Download
Mobile App

android apple
signal

January 26, 2025 9:52 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • राष्‍ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। नई दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर सैन्‍य शक्ति और सांस्‍कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
  • विभिन्‍न देशों के नेताओं ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत रिश्‍तों की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
  • दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव का प्रचार तेज। राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियों और रोड शो में जुटे।
  • अमरीका की यूएसआईडी ने बांग्‍लादेश में सभी सहायता कार्यक्रम निलंबित किये।
  • बांग्‍लादेश को 8 विकेट से हराकर भारत आईसीसी अण्‍डर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्‍वकप के सेमीफाईनल में पहुंचा।
  • इटली के यानिक सिनर ने एलेक्‍सजेंडर ज्‍वेरेव को हराकर ऑस्‍ट्रेलियाई ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्‍स का खिताब जीता।

******

राष्ट्र ने आज 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर सैन्‍य शक्ति और सांस्‍कृतिक विरासत का भव्‍य प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ध्‍वजारोहण किया। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को पुष्‍पांजलि अर्पित की।

 

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस परेड में इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो मुख्‍य अतिथि थें।

 

परेड में भारत की सभ्‍यता, संस्‍कृति और वैज्ञानिक प्रगति को दर्शाने वाली मनमोहक झांकियां प्रस्‍तुत की गईं।

 

परेड में तीन सौ कलाकारों ने देशभर के वाद्ययंत्रों की धुन पर सारे जहां से अच्‍छा गीत का प्रदर्शन किया।

 

उत्‍तर प्रदेश की झांकी में महाकुंभ की झलक दिखाई गई।

 

समारोह के दौरान हैलिकॉप्‍टरों ने ध्‍वज की आकृति में पुष्‍पवर्षा की। झांकियों में टी-90 टैंक, नाग मिसाइल प्रणाली, ब्रह्मोस, पिनाका रॉकेट सि‍स्‍टम, अग्निबाण रॉकेट लॉन्‍चर, आकाश शस्‍त्र प्रणाली, युद्ध क्षेत्र निगरानी प्रणाली, बारामासी वाहन चेतक और हल्‍के वाहन बजरंग का प्रदर्शन किया गया। सुखोई 130 एम के आई ने त्रिशूल की आकृति बनाई।

 

परेड में 10 हजार विशिष्‍ट अतिथि आमंत्रित किये गए थे। इनमें सरपंच, हथकरघा और हस्‍तशिल्‍प कारीगर, स्‍व-सहायता समूहों के सदस्‍य, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सड़क निर्माण से जुड़े कामगार शामिल हैं।

******

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने 76वें गणतंत्र दिवस की परेड के लिए विशेष मेहमानों से आज नई दिल्‍ली के आकाशवाणी भवन में बातचीत की। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में श्री वैष्‍णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए लोगों के प्रेरक कार्यों को जन-जन तक फैलाया है।

 

मन की बात के जरिए से समाज में जो बहुत अच्‍छा काम होता है और समाज के लिए उपयोगी कार्य जो होता है उसको माननीय प्रधानमंत्री जी ने एक दुनियाभर में उस काम को पहुंचाने की बहुत बडी एक संकल्‍प लिया है, बहुत बडा एक यज्ञ कर रहे हैं।     

 

हमारे संवाददाता ने इन विशेष मेहमानों से गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के अनुभवों के बारे में बात की।

 

मेरा नाम प्रमोद कुमार है, ये मेरी वाइफ पूनम देवी हैं। हमारा नाम लिया गया था सेवन्टीनाइन एपिसोड में। केले के बेकार तनों से हम लोग फाइबर बनाते हैं। ये समस्‍या से हमारे यहां बहुत ज्‍यादा प्रोबलम उत्‍पन्‍न हो रही थी कि तने फेंके तो फेंके कहां और हमें बहुत अच्‍छा लगा कि हमें विशिष्‍ट अतिथि के रूप में माननीय मोदी जी की तरफ से निमंत्रित किया गया है।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज की गणतंत्र दिवस परेड को देश की विविधता में एकता का जीवंत प्रदर्शन बताया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शानदार परेड में सांस्कृतिक विरासत और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि जीवंत झांकी हमारे राज्यों की समृद्ध परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती है।

******

देश में आज ही के दिन वर्ष 1950 में भारतीय संविधान लागू हुआ था। यह दिन हमें संविधान में निहित मूल्‍यों का पालन करने की याद दिलाता है, ताकि सभी के लिए न्‍याय, समानता और सम्‍मान सुनिश्चित हो सके। आपातकाल के दौरान संविधान के प्रावधानों के निलंबन पर हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-

