मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कहा- ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक को सुसंगत शासन और प्रभावी प्रशासन की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है; उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक विकास की गाथा प्रगति की आधारशिला है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान, अंतरिक्ष अन्वेषण और खेल में देश की प्रगति को इसके बढ़ते वैश्विक आत्मविश्वास और नवाचार के प्रतीक के रूप में रेखांकित किया; उन्होंने कहा ये भारत की सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने के महत्व को प्रदर्शित करता है।
- गणतंत्र दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बल के 93 कर्मियों में से 11 को मरणोपरांत सहित और तीन सौ पांच कर्मियों को रक्षा अलंकरण वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- भारत और इंडोनेशिया के बीच डिजिटल विकास, स्वास्थ्य सहयोग, समुद्री सुरक्षा और संरक्षा सहित पांच द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
- इस्रायल ने संघर्ष विराम समझौते के अंतर्गत हमास द्वारा रिहा किए गए चार बंधकों के बदले दो सौ फलस्तीनी बंदियों को रिहा किया।
- टेनिस में अमरीका की मेडिसन कीज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीता।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि संसद में पेश ‘एक राष्ट्र एक चुनाव‘ विधेयक में सुशासन की शर्तों को फिर से परिभाषित किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र एक चुनाव‘ योजना शासन में निरंतरता को बढ़ावा दे सकती है।
एक राष्ट्र एक चुनाव की व्यवस्था से शासन में निरंतरता को बढ़ावा मिल सकता है। नीति निर्धारण से जुडी निष्क्रियता समाप्त की जा सकती है। संसाधनों की अन्यत्र खर्च हो जाने की संभावना कम हो सकती है तथा वित्तीय बोझ को कम किया जा सकता है। इनके अलावा जन हित में अनेक अन्य लाभ भी हो सकते हैं।
श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लाने का निर्णय इन प्रयासों में सबसे उल्लेखनीय रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए अधिनियमों से दंड के स्थान पर न्याय प्रदान करने की भावना को आपराधिक न्याय प्रणाली के केन्द्र में रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नए कानूनों में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध पर काबू पाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
राष्ट्रपति ने कहा कि संविधान ने पिछले 75 वर्षों से देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है। श्रीमती मुर्मु ने संविधान आलेखन समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य प्रतिष्ठित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपति ने उन महान वीरों को याद किया जिन्होंने मातृभूमि को विदेशी शासन की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए बलिदान दिए। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि भारत इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मना रहा है। राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा हमेशा से भारत की सभ्यतागत विरासत का हिस्सा रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत की आर्थिक विकास दर में लगातार बढी है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और किसानों तथा मजदूरों की आय बढी है। उन्होंने कहा कि साहसिक और दूरदर्शी आर्थिक सुधारों के बल पर आने वाले वर्षों में प्रगति की यह रफ्तार बनी रहेगी।
हमारे मजदूर भाई बहनों ने अथक परिश्रम करके हमारा इफ्रास्ट्रक्चर और मेन्यूफेक्चरिंग सेक्टर का कायाकल्प कर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन के बल पर आज भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व के आर्थिक परिदृश्यों को प्रभावित कर रही है। आज का भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर नेतृत्व की स्थिति हासिल कर रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि अनुसूचित जनजाति समुदायों के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं।
अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों तथा अन्य पीछडे वर्गो की सहायता के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। अनुसूचित जातियों के युवाओं के लिए प्री-मेट्रीक और पोस्ट मेट्रीक छात्रवृत्तियां, राष्ट्रीय फेलोशीप विदेशी छात्रवृत्तियां, छात्रावास और कोचिंग सुविधाएं दी जा रही है। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभूदेव योजना द्वारा रोजगार और आमदनी के अवसर उत्पन्न करके गरीबी को तेजी से कम किया जा रहा है। अनुसूचित जनजाति समुदाए के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं। जिनमें धरती आबा जनजातियों, ग्राम उत्कृष्ट अभियान और प्रधानमंत्री जनजातिय आदिवासी न्याय महा अभियान पीएम जनमन शामिल है।
