मुख्य समाचार :-
- भारत और चीन ने कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू करने का फैसला किया। दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं की बहाली पर भी सहमति।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। श्री ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद श्री मोदी की उनसे पहली बातचीत।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का युवाओं से, एक राष्ट्र एक चुनाव चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान।
- हिमाचल प्रदेश के कोटखाई में हिरासत में मृत्यु के मामले में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक जहूर हैदर जैदी और सात अन्य पुलिसकर्मियों को अजीवन कैद की सजा।
- सरकार ने मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए ई-मार्किट प्लेस वेव्स बाजार का शुभारंभ किया।
- भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी पुरुष टेस्ट क्रिकेटर और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को महिला एकदिवसीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर खिताब के लिए चुना गया।
———-
भारत और चीन ने आज द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की व्यापक समीक्षा की और दोनों देशों के बीच विदेश सचिव–उपमंत्री प्रणाली की बैठक के दौरान संबंधों को स्थिर और फिर से सक्रिय करने के बारे में जन-केंद्रित कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री बैठक के लिए चीन की दो दिन की यात्रा पर हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने 2025 की गर्मियों में कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू करने का फैसला किया है। विदेश सचिव-उपमंत्री प्रणाली, मौजूदा समझौतों के अनुसार ऐसा करने के तौर-तरीकों पर चर्चा करेगी। दोनों पक्ष, जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों के प्रावधान और सीमापार नदियों से संबंधित सहयोग के अन्य क्षेत्रों को फिर से शुरू करने पर चर्चा के लिए भारत-चीन विशेषज्ञ स्तर के तंत्र की जल्द ही बैठक आयोजित करने पर भी सहमत हुए। दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाएं फिर से शुरू करने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति बनी है। दोनों पक्षों के संबंधित तकनीकी अधिकारी जल्द ही इस उद्देश्य के लिए नवीन रूपरेखा पर बातचीत करेंगे।
——–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से बात की और उन्हें उनके ऐतिहासिक दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और अमरीका परस्पर लाभकारी और भरोसेमंद साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश लोगों के कल्याण और वैश्विक शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक राष्ट्र एक चुनाव के अंतर्गत एक साथ चुनाव कराने पर जोर दिया है और युवाओं का आग्रह किया है कि वे इस पर विस्तृत चर्चा करें। प्रधानमंत्री मोदी ने आज नई दिल्ली के करिअप्पा परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय कैडेट कोर-एन.सी.सी. की रैली में कहा कि बार-बार चुनाव कराने से देश के लिए किए कार्यों की गति में बाधा आती है।
देश में एक बहुत ही महत्वपूर्ण डिबेट चल रही है और लोकतंत्र में ये मंथन बहुत आवश्यक है वन नेशन वन इलेक्शन लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हो और हर 5 साल का समय जब निर्धारित हो तब हो। मैं आज विशेष रूप से आग्रह करता हूं। हम बहुत बड़ी मात्रा में इस डिबेट के अंदर हिस्सा लें।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के विकास में युवाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश का युवा वैश्विक भलाई के लिए शक्ति हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्ष में युवाओं ने एक लाख 50 हजार से अधिक स्टार्ट अप शुरू किये हैं और युवा आज देश की शीर्ष कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं।
भारत के युवा सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि फोर्स फॉर ग्लोबल गुड है। आज दुनिया की 200 से ज्यादा बड़ी कंपनियों को भारतीय मूल के लोग लीड कर रहे हैं। भारत की युवा शक्ति भारत के टैलेंट के बिना दुनिया के भविष्य की कल्पना भी मुश्किल है।
