Download
Mobile App

android apple
signal

February 13, 2025 10:11 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी वाशिंगटन डीसी में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
  • मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के कुछ दिन बाद राज्‍य में राष्ट्रपति शासन लागू।
  • वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट पर चर्चा का जवाब दिया; कहा- सरकार ने किसी भी क्षेत्रीय आवंटन में कटौती नहीं की है।
  • आयकर विधेयक-2025 लोकसभा में पेश।
  • विपक्ष के विरोध के बीच वक्फ -संशोधन विधेयक पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट संसद के दोनों सदनों में पेश की गई।
  • संसद के बजट सत्र का पहला चरण आज सम्‍पन्‍न।
  • दिल्ली ओपन टेनिस में, भारत के निकी पूनाचा और जिम्‍बाब्‍वे के कोर्टनी लॉक की जोड़ी पुरुष डबल्‍स सेमीफाइनल में पहुंची।

 

**********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रात वाशिंगटन में अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत भी होगी।

 

अमरीकी राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज, टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क और भारतीय-अमरीकी उद्यमी विवेक रामास्वामी आज प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के शुभारंभ के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली अमरीका यात्रा है।

 

हाल के वर्षों में भारत अमेरिका द्विपक्षीय संबंध देश की सबसे मजबूत अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों में से एक है। प्रधानमंत्री की यह यात्रा पिछले साल नवंबर में राष्ट्रपति ट्रंप के चुनाव के बाद नए प्रशासन के साथ भारत की निरंतर भागीदारी के अनुरूप है। राष्ट्रपति ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ने वर्ष 2017 और 2019 में अमेरिका का दौरा किया था वहीं इस बार राष्ट्रपति ट्रंप के चुनाव के बाद प्रधानमंत्री उन्हें फोन करके बधाई देने वाले पहले वैश्विक नेताओं में से एक थे। यह यात्रा भारत अमेरिका वैश्विक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और सभी क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से प्रगति करने का अवसर प्रदान करती है। सुपर्णा सेकिया के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी आज तड़के अमरीका की दो दिवसीय यात्रा पर वाशिंगटन डीसी पहुंचे।

 

**********

 

आयकर विधेयक 2025 आज लोकसभा में पेश किया गया। इस विधेयक का उद्देश्य आयकर से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने निचले सदन में यह विधेयक प्रस्‍तुत किया। 

 

लोकसभा में पेश आयकर विधेयक 2025 आयकर अधिनियम 1961 की भाषा और संरचना को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बताया कि प्रस्तावित विधायक का उद्देश्य कानून को और अधिक सुलभ बनाना और अनावश्यक प्रावधानों को हटाना है। इस विधायक में टैक्स फाइलिंग से जुड़ी जटिलताओं को खासतौर पर कम करने की कोशिश की गई है। विधायक को तैयार करने के दौरान सरकार ने करदाताओं, व्यवसायों, उद्योग संघों और पेशेवर निकायों के साथ व्यापक परामर्श किया है। इसके अलावा लगभग 21 हजार ऑनलाइन सुझावों पर विचार किया गया और उनकी प्रासंगिकता के अनुसार उन्हें शामिल किया गया। आयकर विधेयक 2025 एक सरल और स्पष्ट कर ढांचा प्रदान करने की दिशा में एक कारगर कदम है, दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

आयकर विधेयक 2025 के बारे में कुछ विपक्षी सांसदों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को वित्त मंत्री ने खारिज कर दिया।

 

**********

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज राज्‍यसभा में कहा कि सरकार ने आम बजट में किसी भी क्षेत्र के आवंटन में कटौती नहीं की है। बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए, श्रीमती सीतारमण ने कहा कि बजट का उद्देश्य निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के अलावा विकास को गति देना है। वित्त मंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा दावा किए गए प्रभावी पूंजीगत व्यय में कोई कमी नहीं की गई है। वित्त मंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र के लिए बाजार में अधिक नकदी सुनिश्चित करने के लिए बजट में अल्पकालिक उधार में भारी कमी की गई है।

 

वित्‍त मंत्री ने कहा कि बजट संभावित उद्यमियों को विशेष रूप से गैर-कृषि क्षेत्र में नए सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने में सहायता करता है ताकि बैंक ऋण पर मार्जिन मनी और सब्सिडी कर प्रदान करके रोजगार सृजन किये जा सके। वित्‍तमंत्री ने कहा कि बजट में क्षेत्रीय असंतुलन को दूर किया जा रहा है।

 

कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि मनरेगा के लिए बजटीय आवंटन में वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बजट में महंगाई के मुद्दे का समाधान नहीं किया गया है।

 

**********

 

वक्‍फ संशोधन विधेयक 2024 से संबद्ध संयुक्‍त समिति की रिपोर्ट आज संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के विरोध के बीच पेश की गई। दिन में 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर संयुक्‍त समिति के अध्‍यक्ष जगदम्बिका पाल ने सदन में रिपोर्ट पेश की। शोर-शराबे के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अगर लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला इस रिपोर्ट में असहमति नोट को शामिल करने की अनुमति देते हैं, जिसकी विपक्षी सदस्‍य मांग कर रहे हैं, तो सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। विपक्षी दलों ने रिपोर्ट के खिलाफ विरोध प्रकट करते हुए सदन से वॉक आउट किया।

    

उधर, राज्‍यसभा में सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, भारतीय जनता पार्टी की सांसद डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी ने विपक्ष के विरोध के बीच वक्‍फ संशोधन विधेयक 2024 की संयुक्‍त समिति की रिपोर्ट सदन में पेश की। इस बीच सभापति ने विरोध कर रहे सदस्‍यों को चेतवानी दी की उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

 

विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि संयुक्‍त बैठकों में विपक्षी सदस्‍यों द्वारा असहमति विचारों को रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया था। उन्‍होंने कहा कि यह एक अलोकतांत्रिक तरीका है।  

 

मैं आपसे विनती कर रहा हूं कि उनको डायरेक्‍शन दीजिए। जो भी रिपोर्ट आई है वो अगर वो रिपोर्ट में डिसेंट व्‍यूज नहीं है तो उसको वापस भेजिए, निकाल दीजिए और उसके बाद में और एक बार आप पुर्नविचार करके उस सभी डिसेंट व्‍यूज को डाल के आप पेश कीजिए। 

 

राज्‍यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा ने विपक्ष पर गैर जिम्मेदार होने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।

 

चर्चा में एक बात ध्‍यान में आई कि विपक्ष का उद्देश्‍य चर्चा करना नहीं था। विपक्ष का उद्देश्‍य राजनीतिक दृष्टि से अपना प्‍वाइंट स्‍कोर करने का था ये बात स्‍पष्‍ट दिखी और दुर्भाग्‍य की बात है, दुख की बात है कि जिसके बारे में पार्लियामेंट्री अफयेर्स मिनस्‍टर ने बडे स्‍पष्‍ट शब्‍दों में कहा कि कोई भी चीज का डिलीशन नहीं हुआ है। कोई भी चीज को डिलीट नहीं किया गया है सब कुछ एरेक्‍सर में एज इट इज रखा गया है।   

 

**********

 

संसद के बजट सत्र का पहला चरण समाप्त होने के साथ ही आज दोनों सदनों की बैठक 10 मार्च तक स्‍थगित कर दी गई है। लोकसभा में, अध्‍यक्ष ओम बिरला ने बताया कि सत्र के पहले चरण में 112 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

 

सत्र के दौरान हमने अच्‍छे वातावरण में चर्चा की है। राष्‍ट्रपति जी के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पर 17 घंटे और 23 मिनट की सार्थक चर्चा हुई है। इसमें 173 माननीय सदस्‍यों ने बैठकर अपने दायित्‍वों का निर्वाहन किया है। इस सत्र में हमारी प्रोडक्टिविटी लगभग 112 प्रतिशत रही है।

 

बजट सत्र के दूसरे चरण की बैठक 10 मार्च से शुरू होगी। सत्र का पहला चरण पिछले महीने की 31 तारीख को शुरू हुआ था।

 

**********

 

खबरें महाकुंभ से…

 

प्रयागराज महाकुंभ में आज शाम 8 बजे तक 80 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई। हमारे संवाददाता ने बताया कि अब तक 49 करोड़ 14 लाख श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं ।

 

संत और श्रद्धालु लगातार बड़ी संख्या में पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, राज्य के मंत्रिमंडल और कई विधायकों के साथ डुबकी लगाई। वहीं, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्नान के बाद कहा कि यह सभी के लिए एक दिव्य क्षण है और दुनिया भर से लोग पवित्र स्नान करने के लिए यहां आ रहे हैं।

 

आज महाकुंभ में प्रसार भारती के चेयरमेन नवनीत सहगल भी मौजूद रहे। आस्‍था की डुबकी लगाने के बाद श्री सहगल ने आकाशवाणी के कुम्भवाणी चैनल के एक कार्यक्रम को सम्बोधित किया और चैनल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह चैनल उचित और सत्य खबरें देते हुवे प्रसार भारती के उद्देश्य को प्रतिबिंबित करता है।

 

**********

 

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मणिपुर के राज्यपाल से एक रिपोर्ट मिली थी जिस पर विचार करने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया। इससे कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। संविधान के अनुच्छेद 356 द्वारा प्राप्‍त अधिकारों का प्रयोग करते हुए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया है। अधिसूचना में कहा गया है कि विधानसभा को भी निलंबित कर दिया गया है।

 

**********

 

विश्‍व रेडियो दिवस के अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आकाशवाणी 1936 से भारतीय प्रसारण का आधार रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का भी एक वीडियो साझा किया जो लोगों के साथ रेडियो के गहरे जुड़ाव को दर्शाता है।  

 

**********

 

फलस्‍तीनी गुट हमास ने घोषणा की है कि वह समझौते के अनुसार युद्ध विराम लागू रखना जारी रखेगा। इसमें बंदियों और हिरासत में रखे गये लोग भी शामिल हैं। राजधानी काहिरा में मिस्र और कतर के मध्‍यस्‍थों के बीच बातचीत के बाद यह घोषणा की गई है।

 

**********

 

भारत के निकी कलियांदा पोनाचा और ज़िम्बाब्वे के कर्टनी जॉन लॉक की जोडी दिल्‍ली ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। आज इस जोडी ने जापान के काइतो युसुगी और शिंतारो मोचीजुकी को 6-3, 2-6, 10-5 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

 

**********

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी वाशिंगटन डीसी में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
  • मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के कुछ दिन बाद राज्‍य में राष्ट्रपति शासन लागू।
  • वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट पर चर्चा का जवाब दिया; कहा- सरकार ने किसी भी क्षेत्रीय आवंटन में कटौती नहीं की है।
  • आयकर विधेयक-2025 लोकसभा में पेश।
  • विपक्ष के विरोध के बीच वक्फ -संशोधन विधेयक पर संयुक्त समिति की रिपोर्ट संसद के दोनों सदनों में पेश की गई।
  • संसद के बजट सत्र का पहला चरण आज सम्‍पन्‍न।
  • दिल्ली ओपन टेनिस में, भारत के निकी पूनाचा और जिम्‍बाब्‍वे के कोर्टनी लॉक की जोड़ी पुरुष डबल्‍स सेमीफाइनल में पहुंची।

**********