Download
Mobile App

android apple
signal

January 24, 2025 10:10 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले एनसीसी कैडेटों, एन एस एस के स्‍वयंसेवियों, कलाकारों तथा जनजातीय अतिथियों से मुलाकात की।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ मित्रता का उपयुक्त अवसर है।

  • मध्य प्रदेश सरकार ने उज्जैन, मैहर, ओंकारेश्वर, ओरछा और चित्रकूट सहित 17 धार्मिक नगरों में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया।

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ राजनैतिक नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने 14 माओवादियों को गिरफ्तार किया।

  • भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को आई सी सी की महिला क्रिकेट वनडे टीम ऑफ द ईयर में शामिल किया गया।

  • और ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्स खिताब के लिए जैनिक सिनर और अलेक्जेंडर ज़ेवेरेव के बीच मुकाबला होगा।

 

***

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में अपने आवास में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले एनसीसी कैडेट्स, एन एस एस के स्‍वयंसेवियों, कलाकारों तथा जनजातीय अतिथियों से मुलाकात की।

बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने राष्‍ट्रीय एकता और विविधता पर जोर दिया तथा सभी प्रतिभागियों से विभिन्‍न राज्‍यों के लोगों के साथ संवाद करने का अनुरोध किया, जिससे एक भारत श्रेष्‍ठ भारत की भावना को मजबूती मिल सके। उन्‍होंने कहा कि ऐसे संवाद से समझ बढेगी और एकता बनेगी, जो राष्‍ट्र की प्रगति के लिए महत्‍वपूर्ण है।

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्‍कृतिक विविधता और सैन्‍य-शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह में संविधान की 75वीं वर्षगांठ और जन-भागीदारी की झांकी भी प्रस्‍तुत की जाएगी।

इस वर्ष विभिन्‍न राज्‍यों और केंद्र सरकार की 31 झांकियों का मुख्‍य विषय ”स्‍वर्णिम भारत-विरासत और विकास” है।

गणतंत्र दिवस परेड में ‘जयती जय मम भारतम’ प्रस्‍तुति में इस वर्ष पांच हजार से अधिक कलाकार, पचास से ज्‍यादा भारतीय नृत्‍य पेश करेंगे।

***

विदेश मंत्री सुब्रहमण्‍यम जयशंकर ने इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियान्‍तो से आज नई दिल्‍ली में मुलाकात की। डॉ० जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह दोनों देशों की मित्रता का प्रतीक है। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रपति प्रबोवो के निर्देशों और भावना से दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों का विकास हुआ है।

श्री प्रबोवो, कल चार दिन की यात्रा पर नई दिल्‍ली पहुंचे। विदेश राज्‍यमंत्री पबित्रा मार्गरिटा ने हवाई अडडे पर उनका स्‍वागत किया। यात्रा के दौरान श्री प्रबोवो, राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

***

विदेश सचिव विक्रम मिसरी रविवार को चीन की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्‍ली में बताया कि विदेश सचिव, चीन में अपने समकक्ष के साथ सभी द्विपक्षीय हितों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

बंगलादेश सीमा पर तार-बंदी के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा कि इस संबंध में भारत और बंगलादेश के बीच कई समझौते किये गये हैं। अपराध संबंधी घटनाओं को रोकने के लिए सीमा पर तार-बंदी आवश्‍यक है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों की सीमा पर समझौतों के अनुसार तार-बंदी की गई है।

श्री जायसवाल ने कहा कि भारत, अवैध प्रवासन के विरूद्ध है।

 

हमारा रवैया नीति, पॉलिसी, नजरिया जो अवैध माइग्रेशन को लेकर है। वो बड़ा क्लियर है खासकर इसलिए भी खिलाफ है क्योंकि इसका वास्ता संगठित अपराध से है। कई देशों में होता आ रहा है और बाहर में अगर कोई अवैध रूप से रह रहा है अगर उसे इंडिविजुअल का। हम ये स्‍थापित कर सकते हैं कि भारतीय नागरिक तो हमेशा तैयार रहते लेने के लिए।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ने कहा कि भारत और अमरीका के आर्थिक संबंध बहुत मजबूत और व्‍यापाक  हैं।

