Download
Mobile App

android apple
signal

February 5, 2025 10:26 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग 58 प्रतिशत मतदान; मतगणना शनिवार को।
  • उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर और तमिलनाडु में इरोड ईस्ट विधानसभा उपचुनाव भी शांतिपूर्ण संपन्न हुए।
  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओपन ए आई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सैम अल्टमैन के साथ मुलाकात में संपूर्ण एआई स्टैक बनाने की कार्यनीति पर चर्चा की।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगम पर स्नान को दिव्य जुड़ाव का क्षण बताया।
  • सिंगापुर स्‍मैश विश्‍व कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट में मानुष शाह और मानव ठक्‍कर पुरूष डबल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।
  • उत्तराखण्‍ड में राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा की सुरुचि ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता।

 

***

 

दिल्‍ली विधानसभा की सत्‍तर सीटों के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण सम्‍पन्‍न हो गया। लगभग 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उत्तर पूर्व जिले में सबसे अधिक करीब 64 प्रतिशत वोट डाले गए और दक्षिण पूर्व जिले में सबसे कम करीब 54 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

और हम प्रमुख उम्‍मीदवारों की अगर बात करें तो दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आतिशी, भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश वर्मा, विजेन्‍द्र गुप्‍ता, अ‍रविन्‍दर सिंह लवली और रमेश बिधूडी, कांग्रेस के देवेन्‍द्र यादव, संदीप दीक्षित और अलका लाम्‍बा प्रमुख नामों में शामिल हैं।

***

उत्तरप्रदेश की मिल्कीपुर और तमिलनाडु की इरोड पूर्व विधानसभा सीट पर उप-चुनाव भी आज  शान्तिपूर्वक सम्‍पन्‍न हो गया। मिल्कीपुर में 65 प्रतिशत से अधिक वहीं, इरोड पूर्व में 64 प्रतिशत से अधिक मतदान की ख़बर है। इन दोनों सीटों पर मतणना दिल्‍ली विधानसभा के साथ शनिवार को होगी।

***

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव के सुचारू संचालन में शामिल मतदान अधिकारियों, सुरक्षा बलों और अन्य के प्रयासों की सराहना की है। उन्‍होंने बताया कि निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने कड़े प्रबंध किए।

 

सारे पोलिंग ऑफिसर्स, सिक्‍योरिटी फोर्स, सारे आरओज, डिप्‍टी कमिश्‍नर और पुलिस सब मेहनत कर रहे हैं। उसी का फल है करीब 12 और 13 हजार से ऊपर रैलीज और सभाएं पिछले एक महीने में दिल्‍ली में हुई, जो छोटीमोटी घटनाएं हुई, जिनकी शिकायतें हुई उनको इमिजेटली उन पर कार्रवाई हुई। ये निष्‍पक्षता है, हमने उनको हिदायत भी दी हुई है कि सब लोग बिल्‍कुल लेवल प्‍लेइंग फील्‍ड को फेयर प्‍ले को सुनिश्चित करेंगे।

***

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओपन ए आई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन के साथ मुलाकात में संपूर्ण एआई स्टैक – जीपीयू, मॉडल और ऐप बनाने की कार्यनीति पर चर्चा की। श्री वैष्‍णव ने बताया कि श्री अल्‍टमैन ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रौद्योगिकी लोकतंत्रीकरण के दृष्टिकोण की सराहना की है।

 

श्री अल्‍टमैन ने भारत को आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस के लिए महत्‍वपूर्ण बाजार बताया।

 

***

 

विदेश मंत्री डां. सुब्रह्मणयम जयशंकर ने आज नई दिल्‍ली में संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा के अध्‍यक्ष फिलेमोन यांग से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्‍होंने बहुपक्षीय सुधारों की आवश्‍यकता सहित संयुक्‍त राष्‍ट्र के एजेंडे के विभिन्‍न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा क्षेत्रीय, वैश्विक और विकास से जुडे मुद्दों पर भी बातचीत हुई। 

***

गृह मंत्री अमित शाह अगरतला में उम्‍मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने के कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए। श्री शाह ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्‍त करने वाले दो हजार आठ सौ से अधिक लाभार्थी प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के विकसित त्रिपुरा और विकसित भारत के प्रयासों का हिस्‍सा बन गए हैं। श्री शाह ने कहा कि एक समय अशांति और भ्रष्‍टाचार का सामना कर रहा राज्‍य अब विकास के पथ पर अग्रसर है।  

 

एक जमाने में लैंड, लॉक ट्रेड के नाम से त्रिपुरा को जाना जाता था। आज लैंड लिंक स्‍टेट के रूप में जाना जाता है और त्रिपुरा के सर्वांगीण विकास के लिए एयरपोर्ट से लेकर, रोड से लेकर, जल संचय और इमिगेशन से लेकर कई सारे इनिशिएटिव भारत सरकार और त्रिपुरा सरकार ने दिए हैं और सबसे बड़ा काम हुआ है भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद त्रिपुरा से भ्रष्‍टाचार और अशांति दोनों को मुक्‍त करने का काम हुआ है।

***

खबरें महाकुंभ से.

