Download
Mobile App

android apple
signal

April 15, 2024 3:18 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार जोरों पर। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं की विभिन्न राज्यों में रैलियां।

     

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। मतदान 7 मई को।

     

  • हरियाणा के महेन्‍द्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में छह बच्चों की मृत्‍यु।

     

  • अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने इस्रायल को गाजा में आवश्‍यक खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

     

  • मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मैच जारी।

****

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता विभिन्न राज्यों में रैलियां कर रहे हैं। पहले चरण में 19 अप्रैल और दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

****

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के करौली में एक चुनावी रैली में कहा कि लोकसभा चुनाव विकसित भारत अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला है। श्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को समृद्ध बनाने के लिए काम कर रही है।

 

आज देश के दस करोड किसानों को पीएम किसान सम्‍मान निधि मिल रही है। करौली, धौलपुर के  सवा तीन लाख से ज्‍यादा किसानों के खाते में भी सात सौ करोड़ रुपये से अधिक भेजे गए हैं। करौली में 80 हजार से ज्‍यादा किसनों के पशुधन को खुरपका, मुंहपका के डेढ़ लाख से ज्‍यादा टीके मोदी सरकार ने लगवाए हैं।

राजस्थान की करौली-धौलपुर सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। प्रधानमंत्री ने ऋषिकेश में आज चुनावी रैली को भी संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि केंद्र में एनडीए सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश को अधिक मजबूत बनाया है। उनकी सरकार ने सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना लागू की है। उन्‍होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों का प्राथमिकता के आधार पर विकास किया जा रहा है।

 

उधर, कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने भी आज राजस्‍थान के अनूपगढ में जनसभा को संबोधित किया। श्री गांधी ने कहा कि देश में इस समय दो प्रमुख मुद्दे हैं – बेरोजगारी और मुद्रास्‍फीति, लेकिन अन्‍य मुद्दों को महत्‍व दिया जा रहा है।

हम दो काम करने जा रहे हैं, पहला काम तीस लाख सरकारी रोजगार आपके हवाले करने जा रहे हैं और दूसरा काम ठेकेदारी प्रथा को हम पीएसयूज में और सरकार में खत्‍म करने जा रहे हैं। अब हिन्‍दुस्‍तान में अगर कोई सरकार में काम करेगा तो वो कॉन्‍ट्रैक्‍ट से नहीं करेगा उसे परमानेंट जॉब दी जाएगी, उसे पेंशन दी जाएगी और उसकी और उसके परिवार की रक्षा होगी।

****

केंद्रीय रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने कहा है कि भाजपा किसी के साथ भेद-भाव नहीं करती है। आज मध्‍य प्रदेश में रीवा के मऊगंज के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जन सभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि हम सबको साथ लेकर चलते हैं।

****

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उधमपुर-डोडा-कठुआ लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया। उधमपुर पंचायत और पंचायत के शहरी क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह बात कही।

****

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज असम के डिब्रूगढ़ में कई रैलियां कीं। श्री सरमा ने कहा कि श्री मोदी के शासन काल में असम में 80 लाख लोग गरीबी से उबर गये। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आज गुवाहाटी में संवाददाता सम्‍मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा झूठे वादे कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, सांसद गौरव गोगोई और असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा ने भी सार्वजनिक सभाएं कीं। आम आदमी पार्टी नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कल तिनसुकिया और सोणितपुर में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

****

सिक्किम में लोकसभा की एकमात्र और विधानसभा की 32 सीटों के लिए चुनाव प्रचार धीरे-धीरे तेज हो रहा है। सत्‍तारूढ सिक्किम क्रान्तिकारी मोर्चा, विपक्षी दल-सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट, भाजपा, कांग्रेस और नवगठित सिटिजन एक्‍शन पार्टी चुनाव प्रचार में जी-जान से जुटे हैं। यहां 19 अप्रैल को मतदान होगा। भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज गंगटोक में पार्टी का प्रदेश चुनाव घोषणा पत्र जारी किया।

****

मेघालय में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

राज्‍य में लोकसभा की दो सीट हैं – तुला और शिलंग संसदीय सीट। अनुसूचित जनजातियों के लिए  आरक्षित है। शिलंग संसदीय सीट पर कुल छह उम्‍मीदवार अपना भाग्‍य आजमा रहे हैं। दो निर्दलीय उम्‍मीदवार भी शामिल हैं। कुल मतदाताओं की संख्‍या 22 लाख, 26 हजार से अधिक है। इनमें दस लाख 99 हजार से अधिक पुरूष एवं 11 लाख 27 हजार से अधिक महिला वोटर और तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में नए मतदाताओं की संख्‍या 56 हजार नौ सौ से अधिक है। वहीं, 85 साल से अधिक उम्र वाले दस हजार तीन सौ से अधिक मतदाता भी अपना वोट डालने के लिए उत्‍सुक हैं। चुनाव आयोग ने कुल 3 हजार 512 पोलिंग स्‍टेशनों का प्रबंध किया है। मेघालय के मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी  डॉ. बी डी आर तिवारी ने बताया कि प्रत्‍येक पोलिंग स्‍टेशन पर सबसे पहले वोट डालने वाले मतदाता को पौधा देकर सम्‍मानित किया जाएगा। आकाशवाणी शिलंग से परितोष दिक्षित।

