Download
Mobile App

android apple
signal

February 4, 2025 10:25 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति का अभिभाषण विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ करता है, नई आशा जगाता है और लोगों को प्रेरित करता है।    
  • राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव के लिए लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- सरकार के कल्याणकारी उपायों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली।
  • इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- देश में मोबाइल फोन विनिर्माण ने पिछले दशक में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के 12 लाख अवसर सृजित हुए।
  • दिल्ली में 70 सदस्यों वाली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कल, मतगणना शनिवार को।
  • कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने, इसके रोकथाम और उपचार को बढावा देने के लिए आज विश्व कैंसर दिवस मनाया जा रहा है।
  • राष्ट्रीय खेलों में के.सतीश कुमार तथा अनमोल खरब ने बैडमिंटन के सिंगल्‍स स्वर्ण पदक जीते।

***

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं, जिनके परिणामस्वरूप 25 करोड़ लोग गरीबी से ऊपर उठे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की प्रतिबद्धता, समर्पण और कड़ी मेहनत के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार योजनाओं के शत-प्रतिशत कार्यान्‍वयन पर जोर देकर विकसित भारत के लक्ष्‍य को प्राप्त करने के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आज लोकसभा में, संसद की संयुक्त बैठक में दिए गए राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए चर्चा का जवाब दे रहे थे।

श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण प्रेरणादायक था और इससे सरकार के विकसित भारत के प्रयासों को बल मिला है।

राष्ट्रपति जी के संबोधन में अगर हम बारीकी से इसको अध्ययन करेंगे तो यह साफ नजर आता है कि उन्होंने देश के सामने भविष्य के 25 वर्ष और विकसित भारत के लिए एक नया विश्वास जगाने वाली बात है। एक प्रकार से आदरणीय राष्ट्रपति जी का ये उद्बोधन विकसित भारत के संकल्‍प को मजबूती देने वाला है। नया विश्वास पैदा करने वाला है और जन सामान्य को प्रेरित करने वाला है।

सरकार द्वारा किए गए उपायों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने शासन में पारदर्शिता सुनिश्चित की है, जिससे करोड़ों रुपये की बचत हुई है।

पहले अखबारों की हेडलाइन हुआ करती थी कि इतने लाख के घोटाले, इतने लाख के घोटाले, 10 साल हो गए। ये घोटाले नास कर-करके, घोटाले न होने से भी देश के लाखों करोड़ रुपये बचे हैं जो जनता-जर्नादन की सेवा में लगे हैं। हमने ये जो अलग-अलग कदम उठाए, उससे लाखों-करोड़ रुपये की बचत हुई है। लेकिन उन पैसों का उपयोग हमनें शीष महल बनाने के लिए नहीं किया। इसका उपयोग हमने देश बनाने के लिए किया है।

श्री मोदी ने कहा कि हाल ही में सरकार ने 12 लाख रुपये तक की आयकर छूट की घोषणा की है जो मध्यम वर्ग के वित्त को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

बीते 10 साल में इनकम टैक्स को कम करके भी हमने मिडिल क्‍लास की बचत को बढ़ाने का काम किया है। 2013-14 में दो लाख रुपये पर इनकम टैक्स माफी थी और आज 12 लाख रुपये इनकम टैक्स से मुक्ति और हमने बीच के कार्यखंड में भी 14 में भी 17 में भी 19 में भी 23 में भी हम लगातार ये करते आए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए कई कदम उठाए हैं और अनेक योजनाएं शुरू की हैं।

बाद में सदन ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया।

इससे पहले, चर्चा में भाग लेते हुए समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने महाकुंभ के दौरान हुई दुर्घटना का मुद्दा उठाया। तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय ने कहा कि विनिर्माण के क्षेत्र में राष्‍ट्र कई अन्‍य देशों की तुलना में पिछड़ रहा है और इस कमी को दूर करने के लिए उचित उपाय करने की आवश्‍यकता है।

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि अधिकतर विपक्षी सदस्‍य राष्‍ट्रपति के अभिभाषण में उठाये गए मुद्दों पर ध्‍यान केंद्रित करने की बजाय असंबद्ध विषय उठा रहे हैं। उन्‍होंने सरकार की विभिन्‍न उपलब्धियों का उल्‍लेख किया।

कांग्रेस के चरनजीत सिंह चन्‍नी ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार के अंतर्गत किसानों और अल्‍प संख्‍यकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्‍थगित कर दी गई है।

***

धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में भी चर्चा जारी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता बंसीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के मार्ग पर उत्साहपूर्वक आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस की रेणुका चौधरी ने बढ़ती कीमतों और रुपए के घटते मूल्य पर चिंता व्यक्त की। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि संविधान ने ही भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एकजुट किया है।