 

मोंटाज

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रयागराज के महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। श्री मोदी ने कहा कि संगम पर स्नान करना दिव्य जुड़ाव का क्षण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मां गंगा देशवासियों को शांति, ज्ञान, अच्छे स्वास्थ्य और सद्भाव का आशीर्वाद देंगी।

 

इस बीच, महाकुंभ में डिजिटल खोया-पाया केंद्र हजारों श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और बच्चों को उनके परिवारों को आपस में मिलवा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मेला क्षेत्र में 13 हजार से अधिक बिछड़े हुए लोगों को सफलतापूर्वक उनके परिवारों से मिलवाया गया है, जिनमें से 64 प्रतिशत महिलाएं थीं।   

 

महाकुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सेवा और सुशासन का प्रतीक बन गया है और इसी के तहत डिजिटल खोया-पाया केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चेहरा पहचान प्रणाली, मशीन लर्निंग और बहुभाषि समर्थन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए एक महिला पुलिस कांस्टेबल सपना शर्मा ने बताया कि मेला क्षेत्र के सभी खोया-पाया केंद्रों में अपने परिवार से अलग हुए पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अपनों से बिछड़ चुके श्रद्धालुओं को मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जा रहा है। यहां पे खोया-पाया केंद्र पर जो फैमिली मेंम्‍बर्स जो आपस में बिछड़ जाते हैं तो वो खोया-पाया केंद्र पर आते हैं अपना रजिस्ट्रेशन करते हैं। आधार कार्ड, फोटो, अपना नाम बताते हैं या फिर रजिस्ट्रेशन होता है और उसे महिला को या किसी पुरुष को या कोई बच्चा उसको यहां पर रखा जाता है। यहां पर उनके रहने की सुविधाएं हैं। इन खोया-पाया केंद्रों पर भोजन, चिकित्‍सा कक्ष, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि किसी भी व्यक्ति को कोई असुविधा न हो इन केंद्रों में उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और यूनिसेफ समेत कई विभिन्‍न गैर सरकारी संगठन सक्रिय रूप से अपना योगदान दे रहे हैं। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

 

***

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लाखों इस्‍माइली मुसलमानों के धर्म गुरू करीम आगा खान चतुर्थ के निधन पर शोक व्‍यक्‍त किया है। श्री मोदी ने कहा कि राजकुमार करीम आगा खान दूरदर्शी व्‍यक्ति थे और उन्‍होंने अपना पूरा जीवन सेवा और आध्‍यात्‍म को समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उनका योगदान लोगों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। श्री आगा खान का 88 वर्ष की आयु में पुर्तगाल में निधन हो गया।

***

104 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक अमरीकी विमान आज अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा। सूत्रों के अनुसार इनमें से 30 लोग पंजाब से, जबकि शेष चंडीगढ़, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से हैं। सभी निर्वासित लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। अमरीका में नई सरकार आने के बाद प‍हली बार अवैध अप्रवासियों को उनके देश भेजा गया है।

***

श्रीलंका के कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने आज भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग-आईटीईसी दिवस मनाया। इसमें बड़ी संख्या में आईटीईसी के पूर्व छात्र शामिल हुए। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने कहा कि 2015 से आईटीईसी कार्यक्रम में ढाई हजार से अधिक पाठ्यक्रम के माध्‍यम से दो लाख 25 हजार से अधिक प्रतिभागी लाभान्वित हुए हैं। श्रीलंका के विदेश मामलों के उप मंत्री अरुण हेमचंद्र ने कहा कि क्षमता निर्माण पहल के अंतर्गत दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे।

***

बिजनेस

बॉम्‍बे शेयर बाजार का सेंसेक्‍स 312 अंक कम होकर 78 हजार 271 पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 43 अंक कम होकर 23 हजार 696 पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया आज डॉलर के मुकाबले 39 पैसे की गिरावट से रिकॉर्ड न्‍यूनतम स्‍तर 87 रुपये 46 पैसे प्रति डॉलर पर दर्ज हुआ और अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 75 डॉलर 33 सेंट प्रति बैरल पर था।  आकाशवाणी समाचार के लिए सोनू सूद।

***

सिंगापुर स्‍मैश विश्‍व कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारत के मानुष शाह और मानव ठक्‍कर पुरूष डबल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। प्री क्‍वार्टर फाइनल में मानुष और मानव ने हांगकांग के वान-चुंग-तिंग और यी-क्‍वान-तो को 3-0 से हराया।

***

उत्‍तराखंड के देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों में आज निशानेबाजी में हरियाणा की सुरूचि ने 10 मीटर एयर पिस्‍टल का स्‍वर्ण पदक जीता। हमारी संवाददाता ने बताया है कि नौका चालन में सेना और मध्‍य प्रदेश का दबदबा रहा।

 

पुरुषों के डबल स्कल्स में सर्विसेज ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुषों की कॉक्सलेस फोर स्कल्स में भी सर्विसेज ने पहला स्थान हासिल किया। महिला क्वाड्रपल स्कल्स में मध्य प्रदेश की सटीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि महिला कॉक्सलेस पेयर में मध्य प्रदेश ने जीत दर्ज की। शूटिंग में वुमेन 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में हरियाणा ने अपना दबदबा बनाए रखा और स्वर्ण व रजत पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। महिला के-वन स्लालम में आंध्र प्रदेश की नागिडी गायत्री ने शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। लॉन बॉल में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन किया। पदक तालिका पर नजर डालें तो कर्नाटक 28 स्वर्ण के साथ पहले, जबकि सर्विसेज 27 स्वर्ण पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगभग 58 प्रतिशत मतदान; मतगणना शनिवार को।
  • उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर और तमिलनाडु में इरोड ईस्ट विधानसभा उपचुनाव भी शांतिपूर्ण संपन्न हुए।
  • सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओपन ए आई के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सैम अल्टमैन के साथ मुलाकात में संपूर्ण एआई स्टैक बनाने की कार्यनीति पर चर्चा की।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि संगम पर स्नान करना दिव्य जुड़ाव का क्षण है।
  • सिंगापुर स्‍मैश विश्‍व कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट में मानुष शाह और मानव ठक्‍कर पुरूष डबल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचे।
  • उत्तराखण्‍ड में राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा की सुरुचि ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता।

***