Download
Mobile App

android apple
signal

January 31, 2025 10:14 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • आर्थिक सर्वेक्षण में चालू वित्‍त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद में छह प्रतिशत वृद्धि का अनुमान। अर्थव्‍यवस्‍था के बुनियादी तत्‍व मजबूत।
  • मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा- भविष्‍य का क्षेत्र कृषि है।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया – भविष्य की पीढ़ियां 2047 तक विकसित, मजबूत और समृद्ध भारत की साक्षी बनेंगी।
  • वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन कल केन्‍द्रीय बजट पेश करेंगी।
  • दिसंबर 2024 में वार्षिक आधार पर बुनियादी उद्योगों के उत्‍पादन में 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज।
  • अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में, भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
  • पुणे में भारत ने पुणे में पांच मैचों की टी ट्वेंटी श्रृंखला के चौथे मैच में इंग्लैंड को 182 रनों का लक्ष्य दिया।

 

*****

 

वित्त वर्ष-2025 में भारत के वास्तविक सकल घरेलू उत्‍पाद में छह दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है और वित्त वर्ष 2026 में यह वृद्धि छह दशमलव तीन से छह दशमलव आठ प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। आज संसद के दोनों सदनों में वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण में यह अनुमान लगाया गया। आर्थिक सर्वेक्षण में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि घरेलू अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत बनी हुई है, जिसमें संतुलित राजकोषीय समेकन और स्थिर निजी खपत है। इसमें उल्लेख किया गया है कि देश ने कृषि और सेवा क्षेत्र द्वारा समर्थित स्थिर आर्थिक विकास प्रदर्शित किया है। सब्जियों की कीमतों में मौसमी कमी और खरीफ की फसल की आवक के साथ वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में खाद्य मुद्रास्फीति में नरमी आने की संभावना है। रोजगार के बारे में, सर्वेक्षण में कहा गया है कि 2023-24 की वार्षिक आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए बेरोजगारी दर 2017-18 में छह प्रतिशत से लगातार घटकर 2023-24 में तीन दशमलव दो प्रतिशत हो गई है।

 

*****

 

मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने आज संसद में पेश आर्थिक सर्वेक्षण पर संवाददाताओं से कहा है कि भविष्य का क्षेत्र कृषि है और सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि में कृषि क्षेत्र के योगदान को शून्‍य दशमलव सात-पांच प्रतिशत से बढ़ाकर एक प्रतिशत करने की पर्याप्त गुंजाइश है।

 

श्री नागेश्वरन ने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई के अन्‍तर्गत क्षेत्र में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डों, ट्रेनों और बंदरगाहों सहित अवसंरचना क्षेत्र में भारत ने कम समय में अच्‍छा प्रदर्शन किया है।

 

मुख्‍य आर्थिक सलाहकार ने कहा कि दूरसंचार और बिजली क्षेत्र की क्षमता में भी विस्तार हुआ है। श्री नागेश्वरन ने कहा कि बाजार ताकतें शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ा सकती हैं, जबकि सिंचाई और लैंड पूलिंग का विस्तार करके कृषि क्षेत्र में एक प्रतिशत की वृद्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को भी ऊर्जा परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने 2047 तक विकसित अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल करने के लिए सामाजिक रूप से जिम्मेदार निजी क्षेत्र की आवश्यकता पर बल दिया।

 

*****

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि विश्‍वभर में अस्थिरता के बीच भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक स्थिरता के एक स्‍तंभ के रूप में दुनिया के सामने उदाहरण पेश कर रहा है। राष्‍ट्रपति ने यह बात आज संसद भवन में लोकसभा और राज्‍यसभा की संयुक्‍त बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि वर्ष 2047 तक देश की भावी पीढियां, निश्चित रूप से एक विकसित, सुदृढ, सक्षम और समृद्ध भारत बनकर उभरेंगी।  

 

विकसित भारत के विजन में जनभागीदारी का सामूहिक समर्थन देश की आर्थिक उन्‍नति का रोड मैप है। डिजिटल क्रन्ति के रूप में टेक्‍नोलोजी की ताकत है और आधुनिक इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर आधार भी है।

 

*****

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कल आम बजट पेश करेंगी।

 

इससे पहले वित्त मंत्री ने आज नई दिल्ली स्थित अपने कार्यालय में बजट बनाने की प्रक्रिया में शामिल सचिवों और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की। इस बैठक में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे।

 

पंजाब के लोग औद्योगिक बुनियादी ढांचे, कर छूट, नियोक्ताओं के लिए सामाजिक सुरक्षा और मध्यम वर्ग को राहत की उम्मीद कर रहे हैं। तरनतारन के रोहित शर्मा राज्य के विकास के लिए औद्योगिक पैकेज की उम्मीद कर रहे हैं।

 

लुधियाना में फेडरेशन ऑफ पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष बदीश जिंदल नियोक्ताओं के लिए सामाजिक सुरक्षा और कर स्लैब में अधिक छूट की उम्मीद कर रहे हैं, विशेषकर उन लोगों के लिए जो कमाने वाले एकमात्र व्यक्ति होने के बावजूद अपने बड़े परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं।

 

*****

 

