मुख्य समाचार :-
- लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
- सरकार ने लोकसभा में कहा – पिछले वित्त वर्ष में अनुमानित बेरोजगारी दर घटकर तीन दशमलव दो प्रतिशत रही।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – अगले दो से तीन वर्षों में दो सौ वंदे भारत, सौ अमृत भारत और पचास नमो भारत ट्रेनें बनाई जाएंगी।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त; बुधवार को सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान।
- सीरिया में मनबीज शहर के बाहरी इलाके में एक कार बम विस्फोट में 19 लोगों की मौत।
- 38वें राष्ट्रीय खेलों में, पंजाब की सिफ्त कौर समरा ने देहरादून में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में स्वर्ण पदक जीता।
———–
संसद के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा और राज्यसभा में आज चर्चा हुई। लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी के रामवीर सिंह बिधूड़ी ने चर्चा शुरू की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की।
रामवीर सिंह बिधूडी-23 से.
मुझे यह बताते हुए बहुत कष्ट हो रहा है कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू नहीं होने दिया। यदि दिल्ली के अंदर प्रधानमंत्री आवास योजना, दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार लागू हो जाने देती, तो दिल्ली के लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिल जाता।
विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति का भाषण पिछले सालों की ही तरह था। बेरोजगारी के मुद्दे पर श्री गांधी ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और इनसे जुडे मुद्दों को सबसे पहले उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बेरोजगारी खत्म करने में विफल रही है।
भाजपा के रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि जब भी महाकुंभ का जिक्र होता है तो कांग्रेस खुश नहीं होती। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान अब तक 35 करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह मानती है कि देश चलाने का अधिकार केवल उसी को है। समाजवादी पार्टी के नरेश पटेल ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी का कोई उल्लेख नहीं है। तृणमूल कांग्रेस की डॉक्टर काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में खाद्य महंगाई और कृषि ऋण को माफ करने की कोई बात नहीं की गई। चर्चा में डीएमके पार्टी की के. कनिमोई, शिवसेना-यूबीटी के अरविंद गणपत सावंत, जनता दल यूनाइटेड के दिलेश्वर कामैत, आईयूएमएल के ई.टी मोहम्मद बशीर, आर.एल.डी के राजकुमार सांगवान ने भी भाग लिया। चर्चा जारी है।
उधर, राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी की किरण चौधरी ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है।
बाइट-किरण चौधरी-31 से. अंग्रेजी
विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बढती बेरोजगारी, कीमतों और अमरीकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के मूल्य में गिरावट का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में खाली पदों को भरा नहीं जा रहा है।
यह सरकार आम जनता के दुख और मुसीबत, इसलिए लगातार बढ रहे हैं। अगर आप देश के हित में कुछ बातें बोलते हो तो आप सबके लिए कहते हो, सबका विकास आप चाहते हो। गरीबो का कोई विकास नहीं, गरीब मर रहे हैं, इन्फ्लेशन में मर रहे हैं। अनइम्प्लॉयमेंट है, इसकी आपको कोई चिंता नहीं।
चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने श्री खरगे के इस आरोप का खंडन किया कि किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता पर हाल ही में हुई महाकुंभ की घटना को राजनीतिक रूप देने का भी आरोप लगाया। शिवसेना के मिलिंद देवड़ा ने कहा कि देश के लोगों ने नरेन्द्र मोदी सरकार को तीसरी बार जनादेश दिया है, जो सरकार की नीतियों और दृष्टि पर भरोसे का प्रतीक है। तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भी कृषि और बेरोजगारी तथा महिला आरक्षण के मुद्दे उठाए। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके पार्टी के डॉ. एम. थंबीदुरई ने वाल्मीकि और तमिलनाडु के मछुआरा समुदायों को जनजाति श्रेणी में शामिल करने की मांग की। बाद में सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। हालांकि, धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा अधूरी रही।
———–
भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने आज राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ संसदीय विशेषाधिकार हनन का नोटिस सौंपा। नोटिस में कहा गया कि श्रीमती गांधी का बयान स्थापित नियमों और आचरण एवं संसदीय नैतिकता और शिष्टाचार के अनुरूप नहीं है। सासदों ने सभापति से मामले का संज्ञान लेने और श्रीमती गांधी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का आग्रह किया है। वहीं, भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि पार्टी सांसदों ने आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की और राष्ट्रपति के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी सौंपा।
पप्पू यादव जो लोकसभा के सांसद है, उन्होंने एक महिला राष्ट्रपति वो भी आदिवासी, अपमानजनक टिप्पणी किया है और इसलिए आज सभी हमारे माननीय सांसदो के साथ में लोकसभा अध्यक्ष को हमने ज्ञापन सौंपा है और हमने कार्रवाई की मांग की है।
———–
सरकार ने लोकसभा में बताया है कि पिछले वित्त वर्ष में बेरोजगारी दर पांच साल पहले के 6 प्रतिशत की तुलना में घटकर 3 दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। श्रम और रोजगार राज्य मंत्री, शोभा करंदलाजे ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि नवीनतम आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण-पी एल एफ एस में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के युवाओं के बीच बेरोजगारी दर में कमी का संकेत दिया गया है।
———–
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे की नई परियोजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।
पचास नई नमो भारत ट्रेन्स, सौ नई वन्दे भारत ट्रेन्स, जो कि फुल्लि जो हमारे गरीब से गरीब वर्ग है और श्रमिक वर्ग है उनके लिए बहुत कम कीमत में लम्बी जर्नी कर सके और वन्दे भारत ट्रेन्स दो सौ नई, जिसमें स्लिपर और चेयरकार दोनों इन्क्लूडिड है और एक हजार नए फ्लाईओवर्स अप्रुव हुए इस बजट में। इस साल इनमें एक लाख 14 हजार करोड रुपए का रेलवे की सेफ्टी में इंवेस्टमेंट है और आगामी वर्ष में एक लाख 16 हजार रुपए का सेफ्टी में इंवेस्टमेंट होगा। टोटल बजट एलोकेशन दो लाख 52 हजार करोड का है, जो कि रिकॉर्ड है बहुत अच्छा बजट एलोकेशन है जिससे कि देशभर में रेलवे की सुविधा को बढाया जा सके।
———–
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण और विस्तार का बड़ा मिशन शुरू किया है। नई दिल्ली में आज मीडिया से बातचीत में श्री वैष्णव ने कहा कि रेलवे ने पश्चिम बंगाल में भारी निवेश किया है।
वन हेंड्रेड वन स्टेशन्स को अमृत स्टेशन्स के प्रोग्राम के अंडर कम्प्लीट रिडेवलप किया जा रहा है, बेंगॉल में। उसका कई-कई वर्षों तक देश को लाभ होगा बेंगॉल को लाभ होगा। बेंगॉल में नाइन वन्दे भारत ट्रेन्स चल रही है अभी और पहली जो अमृत भारत ट्रेन मालदा से चालू हुई थी लास्ट ईयर। इस साल के बजट में सौ नई अमृत भारत ट्रेन्स अप्रूव हुई है। नमो भारत ट्रेन वो भी बहुत जल्दी बेंगॉल में चालू होगी।
———–
जम्मू-कश्मीर में आज दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकवादी हमले में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने कुलगाम के बेहीबाग इलाके में पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी और बेटी पर हमला किया। हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की कड़ी निंदा की है।
———–
दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार आज खत्म हो गया। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने रोड शो, घर-घर जाकर प्रचार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसभाएं कीं। एक रिपोर्ट –
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने की अंतिम समय सीमा तक आज सभी राजनीतिक दलों ने अपना पूरा दम-खम दिखाया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जंगपुरा, बिजवासन और द्वारका में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभााओं को संबोधित किया। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में भाजपा गठबंधन को वोट देने की अपील की। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में करोल बाग क्षेत्र में रोड-शो किया। इस बीच, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आदर्श नगर, शकूरबस्ती, शालीमार बाग़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के लिए रोड शो किया। वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी छतरपुर और कालकाजी विधानसभा क्षेत्रो में सार्वजनिक बैठकें की। उधर, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद प्रियंका गांधी ने जंगपुरा में डोर-टू-डोर कैम्पेन और कस्तूरबा नगर क्षेत्र में रोड-शो कर मतदाताओं से पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी-अपनी विधानसभा सीटो पर समर्थन जुटाया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बुधवार को होगा और मतगणना शनिवार को होगी। अक्षित वैदयान आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———–
