Download
Mobile App

android apple
signal

February 10, 2025 10:00 PM

printer

समाचार संध्या

 

मुख्य समाचार :-

  • भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रात पेरिस पहुंचेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ कल एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
  • परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के आठवें संस्करण में छात्रों के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने पोषण, मानसिक और समग्र विकास के महत्व पर बल दिया।
  • संसद के दोनों सदनों में केंद्रीय बजट पर चर्चा हुई। विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक राज्यसभा में पेश।
  • स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा – सरकार 2027 तक भारत से लिम्फैटिक फाइलेरियासिस यानी हाथी पांव रोग को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • थाईलैंड में पैरा तीरंदाजी एशिया कप में, भारत छह स्‍वर्ण पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा।

—-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर आज रात पेरिस पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की फ्रांस यात्रा से दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ कल एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह यात्रा रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित होगी।

 

भारत और फ्रांस एक गतिशील आर्थिक संबंध साझा करते हैं, जिसमें व्यापार, निवेश और औद्योगिक भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सात सौ से अधिक फ्रांस की कंपनियां भारत में काम कर रही हैं, जो आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में योगदान दे रही हैं। भारतीय कंपनियां फ्रांस में, विशेष रूप से आई टी और विनिर्माण क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का विस्तार कर रही हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक आर्थिक सहयोग में नए मोर्चे के रूप में उभर रहे हैं। फ्रांस की कंपनियां फ्रांस में अपनी उपस्थिति बढा रही हैं और जबकि भारतीय व्यवसायी फ्रांस में प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा और वित्तीय सेवाओं में निवेश कर रहे हैं। इस यात्रा से आर्थिक सहयोग में और तेजी आएगी। पेरिस से राजादुरई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अलका सिंह।  

—-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में बच्चों से मौसमी फल खाने तथा जंक फूड और तैलीय भोजन से बचने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कार्यक्रम के 8वें संस्करण में छात्रों से पोषण और स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में मोटे अनाज को सुपरफूड के रूप में जाना जाता है।

 

2023 में यूनाइटेड नेशंस ने 2023 को ईयर ऑफ द मिलेट्स कहकर के घोषित किया था और पूरी दुनिया में मिलेट्स को प्रमोट किया था और यह भारत का प्रस्ताव था। भारत सरकार का बड़ा आग्रह है कि पोषण के संबंध में बहुत ही जागरूकता होनी चाहिए। कई बीमारियों को रोकने का काम पोषण से हो जाए और मिलेट्स को क्या कहते हैं हमारे यहां, सुपर फूड कहते हैं।

 

श्री मोदी ने मानव शरीर के लिए सूर्य के प्रकाश के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने बच्चों को सुबह कुछ मिनट के लिए सूरज की रोशनी में रहने की आदत डालने के लिए प्रोत्साहित किया। श्री मोदी ने बच्चों को केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे उन्हें दबाव से उबरने में मदद मिले।  

 

पढ़ाई के साथ शौक को संतुलित करने के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्र रोबोट नहीं हैं। उन्होंने समग्र विकास के महत्व पर जोर दिया।

 

बच्चों को आप दीवारों में बंद करके एक प्रकार से किताबों में का ही जेल खाना बना दें, तो बच्चे कभी भी ग्रो नहीं कर सकते, उनको खुला आसमान चाहिए। उनकी पसंद की कुछ चीजें चाहिए, अगर वह अपने पसंद की चीजें अच्छे से करता है, तो पढ़ाई भी अच्छे से कर लेगा। परीक्षा ही सब कुछ है जिंदगी में, इस प्रकार के भाव से नहीं जीना चाहिए।

 

पढ़ाई के दौरान चिंता और अवसाद से निपटने के विषय पर श्री मोदी ने कहा कि अवसाद की समस्या, अक्सर परिवार से अलग होने और धीरे-धीरे सामाजिक मेल-जोल से दूर होने से शुरू होती है।

—-

“परीक्षा पे चर्चा” के 8वें संस्करण का आज नेपाल के केंद्रीय विद्यालय, मॉडर्न स्कूल काठमांडू और अन्य सीबीएसई स्कूलों में भी सीधा प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 11 तक के छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों, शिक्षक और काठमांडू में भारतीय दूतावास के अधिकारी भी शामिल हुए।

