Download
Mobile App

android apple
signal

February 2, 2025 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का कल आखिरी दिन, राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के अंतिम प्रयास में जुटे, बुधवार को मतदान होगा।

     

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने कल बसंत पंचमी पर तीसरे अमृत स्नान को देखते हुए प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था बढाई।

     

  • सरकार ने गहरे समुद्र में खोज और प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए समुद्रयान मिशन को बजट में 600 करोड़ रुपये आवंटित किए।

     

  • कांगो में भारतीय दूतावास ने अपने सभी नागरिकों को बाकूवा में एम23 विद्रोहियों के आने की खबरों के बीच सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।

     

  • भारत ने कुआलालंपुर में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता।

     

  • आशी चौकसे ने देहरादून में राष्ट्रीय खेलों में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

******

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार में अब केवल एक दिन शेष है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता और स्टार प्रचारक मतदाताओं को अपने पक्ष में लुभाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सभी पार्टियों के नेता रोड शो, घर-घर जाकर चुनाव प्रचार और जन सभाएं कर रहे हैं।

भारतीय जनपा पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी हताशा में हर घण्टे नई नीतियों की घोषणा कर रही है। आज नई दिल्ली के आर.के. पुरम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि आम आदमी पार्टी इतने सदमें में है कि वह झूठी घोषणाओं का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में सरकार बनाएगी और डबल इंजन की सरकार लडाई में अपना समय नहीं गवाएगी।

 

आज हौज काजी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आरएसएस और बीजेपी संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

ये विचारधारा की लडाई है। हम कहते हैं कि संविधान से हिन्‍दुस्‍तान बनना चाहिए, बीजेपी कहती है कि संविधान को हम बदलेंगे। मैं आपको कहना चाहता हूं कि संविधान को कांग्रेस पार्टी कभी नहीं बदलने देगी।

 

 

आम आदमी पार्टी के नेताओं के पार्टी छोडने के बारे में श्री मोदी ने कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि वह जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पार्टी का जनता के सामने खुलासा हो गया है।

 

आपदा के लीडर उसे छोडकर जा रहे हैं। ये जान चुके हैं कि ग्राउंड पर जनता आपदा से कितना नाराज है, कितनी नफरत करती है। दिल्‍ली के लोगों के गुस्‍से से आपदा पार्टी इतनी घबरा गई है कि हर घंटे झूठी घोषणाएं कर रही है।

 

इस बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।

 

खुलेआम लोगों पे हमले करवाए जा रहे हैं। खुलेआम लोगों को पीटा जा रहा है। पुलिस को निर्देश है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करेगी। इस तरह की ढेरों घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं, जिसके ढेरों वीडियो आए हैं। पुलिस वहीं मौजूद थी और जो पीडित व्‍यक्ति है उसी को गिरफ्तार करेके, उस पे चार केस झूठे ठोक देती है।

 

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने दावा किया है कि चुनाव नजदीक आते ही आप और भाजपा ने अचानक महिला मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर दिया है।

 

मोदी जी खुद को ईमानदार बताते हैं, केजरीवाल जी खुद को ईमानदार बताते हैं और ये खेल है इनका मैं ईमानदार हूं, वो चोर है और इसी खेल में वो सारा चुनाव प्रचार को खत्‍म कर देंगे। आप तो अच्‍छी तरह से जानते हैं कि दोनों का काम वही है कि देश का ध्‍यान ये इधरउधर भटकाएं, ताकि असली समस्‍याओं की बात न की जाए।

 

******

दिल्‍ली के मुख्‍य निर्वाचन कार्यालय ने कहा है‍ कि नई दिल्‍ली विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकत्ताओं को परेशान करने और दबाव डालने के अधिकतर मामलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत का कोई पता नहीं चल सका है। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर दबाव डालने और उन्‍हें परेशान करने की शिकायत के जवाब में मुख्‍य निर्वाचन कार्यालय ने कहा है कि जब कभी किसी भी राजनीतिक दल द्वारा इस प्रकार के आरोपों की लिखित शिकायत भेजी जाती है तो उनके बारे में निर्वाचन आयोग के नियमानुसार जांच-पडताल की जाती है।

******


खबरें महाकुंभ से
:-

उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंध बढा दिये हैं। कल बसंत पंचमी के अवसर पर तीसरे अमृत स्‍नान के मद्देनजर सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किये गये हैं। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍य नाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरक्षा प्रबंध में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अर्द्धसैनिक बल सहित पचास हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गये हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सुरक्षा बंदोबस्‍त को चुस्‍त-दुरूस्‍त रखने के लिए महाकुंभ क्षेत्र को वीआईपी वर्जित क्षेत्र बनाया गया है।