***

सरकार ने कहा है कि विदेशी मूल के लोगों के लिए वार्षिक आधार पर आयुष वीजा जारी किए जा रहे हैं। आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने राज्यसभा में कहा कि आयुष वीजा अधिकतम पांच साल की अवधि तक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आयुष वीजा प्राप्‍त करने के लिए विदेशी नागरिकों को अपने देश के मान्यता प्राप्त अस्पताल से चिकित्‍सा प्रमाण पत्र या परामर्श प्रस्‍तुत करना होगा।

***

भारत ने पिछले दस वर्षों में मोबाइल और इलेक्‍ट्रॉनिकी विनिर्माण के क्षेत्र में महत्‍वपूर्ण प्रगति की है। इलेक्‍ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्‍विनी वैष्‍णव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट में कहा कि देश में वर्ष 2014 में केवल दो मोबाइल विनिर्माण इकाइयां थी जबकि आज तीन सौ से ज्‍यादा इकाइयां काम कर रही हैं। श्री वैष्‍णव ने कहा कि भारत में पिछले दशक में मोबाइल फोन विनिर्माण के क्षेत्र में 12 लाख प्रत्‍यक्ष, अप्रत्‍यक्ष नौकरियां पैदा हुई है। श्री वैष्‍णव ने कहा कि मेक-इन-इंडिया पहल आत्मनिर्भरता तथा उत्पादन को बढ़ावा दे रही है और इससे रोजगार के अवसर सृजित हो रहा है।

***

दिल्ली में कल 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एक करोड़ 56 लाख से ज़्यादा मतदाता 699 उम्मीदवारों के भाग्‍य का फैसला करेंगे।

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दिल्ली के मतदाता कल मतदान के साथ ही अपना जनादेश ईवीएम में लॉक कर देंगे। शहर के 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13,766 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 70 मतदान केदों का संचालन पूरी तरह से महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। वहीं, प्रत्येक विधानसभा में एक मतदान केंद्र बनाया गया है जिसे पूरी तरह से दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा प्रबंधित किया जाएगा। चुनाव आयोग ने मतदान के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 1,80,000 से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। 83 लाख से अधिक पुरुष, लगभग 72 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी मतदान केदों पर पेयजल व्हीलचेयर और क्रश सुविधा उपलब्ध होगी। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

***

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्‍सेना ने दिल्ली के मतदाताओं से कल बढ-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। उन्होने कहा कि शहर वासियों का मतदान दिल्ली के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पांच फरवरी का दिन छुट्टी का नहीं बल्कि ड्यूटी का दिन है। मुझे यकीन है कि आप सभी इसमें बढ-चढ़कर हिस्‍सा लेंगे और दिल्‍ली को विकास के पथ पर लेकर जाएंगे।

दिल्‍ली विधानसभा चुनाव की मतगणना शनिवार को होगी।

***

खबरें महाकुंभ से…

 

प्रयागराज में महाकुंभ मेले में सार्वजनिक और निजी बैंक तीर्थयात्रियों को बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ये बैंक तीर्थयात्रियों के लिए नकद जमा, निकासी और धन हस्तांतरण जैसी सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।

महाकुंभ में तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को विभिन्न बैंकों और पोस्ट ऑफिस के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं प्रदान की जा रही है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अमित कुमार पांडे ने कहा कि श्रद्धालुओं को सभी प्रकार के बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

हम लोग यहां पे बैंकिंग की सारी फैसेलिटीज प्रोवाइड करते हैं और साथ ही साथ लोगों के अंदर जागरूकता फैलाने की भी कोशिश चल रही है कि अगर उनके साथ किसी भी तरीके की साइबर फ्रॉड हो रहे हैं उनको क्या-क्या उठाने चाहिए उसके लिए भी हम पूरी मदद कर रहे हैं।

आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए लाभार्थी मुकेश ने महाकुंभ मेले में बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।

मेरे को बहुत अच्छा लगा यहां पर जगह-जगह यह सुविधा सरकार ने कर दी है बैंकों की।

इस महाकुंभ मेले की शुरूआत 13 जनवरी को हुई थी और अब तक 38 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान कर चुके हैं दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

***

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल प्रयागराज में महाकुंभ मेले का दौरा करेंगे। वे संगम में पवित्र डुबकी लगाएंगे और मां गंगा की पूजा करेंगे।

***

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रयागराज में महाकुंभ के लिए कल से विशेष बस सेवा की घोषणा की है। चंडीगढ़ में आज श्री विज ने कहा ये बसें प्रत्येक जिले के मुख्य बस स्टैंड से सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच रवाना होंगी।

***

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि सरकार महाकुम्‍भ में मौनी अमावस्‍या के दिन हुई दुर्घटना कि गहराई से जॉंच कराएगी और षड्यंत्रकारियों को बेनकाब कर उन्‍हें सजा दिलाएगी। उन्‍होंने कहा कि पिछले 22 दिनों में 38 करोड श्रद्धालुओं ने संगम में स्‍नान किया है।

