मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। संगम घाट पर 30 लोगों की मृत्यु, 60 घायल। उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए।
- मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर सात करोड से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।
- सरकार ने 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी। गन्ना फीडस्टॉक से प्राप्त इथेनॉल के खरीद मूल्य को भी दी स्वीकृति।
- 76वां गणतंत्र दिवस समारोह आज नई दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ सम्पन्न हुआ।
- नीदरलैंड्स में-विज्कआन में ज़ी शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी. गुकेश नौवें दौर तक शीर्ष पर, 10वां दौर जारी।
*****
प्रयागराज में महाकुंभ के संगम घाट पर आज तडके हुई दुखद घटना में 30 लोगों की मृत्यु हो गई और 60 अन्य घायल हो गए। संवाददाता सम्मेलन में कुंभ मेला क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि यह घटना रात 1 से 2 बजे के बीच हुई जब अखाड़ा-मार्ग पर भारी भीड़ जमा होने से बैरिकेड्स टूट गए। उन्होंने बताया कि घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत बचाव अभियान चलाया, एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रातः 1:00 बजे से 2:00 के मध्य मेले क्षेत्र में अखाड़ा मार्ग पर भारी भीड़ का दबाव बना और इस भीड़ के दबाव के कारण दूसरी ओर के बैरिकेट्स टूट गए और भीड़ के लोग बैरिकेट्स बांधकर दूसरी तरफ ब्रह्म मुहूर्त के स्नान का इंतजार कर रहे हैं श्रद्धालुओं को कुचलना शुरू कर दिया। यद्यपि प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य करते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया और एंबुलेंस के माध्यम से लगभग 90 घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में संगम घाट पर हुई घटना पर शोक व्यक्त किया है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि प्रयागराज के महाकुंभ की घटना बेहद दुखद है। एक सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति ने जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस हादसे में जिन श्रदालुओं ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
मैं महाकुंभ में जो दुखद हादसा हुआ है। उस हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं यूपी सरकार के साथ निरंतर संपर्क में हूं। मौनी अमावस्या की वजह से करोड़ों श्रद्धालु आज वहां पहुंचे हुए हैं। कुछ समय के लिए स्नान की प्रक्रिया में रुकावटें आई थी लेकिन अब कई घंटों से सुचारू रूप से यात्री स्नान कर रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि महाकुंभ में हुए इस दुखद हादसे पर उन्हें गहरा दुख है।
*****
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के महाकुंभ में संगम घाट पर हुई दुखद घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग पूरे मामले की जांच करेगा और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
रूटीन और मेला स्पेशल को मिलाकर के लगभग 300 से अधिक ट्रेंस रेलवे के द्वारा अभी तक चलाई जा चुकी है उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने भी अपने 8000 से अधिक बसें श्रद्धालु जनों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगाया हुआ है दिन भर समूथली बहुत ही सुगमता के साथ पूरा स्नान इसके बाद हुआ है जिसमें वह शंकराचार्य, आचार्य महामंडलेश्वर, वरिष्ठ सतंजन और सभी अखाड़ों ने इसमें पूरा सहयोग भी किया। सरकार ने भी तय किया है कि हम इसकी एक ज्यूडिशल इंक्वारी भी करेंगे।
*****
हमारे संवाददाता ने बताया है कि मौनी अमावस्या के अवसर पर इस समय भी त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालु पवित्र स्नान कर रहे हैं।
मौनी अमावस्या पर अभी तक 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ही संगम में आस्था के डुबकी लगाई है लाखों श्रद्धालु अभी संगम में पवित्र स्नान करने के लिए आ रहे हैं विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजन महाकुंभ मेले की शुरुआत 13 जनवरी को हुई थी और अब तक 26 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं इससे पहले मकर संक्रांति पर हुए पहले अमृत स्नान के दौरान साढे तीन करोड लोगों ने स्नान किया था संगम घाट पर आज हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद मेले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है मेला क्षेत्र में रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात किया गया है इसके अलावा सुरक्षा बल सीसीटीवी और द्रोण के माध्यम से पूरे मेले में कड़ी निगरानी रख रहे हैं दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।