 

महाकुम्भ मेला क्षेत्र में, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए, राज्य सरकार ने नए सिरे से कार्य योजना लागू की है। भीड़ वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर, अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के आने और जाने के लिये अलग अलग मार्ग निर्धारित किये गये हैं ताकि वे आसानी से पवित्र स्नान कर सकें। वहीं मेला क्षेत्र में, सभी प्रवेश मार्गों पर सिविल पुलिस के साथ, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये, प्रत्येक मार्ग पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा लोगों की भारी सख्या को कंट्रोल करने के लिए, शहर में 88 होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए सभी रास्तों और घाटों पर साइनेज लगवाए गये हैं। हेलिकॉप्टर, ड्रोन, और सीसीटीवी के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

 

कल साधू-संतों के अखाडे की पारंपरिक शोभा यात्रा श्रद्धालुओं के लिए मुख्‍य आकर्षक का केंद्र होगी। 13 जनवरी को शुरू हुआ महाकुंभ 26 फरवरी को महाशिव रात्रि तक जारी रहेगा। अबतक लगभग 35 करोड श्रद्धालु संगम में स्‍नान कर चुके हैं।

******

महाकुंभ से जुड़ी एक याचिका पर कल सर्वोच्‍च न्‍यायालय में सुनवाई होगी। इसमें महाकुंभ में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश और नियम लागू करने की मांग की गई है। महाकुंभ में पिछले सप्‍ताह बुधवार को हुई भगदड़ में 30 लोग मारे गए थे और 60 घायल हो गए थे। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ इस जनहित याचिका की सुनवाई करेगी। याचिका में भगदड़ की घटनाओं को रोकने और संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत समानता और जीवन के मौलिक अधिकारों के संरक्षण की मांग की गई है।

******

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत और इंडोनेशिया के संबंध केवल भू-राजनीतिक ही नहीं हैं बल्कि हजारों वर्ष पुराने हैं। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में श्री सनातन धर्म आलयम के महाकुंभाविशेगम को ऑन लाइन संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश संस्कृति सभ्यता और आध्यातमिक रूप से जुडे हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कोई भी भारतीय इंडोनेशिया के प्रम्बानन जैसे मंदिरों में जाता है तो उन्हें काशी और केदारनाथ की याद आती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ओडिशा में बाली जात्रा महोत्सव प्राचीन समुद्री यात्राओं को लेकर मनाया जाता है।

 

हमारे ओडिसा राज्‍य में आज भी बाली जात्रा को सेलिब्रेट किया जाता है। ये उत्‍सव उन प्राचीन समुद्री यात्राओं से जुडा है, जो कभी भारतइंडोनेशिया को व्‍यापारिक और सांस्‍कृतिक रूप से जोडती थी।

******

वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन ने भारत के महत्‍वकांक्षी डीप ओशन मिशन के लिए छह सौ करोड रुपये का प्रावधान किया है। इस आबंटन से समुद्रयान मिशन के अंतर्गत समुद्र में खोजबीन के लिए वैज्ञानिकों को विशेषरूप से तैयार पनडुब्‍बी में भेजने के कार्यक्रम में तेजी आयेगी।

 

यह मिशन समुद्र की गहराई से संबंधित मानचित्र और संबंधित प्रौद्योगिकी को विकसित करेगा। इससे समुद्र में छह हजार मीटर तक की गहराई को नापने के लिए पनडुब्‍बी में वैज्ञानिक भेजे जाएंगे। राष्‍ट्रीय सागरीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान चेन्‍नई ने इस पनडुब्‍बी को तैयार किया है। पहले इसे इस वर्ष 500 मीटर गहराई तक भेजा जायेगा और वैज्ञानिक समुद्र में खोजबीन करेंगे। बाद में अगले वर्ष इस पनडुब्‍बी को 6000 मीटर की गहराई तक भेजने का प्रयास किया जायेगा। वित्‍त मंत्री ने पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय की पहल मिशन मौसम के लिये एक हजार तीन सौ 29 करोड रुपये का प्रावधान किया है। इसे मौसम का सटीक अनुमान व्‍यक्‍त करने में मदद मिलेगी। समाचार कक्ष से नेहा गोस्‍वामी।

 