श्री मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और छात्रवृत्ति मिलने को सुगम बनाने से युवाओं को नई ऊंचाइयां हासिल करने में मदद मिली है।
एनसीसी कैडेटों के योगदान की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी ने निरन्तर युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में कैडेटों की संख्या बढ गई है।
2014 में एनसीसी कैडेट की संख्या करीब 14 लाख थी आज ये संख्या 20 लाख तक पहुंच गई है, इसमें 8 लाख से ज्यादा गर्ल क्रेडिट है। एनसीसी क्रेडिट डिजास्टर मैनेजमेंट में अहम भूमिका निभा रहे हैं। फौज की दुनिया में भी एनसीसी कैडेट अपना परचम लहरा रहे हैं।
इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष अनिल चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई, जिसमें आठ सौ से अधिक कैडेटों ने भाग लिया। इस वर्ष की रैली का विषय था-‘युवा शक्ति, विकसित भारत‘।
———
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में वेव्स बाज़ार, वाह उस्ताद चैलेंज और वेव्स अवार्ड्स का शुभारंभ किया। उन्होंने वेव्स 2025 के तहत अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी को आमंत्रित करते हुए ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज‘ सीज़न वन का भी शुभारंभ किया।
श्री वैष्णव ने कहा कि ऑरेंज इकोनॉमी के रूप में जानी जाने वाली भारतीय विरासत, कहानी कहने की परंपरा और समृद्ध संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रौद्योगिकी तथा अर्थव्यवस्था के समान महत्व प्राप्त हो रहा है।
वेव्स का उद्देश्य रहेगा हमारी इस क्रिएटिविटी को इस स्टोरी टेलिंग ट्रेडीशन को और नौजवानों की और क्रिएटर की ताकत को एक नया स्थान मिले, ग्लोबल रिकॉग्निशन मिले और भारत क्रिएटिव इकोनामी का कैपिटल बने। अब जो वेव्स जल्दी ही अनाउंस होगा, वो दुनिया का पहला कन्वर्जड ऑडियो वीडियो और एंटरटेनमेंट का दुनिया का पहला समिट होगा।
इस अवसर पर संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत को पूरी दुनिया में मान्यता दी जा रही है फिर चाहे वह योग हो या आयुर्वेद।
भारत ने आर्थिक दृष्टि से प्रगति की है, पूरा विश्व इस बात को स्वीकार करता है। भारत में सामरिक दृष्टि से प्रगति की, तकनीकी क्षेत्र में भी किस तरह से भारत ने पूरे विश्व को एक नई दिशा दिखाते हुए एक नया सम्मान अर्जित किया है। इन सबके उपर भारत की जो सांस्कृतिक शक्ति है, भारत की जो असली ताकत है, वह ताकत भारत की नई पहचान विश्व भर में गढने और भारत के लिए सम्मान अर्जित करने का साधन बने उसके लिए यह प्लेटफॉर्म जो है अत्यंत प्रासंगिक भी होगा और महत्वपूर्ण भी होगा।
सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि वेव्स बाज़ार परिवर्तनकारी पहल है जिससे मीडिया से संबंधित सामग्री के खरीददार और विक्रेता एकजुट होंगे।
———
उत्तराखंड में आज से समान नागरिक संहिता लागू हो गई है। इसका उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करते हुए व्यक्तिगत नागरिक कानूनों का मानकीकरण करना है। संहिता के अंतर्गत राज्य में अनुसूचित जनजातियों को छोडकर सभी धर्म के नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और विरासत पर एक समान नियम होंगे। विवाह और लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। राज्य मंत्रिमंडल ने हाल ही में समान नागरिक संहिता के कार्यान्वयन को मंजूरी दी थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह न केवल राज्य बल्कि देश के लिए भी ऐतिहासिक दिन है।
आज उत्तराखंड में यूसीसी लागू करके हम संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी संविधान सभा के सभी सम्मानित सदस्यों को अपनी सच्ची भावांजलि अर्पित कर रहे हैं।
———
हिमाचल प्रदेश के गुड़िया बलात्कार और हत्या मामले में आरोपी सूरज की हिरासत में हत्या के मामले में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक जहूर हैदर जैदी समेत आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। चंडीगढ़ की सीबीआई कोर्ट ने आज यह आदेश जारी किया।
——–
दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान और मतगणना के निर्देशों से जुड़ी जानकारी के लिए दिल्ली पुलिस के चुनावी सेल ने क्यूआर कोड लॉन्च किया है। यह क्यूआर कोड चुनाव प्रचार सामग्री, सेल्फी-प्वाइंट स्टैंड और मतदान केंद्रों पर प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग कर सकें। स्मार्टफोन से क्यूआर कोड स्कैन करने पर उपयोगकर्ता को एक वेबपेज पर निर्देश मिलेंगे, जिसमें चुनाव प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी होगी। यह सुविधा वर्तमान में दिल्ली पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