*****
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि स्नान करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन की ओर आ रहे हैं।
धीरे–धीरे लोगों का जनसमूह है वह रेलवे की ओर बढ़ रहा है तो लगभग हम लोग 80 प्लस स्पेशल ट्रेनों का संचालन 12:00 बजे तक कर चुके हैं जिसके माध्यम से हम लोगों ने भारी संख्या में लोगों को प्रयागराज क्षेत्र से उनके गंतव्य की ओर भेजा है। रेल प्रशासन आज 190 की तकरीबन स्पेशल ट्रेन चलाने की हमारी योजना है और हम लोग लगातार इस दिशा में कार्य कर रहे हैं कि लोगों को अधिक से अधिक संख्या में सुविधा के साथ ट्रेन उपलब्ध करा सके।
*****
सरकार ने 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दे दी है। हरित प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहन देने के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों की एक लचीली मूल्य श्रृंखला बनाने का निर्णय लिया गया है। आज नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अर्थव्यवस्था-विकास के लिए महत्वपूर्ण खनिजों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण खनिज प्रौद्योगिकियां ऊर्जा परिवर्तन, कृषि, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार, परिवहन, एयरोस्पेस, परमाणु और अन्य क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
सबके अनुभवों को लेने के बाद में यह मिशन आज डिक्लेयर हुआ है और अपलोड हुआ है और यह इम्मीडिएटली काम में लग जाएगा इसका इंप्लीमेंटेशन मेकैनिज्म भी पूरा क्लियर हो गया है। कैबिनेट सेक्रेटरी चेयरमैनशिप में एक मिशन की स्टीयरिंग कमेटी बनेगी। वह स्टीयरिंग कमेटी में सारे टेक होल्डर को शामिल किया गया है और जो मेजर पीएसयू है उनको भी इसमें शामिल किया गया है और यह 16300 करोड़ रूपीस का जो बजेट्री एलोकेशन है। इसके अलावा 18000 करोड़ रूपीस का पीएसयू के माध्यम से फंड रेज किया जाएगा 18000 करोड़।
मंत्रिमंडल ने गन्ना फीडस्टॉक से प्राप्त इथेनॉल के खरीद मूल्य को भी मंजूरी दी है। गन्ना फीडस्टॉक में सी-हैवी शीरा, बी-हैवी शीरा और गन्ने का रस, चीनी और चीनी सिरप शामिल हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि इथेनॉल मिश्रण से देश की अर्थव्यवस्था में भी मदद मिली है।
इथेनॉल बेलेनडिंग का जोकि सी हैवी मोलासेस सीएफ यानी सुगरकेन की जो डिफरेंट प्रक्रिया के लेवल से है उन सब में कम का उपयोग हो उसके हिसाब से एक बड़ा पर्सनल लिया गया है हम सब जानते हैं कि एथेनॉल के उपयोग से देश में इकोनॉमी में बहुत बड़ा एक बेनिफिट हुआ है। किसानों के लिए भी फायदे में है। फॉरेन एक्सचेंज भी बचता है और एनवायरमेंट को भी लाभ होता है।
*****
वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संसद की संयुक्त समिति ने आज मसौदा रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है। नई दिल्ली में 31 सदस्यीय पैनल के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि समिति ने विधेयक से संबंधित 14 खंडों पर संशोधन को स्वीकार किया है। वक्फ संशोधन विधेयक, 2024 का उद्देश्य देश भर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और विनियमन में सुधार करना है।
*****
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आज आम आदमी पार्टी पर झूठ फैलाने और दिल्ली के निवासियों से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। आज उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना खादर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों को ऐसी सरकार चाहिए, जो गरीबों के लिए घर बनाने, दिल्ली को आधुनिक बनाने और हर घर में नल से पानी पहुंचाने जैसी उनकी आकांक्षाओं को पूरा करे।
दिल्ली में बनने वाली भाजपा सरकार अपने वायदे पूरे करेगी। मैं फिर दोहराता हूं 8 तारीख के बाद जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। जो भी वादे आपको किए गए हैं वो सारे के सारे समयसीमा में पूरे किए जाएंगे यह मोदी की गारंटी है।
दिल्ली के बवाना इलाके में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आप और भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया।
भाई और बहनों विचारधारा की लड़ाई है एक तरफ कांग्रेस पार्टी और संविधान हमारा कहना है कि हिंदुस्तान में सब लोग एक समान है हर धर्म की, हर जात की, हर भाषा की रिस्पेक्ट होनी चाहिए।
दिल्ली की बादली विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी।