—- 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लिम्फेटिक फाइलेरियासिस यानि हाथी पांव रोग के उन्मूलन के लिए वार्षिक व्‍यापक राष्ट्रव्यापी उपचार अभियान शुरू किया है। इस अवसर पर श्री नड्डा ने कहा कि भारत इस रोग की रोकथाम के लिए प्रतिबद्ध है और वर्ष 2027 तक इसके उन्‍मूलन लक्ष्‍य को हासिल करने का भरपूर प्रयास करेगा।

लिम्फेटिक फाइलेरियासिस को इलिमिनेट करने के हम बहुत नजदीक पहुंचे हैं। लिम्फेटिक फाइलेरियासिस से सस्टैनबल डेवलपमेंट गोल्‍स से हमको मुक्ति पाना है। इसका वर्ष 2030 है, लेकिन हम लोगों ने रिजॉल्व किया है कि हम 2027 तक बाटू थाउज़न्ड ट्वेंटी सेवन हम उसको पूरा करेंगे।      

 

उन्‍होंने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आग्रह किया कि वे संबंधित रोग के उन्‍मूलन के लिए दवा देने की प्रक्रिया की निगरानी करे और इस अभियान में सभी स्‍तर के लोग शामिल हो।

—-

संसद के दोनों सदनों में आम बजट पर चर्चा शुरू हुई। भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में बजट की सराहना करते हुए कहा कि राष्‍ट्रीय कल्‍याण के लिए इस बजट में प्रत्‍येक क्षेत्र के लिए पर्याप्‍त राशि आवंटित की गई हैं। उन्‍होंने कहा कि एन डी ए सरकार के अंतर्गत भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था ऊंचाइयां छू रही है और पांचवे स्‍थान पर पहुंच गई है।

 

भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि देश पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि यह बजट शहरी और ग्रामीण विकास, निवेश, निर्यात, मध्यम वर्ग को राहत सहित छह प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है।

 

दूसरी ओर, डी एम के पार्टी के  दयानिधि मारन ने आरोप लगाया कि एन डी ए सरकार ने इस बजट में सिर्फ कॉरपोरेट घरानों का पक्ष लिया है और बेरोजगारी तथा महंगाई सहित आम लोगों की वास्‍तविक समस्‍याओं पर ध्‍यान नही दिया गया है।

 

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट की सुप्रिया सुले ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने का मुद्दा उठाया।

 

तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी ने कहा कि देश का विदेशी कर्ज 2025 में बढकर 60 करोड 82 लाख रुपये हो गया है जबकि वर्ष 2019 में यह 39 करोड पचास लाख रुपये था।

 

कांग्रेस के मनीष तिवारी ने कहा कि नोटबंदी के दौरान सरकार ने जिस उद्देश्‍य को प्राप्‍त करने की बात कही थी उसमें वह विफल रही है।

—-

राज्‍यसभा में आम बजट पर चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस के पी. चिदंबरम ने कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान जी डी पी में देश के विनिर्माण क्षेत्र की भागीदारी में कम आई है। उन्‍होंने अमरीका से भारतीय नागरिकों को स्‍वदेश भेजने के मुद्दे पर भी सरकार की आलोचना की।

 

कांग्रेस सदस्‍यों के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने विनिर्माण सहित विभिन्‍न क्षेत्रों में सरकार के उठाए गए कदमों की सूची पेश की। उन्‍होंने कहा कि अप्रवासियों को स्‍वदेश भेजने की मानक संचालन प्रक्रिया वर्ष 2012 से ही लागू है।

 

भारतीय जनता पार्टी की डॉ. मेधा विश्राम कुलकर्णी ने बजट को राष्ट्रवादी और समावेशी बताया।

 

चर्चा के दौरान बीजू जनता दल के देबाशीष सामंतराय ने केंद्र से ओडिशा राज्य को विशेष दर्जा देने, खनिजों पर रॉयल्टी बढ़ाने के अलावा राज्य को रेलवे परियोजनाएं देने की मांग की।

चर्चा के बाद दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी गई।

—-

इस बीच, विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक-2025 आज राज्यसभा में पेश किया गया। नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने इसे पेश किया। इसका उद्देश्य भारत के घरेलू कानूनों को केप टाउन कन्वेंशन और विमान प्रोटोकॉल के हिसाब से तैयार करना है।

—-

खबरें महाकुंभ से

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज प्रयागराज में महाकुंभ त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने संगम पर पूजा-अर्चना की। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने शहर में कई सांस्कृतिक और तकनीकी स्थलों का दौरा किया।

 

दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक समागम विश्‍व भर से श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने त्रिवेणी संगम तक पहुँचने के लिए नाव की सवारी की और साइबेरियाई पक्षियों को दाना डाला। राष्ट्रपति प्रयागराज में अक्षय वट और बड़े हनुमान मंदिर भी गईं, जहाँ उन्होंने देश की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। राष्ट्रपति मुर्मु ने डिजिटल महाकुंभ एक्सपीरियंस सेंटर का भी दौरा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धार्मिक आयोजनों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल का समर्थन किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि श्रद्धा और विश्‍वास का यह विशाल समागम भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अदभूत और जीवंत प्रतीक है। राष्ट्रपति मुर्मु के अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी आज अपने परिवार के साथ महाकुंभ में पवित्र स्नान किया और पूजा-अर्चना की। उन्होंने 2027 में होने वाले हरिद्वार के कुंभ की तैयारियों के बारे में बात भी की और कहा कि इसे प्रयागराज की तरह ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने की योजना चल रही है।

 

2027 में वहां पर प्रस्‍तावित है कुंभ हमारा और उसकी हम लोगों ने पूरी तैयारी हमने प्रारंभ कर दी है।  

 

वहीं बुधवार को होने वाले माघी पूर्णिमा की तैयारियां जोरों पर हैं। आकाशवाणी समाचार,के लिए आदर्श प्रयागराज।

—-

उत्तर रेलवे के मुख्‍य जन संपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर ने बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आज 20 से अधिक ट्रेनें चलाई गईं। उन्‍होंने बताया कि महाकुंभ के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कल प्रयागराज से तीन सौ से अधिक ट्रेनें चलाई गईं। उन्होंने लोगों से ट्रेन रद्द होने से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह किया।

 

प्रयागराज जंक्‍शन पर तो मुख्‍य कमांड सेंटर है जिसमें हजार से ज्‍यादा कैमरे का कवरेज है, लेकिन प्रयाग स्‍टेशन पर भी लोकल लेवल पर मॉनिटरिंग के लिए अलग से कंट्रोल सेंटर बनाया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरे की मदद से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है और सुरक्षा व्‍यवस्‍था के साथ-साथ यात्रियों के फ्लो को भी देखा जा रहा है। कुल मिलाकर रेलवे का और विशेषकर उत्‍तर रेलवे का यह प्रयास है कि हमारे यात्री, जो भी सम्‍मानार्थि हैं, वो व्‍यवस्थित रूप से आएं, संगम में स्‍नान करें और व्‍यवस्थित रूप से ट्रेन में बैठें।

—-

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज नई दिल्ली में गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा, सुरक्षा स्थिति, बजट सत्र और शासन के मुददों पर चर्चा की। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद श्री अब्दुल्ला की गृह मंत्री के साथ यह तीसरी मुलाकात थी।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के स्‍टेटहुड के हवाले से बात की। जम्‍मू-कश्‍मीर के सिक्‍योरिटी और वहां के हालात के हवाले से बात हुई। तीन मार्च को हमारा बजट सेशन लगना है, उस संदर्भ में गृहमंत्री साहब से बात हुई। गवर्नेंस और इन चीजों को लेकर तबसीलन जो बातें करनी थीं हमने कीं।

—-

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ-ईएफटीए के अधिकारियों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए आज नई दिल्ली में भारत-ईएफटीए डेस्क का शुभारंभ किया। श्री गोयल ने कहा कि यह मंच भारत और ईएफटीए के व्यवसायों के बीच एक सेतु का काम करेगा।

—-

थाईलैंड में भारत पैरा तीरंदाजी एशिया कप में छह स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल 12 जीतकर शीर्ष पर रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन आज भारत ने दो स्वर्ण सहित छह पदक जीते। सरिता ने महिला कंपाउंड ओपन में और श्याम सुंदर स्वामी ने पुरुष कंपाउंड ओपन में स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया। पूजा को महिला रिकर्व ओपन में रजत पदक मिला। पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह ने रिकर्व ओपन में और राकेश कुमार ने कंपाउंड ओपन में कांस्य पदक जीता।

—-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज रात पेरिस पहुंचेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ कल एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
  • परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के आठवें संस्करण में छात्रों के साथ बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने पोषण, मानसिक और समग्र विकास के महत्व पर बल दिया।
  • संसद के दोनों सदनों में केंद्रीय बजट पर चर्चा हुई। विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक राज्यसभा में पेश।
  • स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा – सरकार 2027 तक भारत से लिम्फैटिक फाइलेरियासिस यानी हाथी पांव रोग को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध।
  • थाईलैंड में पैरा तीरंदाजी एशिया कप में, भारत ने छह स्‍वर्ण पदक के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर।

—-