———-
रेलवे ने महाकुंभ, प्रयागराज में मौनी अमावस्या के अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए व्यापक उपाय किए हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि प्रयागराज रेलवे डिवीजन ने प्रयागराज जंक्शन, नैनी, छिवकी और सूबेदारगंज सहित शहर के सभी स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास के लिए एक अनूठी योजना लागू की है।
महाकुम्भ में 25 जनवरी से ही लगभग एक करोड़ श्रद्धालु प्रतिदिन आ रहे हैं और उनकी सुरक्षा और सुगम निकासी के लिए प्रयागराज रेल मंडल ने विशेष तैयारी की है। मौनी अमावस्या के दिन प्रयागराज जंक्शन पर प्रवेश केवल प्लेटफार्म नंबर 1 से होगा और निकास केवल प्लेटफार्म नंबर 6 की ओर से होगा। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि खुसरो बाग में एक लाख लोगों के ठहरने के लिए होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया है।
रिजर्व्ड क्लास के पैसेंजर को डायरेक्ट प्लेटफार्म एक्सेस नहीं देंगे बल्कि उन्हें यात्री आश्रय शेड के माध्यम से स्टेशन में प्रवेश देते हैं। यह यात्री आश्रय शेड हमारे कलर कोडेड हैं और डिफरेंट डायरेक्शन के लिए डिफरेंट कलर के यात्री आश्रय शेड बने हुए हैं। इसके अलावा हमने रिजर्व क्लास के यात्रियों के लिए एक सेपरेट गेट हमारा जो गेट नंबर 5 है वहां से एंट्री देंगे।
रेलवे ने यात्रियों की सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारी सुरक्षाकर्मी और स्वयं सेवकों को भी तैनात किया है दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज
———-
गृहमंत्री अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाई। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी महाकुंभ में स्नान किया।
———
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल ओडिसा और उत्तराखंड का दौरा करेंगे। वह भुबनेश्वर के जनता मैदान में उत्कर्ष ओडिशा–मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव 2025 का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस सम्मेलन के दौरान एक सौ से अधिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिसमें साढे तीन लाख लोगों के लिए रोजगार सृजित हो सकते हैं।
बाद में, प्रधानमंत्री 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करने के लिए उत्तराखंड के देहरादून जाएंगे। यह खेल उत्तराखंड में राज्य की स्थापना के रजत जयंती वर्ष के दौरान आयोजित किया जे रहे हैं।
———-
स्मृति मांधना को 2024 के लिए आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला एकदिवसीय क्रिकेट खिलाडी और पुरुषों में जसप्रीत बुमराह को सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेट खिलाडी चुना गया है। मांधना ने चौथी बार आईसीसी अवॉर्ड जीतकर इतिहास रचा है। बुमराह ने भी पिछले साल एकदिवसीय विश्वकप और कई महत्वपूर्ण टेस्ट श्रृंखलाओं में शानदार गेंदबाजी की थी।
———-
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत और चीन ने कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू करने का फैसला किया। दोनों देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं की बहाली पर भी सहमति।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से टेलीफोन पर बातचीत की। श्री ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद श्री मोदी की उनसे पहली बातचीत।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से, एक राष्ट्र एक चुनाव चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान।
- हिमाचल प्रदेश के कोटखाई में हिरासत में मृत्यु के मामले में पूर्व पुलिस महानिरीक्षक जहूर हैदर जैदी और सात अन्य पुलिसकर्मियों को अजीवन कैद की सजा।
- सरकार ने मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए ई-मार्किट प्लेस वेव्स बाजार का शुभारंभ किया।
- भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी पुरुष टेस्ट क्रिकेटर और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को महिला एकदिवसीय क्रिकेटर ऑफ द ईयर खिताब के लिए चुना गया।
———-