मुख्य समाचार:-
- केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने स्किल इंडिया कार्यक्रम को 2026 तक जारी रखने और इसके पुनर्गठन को मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फ्रांस और अमरीका की यात्रा पर रवाना होंगे। श्री मोदी पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉं के साथ एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी।
- भारतीय रिजर्व बैंक ने 25 आधार अंकों की कमी कर रेपो रेट को घटाकर सवा छह प्रतिशत किया। वर्ष 2025-26 में सकल घरेलू उत्पाद के 6 दशमलव 7 प्रतिशत रहने का अनुमान।
- चीन में 9वें एशियाई शीतकालीन खेल शुरू; 59 भारतीय एथलीट खेलों में भाग लेंगे।
- फीफा ने पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ को निलंबित किया।
—-
नई दिल्ली मं आज प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। मंत्रिमंडल ने स्किल इंडिया कार्यक्रम को 2026 तक जारी रखने और उसके पुनर्गठन को मंजूरी दी। 2022-23 से 2025-26 तक आठ हजार आठ सौ करोड़ रुपये की लागत के साथ इस कार्यक्रम को स्वीकृति दी गई। बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के विस्तार को भी मंजूरी दी
आज स्किल इंडिया प्रोग्राम को आठ हजार आठ सौ करोड़ रुपये नया अप्रूवल मिला है और इसमें बड़ा फोकस लाया गया है कि कन्वर्जन्स पर बहुत ध्यान हो, क्वालिटी पर बहुत ध्यान हो और इस तरह से हो कि जिससे कार्डिनेशन बने विभिन्न सेक्टर्स में।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार से फ्रांस की तीन दिन की यात्रा पर रहेंगे। वे वहां एआई एक्शन शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करेंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी सोमवार शाम को पेरिस पहुंचेंगे। वे फ्रांस के राष्ट्रपति द्वारा एलीसी पैलेस में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।
श्री मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मंगलवार को राष्ट्रपति मैक्रोन के साथ एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे और भारत-फ्रांस सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे।
श्री मोदी बुधवार को वे युद्ध स्मारक जायेंगे और प्रथम विश्व युद्ध के भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से मार्सिले में भारत के नवीनतम महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी बुधवार और बृहस्पतिवार को अमरीका यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे अमरीकी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। विदेश सचिव ने बताया कि नए प्रशासन के कार्यभार संभालने के केवल तीन सप्ताह के भीतर ही श्री मोदी को वहां आमंत्रित किया गया है जो भारत-अमरीका साझेदारी के महत्व को दर्शाता है।
अमरीका से भारत के अवैध प्रवासियों के निर्वासन पर विदेश सचिव ने कहा कि इन लोगों के साथ दुर्व्यवहार का मामला उठाना एक वैध मुद्दा है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार अमरीकी अधिकारियों पर जोर डालता रहा है कि निर्वासित लोगों के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए।
—-
भारतीय रिजर्व बैंक ने अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए करीब पांच वर्ष बाद रेपो रेट में 25 आधार अंकों की कमी की है और इसे साढे़ छह प्रतिशत से घटाकर सवा छह प्रतिशत कर दिया है। केन्द्रीय बैंक के गर्वनर संजय मल्होत्रा ने मौद्रिक नीति समिति- एमपीसी की तीन दिन की बैठक के बाद आज मुम्बई में यह घोषणा की।
केन्द्रीय बैंक ने वर्ष 2025-26 में सकल घरेलू उत्पाद के छह दशमलव सात प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
—-
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने बताया है कि सुचारू और निष्पक्ष मतगणना प्रक्रिया के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सभी ईवीएम की सुरक्षा के लिए अधिकारी तैनात हैं।
दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वोटों की मतगणना के लिए दिल्ली के 11 जिलों में उन्नीस मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। सुश्री वाज़ ने कहा कि 70 विधानसभा क्षेत्रों के फॉर्म 17सी सहित चुनावी दस्तावेजों की जांच पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि ईवीएम को आयोग और पुलिस अधिकारियों की सतत निगरानी में स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतदान किए गए ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चुनाव आयोग के सुरक्षा प्रोटोकोल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई है। इनमें ईवीएम और वीवीपैट की चौबीस घंटे त्रिस्तरीय सुरक्षा की तैनाती, स्ट्रांग रूम में आने-जाने के लिए एक ही द्वार, डबल लॉक सिस्टम, स्ट्रांग रूम के खुलने और बंद होने के दौरान वीडियोग्राफी, वीआईपी और अधिकारियों सहित किसी भी वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध शामिल है। मतगणना पर्यवेक्षकों, सहायकों, माइक्रो पर्यवेक्षकों और अन्य सहायक कर्मियों सहित लगभग पांच हजार स्टाफ सदस्यों को मतगणना प्रक्रिया के लिए तैनात और प्रशिक्षित किया गया है। दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच मतदाता-सत्यापन योग्य पेपर ऑडिट ट्रेल्स मतदाता पर्चियों की मतगणना रेंडेमली चुनी जाएगी। अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—-
दिल्ली विधानसभा के लिए 5 तारीख को हुए चुनाव में 60 दशमलव पांच-चार फीसदी मतदान हुआ था।
—-
इस बीच, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के भाजपा पर लगाए आरोप की जांच के लिए उनके निवास पर पहुंची। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनके उम्मीदवारों को भाजपा ने 15-15 करोड रुपये देने की पेशकश की थी। हालांकि जांच दल को निवास स्थान में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने इस मामले में ए.सी.बी. में शिकायत दर्ज कराई है और दावा किया की उन्होंने ए.सी.बी. को सभी साक्ष्य उपलब्ध करा दिये हैं। दूसरी ओर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के आरोपों को आधारहीन बताया।
