Download
Mobile App

android apple
signal

February 12, 2025 10:27 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई। फ्रांस के ऐतिहासिक शहर मार्से में संयुक्त रूप से नए भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया।

  • प्रधानमंत्री फ्रांस की सफल यात्रा के बाद अमरीका की दो दिन की यात्रा पर वाशिंगटन के लिए रवाना हुए।

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार सभी राज्यों में सहकारी समितियों के समान और संतुलित विकास के लिए विशेष उपाय कर रही है।

  • जनवरी में खुदरा मुद्रास्फीति घटकर पांच महीने के निचले स्तर चार दशमलव तीन-एक प्रतिशत पर आई।

  • अहमदाबाद में भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला जीतीं।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के प्रति वचनबद्धता की पुष्टि की है। द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, सिविल परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष सहयोग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में प्रगति का आकलन किया। उन्होंने 2026 में आगामी भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष पर विशेष ध्यान देने के साथ प्रौद्योगिकी, नवाचार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की। भविष्य के सहयोग की रूपरेखा वाले एक संयुक्त वक्तव्य अपनाया गया और नागरिक परमाणु ऊर्जा, पर्यावरण तथा संस्कृति सहित क्षेत्रों में दस प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

 

रक्षा क्षेत्र में दोनों नेताओं ने सैन्य सहयोग को गहरा करने, स्कॉर्पीन पनडुब्बियों के संयुक्त विकास में प्रगति का स्वागत करने और उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकियों पर चर्चा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

प्रधानमंत्री की फ्रांस यात्रा से रक्षा, प्रौद्योगिकी, व्यापार और वैश्विक सहयोग के बारे में महत्वपूर्ण वार्ता के साथ, दोनों देशों के बीच कार्यनीतिक साझेदारी को मजबूती मिली है। यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की जो ए आई विकास पर केंद्रित एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है। शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए फ्रांस को बधाई देते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि भारत अगले संस्करण की मेजबानी करेगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रॉ ने संयुक्त रूप से मार्से में भारत के महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया। यह नया वाणिज्य दूतावास दक्षिणी फ्रांस के चार क्षेत्रों में सेवा प्रदान करेगा, जिससे आर्थिक, सांस्कृतिक और आपसी सम्‍पर्क और मजबूत होंगे। दोनों नेताओं ने कैडराचे में अंतर्राष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर एक्सपेरिमेंटल रिएक्टरआईटीईआर का भी दौरा किया। उन्होंने आईटीईआर की प्रगति की समीक्षा की, जहां वैज्ञानिक पांच सौ मेगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए काम कर रहे हैं।

*****

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने यूरोप, पश्चिम एशिया और हिंद प्रशांत क्षेत्र में हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। विदेश सचिव ने मार्से में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के कई मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। विदेश सचिव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय चर्चा का एक प्रमुख क्षेत्र बताया। श्री मिसरी ने कहा कि दोनों पक्षों ने अगले वर्ष को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के रूप में मनाने पर सहमति व्यक्त की।

*****

फ्रांस की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए अमरीका के लिए रवाना हो गए हैं। श्री मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में कल सुबह वॉशिंगटन डीसी पहुंचेंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी श्री डॉनाल्‍ड ट्रंप के राष्‍ट्रपति बनने के बाद अमरीका की यात्रा करने वाले गिने-चुने विश्‍व नेताओं में शामिल हैं।

 

प्रधानमंत्री की यात्रा के बारे में हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट –

 

वाशिंगटन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। श्री मोदी का अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ नेताओं, व्यापार जगत के दिग्‍गजों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। अमरीका के नये प्रशासन के कार्यभार संभालने के महज तीन सप्ताह के भीतर श्री मोदी को इस दौरे के लिए आमंत्रित किया गया है। जो भारत और अमरीका के मजबूत संबंधों को दर्शाता है। श्री ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच घनिष्‍ठ संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा सहयोग, आतंकवाद का मुकाबला, भारतप्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और भारत और अमरीका के संबंधों को लेकन आपसी सहयोग मजबूत रहा है और श्री मोदी की इस यात्रा से यह संबंध और प्रगाढ़ होने की उम्‍मीद है। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*****

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और खुशहाली दोनों ही सहकारिता के माध्‍यम से संभव हैं। नई दिल्ली में सहकारिता मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति की पहली बैठक में श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के कल्याण के लिए सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की और “सहकार से समृद्धि” का मंत्र दिया। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए विधेयक पेश किया है और इसे जल्द ही संसद द्वारा पारित कर दिया जाएगा। यह विश्वविद्यालय सहकारी क्षेत्रों के पेशेवरों को तकनीकी शिक्षा, लेखा, प्रशासनिक ज्ञान और प्रशिक्षण उपलब्‍ध करायेगा। श्री शाह ने कहा कि सरकार सभी राज्यों में समान और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस विकसित करने का काम लगभग पूरा हो चुका है, इससे देशभर की सहकारी समितियों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी।

*****

ग्रेटर नोएडा के भारत एक्‍सपो मार्ट में आज भारत का सबसे बड़ा वैश्विक टेक्‍सटाइल महोत्‍सव भारत टेक्‍स 2025 शुरू हो गया है। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने इस महोत्‍सव का उद्घाटन किया।

*****

जनवरी माह में खुदरा मुद्रा स्‍फीति घटकर चार दशमलव तीन-एक पर आ गई। जो पांच महीने का निचला स्‍तर है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में कम वृद्धि होने से खुदरा मुद्रास्फीति में यह गिरावट दर्ज हुई। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में मुद्रास्फीति तीन दशमलव आठ सात प्रतिशत जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चार दशमलव छहचार प्रतिशत रही।