जितने क्विक रिसपॉन्‍स से मेला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस इन सब ने मिलकरके घायलों को हॉस्‍पीटल पहुंचाने का काम किया। वो अपनेआप में एक मिसाल है। हमारी पहली प्राथमिकता थी कि किसी भी स्थिति में इसको हम जीरो हादसे तक लेकर जाए लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से घटना घटित हुई। उन सभी परिवारों के प्रति हम लोगों ने अपनी संवेदना भी व्‍यक्‍त की और उसके लिए कुछ आर्थिक मुआवजा भी घोषित किया।

***

कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कल से वाटरशेड यात्रा की शुरुआत होगी, जिसका विषय होगा “जल लाए धन-धान्य”। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए उन्‍होंने अधिक से अधिक लोगों से अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।

इस यात्रा का उद्देश्य जल के संरक्षण के लिए और मिट्टी के क्षरण को रोकने के लिए जन जागरण पैदा करना है। मेरा सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वॉटर शेड यात्रा से जुड़ें और संकल्‍प लें कि हम जल भी बचाएंगे, हम मिट्टी भी बचाएंगे और इसका मतलब यह है कि हम हमारा भी और आने वाली पीढि़यों का कल भी बचाएंगे।

***

उत्तराखंड के देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों में बैडमिंटन में आज सतीश कुमार ने पुरुष और अनमोल खरब ने महिला सिंगल्‍स का खिताब जीता। विस्‍तृत रिपोर्ट हमारी देहरादून संवाददाता से।

पुरुष एकल मुकाबले में तमिलनाडु के सतीश कुमार ने उत्तराखंड के सूर्याक्ष रावत को कड़ी टक्कर देते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। महिला एकल के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की अनमोल खरब ने दिल्ली की अनुपमा उपाध्याय को मात दी। महिला डबल्स प्रतियोगिता में कर्नाटक की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि उत्तराखंड की टीम को रजत से संतोष करना पड़ा। बैडमिंटन डबल्स के पुरुष मुकाबलों में भी कर्नाटक का दबदबा कायम रहा और टीम ने स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किया। इसी के साथ राष्ट्रीय खेलों में बैडमिंटन की सभी पांचो श्रेणियों के मुकाबले आज समाप्त हो गए हैं। पदक तालिका पर नज़र डालें, तो कर्नाटक 28 स्वर्ण के साथ पहले और सर्विसेज 21 स्वर्ण पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

***

लीबिया में भारतीय दूतावास ने बेनगाजी, लीबिया से 18 भारतीय नागरिकों की वापसी में मदद की। वे कल स्‍वदेश पहुंचने वाले हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ये लोग काम के लिए लीबिया गए थे और कई हफ्तों से वहां फंसे हुए थे।

***

आज विश्व कैंसर दिवस है। नई दिल्ली स्थित एम्स के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. एम. डी. रे ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में लोगों को अपने स्वास्थ्य की नियमित रूप से जांच करवाते रहने के लिए कहा और कैंसर से बचाव के लिए एहतियाती कदम उठाने के लिए भी कहा।

कैंसर का जो मोस्‍ट कॉमन कॉज है, वो तम्‍बाकू रिलेटिड प्रोडक्‍ट होता है, जैसे सिगरेट, स्‍मॉकिंग, एल्‍कोहल एंड पॉल्‍यूशन, बेड लाइफ स्‍टाइल। कैंसर ठीक भी हो सकता है। कैंसर अगर ठीक टाइम पर डिटेक्‍ट हो। सो देन कैंसर में कोई डरने की बात नहीं है। वी केन फाइट द कैंसर एंड कैसर शुड बी अंडर आवर कंट्रोल, नोट वी शुड बी अंडर कैंसर कंट्रोल।

***

जम्मू कश्मीर में ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी हुई। किन्नौर जिले के कल्पा में बारिश भी हुई। पुलिस ने यात्रियों से अनावश्यक यात्राओं से बचने को कहा है।

***

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – संसद की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति का अभिभाषण विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ करता है, नई आशा जगाता है और लोगों को प्रेरित करता है।    
  • राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव के लिए लोकसभा में चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- सरकार के कल्याणकारी उपायों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली।
  • इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा- देश में मोबाइल फोन विनिर्माण ने पिछले दशक में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के 12 लाख अवसर सृजित हुए।
  • दिल्ली में 70 सदस्यों वाली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कल, मतगणना शनिवार को।
  • कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने, इसके रोकथाम और उपचार को बढावा देने के लिए आज विश्व कैंसर दिवस मनाया जा रहा है।
  • राष्ट्रीय खेलों में के.सतीश कुमार तथा अनमोल खरब ने बैडमिंटन के सिंगल्‍स स्वर्ण पदक जीते।