Download
Mobile App

android apple
signal

February 14, 2025 9:57 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देश की महिला शक्ति आकांक्षा, उपलब्धि और योगदान के लिए के आगे आ रही हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और अमरीका की सफल यात्रा के समापन के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गये हैं- उन्‍होंने कहा भारत और अमरीका हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
  • सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं कल से शुरू होंगी।
  • प्रयागराज महाकुंभ ने दुनिया का ऐसा पहला आयोजन बनकर इतिहास रचा। जिसमें 50 करोड से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी हो चुकी है।
  • उत्तराखंड के हलद्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल संपन्न; मेघालय अगले खेलों की मेजबानी करेगा।
  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वड़ोदरा में लीग का पहला मैच जारी।

****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश की महिला शक्ति आकांक्षा, उपलब्धि और योगदान के लिए के आगे आ रही हैं। वे आज बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के 10वें अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं को निडर होना चाहिए।

 

उन्‍होंने कहा कि महिलाओं को महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और बाधाओं को दूर करना चाहिए। उन्‍होंने कहा कि महिलाओं में करुणा के जरिये नेतृत्व करने की विशेष क्षमता होती है। राष्ट्रपति ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में कहा कि यह महिलाओं के लिए बहुत आवश्‍यक है।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और अमरीका की सफल यात्रा के समापन के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गये हैं। स्‍वदेश रवाना होने से पहले उन्‍होंने कहा भारत और अमरीका हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

 

अमरीकी यात्रा के दौरान वाशिंगटन में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें रक्षा और आर्थिक सहयोग, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा सुरक्षा और आपसी संबंधों सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे शामिल थे। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से 21वीं सदी के लिए अमरीका-भारत कॉम्पैक्ट का शुभारंभ किया। इसका अर्थ सैन्य साझेदारी, त्वरित वाणिज्य और प्रौद्योगिकी में अवसरों को बढ़ाना है। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश के क्षेत्र में मिशन 500 का शुभारंभ किया। इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक आपसी व्यापार दोगुना से अधिक बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करना है। दोनों नेताओं ने 21वीं सदी में अमरीका-भारत प्रमुख रक्षा साझेदारी के लिए एक नए 10-वर्षीय कार्य-योजना की घोषणा की। यह वर्ष 2025 से 2035 तक चलेगी और इस वर्ष के अंत में इसे अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। दो देशों के दौरे के पहले चरण में श्री मोदी ने 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस यात्रा की। यात्रा के दौरान, उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ यांत्रिक मेधा कार्रवाई शिखर सम्‍मेलन की सह-अध्यक्षता की। दोनों नेताओं ने मार्से में भारत के नए महावाणिज्य दूतावास का भी संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।

****

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कल से कक्षा दस और 12वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित करेगा। दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 18 मार्च को और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं चार अप्रैल को समाप्त होंगी। हमारे संवादाता ने बताया है कि परीक्षाएं एक ही सत्र में सुबह साढे दस बजे से दोपहर डेढ बजे तक आयोजित की जाएंगी।

 

प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को अपना सी बी एस ई एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य है। सी बी एस ई के दिशानिर्देशों के अनुसार सभी प्रकार के स्‍टेश्‍नरी के सामान को पारदर्शी पाउच में रखना होगा। परीक्षा के दौरान विद्यार्थी एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। विद्यार्थियों को अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए परीक्षा शुरू होने से 30-45 मिनट पहले पहुंचने की सलाह भी दी गई है। परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल फोन, स्‍मार्ट वॉच और इलेक्‍ट्रॉनिक गेजेट ले जाने की अनुमति नहीं है। इस बीच दिल्‍ली मेट्रो ने विद्यार्थियों के लिए सुचारू यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई पहलों की शुरूआत की है। दिल्‍ली मेट्रो ने कहा है कि विद्यार्थियों को सीबीएसई कार्ड के माध्‍यम से मेट्रो स्‍टेशनों की सुरक्षा जांच में प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, टिकट खरीदते समय भी उन्‍हें प्राथमिकता दी जाएगी। सुपर्णा सेकिया के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

****

खबरें महाकुंभ से.

 

प्रयागराज महाकुंभ ने दुनिया का पहला ऐसा आयोजन बनकर इतिहास रच दिया है जिसमें 50 करोड़ से ज़्यादा लोग शामिल हुए हैं। अब तक 50 करोड़ 4 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा कि यह भागीदारी किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन के लिए मानव इतिहास में सबसे बड़ा आयोजन है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

 

यह उल्लेखनीय अभियान मेला प्राधिकरण के दिशा निर्देशों के तहत आयोजित किया गया। विशेष कार्य अधिकारी आकांक्षा राणा ने बताया कि इस अभियान ने विश्व रिकॉर्ड हासिल करने के अलावा नदी की सफाई और घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के बारे में जागरूकता बढ़ाई है।

 