पूरे देश में सबसे सस्ती बिजली दिल्ली में है 24 घंटे बिजली फ्री बिजली बीजेपी की 20 राज्यों में सरकार है कम से कम ₹5000 का बिल आता है हरेक का आप यहां पर इतने सारे लोग आज मेरे भाई–बहन आ चुके हैं आप में से कई लोग उत्तर प्रदेश के होंगे कई लोग हरियाणा के होंगे कई लोग राजस्थान के होंगे बिहार के होंगे अपने घर में फोन करके पूछ लेना कितने का बिजली का बिल आता है 3000 , 4000, 5000 दिल्ली में फ्री बिजली है।
*****
दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक हलचल बढ़ती जा रही है। हमारे संवादादाता ने बताया है कि राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो रहा है।
दिल्ली में अगले महीने की 5 तारीख को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक दल जी–जान से जुटे हुए हैं। मतदाताओं को लुभाने और अपने उम्मीदवारों की जीत प्रशस्त करने के लिए राजनीतिक दलों ने अपने अभियान तेज कर दिए हैं। भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख नेता ताबड़ तोड़ रैलियां, और रोड शो कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी ने आज घोंडा विधानसभा क्षेत्र के करतार नगर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान, श्री मोदी ने आम आदमी पार्टी पर यमुना नदी के बारे में झूठ फैलाने और दिल्लीवासियों से झूठे वादे करने का आरोप लगाया। वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरपुर इलाके में चुनाव प्रचार किया। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का वादा करते हुए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बवाना इलाके में एक रैली को संबोधित किया और श्री केजरीवाल पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बादली और तिमारपुर इलाके में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया, जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राजौरी गार्डन, तिलक नगर और विकासपुरी इलाके में एक मेगा रोड शो किया। अब जब मतदान में कुछ ही दिन बाकी हैं, ऐसे में दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार बढ़ रही हैं। सभी पार्टियां निर्णायक जनादेश हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। भूपेन्द्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली
*****
76वां गणतंत्र दिवस समारोह आज शाम नई दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि समारोह में सेना, नौसेना, वायु सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड ने कुल 30 प्रस्तुतियां दीं।
*****
नीदरलैंड्स में टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट में दसवें दौर में इस समय विश्व चैम्पियन डी० गुकेश का सामना आज जी.एम. मैक्स वारमेरडम से और प्रज्ञानानन्द का सामना रूस के ब्लादिमीर फेदोसीव से हो रहा है। अंक तालिका में गुकेश नौवीं बाजी के बाद साढे छह अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं।
*****
=उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों में कर्नाटक ने तैराकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किये और दो नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए।
*****
=दक्षिण सूडान के यूनिटी स्टेट में तेल कर्मियों को ले जा रहा एक विमान आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 20 लोगों की मृत्यु हो गई है। सूत्रों के अनुसार यह विमान राजधानी जुबा की ओर जा रहा था, तभी यूनिटी ऑयलफील्ड हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
*****
=केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन एक फरवरी को केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी। आम जनता को उम्मीद है कि इस बजट में अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और जनता को राहत देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सुधार और प्रोत्साहन देखने को मिलेंगे।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया। संगम घाट पर 30 लोगों की मृत्यु, 60 घायल। उत्तर प्रदेश सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए।
- मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर सात करोड से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई।
- सरकार ने 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन को मंजूरी दी। गन्ना फीडस्टॉक से प्राप्त इथेनॉल के खरीद मूल्य को भी दी स्वीकृति।
- 76वां गणतंत्र दिवस समारोह आज नई दिल्ली के विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ सम्पन्न हुआ।
- नीदरलैंड्स में-विज्कआन में ज़ी शतरंज टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी. गुकेश नौवें दौर तक शीर्ष पर, 10वां दौर जारी।
*****