिव्य अनुभव का गवाह बनने की संभावना है।
**********
पूर्वी माली में अवैध रूप से संचालित सोने की खदान के ढह जाने से 48 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, माली की खदानों में अक्सर घातक दुर्घटनाएँ होती रहती हैं, वहाँ श्रमिक बिना अनुमति के कीमती धातु की खोज करते हैं।
**********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, कल रात साढ़े नौ बजे, न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. पी शरत चंद्र और न्यूरोलॉजी विभाग, एम्स की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. दीप्ति विभा के साथ “स्ट्रोक की रोकथाम और उपचार” पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। श्रोता हमारे विशेषज्ञों से टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 प्रश्न पूछ जा सकते हैं।
**********
वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में गुजराज जाएंट्स के साथ मैच में यूपी वॉरियर्स ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में सात विकेट पर एक सौ बारह रन बना लिए हैं।
**********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का कपड़ा क्षेत्र 2030 तक 9 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक निर्यात लक्ष्य हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा – नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स 2025 पारंपरिक भारतीय परिधानों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करेगा।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव, आदि महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा – देश तभी विकसित होगा जब जनजातीय समुदाय का उत्थान होगा।
- उत्तर प्रदेश में महाकुंभ में अतिरिक्त भीड प्रबन्धन के लिए रेलवे ने आज चार विशेष रेलगाडियां चलाई, कल पांच और रेलगाडियां चलाई जायेंगी।
- विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने हिंद महासागर क्षेत्र में भारत–मध्य पूर्व–यूरोप आर्थिक गलियारे और भारत–म्यांमार–थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग की योजना में सहयोग पर जोर दिया।
- माली में एक अवैध सोने की खदान ढहने से 48 लोगों की मौत।
- वडोदरा में महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच मैच जारी।
**********