मेला प्रशासन उत्‍तर प्रदेश सरकार द्वारा यहां पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्‍थापित किया जा रहा है। जो दुनिया में पहली बार यह रिकॉर्ड बनाया जा रहा है जिसमें 300 सफाई कर्मियों द्वारा मल्टीप्ल लोकेशंस लीवर क्लीनिंग की जा रही है। प्रयागराज के मोती लाल नेहरू प्रौद्योगिकी  संस्थान के प्रोफेसरों के साथ पर्यावरण विद् प्रत्यक्ष दर्शी के रूप में मौजूद रहे। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि अब इस अभियान को सत्यापित करेंगे। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

****

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हजार 28 करोड़ रुपये से अधिक की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत की बुनियादी ढांचा क्षेत्र में क्रांति आई है।

 

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सड़क नेटवर्क में सुधार होगा और  लॉजिस्टिक्स लागत लगभग 9 प्रतिशत कम हो जाएगी।

 

हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्‍व में हमारा रोड़ नेटवर्क अब अमरीका के आगे भी निकल गया है और मैं आपको गारंटी देता हूं कि दो साल के अंदर उत्‍तर प्रदेश का नेशनल हाइवे नेटवर्क अमरीका से भी अच्‍छा होगा, ये आपको विश्‍वास देता हूं।

****

केंद्रीय उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के नेतृत्व में एक केंद्रीय दल की संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चे के नेताओं के साथ आज चंडीगढ़ में एक बैठक हुई। बैठक में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर सहित 28 किसान नेताओं  ने भाग लिया। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सरकार की किसानों के कल्याण के लिए रचनात्मक संवाद और समाधान की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

****

केन्‍द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने आज नई दिल्‍ली में विश्‍व की सबसे बडी कपड़ा प्रदर्शनी भारत टेक्‍स– 2025 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि प्रदर्शनी में छह हजार विदेशी आयातक शामिल होंगे। श्री सिंह ने कहा कि एक सौ 36 देशों के करीब साढे तीन हजार आयातक प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए नई दिल्‍ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत  सतत विकास में सबसे आगे है।

 

देखिए पूरी दुनिया में हम सस्‍टेनेबिलिटी पर सबसे आगे हैं। रिसाइक्लिंग में सेग्रीगेशन का काम सबसे ज्‍यादा कोई कर नहीं सकता तो हम कॉटन रिसाइकिल में, अपसाइकिल में भारत सबसे आगे है और दुनिया इसे स्‍वीकार रही है।

 

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आगामी रविवार को प्रदर्शनी में शामिल होने वालों को संबोधित करेंगे।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 23 फरवरी को आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 119वीं कडी होगी। लोग कार्यक्रम के लिए अपने विचार और सुझाव टोल-फ्री नंबर 1 8 0 0 – 1 1 – 7 8 0 0 के माध्यम से भेज सकते हैं।

****

भारतीय रिजर्व बैंक ने भारतीय स्टेट बैंक के पूर्व मुख्य महाप्रबंधक श्रीकांत को मुंबई के न्यू इंडिया कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड का प्रशासक नियुक्त किया है। रिजर्व बैंक ने खराब प्रशासन के कारण बैंक के निदेशक मंडल को 12 महीने के लिए निलम्बित कर दिया है।

****

उत्तराखंड के हल्द्वानी में आज 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन हुआ। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री अमित शाह ने खेलों की सफल मेजबानी के लिए उत्तराखंड सरकार को बधाई दी और खेलों को ‘ग्रीन गेम्स’ बताते हुए इसकी प्रशंसा की। 

 

इकोफ्रेंडली प्रैक्टिसिस से लेकर इकोफ्रैंडली गेम तक धामी जी ने बखूबी जमीन पर उतारा है, कई पैड लगाए गए और इन खेलों में वेट लिफ्टिंग, शूटिंग, एथलेटिक्‍स, एक्रेटिक्‍स कई खेलों में राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बने हैं। रिकॉर्ड बनाने वाले सभी खिलाडि़यों को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

 

गृह मंत्री ने घोषणा की कि 39वें राष्ट्रीय खेल मेघालय में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि इसमें छह पूर्वोत्तर राज्य शामिल होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

 

खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने आयोजन की सफल मेजबानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने अब खुद को “खेलों की भूमि” के रूप में स्थापित कर लिया है। 

****

तीसरे महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का पहला मैच वर्तमान चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात जायंट्स के बीच खेला जा रहा है। गुजरात ने ताजा समाचार मिलने तक 17 ओवर में 4 विकेट पर 152 रन बना लिये हैं। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि देश की महिला शक्ति आकांक्षा, उपलब्धि और योगदान के लिए के आगे आ रही हैं।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और अमरीका की सफल यात्रा के समापन के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गये हैं- उन्‍होंने कहा भारत और अमरीका हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
  • सी.बी.एस.ई. बोर्ड की परीक्षाएं कल से शुरू होंगी।
  • प्रयागराज महाकुंभ ने दुनिया का ऐसा पहला आयोजन बनकर इतिहास रचा। जिसमें 50 करोड से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी हो चुकी है।
  • उत्तराखंड के हलद्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल संपन्न; मेघालय अगले खेलों की मेजबानी करेगा।
  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में गुजरात जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच वड़ोदरा में लीग का पहला मैच जारी।

****