राष्ट्रपति ने वित्त के क्षेत्र में सरकार द्वारा प्रौद्योगिकी के उपयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान विकल्पों और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण प्रणाली ने समावेशन को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ ही वर्षों में सरकार ने एक मजबूत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तैयार की है जो विश्व की सर्वश्रेष्ठ संरचनाओं में से एक है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि दिवाला और दिवालियापन संहिता जैसे साहसिक उपायों के परिणामस्वरूप बैंकिंग व्यवस्था मजबूत हुई है।
******
राष्ट्र कल 76वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में परेड की सलामी लेंगी। गणतंत्र दिवस परेड सुबह साढे दस बजे शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी।
कल कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य कौशल का एक अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी। ध्वजारोहण बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म मार्च पास्ट की सलामी लेंगी। जिसमें सशस्त्रबलों, अर्ध सैनिक बलों, एनसीसी और एनएसकी इकाइयां शामिल होंगी। परेड में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबिआंतो मुख्य अतिथि होंगे। इंडोनेशिया का 160 सदस्य मार्चिंग दस्ता और 190 सदस्य बैंड दस्ता परेड में भाग लेगा। विभिन्न राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों की 31 झांकियां शामिल होंगी। कार्यक्रम का समापन 47 विमान के फ्लाई पास के साथ होगा। राष्ट्र और समाज निर्माण में उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से दस हजार विशेष अतिथियों को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें गांव के सरपंच, हस्तशिल्प और हथकरघा कारीगर, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सड़क निर्माण श्रमिक शामिल है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 93 वीरता पुरस्कारों की घोषणा की है। इसमें सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मी हैं, जिनमें 11 को मरणोपरांत पुरस्कार दिया जाना शामिल है। इनमें एक मरणोपरांत सहित दो कीर्ति चक्र, तीन मरणोपरांत सहित 14 शौर्य चक्र, एक सेना पदक वीरता बार, सात मरणोपरांत सहित 66 सेना पदक, दो नौसेना पदक और आठ वायु सेना पदक शामिल हैं।
मेजर मंजीत और नायक दिलावर खान को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। कीर्ति चक्र साहसी कार्यों और आत्म-बलिदान के लिए दिया जाता है।
राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों और अन्य कर्मियों को 305 रक्षा अलंकरण से सम्मानित करने को भी मंजूरी दी। इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, पांच उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 57 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 10 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आतंकवादी हमले के दौरान अदम्य साहस और अनुकरणीय वीरता के लिए कॉर्पोरल दाभी संजय हिफ्फाबाए को शौर्य चक्र से सम्मानित किया है। राष्ट्रपति ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह हंस को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया है और साथ ही असाधारण साहस दिखाने के लिए सात वायु सेना वीरता पदक भी प्रदान किए गये हैं।
******
इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस, अग्निशमन, गृह रक्षक और नागरिक सुरक्षा तथा सुधार सेवा क्षेत्र के कुल 942 कर्मियो को वीरता और सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति ने 49 व्यक्तियों को जीवन रक्षा पदक पुरस्कार श्रृंखला- 2024 प्रदान करने को मंजूरी दी है।
******
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आकाशवाणी का प्रतिष्ठित और चर्चित कार्यक्रम – सर्वभाषा कवि सम्मेलन का प्रसारण आज रात दस बजे से आकाशवाणी के समूचे नेटवर्क पर किया जाएगा।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय मुद्दो पर बातचीत की। इसके अलावा दोनों पक्षों के बीच शिष्टमंडल स्तर की बातचीत भी हुई। आज शाम नई दिल्ली में मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय में पूर्वी क्षेत्र के सचिव जयदीप मजुमदार ने बताया कि दोनो पक्षों ने व्यापक सामरिक भागीदारी के अंतर्गत द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर बातचीत की। रक्षा, सुरक्षा, जहाजरानी क्षेत्र, व्यापार और निवेश, कनेक्टिविटी, डिजीटल अर्थव्यवस्था, पयर्टन, स्वास्थ्य तथा दोनो देशों के लोगों के बीच संबंध जैसे सभी मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर पांच द्विपक्षीय समझौतो का आदान-प्रदान किया गया। इनमें स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग, समुद्री रक्षा और सुरक्षा, पारंपरिक औषधि, डिजीटल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे समझौते शामिल हैं।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति कल गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे।