देश के प्रमुख बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में दिसंबर 2024 में वार्षिक आधार पर चार प्रतिशत की वृद्धि हुई। कोयला, बिजली, इस्पात, सीमेंट, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक और कच्चे तेल के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी अनंतिम आंकड़ों के अनुसार, कोयला उत्पादन में पांच दशमलव तीन प्रतिशत, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में दो दशमलव आठ प्रतिशत, उर्वरक में एक दशमलव सात प्रतिशत, इस्पात में पांच दशमलव एक प्रतिशत, सीमेंट में चार प्रतिशत, बिजली में पांच दशमलव एक प्रतिशत और कच्चे तेल में शून्‍य दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई।

 

*****

 

विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि भारत-अमरीका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीघ्र अमरीका जाएंगे। आज नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यात्रा की तारीखों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।

 

मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर एक सवाल के जवाब में प्रवक्ता ने कहा कि अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने 21 जनवरी को आरोपी की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया।

 

*****

 

दिल्‍ली विधानसभा के प्रचार जोरों पर है। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली के तेजी से विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली के द्वारका में एक जनसभा में कहा कि दिल्ली के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं, जो गरीबों के लिए घर बनाने, दिल्ली को आधुनिक बनाने और हर घर नल से जल पहुंचाने जैसी आकांक्षाओं को पूरा कर सके। श्री मोदी ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो दिल्ली सिर्फ राजधानियों के लिए ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों के लिए भी एक मॉडल बनेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा की पहली बैठक में मौजूदा सरकार के भ्रष्‍टाचार के बारे में सीएजी की रिपोर्ट पेश की जाएगी।

 

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में 18 सदस्यों के एक परिवार ने राष्ट्रीय राजधानी में आप सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर प्रति माह 50 हजार रुपये की बचत की।

 

इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली के नांगलोई जाट में रोड शो किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज मादीपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया।

 

*****

 

अब खबरें महाकुंभ से –

 

प्रयागराज के महाकुंभ की घटना के कारणों की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग ने आज संगम घाट का दौरा कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की। बुधवार को महाकुंभ के संगम क्षेत्र में हुए इस हादसे में 30 लोगों की जान चली गई थी और 60 लोग घायल हो गए थे। हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्‍तर प्रदेश सरकार ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए न्‍यायकि आयोग का गठन किया है।

 

तीन सदस्य आयोग का नेतृत्व कर रहे हैं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश हर्ष कुमार ने आज संगम नोज का दौरा किया जहां बुधवार को घटना हुई थी। इस दौरान प्रयागराज के डीआईजी वैभव कृष्ण उन्हें घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम महाकुंभ की व्यवस्था और प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के साथ भी आयोग ने बैठक की। आयोग एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट राज्‍य सरकार को सौंपेगा। साथ ही भविष्‍य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अपनी सिफारिश भी देगा। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

 

*****

 

पंजाब के फिरोजपुर में आज सुबह सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए हैं। पांच लोगों की मृत्‍यु घटनास्‍थल पर ही हो गई, जबकि सात व्‍यक्तियों ने बाद में दम तोड़ दिया। घायलों को फिरोजपुर और फरीदकोट के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

 

*****

 

भारत अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में पहुंच गया है। क्‍वालालंपुर में दूसरे सेमीफाइनल में वर्तमान चैंपियन भारत ने इंग्‍लैंड को 9 विकेट से हराया। फाइनल में रविवार को भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा।

 

*****

 

पुणे में चौथे टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में भारत ने इंग्‍लैंड को 182 रन का लक्ष्‍य दिया है। शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने 53-53 रन की पारी खेली। इंग्‍लैंड ने ताजा समाचार मिलने तक पहले ओवर में बिना कोई विकेट खोए 4 रन बना लिए हैं। आज इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

 

*****

 

उत्‍तराखंड में राष्‍ट्रीय खेलों में भारोत्‍तोलन में मणिपुर की एस. बिन्दिया रानी देवी ने 55 किलो में नए राष्‍ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्‍वर्ण पदक जीता। निशानेबाजी में युवा पार्थ माने ने 10 मीटर एयर राइफल में स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया। पदक तालिका में मणिपुर पहले, सर्विसेस स्‍पोर्ट्स कन्‍ट्रोल बोर्ड दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्‍थान पर है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • आर्थिक सर्वेक्षण में चालू वित्‍त वर्ष के लिए सकल घरेलू उत्‍पाद में छह प्रतिशत वृद्धि का अनुमान। अर्थव्‍यवस्‍था के बुनियादी तत्‍व मजबूत।
  • मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन ने कहा – भविष्‍य का क्षेत्र कृषि है।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया – भविष्य की पीढ़ियां 2047 तक विकसित, मजबूत और समृद्ध भारत की साक्षी बनेंगी।
  • वित्‍त मंत्री निर्मला सीतारामन कल केन्‍द्रीय बजट पेश करेंगी।
  • दिसंबर 2024 में वार्षिक आधार पर बुनियादी उद्योगों के उत्‍पादन में 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज।
  • अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व कप में, भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
  • भारत ने पुणे में पांच मैचों की टी ट्वेंटी श्रृंखला के चौथे मैच में इंग्लैंड को 182 रन का लक्ष्य दिया।

*****