 

25 जून, 1975 को घोषित आपातकाल के दौरान नागरिकों और मीडिया के कई संवैधानिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगा दिया था। आपातकाल ने तत्कालीन सरकार को नागरिक स्वतंत्रता को निलंबित करने और प्रेस सेंसरशिप लगाने जैसी व्यापक शक्तियां हासिल करने का मौका दिया। संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों, जिसमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार भी शामिल है, पर भी अंकुश लगाया गया। प्रमुख विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और मीडिया पर भारी सेंसरशिप लगाई गई। इसके कारण दो साल से ज्‍यादा समय तक ज्‍यादातर नागरिक अधिकार निलंबित रहे। आपातकाल नागरिक स्वतंत्रता और मौलिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए निरंतर सतर्कता की जरूरत की एक कठोर याद दिलाता है। सुपर्णा सैकिया के साथ अक्षित वैद्यान आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

कई देशों के नेताओं ने 76वें गणतंत्र दिवस पर भारत को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में मालदीव के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद मुइजू ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि मालदीव आपसी विश्‍वास और सम्‍मान के साथ बने मित्रता और सहयोग के मजबूत संबंधों को बनाए रखेगा।     भूटान के प्रधानमंत्री त्‍शेरिंग तॉबगे ने कहा है कि भारत की एकता और दूरदर्शिता की भावना लगातार उल्‍लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और विश्‍व को प्रेरित करती रहेगी। नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र और राष्‍ट्रीय एकता के आदर्श दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाएंगे।

******

दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियों और रोड शो में जुटे हैं। 70 सदस्‍यों की दिल्‍ली विधानसभा के लिए  5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना होगी। 

******

आज नई दिल्‍ली में भाजपा प्रवक्‍ता सुधांशु त्रिवेदी ने संवाददाताओं को बताया कि आतिशी के परिवार ने अफजल गुरू को बचाने के लिए दया याचिका पर हस्‍ताक्षर किए थे और यही आम आदमी पार्टी का चरित्र है।

 

दिल्‍ली के इस चुनाव के दौरान ही दोनों हमारे मुख्‍य विपक्षी दल सत्‍ताधारी दल आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के तो मैंने बताया ही। आम आदमी पार्टी के साथ जुडे हुए तमाम ऐसे संगठन, तमाम ऐसे एनजीओ हैं जो आतंकवाद के आरोपियों से बचाने के रास्‍ते खोजते रहते हैं। दिल्‍ली की जनता और देश की जनता के सामने दोनों का चरित्र बिल्‍कुल साफ है।

 

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्‍द केजरीवाल ने राजधानी में मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्‍ता में आती है तो सभी कल्‍याणकारी योजनाएं रूक जाएंगी।

 

फ्री बिजली से जनता को लगभग चारपांच हजार रुपए महीने का फायदा होता है। फ्री शिक्षा से अगर आपके दो बच्‍चे पढ रहे हैं तो लगभग दस हजार रुपए महीना बच जाता है, फ्री मोहल्‍ला क्‍लीनिक से लगभग पांच हजार रुपए और फायदा होता है, महिलाओं के फ्री बस सफर से लगभग ढाई हजार रुपए का फायदा होता है, 2100-2100 रुपए देंगे, लगभग 26 हजार रुपए प्रति माह दिल्‍ली सरकार से सीधासीधा फायदा हो रहा जनता को, अगर बीजेपी की सरकार आ गए तो बीजेपी वाले कह रहे हैं ये सब बंद कर देंगे।

 

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने संवाददाता सम्‍मेलन में भारतीय जनता पार्टी पर दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में नफरत फैलाने का आरोप लगाया।

 

दिल्‍ली में चुनाव में भाजपा नफरत फैलाने पर उतारू है, भाजपा नफरत फैलाने पर उतारू, समुदायों को बांटने से वोट पाने की राजनीति की है उसने चालू।

******

उधर, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पिछले 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार बनने से कई राज्‍य ऊंचाइयों पर पहुंच गये हैं लेकिन दिल्‍ली अब भी जल भराव, गन्‍दे जल की आपूर्ति और कचरे से जूझ रही है।

 

अपनी दिल्‍ली ये दस साल के अंदर बद से बदतर हो गई। इन्‍होंने न केवल अव्‍यवस्‍थाएं की हैं हमारे पूर्वांचली जिन्‍होंने देशभर में जगहजगह जाकर देश के विकास को आगे बढाया है, उनका अपमान करने का काम ये श्रीमान केजरीवाल ने किया है।