******
हमास ने संघर्ष विराम समझौते के अंतर्गत गज़ा में गिरफ्तार चार महिला इस्राइली सैनिकों को रिहा कर उन्हें गज़ा शहर के फ्लस्तीनी स्क्वायर में रेड क्रॉस अधिकारियों को सौंप दिया है। यह सभी महिला सैनिक सकुशल हैं।
दूसरी ओर इस्राइल ने भी दौ सौ फ्लस्तीनियों को रिहा कर दिया है। इनमें से 70 फ्लस्तीनी बंदी शनिवार को बसों से मिस्र पहुंचे। मिस्र की सरकारी मीडिया अल-काहिरा न्यूज ने यह खबर दी है। इसने बताया कि इस्राइल से रिहा किए गए इन बंदियों को इलाज के लिए मिस्र के अस्पतालों में भर्ती कराया जाएगा।
संघर्ष विराम के अंतर्गत इस्राइल और गज़ा के बीच बंदियों की ये दूसरी खेप है। इस समझौते से गज़ा में स्थायी संघर्ष विराम की उम्मीद बढी है। समझौते के अंतर्गत दोनों पक्षों के बीच छह सप्ताह के दौरान 33 इस्राइली बंदियों को रिहा करना है जबकि इसके बदले सैकडों फ्लीस्तीनी बंदियों को रिहा किया जाएगा।
वहीं, यमन के हौसी विद्रोहियों ने मानवीय आधार पर आज 153 युद्ध बंदियों को एकतरफा रिहा कर दिया है।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंदौर और उदयपुर को विश्व के 31 वेटलैंड मान्यता प्राप्त शहरों की सूची में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह मान्यता सतत विकास एवं प्रकृति और शहरी विकास के बीच सामंजस्य को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि सभी को देशभर में हरियाली, स्वच्छता और अधिक पर्यावरण अनुकूल शहरी व्यवस्था बनाने की दिशा में काम करते रहने के लिए प्रेरित करेगी।
******
मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स के फाइनल में अमरीका की मेडीसन कीज ने आज विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और पूर्व चैंपियन बेलारूस की अर्याना सबालेंका को हराकर सात साल के बाद दोबारा ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब पर कब्जा किया है।
उधर, पुरूष डबल्स के फाइनल में आज ब्रिटेन के हेनरी पैटन और फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा की जोड़ी ने इटली के साइमोन बोलेली और एन्ड्रिया वावासोरी की जोड़ी से हो रहा है।
पुरूष सिंगल्स के फाइनल में कल वर्तमान चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त इटली के जैनिक सिनर का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव होगा।
महिला डबल्स के फाइनल में कल लाटविया की जेलेना ओस्टापेंको और ताईवान की शीह सु वेई की जोड़ी का सामना अमरीका की टेलर टाउनसेंड और चेक गणराज्य की कटेरीना सिनियाकोआ की जोड़ी से होगा।
******
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच आज चेन्नई में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने भारत को जीत के लिए 166 रन का लक्ष्य दिया है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 2 ओवर में 1 विकेट पर 15 रन बना लिये हैं।
भारतीय टीम ने बुधवार को कोलकाता में हुए पहले मैच में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 से बढत बना ली है।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संबोधन में कहा- ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ विधेयक को सुसंगत शासन और प्रभावी प्रशासन की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम बताया; उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक विकास गाथा प्रगति की आधारशिला है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान, अंतरिक्ष अन्वेषण और खेल में देश की प्रगति को इसके बढ़ते वैश्विक आत्मविश्वास और नवाचार के प्रतीक के रूप में रेखांकित किया; उन्होंने कहा ये भारत की सभ्यतागत विरासत को संरक्षित करने के महत्व को प्रदर्शित करता है।
- गणतंत्र दिवस 2025 की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बल के 93 कर्मियों में से 11 को मरणोपरांत सहित और तीन सौ पांच कर्मियों को रक्षा अलंकरण वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- भारत और इंडोनेशिया के बीच डिजिटल विकास, स्वास्थ्य सहयोग, समुद्री सुरक्षा और संरक्षा सहित पांच द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
- इस्रायल ने संघर्ष विराम समझौते के अंतर्गत हमास द्वारा रिहा किए गए चार बंधकों के बदले दो सौ फलस्तीनी बंदियों को रिहा किया।
- टेनिस में अमरीका की मेडिसन कीज ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीता।
******