 

जनवरी महीने में वस्‍तुओं और सेवाओं तथा खाद्य मुद्रास्फीति में यह गिरावट मुख्य रूप से सब्जियों, अंडे, दालों और अनाज तथा इनसे बने उत्‍पादों, कपड़े और शिक्षा तथा स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं की कीमतों में कमी के कारण हुई है।

*****

भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकारी कामकाज के लिए सभी बैंकों को इस वर्ष 31 मार्च को अपनी सभी शाखाएं खुले रखने का परामर्श जारी किया है। केन्‍द्रीय बैंक ने कहा कि सरकारी प्राप्तियों और भुगतान से जुडी सेवाएं देने वाले बैंकों की सभी शाखाएं 31 मार्च को खुली रहे ताकि वित्‍तीय वर्ष 2024-25 के भुगतानों और प्राप्तियों का निपटारा किया जा सके।

*****

आर्थिक जगत की खबरें सोनू सूद से :-

 

बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स एक सौ 22 अंकों की गिरावट से 76 हजार एक सौ 71 पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍चेंज का निफ्टी भी 26 अंकों की गिरावट दर्ज करता हुआ 23 हजार 45 पर बंद हुआ।

 

अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले छह पैसे कमजोर होकर 86 रुपए 89 पैसे के स्‍तर पर आ गया। और अंतर्राष्‍ट्रीय बाजारों में ब्रैंट क्रूड का मूल्‍य 76 डॉलर 35 सेंट प्रति बैरल के आसपास था।

 

*****

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘‘चर्चा का विषय है’’ में  परीक्षा के बढ़ते तनाव और बिगड़ते मानसिक स्वास्थ्य से निपटने के प्रयासोंपर चर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।

*****

खबरे महाकुम्‍भ :-

प्रयागराज में आज माघ पूर्णिमा के अवसर पर महाकुंभ में करीब दो करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई है। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस दिन कल्पवास करने के विशेष अनुष्ठान का समापन भी हुआ।

 

माघ पूर्णिमा के अवसर पर आज संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान किया। इस दौरान उनपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। महाकुंभ में आए भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि इस स्थान पर पहुंचने की प्रसन्नता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

 

 

 यहां आने पर जो सुख की अनुभूत है उसकी शायद व्याख्या नहीं की जा सकती उसको परिभाषित नहीं किया जाता है। वह केवल संगम पर आकर ही प्रयागराज में उस सुख की अनुभूति महसूस की जा सकती है

 

भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले और फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी संगम में पवित्र स्नान किया। इस मौके पर श्री शेट्टी ने कहा कि महाकुंभ के लिए शानदार व्यवस्था की गई है।

 

ऐसी व्‍यवस्‍था कहीं नहीं हो सकती और मैं जेनेन्विनली हंबलिंग मोमेंट है। मैं कहता हॅू कि मेरे लिए मेरी जिंदगी का सबसे ऑस्‍पीसियस डे है।

 

महाकुंभ में भाग लेने वाले अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों में, नॉर्वे के पूर्व जलवायु और पर्यावरण मंत्री एरिक सोल्हेम ने महाकुंभ का दौरा किया। महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं ने भी आकाशवाणी समाचार से अपने अनुभव साझा किये

 

मेरा नाम महावीर सिंह है मैं दिल्‍ली से आया हॅू। बहुत अच्‍छे ढंग से इंतजाम है। प्रशासन बहुत अच्‍छे ढंग से काम कर रहा है। किसी भी तरह से व्‍यवस्‍था में कोई कमी नहीं है।

 

यह बहुत ही अच्‍छा हुआ। हम पहली बार आए कुम्‍भ नहाने के लिए , इतना मन में श्रद्धा जागा कि हम कुंभ नहाने के लिए चल आए।

 

माघ पूर्णिमा में भक्‍तों के लिए प्रवेश और निकास को लेकर अलगअलग मार्ग तय किए गए। मेला क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर ड्रोन और सीसी टी वी कैमरो से कडी निगरानी की गई। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

*****

अहमदाबाद के नरेन्‍द्र मोदी स्‍टेडियम में भारत ने इंग्‍लैंड को तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 142 रन से हराकर श्रृंखला 3-0 से जीत ली है। भारतीय टीम ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 356 रन बनाए। शुभमन गिल ने सबसे अधिक 112, श्रेयस अय्यर ने 78 और विराट कोहली ने 52 रन की पारी खेली। जवाब में इंग्‍लैंड की टीम 34 ओवर 2 गेंद में 214 रन बनाकर आउट हो गई।

*****

भारतीय बैडमिंटन टीम एशिया मिक्‍स्‍ड टीम चैंपियनशिप के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। चीन के किंगदाओ में आज ग्रुप-डी के मैच में भारत ने मकाऊ पर 5-0 से जीत दर्ज की।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई। फ्रांस के ऐतिहासिक शहर मार्से में संयुक्त रूप से नए भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन किया।

  • प्रधानमंत्री फ्रांस की सफल यात्रा के बाद अमरीका की दो दिन की यात्रा पर वाशिंगटन के लिए रवाना हुए।

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार सभी राज्यों में सहकारी समितियों के समान और संतुलित विकास के लिए विशेष उपाय कर रही है।

  • जनवरी में खुदरा मुद्रास्फीति घटकर पांच महीने के निचले स्तर चार दशमलव तीन-एक प्रतिशत पर आई।

  • अहमदाबाद में भारत ने इंग्लैंड को 142 रन से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला जीतीं।

*****