—-
लोकसभा में आज आम बजट 2025-26 पर चर्चा हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस के धर्मवीर गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट देश के सामने मौजूद कृषि चुनौतियों का समाधान करने में विफल रहा है। उन्होंने किसानों की आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया।
तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाया।
भाजपा के राव राजेंद्र सिंह ने चर्चा में भाग लेते हुए केंद्रीय बजट की सराहना की और कहा कि इसमें गरीबों, किसानों और महिलाओं के हितों का ध्यान रखा गया है।
तेलगु देशम पार्टी के दग्गुमल्ला प्रसाद राव ने कहा कि यह विकसित भारत बजट, विकास के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने के लिए बनाया गया है।
—-
सरकार ने आज कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में 10 साल से ज़्यादा समय से 7 हज़ार से ज़्यादा मामले लंबित हैं। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि 10 साल से अधिक समय से लंबित इन मामलों में से लगभग 6 हज़ार सिविल मामले हैं।
—-
देश में मातृ मृत्यु दर में 83 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि पिछले 30 वर्षों के दौरान वैश्विक स्तर पर इसमें 42 प्रतिशत की कमी आई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
—-
सरकार ने आज कहा है कि सौ दिन के टी.बी. मुक्त भारत अभियान के दौरान एक लाख 59 हजार से अधिक रोगियों का पता चला है। पिछले वर्ष 7 दिसम्बर से यह अभियान शुरु किया गया था।
—-
सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय दुर्लभ रोग नीति के तहत पहचाने गए किसी भी दुर्लभ रोग से पीड़ित रोगियों के इलाज के लिए 50 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
—-
सरकार ने आज कहा कि चालू वित्त वर्ष के लिए रक्षा आधुनिकीकरण के लिए बजटीय आवंटन में 6 दशमलव तीन-चार प्रतिशत की वृद्धि की गई है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठी ने यह जानकारी दी।
—-
सरकार ने कहा है कि उसने टकराव वाले सभी स्थानों से सैनिकों की पूर्ण वापसी सुनिश्चित करने और भारत-चीन सीमा पर शांति बहाल करने के लिए राजनयिक तथा सैन्य दोनों माध्यमों का इस्तेमाल किया है। विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री कृति वर्धन सिंह ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
—-
केंद्रीय कोयला और खादान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि कोयला मंत्रालय, कोयला आयात कम कर रहा है और घरेलू उत्पादन बढा रहा है। आज नई दिल्ली में श्री रेड्डी ने कहा कि कोयला मंत्रालय कोयला क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के पथ पर अग्रसर है।
—-
और अब खबरे महाकुंभ से-
प्रयागराज के महाकुंभ में करीब दस लाख लोग कल्पवास की प्राचीन परंपरा का पालन कर रहे हैं। श्रद्धालु माघी पूर्णिमा तक एक महीने तक कल्पवास करते हैं, जिसमें वे निर्धारित अनुष्ठानों का सख्ती से पालन करते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पवित्र अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। एक रिपोर्ट:
महाकुंभ में करोड़ों की संख्या में लोग, संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे है और अपने घरो की ओर जा रहे हैं, लेकिन लाखों लोग ऐसे भी हैं जो लगभग एक महीने से संगम के तट पर रहकर, पूजा पाठ में लीन है। इन्हे कल्पवासी कहा जाता है जो एक दिन में तीन बार स्नान करते हैं और अनुशासन का पालन करते हुये, मोह माया से दूर रहकर, ईश्वर की भक्ति में लीन रहते हैं। उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक कल्पवासी महिमाशंकर तिवारी ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि वे पिछले अठारह सालों से कल्पवास कर रहे हैं।
वहीं, ग्वालियर की रहने वाली एक महिला कल्पवासी रीमा सिंह ने बताया कि वह कल्पवास के दौरान, ईश्वर की पूजा-अर्चना और भक्ति में लीन रहती हैं।
एक माह तक चलने वाला यह कल्पवास 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से शुरू हुआ था और यह 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा तक चलेगा। दीपेन्द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
—-
आकाशवाणी महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड ने आज प्रयागराज के महाकुंभ में आकाशवाणी के कैंप कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आकाशवाणी के अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की और महाकुंभ के व्यापक कवरेज के लिए की गई व्यवस्था की समीक्षा की।
—-
नौवें एशियाई शीतकालीन खेल आज चीन के हार्बिन में रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुए। 14 फरवरी तक चलने वाली प्रतियोगिता में 34 देशों के 12 सौ खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। भारत ने प्रतियोगिता में अब तक का सबसे बड़ा 59 खिलाडि़यों का दल भेजा है।
—-
फीफा ने संविधान में संशोधन और निष्पक्ष चुनाव कराने में विफल रहने के कारण पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 2015 के बाद से यह तीसरी बार है जब पीएफएफ को वैश्विक फुटबॉल निकाय द्वारा निलंबन का सामना करना पड़ा है।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने स्किल इंडिया कार्यक्रम के लिए आठ हजार 800 करोड़ रुपये की मंजूरी दी। साथ ही राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के विस्तार को भी मंजूरी दी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फ्रांस और अमरीका की यात्रा पर रवाना होंगे। पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉं के साथ एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी।
- भारतीय रिजर्व बैंक ने 25 आधार अंकों की कमी कर रेपो रेट को घटाकर सवा छह प्रतिशत किया। वर्ष 2025-26 में सकल घरेलू उत्पाद के 6 दशमलव 7 प्रतिशत रहने का अनुमान।
- चीन में 9वें एशियाई शीतकालीन खेल शुरू; 59 भारतीय एथलीट खेलों में भाग लेंगे।
- फीफा ने पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ को निलंबित किया।