 

ट्रेड मसले की बात है, वो ट्रेड मसले हमारे भारत और अमेरिका के बीच में दो प्रतिशत संबंध बहुत मजबूत है। दोनों देशों के रिश्तों में एक प्रकार का ट्रस्ट का भाव बहुत ऊंचा है और आपने देखा होगा अभी जब विदेश मंत्री की यात्रा हुई उस दरमियान जैसा कि उन्‍होंने अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा और मैं फिर से दोहराना चाहता हूं कि दोनों तरफ से ये मंशा है कि इस रिश्ते को और मजबूत किया जाए, इसको बड़े पैमाने पर एक बड़े सोच के साथ आगे लिया जाए।

ब्रिटेन में फिल्‍म इमरजेंसी को दिखाये जाने के दौरान व्‍यवधान उत्‍पन्‍न करने के प्रश्‍न पर श्री जयसवाल ने कहा कि मंत्रालय, इस बारे में विभिन्‍न रिपोर्टों पर नजर बनाए हुए है। उन्‍होंने आशा व्यक्‍त की कि जो लोग इन व्‍यवधान के जिम्‍मेदार है, उन पर ब्रिटेन की सरकार को उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत शांति का इच्‍छुक है और बातचीत के माध्यम से इस समस्‍या का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है।

***

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कल राष्ट्र को संबोधित करेंगी। यह संबोधन शाम सात बजे से आकाशवाणी के समूचे राष्ट्रीय नेटवर्क पर और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी तथा अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनलों पर क्षेत्रीय भाषाओं में भी इसका प्रसारण किया जाएगा। आकाशवाणी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात साढे नौ बजे से क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण करेगा।

***

आकाशवाणी और दूरदर्शन 26 जनवरी को कर्तव्य पथ से 76वीं गणतंत्र दिवस परेड का सीधा प्रसारण करेगा। इसका प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म वेव्स पर होगा। कर्तव्य पथ पर तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने आज आकाशवाणी और दूरदर्शन द्वारा परेड के सीधे प्रसारण के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि इस बार हाई-क्वालिटी पिक्चर रेजोल्यूशन सुनिश्चित करने के लिए फोर-के कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉम वेव्स पर पुरानी परेड भी प्रदर्शित की जायेंगी।

***

देशभर में कल 15वां राष्‍ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर केंद्रीय विधि और न्‍याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्‍य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्‍त उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन में विभिन्‍न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधि तथा प्रमुख भी हिस्‍सा लेंगे। इस वर्ष का मुख्‍य विषय वस्‍तु ”नथिंग लाइव वोटिंग, आई वोट फोर श्‍योर” है।

समारोह के दौरान राष्‍ट्रपति मुर्मु, सुचारू रूप से चुनाव संपन्‍न कराने के लिए राज्‍य और जिला अधिकारियों को सर्वोत्‍तम प्रक्रिया पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। सम्‍मेलन में 105 सत्र होंगे, जिनमें सत्‍तर हजार से अधिक प्रतिनिधि हिस्‍सा लेंगे।

***

दिल्ली में अगले महीने की 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। भाजपा, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और अन्य दलों के प्रमुख नेता और उम्मीदवार मतदाताओं को लुभाने के लिए रोड शो, घर-घर जाकर प्रचार और जनसभाएं कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पटेल नगर क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने भी मंगोलपुरी नई दिल्ली और द्वारका में जनसभाएं कीं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नजफगढ़ उत्तम नगर और द्वारका निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो कर पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने मंगोलपुरी क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया, वहीं दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौधरी ने पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से वोट देने की अपील की। अनुपम मिश्रा के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार दिल्ली

***

मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त राजीव कुमार ने आज कहा कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भरोसेमंद नवाचार है। इससे फर्जी और दोहरा मतदान रोकने में मदद मिली है। उन्‍होंने नई दिल्‍ली में निर्वाचन आयोग के दो दिन के अन्‍तर्राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन के समापन सत्र में यह बात कही। श्री कुमार ने कहा कि भारत में मतदाताओं के बायोमेट्रिक एकत्र करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि भारत में 2024 लोकसभा चुनावों में 64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।