खबरें महाकुंभ से।
मोन्टाज-इन
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में बसंत पंचमी के अवसर पर तीसरे अमृत स्नान के दौरान आज दो करोड़ 33 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई। एक रिपोर्ट –
उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा अपनाए गए जीरो एरर अप्रोच के कारण महाकुंभ का तीसरा अमृत स्नान आज सुचारू रूप से संपन्न हो गया। इस अमृत स्नान की शुरुआत 13 अखाड़ों के साधु-संतों के साथ हुआ और बाद में श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। हेलीकॉप्टर द्वारा साधु-संतों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। मेले में लोगों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए थे ताकि वे आसानी से संगम में स्नान कर सके। सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और हेलीकॉप्टर के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेले की सुरक्षा स्थिति की निगरानी वॉर रूम के माध्यम से की। मुख्यमंत्री ने डीजीपी और गृह सचिव से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार अपडेट लेते रहे और उन्हें अमृत स्नान के सुचारू संचालन के निर्देश भी दिए। दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम, महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी को हुई और अब तक 37 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।
———–
भारतीय सेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के बीच 13वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘एकुवेरिन’ शुरू हो गया है। कल मालदीव में शुरू हुआ यह सैन्य अभ्यास एक द्विपक्षीय वार्षिक अभ्यास है जो वर्ष 2023 में उत्तराखंड के चौबटिया में यह अभ्यास आयोजित किया गया था।
———–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने द्विभाषी लाइव फोन-इन साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे नौ बजे “कैंसर जागरूकता: रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में सफदरजंग अस्पताल में स्त्री रोग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरिता शमसुंदर, और कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर डोडुल मंडल भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता हमारे आमंत्रित विशेषज्ञ से कैंसर के कारण, रोकथाम, प्रारंभिक जांच और उपचार के बारे में प्रश्न पूछ सकते हैं। श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
———–
सीरिया के मनबिज शहर के बाहरी इलाके में आज एक कार बम विस्फोट में 19 लोग मारे गए। मृतकों में 18 महिलाएँ और एक पुरुष हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार अन्य 15 महिलाएँ घायल हुईं हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही हैं।
———–
उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में निशानेबाजी में पंजाब की सिफत कौर सामरा ने महिलाओं की 50 मीटर थ्री पोजीशन में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। पदक तालिका में कर्नाटक 22 स्वर्ण सहित 42 पदक जीतकर पहले स्थान पर है।
———–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा और राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
- सरकार ने लोकसभा में कहा – पिछले वित्त वर्ष में अनुमानित बेरोजगारी दर घटकर तीन दशमलव दो प्रतिशत रही।
- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा – अगले दो से तीन वर्षों में दो सौ वंदे भारत, सौ अमृत भारत और पचास नमो भारत ट्रेनें बनाई जाएंगी।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त; बुधवार को सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान।
- सीरिया में मनबीज शहर के बाहरी इलाके में एक कार बम विस्फोट में 19 लोगों की मौत।
- 38वें राष्ट्रीय खेलों में, पंजाब की सिफ्त कौर समरा ने देहरादून में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में स्वर्ण पदक जीता।
***********