******

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड – सीबीडीटी के अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने कहा कि बजट में 12 लाख रुपये प्रति वर्ष तक की आय पर कर न लगाने की घोषणा और कर स्लैब में बदलाव से 90 प्रतिशत से अधिक व्यक्तिगत करदाताओं को नई कर व्यवस्था अपनाना चाहिए। संसद में कल बजट प्रस्तुत होने के बाद आज साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि सरकार कर व्यवस्था में किसी प्रकार की दखलंदाजी नहीं चाहती है।

******

कांगो में भारतीय दूतावास ने बुकावु में रहने वाले भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्‍थानों पर जाने की सलाह दी है। उन्‍होंने कहा कि सुरक्षित स्‍थानो तक पहुंचने के लिए हवाईअड्डे, सीमाएँ और वाणिज्यिक मार्ग अब भी खुले हुए हैं। भारतीय दूतावास पूर्वी कांगो में सुरक्षा स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है। दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सभी आवश्यक पहचान और यात्रा दस्तावेज हमेशा अपने साथ रखें। दवाइयाँ, कपड़े, यात्रा दस्तावेज, भोजन और पानी जैसी आवश्यक वस्तुओं को भी साथ रखने की सलाह दी गई है।

******

संस्कृति मंत्रालय ने आकाशवाणी के सहयोग से आज नई दिल्ली के आकाशवाणी भवन में विशेष शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम हर कंठ में भारत  का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम 16 फरवरी तक प्रतिदिन सवेरे साढ़े नौ से दस बजे तक आकाशवाणी के 21 केंद्रों से सीधा प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्कृति मंत्रालय के सचिव अरुणीश चावला और प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने किया।      आकाशवाणी से विशेष बातचीत में संस्कृति मंत्रालय के सचिव अरुणीश चावला ने कहा कि हर कंठ में भारत युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगा।

 

 

इसके तहत जो हमारे यंगर कलाकार हैं जिन्‍हें पुरस्‍कृत किया गया है, उन्‍हें मौका दिया जाएगा कि हर क्षेत्र में अपनीअपनी कलाओं के अनुसार और अपने दक्षता और अपने एरिया के अनुसार जो है वो प्रफोर्मेंस दे सकें। कंठ में भारत के माध्‍यम से देशभर में हमारी जितनी क्‍लासिकल, फोक और उस तरह की जो हमारी परफॉर्मिंग आर्ट्स हैं और जो हमारा म्‍युजिक है, उन सभी म्‍युजिक को प्रसारित किया जाएगा।

 

 

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि यह पहल लगभग 600 से अधिक कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी । आकाशवाणी की महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्कृति मंत्रालय का एक अनूठा प्रयास है।

******

भारत ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीत लिया है। क्वालालाम्पुर में आज फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। भारतीय टीम ने 83 रन का लक्ष्‍य 12वें ओवर में ही हासिल कर लिया।

******

उत्‍तराखंड में राष्‍ट्रीय खेलों में निशानेबाजी में मध्‍य प्रदेश की अशी चौकसे ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में नया राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्‍वर्ण पदक हासिल किया। तैराकी में कर्नाटक के श्रीहरि नटराज ने पुरूषों के 100 मीटर बैक स्‍ट्रोक में और दिल्‍ली की भव्‍या सचदेवा ने महिलाओं की 1500 मीटर फ्री स्‍टाइल में स्‍वर्ण पदक जीता है।

******

मुंबई में भारत ने इंग्‍लैंड को पांचवें और अन्तिम टी-20 क्रिकेट मैच में 248 रन का लक्ष्‍य दिया है। अभिषेक वर्मा ने टी-ट्वेंटी में दूसरा सबसे तेज शतक लगाते हुए 135 रन बनाए।

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का कल आखिरी दिन, राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के अंतिम प्रयास में जुटे, बुधवार को मतदान होगा।

     

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने कल बसंत पंचमी पर तीसरे अमृत स्नान को देखते हुए प्रयागराज महाकुंभ में सुरक्षा व्यवस्था बढाई।

     

  • सरकार ने गहरे समुद्र में खोज और प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए समुद्रयान मिशन को बजट में 600 करोड़ रुपये आवंटित किए।

     

  • कांगो में भारतीय दूतावास ने अपने सभी नागरिकों को बाकूवा में एम23 विद्रोहियों के आने की खबरों के बीच सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी।

     

  • भारत ने कुआलालंपुर में दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब जीता।

     

  • आशी चौकसे ने देहरादून में राष्ट्रीय खेलों में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।

***********