******

खबरें महाकुंभ से

उत्‍तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के महाकुम्‍भ क्षेत्र को कल से वाहन रहित क्षेत्र घोषित किया है। यह फैसला 29 जनवरी को मौनी अमावस्‍या के अवसर पर संभावित भारी भीड़ का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिक भीड-भाड वाले क्षेत्रों में त्‍वरित कार्रवाई बल तैनात किए गए हैं।

******

अमरीका की यूनाइटेड स्‍टेटस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलेपमेंट- यूएसएड ने बांग्‍लादेश में सभी सहायता कार्यक्रम निलम्बित कर दिये हैं। यूएसएआईडी ने बांग्‍लादेश में सभी सहयोगियों को कल भेजे एक पत्र में सभी समझौतों, कार्य आदेशों, अनुदानों, सहकारी समझौतों या किसी भी तरह की सहायता को तत्‍काल रोकने के निर्देश दिए हैं।

     

******

कुआलालंपुर में आईसीसी अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी विश्‍वकप क्रिकेट में भारत ने बांग्‍लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। बांग्‍लादेश ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए भारत को 65 रन का लक्ष्‍य दिया। भारत ने आठवें ओवर में दो विकेट खोकर 66 रन बना लिये। भारत के लिए वैष्‍णवी शर्मा ने तीन विकेट लिये। भारत अब तक के अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप-ए में शीर्ष पर है।

******

इटली के यानिक सिनर ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन के पुरुष सिंगल्‍स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में उन्‍होंने एलेक्‍सजेंडर ज्‍वेरेव को 6-3, 7-6, 6-3 से हराकर लगातार दूसरी बार यह खिताब जीता। उधर, महिला डबल्‍स में शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी अमरीका की टेलर टाउनसेंड और चेक खिलाड़ी कैटरीना सिनियाकोवा की जोड़ी ने महिला डबल्‍स का फाइनल जीत लिया है। इस जोड़ी ने तीसरी वरीयता प्राप्त लातविया की जेलेना ओस्टापेंको और ताइवान की हसीह सु-वेई की जोडी को 6-2, 6-7, 6-3 से पराजित किया। 

******

हॉकी इंडिया लीग के महिला वर्ग में ओडिशा वॉरियर्स ने फाइनल जीत लिया है। ओडिशा ने जे०एस०डब्‍ल्‍यू सूरमा हॉकी कल्‍ब को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। उधर, पुरुष वर्ग में कल दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम छह बजे श्राची राढ बंगाल टाइगर्स और दिल्‍ली एसजी पाइपर्स के बीच होगा। दूसरा मैच रात सवा आठ बजे जे०एस०डब्‍ल्‍यू सूरमा हॉकी कल्‍ब और वेदांत कलिंग लांसर्स के बीच खेला जाएगा।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्‍व प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. के एम चेरियन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि डॉ. चेरियन का ह्रदय रोग के उपचार में योगदान हमेशा याद किया जायेगा। उन्होंने कहा कि श्री चेरियन ने न केवल कई लोगों की जान बचाई बल्कि भावी डॉक्टरों का मार्गदर्शन भी किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रौद्योगिकी और नवाचार में डॉक्‍टर चेरियन का योगदान हमेशा उल्लेखनीय रहेगा।

******

डॉ. के.एम. चेरियन का बेंगलुरु में निधन हो गया है। वे 82 वर्ष के थे। डॉक्‍टर चेरियन कल एक विवाह समारोह में गये थे जहां वे अचानक गिर पडे और उनका निधन हो गया।

******

मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार कल हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं, आने वाले सप्ताह में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट वर्षा और बर्फबारी भी हो सकती है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • राष्‍ट्र आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। नई दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर सैन्‍य शक्ति और सांस्‍कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
  • विभिन्‍न देशों के नेताओं ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग बढाने और रिश्‍ते मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।
  • दिल्‍ली में विधानसभा चुनाव का प्रचार तेज। राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियों और रोड शो में जुटे।
  • अमरीका की यूएसएड ने बांग्‍लादेश में सभी सहायता कार्यक्रम निलंबित किये।
  • खेलों में
  • बांग्‍लादेश को 8 विकेट से हराकर भारत आईसीसी अण्‍डर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्‍वकप के सेमीफाईनल में पहुंचा।
  • इटली के यानिक सिनर ने एलेक्‍सजेंडर ज्‍वेरेव को हराकर ऑस्‍ट्रेलियाई ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्‍स का खिताब जीता।

******