****

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए अधि‍सूचना कल जारी होगी। इस‍चरण में दस राज्‍यों और दो केन्‍द्र शासित प्रदेशों की 94 सीटों के लिए 7 मई को मतदान होगा। मध्‍य प्रदेश के बैतुल निर्वाचन क्षेत्र की अधिसूचना भी कल जारी की जाएगी। इस संसदीय क्षेत्र में दूसरे चरण में मतदान होना था, लेकिन बहुजन समाज पार्टी के उम्‍मीदवार के निधन के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। इस चरण में 19 अप्रैल तक नामांकन भरे जा सकते हैं।

****

हरियाणा में आज महेन्‍द्रगढ़ जिले में कनिना ब्‍लॉक के उन्‍हानी गांव में एक निजी स्‍कूल बस पलट जाने से छह बच्‍चों की मृत्‍यु हो गई और कम से कम 15 घायल हो गए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि घायलों का इलाज रेवाड़ी और महेन्‍द्रगढ़ के अस्‍पतालों में किया जा रहा है।

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दुर्घटना के तुरंत बाद महेंद्रगढ़ के उपायुक्‍त से फोन पर बात की और हादसे के लिए जिम्‍मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इस बीच मुख्यमंत्री ने कहा है कि हादसे के कारणों को दूर करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। और घायल बच्चों के इलाज के लिए जरूरी मदद की जाएगी। हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने राजपत्रित अवकाश पर स्कूल खोले जाने को नियमों का उल्लंघन बताया है और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। इस दौरान हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा है कि सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को परिपत्र जारी कर सभी स्कूल बसों की फिटनेस जांच करवाई जाएगी। अश्वनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार,चंडीगढ़

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बस दुर्घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है।

राष्‍ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि इस दुर्घटना में कई मासूम बच्‍चों की मृत्‍यु की खबर हृदय विदारक है। प्रधानमंत्री ने भी एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि स्‍थानीय प्रशासन पीडितों और उनके परिवारों को हर प्रकार की सहायता प्रदान कर रहा है।

****

केंद्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो – सीबीआई ने भारत राष्‍ट्र समिति की नेता के. कविता को दिल्‍ली की आबकारी नीति घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने दिल्‍ली शराब घोटाला मामले में हाल में तिहाड जेल में के. कविता से पूछताछ की थी। वह इस समय प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत  में तिहाड जेल में हैं। निदेशालय ने धन शोधन से जुडे आबकारी नीति मामले में के. कविता को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था।

****

कश्‍मीर घाटी में पुलिस और सुरक्षा बलों ने लश्‍करे तैयबा से जुडे आतंकियों के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। बारामूला में इन तीनों के कब्‍जे से आपत्तिजनक सामग्री और हथगोले बरामद किये गये। वे चुनावों को देखते हुए बारामूला में शांति प्रक्रिया बाधित करना चाहते थे। सूचना मिलने पर इन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुराने बारामूला से इन तीन आरोपियों को पकडा गया और इनके पास से तीन हथगोले बरामद किये गये।

****

अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने सर्वसम्मति से गजा में फिलिस्तीनियों के लिए बिना किसी देरी के आवश्‍यक खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने का करने का इस्राइल को आदेश दिया है। न्यायालय ने कहा कि गजा में फिलिस्तीनियों को बदतर स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है और वहां अकाल तथा भुखमरी फैल रही है। जनवरी में न्यायालय ने इज़राइल को नरसंहार जैसे किसी भी कृत्य से परहेज करने के लिए कहा था।

****

ईद-उल-फित्र का त्‍योहार आज देशभर में श्रद्धा और हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। बांग्लादेश में ईद-उल-फित्र के अवसर पर राजधानी ढाका के राष्ट्रीय ईदगाह मैदान और अन्य स्थानों पर पारंपरिक तरीके से नमाज अदा की गई।

मुसलमानों के सबसे बड़े धार्मिक त्योहारों में से एक ईदउलफित्र पूरे बांग्लादेश में खुशी और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। ढाका और बांग्लादेश के अन्य हिस्सों में समाज के सभी वर्ग के लाखों मुस्लिम श्रद्धालुओं मस्जिदों, ईदगाहों और अस्थायी प्रार्थना स्थलों पर ईद सभा में शामिल हुए। यह त्यौहार दोस्तों और रिश्तेदारों के घर जाकर मिलकर, एकदूसरे को ईद की मुबारकबादी देकर और मिठाइयाँ बाँटकर मनाया जा रहा है। इस अवसर को क्षमा करने और लोगों को उनके महीने भर के उपवास को पूरा करने के लिए शुभकामना देकर मनाया जा रहा है। नवलसंग परमार//आकाशवाणी समाचार//ढाका

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद उल फित्र पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

****

आईपीएल क्रिकेट में आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मुंबई में मुकाबला खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरू ने 16वें ओवर में चार विकेट पर 136 रन बना लिये थे।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार जोरों पर। राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं की विभिन्न राज्यों में रैलियां।

     

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। मतदान 7 मई को।

     

  • हरियाणा के महेन्‍द्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में छह बच्चों की मृत्‍यु।

     

  • अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय ने इस्रायल को गाजा में आवश्‍यक खाद्य आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

     

  • मुंबई में आईपीएल क्रिकेट में, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच मैच जारी।

****