 

***

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने 14 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से आठ माओवादियों पर करीब 36 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इन सभी को उसूर थाना क्षेत्र के टेकमेटला, नादपल्ली और मल्लेम्पेंटा के जंगलों से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार माओवादियों पर उसूर-नादपल्ली मार्ग पर विस्फोटक लगाने का आरोप है।

***

मध्य प्रदेश सरकार ने 17 धार्मिक नगरों में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। मंत्रिमंडल की बैठक में आज यह निर्णय लिया गया। यह निर्णय पहली अप्रैल से लागू होगा। राज्‍य में 17 धार्मिक नगरों की 47 शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवाददाताओं को इसकी जानकारी दी।

17 धार्मिक नगरों में उज्जैन नगर निगम, दतिया, पन्ना, मंडला, मुलताई, मंदसौर, मैहर और ओंकारेश्वर, महेश्वर, ओरछा, चित्रकूट और अमरकंटक के नगर परिषद क्षेत्र शामिल हैं।

***

 

खबरें महाकुंभ से:-

 

प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बाताया है कि महाकुंभ में स्वच्छता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

महाकुंभ 2025 न केवल एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का आदर्श भी है। यह आयोजन अपशिष्ट प्रबंधन, नदी संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल पहलों में एक नया वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है। सरकार ने स्वच्छ महाकुंभ सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक स्‍वच्‍छता योजना भी लागू की है। मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है जिसमें सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध है। मेला क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए लगभग 15000 सफाई कर्मी और 1800 से अधिक गंगा सेवा दूत तैनात किए गए हैं। वहीं आज स्‍वच्‍छ और स्‍वस्‍थ महाकुंभ अभियान के तहत श्रद्धालुओं को जागरुक करने और पर्यावरण अनुकूल पहलों को बढ़ावा देने के लिए मेला क्षेत्र में स्वच्छता-जागरुकता रैली निकाली गई। स्‍वच्‍छता संदेश फैलाने के लिए 200 से अधिक गंगा सेवा दूत और स्वच्छता मित्रों ने रैली में भाग लिया। आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार प्रयागराज।

***

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि निवेशक प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान और डिजाइन सहित कई क्षेत्रों में रुचि दिखा रहे हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि वैश्विक भू-राजनीतिक और भू-आर्थिक परिदृश्य में दावोस एक बहुत ही महत्वपूर्ण मोड़ पर है।

***

ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स फाइनल में रविवार को जर्मनी के एलेक्‍स जेंडर ज्‍वरेव का सामना इटली के यानिक सिनर से होगा। महिला सिंगल्‍स फाइनल में कल बेलारूस की आर्यना सबालेंका और अमरीका की मैडिसन कीज़ आमने-सामने होंगी।

***

क्रिकेट में भारतीय महिला स्‍टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना और हरफनमौला दीप्ति शर्मा को आईसीसी की महिलाओं की साल की सर्वश्रेष्‍ठ एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है। स्मृति मंधाना ने 2024 में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

***


मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जिम्मेदार नागरिक के रूप में कर्तव्यों का निर्वहन विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की कुंजी है। श्री मोदी ने एनसीसी कैडेट्स, झांकी कलाकारों और गणतंत्र दिवस समारोह के अन्य अतिथि के साथ बातचीत की।

  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ मित्रता का उपयुक्त अवसर है।

  • मध्य प्रदेश सरकार ने उज्जैन, मैहर, ओंकारेश्वर, ओरछा और चित्रकूट सहित 17 धार्मिक नगरों में शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया।

  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ राजनैतिक नेता मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रैलियां और रोड शो कर रहे हैं।

  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने 14 माओवादियों को गिरफ्तार।

  • भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को ICC की महिला क्रिकेट वनडे टीम ऑफ द ईयर में शामिल किया गया।

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में पुरुष सिंगल्स खिताब के लिए जैनिक सिनर और अलेक्जेंडर ज़ेवेरेव के बीच मुकाबला होगा।

***